
उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने आज रात 10 बजे से 13 जुलाई की सुबह तक पूरे प्रदेश में लॉकडाउन लगाने का आदेश जारी किया है। इस दौरान कार्यालय, बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे और केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति होगी। धार्मिक स्थलों को भी बंदी से बाहर रखा गया है।
पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का कहर खतरनाक रूप लेता जा रहा है। डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने बताया कि आज पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमण के केस सवा करोड़ हो गए। उन्होंने कहा कि पिछले 6 हफ्ते में पूरी दुनिया में संक्रमण दोगुना हुआ है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सोना तस्करी मामले में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप और एनआईए जांच का स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच शुरू कर चुकी एनआईए सोने की तस्करी के पिछले मामलों का भी खुलासा करेगी।
उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर भयावह होता जा रहा है। बीते 24 घंटे में राज्य में 1347 नए केस मिले हैं और 27 मौतें हुई हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11024 हो गई है, जबकि अब तक 889 लोगों की मौत हो चुकी है।
लद्दाख में कोरोना के 9 नए मामले सामने आए हैं। 2 मरीज ठीक हुए हैं। केंद्रशासित प्रदेश में कोरोना के कुल केस 1065 हो चुके हैं।
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दुर्दांत अपराधी विकास दुबे का शुक्रवार को कानपुर नगर पोस्टमार्टम केंद्र में पोस्टमार्टम कर दिया गया लेकिन कोई सगा-संबंधी उसकी डेड बॉडी लेने नहीं पहुंचा है।
कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे को मध्य प्रदेश के उज्जैन से कानपुर लेकर आ रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) दल ने शहर से लगभग 18 किलोमीटर दूर बारा पुलिस सर्किल में भौती के पास मार गिराया था। विकास सड़क दुर्घटना का फायदा उठाकर एक पुलिसवाले की पिस्टल छीनकर भागने के प्रयास में था।
बिहार में एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। जेडीयू और एलजेपी के बीच कई मुद्दों पर खींचतान जारी है। इस बीच एलजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कोरोना बीमारी की वजह से बिहार विधानसभा चुनाव टालने की इच्छा जताई है।
चिराग ने ट्वीट कर कहा, “कोरोना की वजह से पूरा बिहार ही नहीं, पूरा देश का प्रभावित है। इसकी वजह से आम आदमी के साथ साथ केंद्र और बिहार सरकार का बजट भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में चुनाव से प्रदेश पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। चुनाव आयोग को इस सिलसिले में सोच विचार कर निर्णय लेना चाहिए। ऐसा ना हो कि चुनाव के कारण बड़ी आबादी को झोंक दिया जाए। इससे पोलिंग परसेंटेज पर भी असर पड़ेगा, यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं होगा।”
नैशनल इंस्टिट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग ने कोरोना महामारी को देखते हुए परीक्षाएं रद्दी कीं। जुलाई में होनी थी परीक्षाएं। असेसमेंट स्कीम के अनुसार जारी किए जाएंगे नतीजे।
आंध्र प्रदेश में मशीन के सहायता से कोरोना के मरीजों के शव का दफनाने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस मामले में नेल्लोर के एसडीएम का कहना है कि मामले का संज्ञान लिया गया है, जांच जारी है।
कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारने वाले कुख्यात विकास दुबे के मारे जाने के बावजूद पुलिस की तलाश अभी पूरी नहीं हुई है। पुलिस अब उन बचे हुए 12 बदमाशों की तलाश कर रही है जिन्होंने बिकरू गांव में 2 जुलाई की रात दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया था।
वास्तविक नियंत्रण रेखा(एलएसी) से सेनाओं के हटने के मुद्दे पर चीनी प्रशासन के साथ दूसरे चरण की बातचीत की रपटों के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि लोग इस पूरी प्रक्रिया और इसकी प्रगति पर नजर रखेंगे। चिदंबरम ने शुक्रवार को किए गए ट्वीट में कहा, “हम आमतौर पर सैनिकों के हटने और तनाव कम होने से खुश होते हैं..लोग इस प्रक्रिया और प्रगति पर कड़ी नजर रखेंगे। लेकिन हमें याद रखना है कि घोषित लक्ष्य 5 मई, 2020 की यथास्थिति की बहाली है।” रपटों के मुताबिक, भारतीय और चीनी सेना के अधिकारी पूर्वी लद्दाख में पैंगांग झील और देपसांग क्षेत्र में पीछे हटने के लिए दूसरे चरण की वार्ता करेंगे।
एसटीएफ ने विकास दुबे मुठभेड़ मामले में प्रेस नोट जारी कर कहा, "वाहन के सामने मवेशियों का एक झुंड आ गया था, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने उसे (विकास दुबे) जिंदा पकड़ने के लिए उसके करीब जाने की कोशिश की, लेकिन वह गोलियां चलाता रहा। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं।"
साल 2002 को चुनावी रंजिश के चलते गैंगस्टर विकास दुबे ने लल्लन वाजपेयी पर हमला करवाया था। विकास दुबे की मौत पर लल्लन वाजपेयी ने कहा, "आज ऐसा लग रहा है जैसे हम सदियों बाद स्वतंत्र हुए हों। एक आतंक युग का अंत और शांत युग का प्रारंभ हुआ है। शाम को संगीत की व्यवस्था भी की गई है।"
चीनी राजदूत सुन वीदॉन्ग भारत-चीन सीमा विवाद पर बयान जारी किया। बोले- सीमा का सवाल इतिहास में छोड़ा गया, यह एक जटिल और संवेदनशील मुद्दा है। हमें इस मुद्दे पर एक पक्षों की सहमति वाला शांतिपूर्ण समाधान ढूंढना होगा
यूपी के अपर सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान सभी आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी और कोरोना वॉरियर्स पर प्रतिबंध नहीं होगा। राज्य सड़क परिवहन निगम लोगों को रेलवे स्टेशन तक लाने और वहां से ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। इंटरनेशनल और घरेलू फ्लाइट्स पर भी प्रतिबंध नहीं होगा।
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामीनेशंस (CISCE) के आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) बोर्ड का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। यह रिजल्ट CISCE की ऑफिशियल वेबसाइट पर 3 बजे जारी किया गया। परिणामों के आधार पर 10वीं में 99.33% और 12वीं 96.84% छात्र सफल घोषित किये गये हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट ने शरजील इमाम (जिसे दिसंबर 2019 में जामिया में देशद्रोही भाषण देने और दंगा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था) की याचिका को खारिज कर दिया। शरजील ने बिना किसी नोटिस के यूएपीए से जांच के लिए अधिक समय देने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी।
#SpeakUpForStudents अभियान के तहत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया ने कहा, “यूजीसी गाइडलाइंस के अनुसार अंतिम वर्ष की परीक्षाएं ली जायेंगी, संभावित है कि परीक्षाएं सितंबर में ली जायेंगी। ऐसी स्थिति में परीक्षाएं संभव नहीं है। सरकार सोशल डिस्टेंसिंग की बात करती है, लेकिन परीक्षाओं में सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन होगा।”
बिहार में आज कोरोना वायरस के 352 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 14,330 है, जिसमें ठीक हो चुके 9,792 मामले शामिल हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास कल सुबह 10:30 बजे 7वें SBI बैंकिंग एंड इकोनॉमिक्स कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था बदतर हो चुकी है। राजनेता-अपराधी गठजोड़ प्रदेश पर हावी है। कानपुर कांड में इस गठजोड़ की सांठगांठ खुलकर सामने आई। कौन-कौन लोग इस तरह के अपराधी की परवरिश में शामिल हैं- ये सच सामने आना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज से पूरे कांड की न्यायिक जांच होनी चाहिए।”
कानपुर पुलिस के मुताबिक, कुनपुर के चौबे थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में विकास दुबे के सहयोगी दयाशंकर अग्निहोत्री के स्वामित्व वाली सरकारी राशन की दुकान से 7 देसी बम बरामद किए गए हैं। मामला दर्ज किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “ कई जवाबों से अच्छी है ख़ामोशी उसकी, न जाने कितने सवालों की आबरू रख ली।”
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, “आज देश में हर रोज 2,70,000 तक टेस्ट हो रहे हैं। हम सभी राज्य सरकारों को कह रहे हैं
कि ज्यादा से ज्यादा टेस्ट करें। दुनिया में सबसे कम मृत्यु दर 2.72 फिसदी होने के बाद भी हम राज्य सरकारों को लक्ष्य दे रहे हैं कि इसे 1 फीसदी से कम लेकर आना है।”
निजामुद्दीन मरकज में तबलीगी जमात कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले 82 बांग्लादेशी नागरिकों को दिल्ली की एक अदालत ने जमानत दे दी है। प्रत्येक को जमानत 10,000 रुपये के निजी मुचलके पर दी गई।
विकास दुबे एनकाउंटर पर प्रेस से बात करते हुए यूपी के एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया, “सिविल पुलिस के 4 कर्मी घायल हुए हैं, जिसमें 3 सब इंस्पेक्टर हैं, एक कांस्टेबल है और 2 एसटीएफ कमांडो को गंभीर चोटें आई हैं।”
प्रशांत कुमार ने बताया, “कानपुर मुठभेड़ में कुल 21 अभियुक्त नामजद थे और 60 से 70 अन्य अभियुक्त थे। जिसमें से अब तक 3 लोग गिरफ्तार हुए हैं, 6 मारे गए हैं और 120बी के अंदर 7 लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। 12 इनामी बदमाश फरार चल रहे हैं।”
#SpeakUpForStudents अभियान के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों की आवाज को उठाया उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर कहा, “कोविड ने हर किसी को नुकसान पहुंचाया है; हमारे छात्र जो कॉलेज, यूनिवर्सिटी में हैं उनको भी कष्ट का सामना कर पड़ रहा है। यूजीसी भ्रम की स्थिति पैदा करने की बजाय स्पष्ट फैसला लेकर छात्रों को उनके पूर्व के प्रदर्शन के आधार पर बिना परीक्षा पास करे।”
हिमाचल प्रदेश में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1,141 है, जिसमें 284 सक्रिय मामले, 833 ठीक हो चुके मामले और 9 मौतें शामिल हैं।
कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल के डॉक्टर आरबी कमल ने बताया, “तीन घायल पुलिस कर्मियों की हालत स्थिर है। विकास दुबे को यहां मृत लाया गया था, उसको चार गोली लगी थी। तीन गोली सीने में लगी थी और एक हाथ में।”
कानपुर के बिकरू गांव में मुठभेड़ में अपनी जान गंवाने वाले कांस्टेबल सुल्तान सिंह की पत्नी उर्मिला वर्मा ने कहा, “मैं संतुष्ट हूं। लेकिन अब यह कैसे सामने आएगा कि कौन उसे (विकास दुबे) समर्थन दे रहा था? उससे पूछताछ करके यह खुलासा नहीं किया जा सका।”
यूपी के एडीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा, “विकास दुबे जब आ रहा था, तब गाड़ी पलट गई उसके बाद उसने पुलिस का हथियार छीनने की कोशिश की और भागा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, वो घायल हुआ और अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित किया गया। इसको लेकर अधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।”
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “कानून ने अपना काम किया है। अफसोस और मातम की बात उन लोगों के लिए होगी जो कल विकास के पकड़े जाने पर कह रहे थे कि जिंदा क्यों पकड़ लिया? आज मर गया तो कह रहे हैं कि मर कैसे गया। कई राज दफन हो गए।”
गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “अपराधी का अंत हो गया, अपराध और उसको सरंक्षण देने वाले लोगों का क्या?”
कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल में कानपुर मुठभेड़ के मुख्य आरोपी विकास दुबे का शव रखा गया। आज पुलिस ने उस वक्त मुठभेड़ में विकास दुबे को मार गिराया जब वो गाड़ी पलटने के बाद पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश कर रहा था।
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना सर्वाधिक 26,506 नए मामले सामने आए और 475 मौतें हुईंदेश में अब कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 7,93,802 है, जिसमें 2,76,685 सक्रिय मामले हैं। वहीं 4,95,513 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। कोरोना से अब तक 21,604 लोगों की मौत हुई है।
समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विकास दुबे के एनकाउंटर को लेकर योगी सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, “दरअसल ये कार नहीं पलटी है, राज खुलने से सरकार पलटने से बचाई गई है।”
कानपुर आजीजी ने बताया कि गाड़ी पलटने से पुलिस के चार लोग घायल हुए हैं, उनका इलाज चल रहा है।
यूपी पुलिस ने विकास दुबे की मौत की पुष्टि कर दी है। कानपुर पश्चि के एसपी ने मीडिया से बात करते हुए बताया “विकास दुबे को जब लाया जा रहा था तब गाड़ी पलट गई, इसमें जो पुलिसकर्मी घायल हुए उसने उनका पिस्टल छीनने की कोशिश की। पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर कर आत्मसमर्पण कराने की कोशिश की, जिसमें उसने जवाबी फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से वह घायल हो गया। विकास को अस्पाल ले जाया गया, जहां पुलिस ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
एनकाउंटर में विकास दुबे की मारे जाने की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि एसटीएफ की गाड़ी पलटने के बाद विकास दुबे ने भागने की कोशिश की। खबरों के मुताबिक इसी दौरान पुलिस की गोली का विकास दुबे शिकार हो गया।
कानपुर शूटआउट के मास्टरमाइंड विकास दुबे को मध्य प्रदेश से कानपुर ला रही एसटीएफ के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि जो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई है, उसमें विकास दुबे भी सवार था। हादसा कानपुर टोल प्लाजा से 25 किलोमीटर दूर हुआ है।
कानपुर शूटआउट के मास्टरमाइंड विकास दुबे को उज्जैन से कानपुर ला रही एसटीएफ के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। बताया जा रहा है कि जो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई है, उसमें विकास दुबे भी सवार था। हादसा कानपुर टोल प्लाजा से 25 किलोमीटर दूर हुआ है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 10 Jul 2020, 7:53 AM IST