
कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार के तीन जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए लोक भवन में व्यापक तैयारियां की गई हैं। विधान सौध और लोक भवन क्षेत्र के आसपास कांग्रेस के झंडे तथा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शिवकुमार, एआईसीसी के कर्नाटक प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया समेत पार्टी के विभिन्न नेताओं के बड़े-बड़े बैनर लगाए गए हैं।
Published: undefined
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार बुधवार को शाम 4:05 बजे लोक भवन परिसर में मंत्रिपरिषद के कुछ सदस्यों के साथ शपथ लेंगे। उन्हें 30 मई को आधिकारिक रूप से कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था।
विधान सौध से लोक भवन तक के मार्ग को कांग्रेस के झंडों और बैनरों से सजाया गया है, जबकि समारोह के प्रसारण के लिए विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
Published: undefined
समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी की संभावना को देखते हुए समारोह स्थल के आसपास कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। लोक भवन की ओर जाने वाली सड़कों पर अवरोधक लगाए गए हैं।
बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि अतिथि सूची, कार्यक्रम स्थल और समारोह के क्रम को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तथा प्रोटोकॉल अधिकारियों के साथ बैठकें की गई हैं।
Published: undefined
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “इन जानकारियों के आधार पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चूंकि यह एक इनडोर कार्यक्रम है और बैठने की क्षमता सीमित है, इसलिए प्रवेश केवल आमंत्रित अतिथियों को ही दिया जाएगा।”
सिंह ने कहा कि केवल अधिकृत वाहन और आगंतुक पास ही मान्य होंगे तथा राज्य के बाहर से आने वाले वीआईपी और गणमान्य व्यक्तियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा, “साथ ही हमें कार्यक्रम स्थल के बाहर भी भीड़ जुटने की उम्मीद है, जहां समारोह देखने के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।” पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि यातायात प्रबंधन की योजना तैयार कर ली गई है और कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों की आवाजाही को लेकर परामर्श जारी कर दिया गया है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined