
रांची के रिम्स में भर्ती आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की सेहत अचानक खराब हो गई है। खबरो के मुताबिक, लालू यादव के दाहिने पैर के घुटने में हुए घाव के चलते काफी सूजन हो गई है। जिसके चलते उन्हे अंब चलने-फिरने में काफी दिक्कत हो रही है। इसकी वजह से उनके शरीर में संक्रमण का स्तर बढ़ गया है और सिरम क्रिएटनिन भी सामान्य से बढ़कर 1.8 पर पहुंच गया है।
खबरों के मुताबिक, लालू यादव को शुगर के साथ-साथ लगभग 11 अन्य बीमारियों ने भी अपने चपेट में ले रखा है। जिनमें हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट, किडनी की बीमारी भी शामिल हैं। इन बीमारियों की वजह से डॉक्टर ने उन्हें खानपान में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लेकिन लालू यादव डाइट चार्ट का पालन नहीं कर रहे हैं और इसकी वजह से बीते कुछ दिनों से उनका शुगर लेवल लगातार बढ़ा हुआ है। उनका शुगर लेवल बढ़कर 190 पर पहुंचा गया है और डॉक्टरों ने इसे कंट्रोल करने के लिए उन्हें एंटीबायोटिक्स देना शुरू कर दिया है।
उनका इलाज कर रहे डॉ उमेश प्रसाद ने बताया कि इन्फेक्शन रोकने के लिए दो एंटीबायोटिक दवाएं शुरू की गयी हैं। उनकी सेहत पर डॉक्टरों की टीम नजर बनाए हुए हैं। डॉक्टरों की मानें तो अगले दो-तीन दिन में लालू यादव की सेहत नहीं सुधरी तो उन्हें इलाज के लिए रांची से बाहर किसी अच्छे अस्पताल में भेजे जाने पर विचार किया जा सकता है। इसके लिए हाईकोर्ट में अर्जी दी जा सकती है।
बता दें कि, लालू यादव घर की परिस्थितियों के चलते मानसिक दबाव में हैं। बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने के फैसले के बाद भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। जिसके बाद तेज प्रताप पिता से मिलने रिम्स पहुंचे थे। जहां लालू यादव ने तेज प्रताप यादव से तलाक पर फिर से विचार करने को कहा और उन्हें समझना की कोशिश की। तेज प्रताप के न मानने पर लालू यादव ने घर लौटने पर बात करने को कहा था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 17 Nov 2018, 11:55 AM IST