हालात

'...यही आदमी एक दिन देश का झंडा गिराने का काम करेगा', स्वतंत्रता दिवस पर खड़गे का मोदी पर हमला, कई मुद्दों पर घेरा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वतंत्रता दिवस पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने युवाओं के मुद्दों, बेरोजगारी, महंगाई, मंदिर के चढ़ावे, लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसद में प्रधानमंत्री व गृह मंत्री की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठाए।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन 

आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने AICC मुख्यालय इंदिरा भवन में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी, नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। मल्किकार्जु खड़गे ने इस दौरान मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने अपने भाषण के दौरान कहा कि आज का ऐतिहासिक दिन सिर्फ स्वतंत्रता के संघर्ष को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि यह सवाल पूछने का भी दिन है कि जिस भारत का सपना हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था, वो कहां तक पूरा हुआ। मल्किकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने 141 साल के इतिहास में 62 वर्षों तक विदेशी शासन से संघर्ष करती रही। लाखों लोगों ने त्याग और बलिदान दिया, जेलों में अमानवीय यातनाएं सहीं, उन्हें हम नमन करते हैं।

हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने गरीबी, बेरोजगारी, छुआछूत, अन्याय, भय से मुक्ति का सपना भी देखा था- खड़गे

खड़गे ने कहा कि जब महात्मा गांधी जी ने 'करो या मरो' का नारा दिया और सारे बड़े नेता जेलों में थे, तब देश के नौजवानों ने 'भारत छोड़ो आंदोलन' को आगे बढ़ाया। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने सिर्फ अंग्रेजी हुकुमत से नहीं, बल्कि गरीबी, बेरोजगारी, छुआछूत, अन्याय और भय से मुक्ति का सपना देखा था। आजादी सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, हर भारतीय के जीवन को बेहतर बनाने का संकल्प था। कांग्रेस के हर प्रधानमंत्री ने इसी सोच को आगे बढ़ाया है। नेहरू जी ने कहा था- 'हमारी पीढ़ी के महानतम व्यक्ति की अभिलाषा हर व्यक्ति के आंसू पोछने की रही है। हो सकता है हम इतना कुछ न कर पाएं, लेकिन जब तक लोगों की आंखों में आंसू हैं, हमारा काम पूरा नहीं होगा।'

गनीमत है कि मोदी ने ये नहीं कहा कि दुनिया उनकी वजह से बची है- खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी ने देश में हरित क्रांति और श्वेत क्रांति की नींव मजबूत की, तो इंदिरा गांधी जी ने भारत की सैन्य और स्ट्रेटेजिक शक्ति को मजबूत किया। कांग्रेस पार्टी का देश के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान है, खड़गे ने पीएम मोदी का नाम लिए बिना निशाना साधा और कहा कि आज कुछ लोग लाल किले से कहते हैं कि सब कुछ उन्होंने ही किया है।

खड़गे ने कहा कि गनीमत है कि वो ये नहीं बोले कि दुनिया मैने बचाई, अगर कोई उनको लिखकर दे देता तो शायद वो ये भी बोल देते कि दुनिया मेरे वजह से बची है। कांग्रेस की परंपरा रही है कि हर प्रधानमंत्री ने अपने समय की चुनौतियों के हिसाब से भारत को आगे बढ़ाया और अगले भारत की नींव रखी।

जिसने झंडा उठाया वो एक दिन देश के झंडे को गिराने का काम करेगा, खड़गे का पीएम पर हमला

खड़गे ने राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि आज मंदिर जैसी आस्था की जगहों पर सवाल उठ रहे हैं। देश में गरीब और गरीब हो रहा है, अमीर और अमीर हो रहा है, फिर भी गरीब अपनी छोटी सी कमाई में से 50 रुपया मंदिर में श्रद्धा के रूप में दान देता है। राम मंदिर के निर्माण के लिए नरेंद्र मोदी ने ट्रस्ट बनाया और अपने भरोसेमंद लोगों को इसमें शामिल किया, लेकिन आज जब 'चढ़ावा चोरी' हो रहा है तो सवाल उठना स्वाभाविक है।

आज सवाल है कि गरीब द्वारा श्रद्धा से दिए गए उस 50 रुपए की भी सुरक्षा नहीं है। मोदी सरकार की जेब में न पैसे हैं और न दिमाग में विचार। देश के लिए हमें ही करना है, जिसका वक्त जल्द आ रहा है। खड़गे ने कहा कि जिसने राम मंदिर का झंडा उठाने का काम किया वो ही देश का झंडा एक दिन गिराने का काम करेगा।

अपने हक की आवाज उठाने वाला GEN-Z देशद्रोही नहीं है- खड़गे

खड़गे ने पूछा कि आज सवाल ये है कि हमने जिन नौजवानों को 21वीं शताब्दी में दुनिया के सामने सीना तानकर खड़े होने का सपना दिखाया है, उसका क्या हो रहा है। आज नौजवानों के सपने कुचले जा रहे हैं। सरकार की गलत नीतियों ने उन्हें ऐसी अंधेरी गली में धकेल दिया है, जिसके चलते देशभर में युवा आंदोलन कर रहे हैं। हम इन युवाओं के साथ हैं और उनका समर्थन करते हैं। संविधान ने नागरिकों को शांतिपूर्ण आंदोलन का अधिकार दिया है। अपने हक के लिए सड़कों पर उतरना राष्ट्रद्रोह नहीं है।

अपने हक की आवाज उठाने वाला GEN-Z देशद्रोही नहीं है। जिस अधिकार के लिए हमारे नौजवान अंग्रेजी राज में फांसी के फंदे पर चढ़ गए, हमें आज भी उन अधिकारों की रक्षा करनी है। मोदी सरकार में बुनियादी मुद्दों पर आंदोलन करने वालों के खिलाफ पेड कैंपेन चलाया जाता है। इसलिए राहुल गांधी जी ने पहले ही कहा था- हम सबको गले लगाएंगे और देश में मोहब्बत की दुकान खोलेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जब देश में शांति रहेगी तभी विकास होगा और समृद्धि आएगी, लेकिन मोदी सरकार सिर्फ नफरत फैलाना जानती है। जैसे RSS के लोगों ने आजादी से पहले देश के खिलाफ काम किया, वैसे ही BJP आजादी के बाद देश के खिलाफ काम कर रही है।

क्या जनता ने मोदी-शाह को चेंबर में बैठने के लिए भेजा है?- खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र में क्या यह तरीका सही है कि प्रधानमंत्री संसद में हमारे सवालों के जवाब न दें? मैं और नेता विपक्ष लगातार छात्रों और युवाओं पर की गई बर्बरता पर सवाल पूछ रहे, लेकिन प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सदन में नहीं आए। ऊपर से अमित शाह कहते हैं कि संसद नहीं चल रही थी, इसलिए मैं सदन में नहीं आया, लेकिन मैं अपने चेंबर में बैठकर सबकुछ देख और सुन रहा था। सवाल है- क्या जनता ने आपको चेंबर में बैठने के लिए भेजा है?

खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के लोगों को कोई अधिकार नहीं दिए। खाद्य सुरक्षा से लेकर शिक्षा का अधिकार कांग्रेस लेकर आई है, लेकिन फिर भी कुछ लोग इन बातों को नकारते हुए, सारा श्रेय खुद लेना चाहते हैं। हमने नाम नहीं बदले, लोगों का जीवन बदला है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: देश मना रहा आजादी का जश्न, खड़गे ने पूछा- स्वतंत्रता सेनानियों का सपना कितना हुआ पूरा?, मोदी पर भी साधा निशाना

  • ,
  • स्वतंत्रता दिवस पर आसमान से जमीन तक कड़ा पहरा, ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक, दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर विशेष नजर

  • ,
  • ‘दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शा नहीं जाएगा’, स्वतंत्रता दिवस पर JPSC मामले पर बोले झारखंड के CM हेमंत सोरेन

  • ,
  • महुआ मोइत्रा को रात में ‘सर्किट हाउस’ खाली करने का आदेश, बाहर हंगामा करती भीड़, TMC सांसद ने वीडियो शेयर कर सुनाई आपबीती

  • ,
  • सुबह-सुबह भूकंप से दहला इंडोनेशिया, 7.7 रही तीव्रता, अबतक दो लोगों की मौत, सुनामी का भी अलर्ट जारी