
राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद ने रविवार को केंद्र सरकार की बीजेपी नीत राजग सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “समझौता कर चुकीं” संवैधानिक संस्थाओं, लगातार आक्रामक होती बाजार व्यवस्था और दक्षिणपंथी राजनीति के बढ़ते प्रभाव ने देश के लोकतंत्र की बुनियाद के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।
Published: undefined
आरजेडी के 30वें स्थापना दिवस पर लोगों के नाम लिखे संदेश में उन्होंने कहा, “आज देश की कई लोकतांत्रिक, प्रगतिशील, समाजवादी और संवैधानिक ताकतें मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। समझौता कर चुकीं संवैधानिक संस्थाएं, लगातार आक्रामक होती बाजार व्यवस्था, सिर्फ मतदाताओं को प्रभावित करने ही नहीं बल्कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों को खरीदने के लिए भी धन-बल का बेलगाम इस्तेमाल और दक्षिणपंथी राजनीति के बढ़ते प्रभाव ने हमारे लोकतंत्र की बुनियाद के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।”
Published: undefined
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि पिछड़े वर्गों की भागीदारी, शिक्षा और रोजगार में समान अवसर, अल्पसंख्यकों के अधिकार और सुरक्षा तथा सरकार की नाकामियों जैसे मुद्दों को आजकल कथित तौर पर हिंदुत्व की आड़ में छिपाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हमने पांच जुलाई 1997 को राजद की स्थापना गरीबों, शोषितों, वंचितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों व सम्मान की लड़ाई लड़ने के लिए की थी। यह कोई साधारण दिन नहीं था। इसने बिहार और देश की राजनीति की दिशा एवं स्वरूप बदल दिया।”
आरजेडी प्रमुख ने कहा, “मैं हृदय से उन सभी नेताओं, साथियों और कार्यकर्ताओं को सलाम करता हूं, जो पार्टी के पूरे सफर में हर दौर में मजबूती से हमारे साथ खड़े रहे। राजद हमेशा गरीबों, वंचितों, कमजोरों और शोषितों की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। बदलते समय में भी हमारी राजनीति सामाजिक व आर्थिक असमानता तथा सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष पर मजबूती से कायम रही है।”
लालू प्रसाद यादव ने कहा, “हम इस बात के लिए प्रतिबद्ध हैं कि समाज के सबसे गरीब और सबसे वंचित व्यक्ति को विकास के हर क्षेत्र में बराबर हिस्सा और सार्थक भागीदारी मिले। राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण, कर्पूरी ठाकुर और डॉ. बी. आर. आंबेडकर के आदर्शों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। आज हम ऐसे दौर में हैं, जहां हमें आर्थिक और मानसिक सशक्तीकरण की लड़ाई पूरी करनी है। यही विरासत हमारी सबसे बड़ी ताकत और सबसे मूल्यवान पूंजी है।’’
उन्होंने कहा कि आज के अवसरवाद, निराशा और अनिश्चितता के माहौल में अगर कोई राजनीतिक दल जरूरतमंद लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की क्षमता रखता है, तो वह राजद है।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined