
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालीना जॉर्जीवा ने कहा है कि दुनिया मंदी में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर हम कोरोना वायरस पर काबू पा लेते हैं और तरलता की समस्याओं को सॉल्वेंसी समस्या बनने से रोक पाते हैं, तो हम 2021 में उबर सकते हैं।
कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन से परेशान होकर बड़े पैमाने पर अपने घरों को कूच कर रहे लोगों की मदद के लिए सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने परेशान लोगों की मदद की अपील करते हुए इसके लिए पीएम को कुछ सुझाव भी दिए हैं।
लॉकडाउन के बाद अपने घर जाने के लिए हजारों लोग दिल्ली बॉर्डर पर जमा हो गए हैं। प्रियंका गांधी ने सरकार से इनकी मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बॉर्डर पर त्रासद स्थिति पैदा हो चुकी है। हजारों की संख्या में लोग पैदल अपने घरों की तरफ निकल पड़े हैं। कोई साधन नहीं, भोजन नहीं। कोरोना का आतंक, बेरोजगारी और भूख का भय इनके पैरों को घर गाँव की ओर धकेल रहा है। मैं सरकार से प्रार्थना करती हूँ कृपया इनकी मदद कीजिए।
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए पूरे देश में लॉक डाउन की घोषणा की गई है। लॉक डाउन का पालन करवाने के लिए अधिकांश स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी देखी जा सकती है, हालांकि पुरानी दिल्ली के कुछ इलाकों में लॉक डाउन का पालन करवाने के लिए बकायदा अर्ध सैनिक बल तैनात किए गए हैं। यहां लगभग हर गली के बाहर अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी देखी जा सकती है। चांदनी चौक के फराश खाना इलाके में एक परिवार को कोरोनावायरस के संदेह के चलते घर ही में क्वॉरेंटाइन किया गया है।
कोरोना वायरस से लॉकडाउन के बाद परिवहन सेवाओं के अभाव में दिल्ली-यूपी की सीमा के पास गाजीपुर में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अपने घरों की ओर पैदल जाते हुई भीड़
बीएमसी ने जानकारी दी कि मुंबई में आज 9 और लोगों को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया। इसमें से 5 का यात्रा का इतिहास है और 4 इनके निकट संपर्क में थे। उनमें से 6 मुंबई से और 3 अन्य स्थानों से हैं। शहर में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 86 हो गई है।
केरल मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि कासरगोड से 34, कन्नूर से 2 और त्रिशूर, कोझीकोड और कोल्लम से 1-1 नया मामला सामने आया है।
ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पीएम मोदी ने ट्वीट करके उनको फाइटर बताया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रवासी मजदूरों से अपने गृह राज्य न लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप वापस लौट आइए, हम आपके लिए सारे इंतजाम कर रहे हैं।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर एक ही दिन में कोरोना के 100, 500 या 1000 मामलों बढ़ते भी हैं तो हम इसके लिए तैयार हैं। टेस्ट किट, ऐम्बुलेंस और आईसीयू बेड की व्यवस्था की गई है। हम यह नहीं कह रहे हैं कि मामले बढ़ेंगे, हम बस किसी भी हालात के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।
अभी तक आर्मी, नेवी और एयरफोर्स के 5 अस्पताल ऐसे हैं जो कोरोना टेस्ट कर सकते हैं। 6 अतिरिक्त अस्पतालों को भी टेस्ट के लिए जरूरी संसाधनों से लैस किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा में शाम 5.11 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई।
तेलंगाना सीएम के चंद्रशेखर राव ने कहा कि सभी शहरी स्थानीय निकायों, नगर निकायों और जिला कलेक्टरों को जरूरतमंदों और अनुबंध श्रमिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने की सलाह दी गई है।
जम्मू और कश्मीर में भारतीय सेना ने कश्मीर घाटी में दैनिक वेतन पर काम करने वालों, प्रवासी श्रमिकों और जरूरतमंदों को राशन पैकेट बांटे हैं
हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि आज 19 सैंपल का टेस्ट हुआ और सभी के नतीजे नेगेटिव पाए गए। अब तक कोरोना वायरस के 152 मामलों की जांच की गई जिसमें 149 नमूने नेगेटिव पाए गए और 3 नमूने पॉजिटिव पाए गए।
ओडिशा सीएम नवीन पटनायक ने कहा कि कोरोना वायरस एक वैश्विक संकट बन गया है जिसने गरीबों की आजीविका को प्रभावित किया है। राज्य में समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए, मैं 2200 करोड़ रुपये का पैकेज घोषित कर रहा हूं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर भारत के विभिन्न हिस्सों में हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को लॉकडाउन के दौरान बुनियादी चीजें और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के कहा है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी लॉकडाउन पर सवाल उठाते हुए कहा, “लॉकडाउन हमारे गरीब और कमजोर लोगों को तबाह कर देगा। यह भारत के लिए बहुत बड़ा झटका होगा जिसे हम प्यार करते हैं। भारत ब्लैक ऐंड व्हाइट नहीं है।”
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। उनका इलाज जारी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि लगभग 1.4 लाख कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को हमारी अपील पर घर से काम करने के लिए कहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्राल के मुताबिक, कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटे में देश में 4 लोगों की मौत हुई है और 75 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब तक देश में कोरोना वायरस से 17 लोगों की मौत हुई और 724 मामले सामने आए हैं।
लव अग्रवाल ने बताया, “हमने 10 हजार वेंटिलेटर प्रदान करने के लिए एक PSU को आदेश दिए हैं। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड से भी 1-2 महीनों में 30 हजार अतिरिक्त वेंटिलेटर खरीदने का अनुरोध किया गया है।”
कोरोना संकट को देखते हुए देश में घरेलू उड़ानों पर प्रतिबंध 14 अप्रैल, 2020 तक बढ़ाया गया। नागर विमानन महानिदेशालय ने इस बात की जानकारी दी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मैंने हरियाणा, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों से आग्रह किया है कि वहां पर जो उत्तर प्रदेश के नागरिक रह रहे हैं, उन्हें वहीं पर सभी सुविधाएं उपलब्ध करा दें और इसमें जो भी खर्चा होगा वो उत्तर प्रदेश सरकार देगी।”
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सांगली में 12 और लोग कोरोना वायरस के लिए पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 147 हो गई है।
राजस्थान को जोधपुर में कोरोना वायरस का एक मामला आया सामने। जिस व्यक्ति को पॉजिटिव पाया गया है वह यूके से जोधपुर आते समय कोरोना के मरीज के संपर्क में आया था। राजस्थान में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है।
केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर कहा है कि काम करने दूसरे राज्यों से आने वाले मजदूरों की पूरी मदद की जाए और उनके रहने की भी व्यवस्था की जाए।
जम्मू-कश्मीर में लॉकडाउन के दौरान श्रीनगर की सारी मस्जिदें बंद हैं। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी सभी लोगों से ये अपील की है कि वो अपने घर पर ही नमाज़ अदा करें
दिल्ली से अब भी आसपास के राज्यों के रहने वाले दिहाड़ी मजदूर पैदल ही भाग रहे हैं। उनका कहना है कि अब तो 10 वाला बिस्किट भी 30 रुपये का मिलता है।
देश समेत पूरे उत्तर प्रदेश में कोरोना संकट के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कई अहम सुझाव दिए हैं। उन्होंने गरीबों, खास तौर पर दिहाड़ी मजदूरों को लेकर चिंता जाहिर की है। प्रियंका गांधी ने सीएम योगी से अपील की है कि वे इस मुश्किल घ़ड़ी में दिहाड़ी मजदूरों को रहात पहुंचाने के लिए कदम उठाएं।
दूसरे शहरों से दिल्ली में काम करने आए मजदूर पैदल ही अपने गांव जाने को मजबूर हैं। एक मजदूर सद्दाम हुसैन ने बताया कि दो दिन से खाना नहीं मिला है। आनंद विहार से लखीमपुर खीरी 400 किलोमीटर है, 8-10 दिन में पहुंच जाएंगे।
शिरडी के श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 करोड़ रुपये दान किए।
दिल्ली में कालका जी मंदिर के पास एक रैन बसेरा में रहने वाली महिलाओं ने भोजन की कमी की बात कही। एक महिला ने कहा, "हम आमतौर पर कालका जी मंदिर में भोजन ले आते हैं। यहा जो जितना भोजन मिलता है, उससे हमारी जरूरतें पूरी नहीं होतीं। हमारे बच्चों को दूध भी नहीं मिलता।”
रैन बसेरों में रहने वाली महिलाओं के आरोप पर दक्षिण दिल्ली के डीएम ने कहा, “हमने दैनिक वेतन भोगियों के लिए भोजन की आवश्यकता के लिए डेटाबेस तैयार किया है। हम खाने पैकेट प्रदान करने के लिए कुछ एजेंसियों का भी सहारा ले रहे हैं। कल हमने 9,500 खाने पैकेट वितरित किए। हमें दक्षिण दिल्ली के स्थानों के लिए प्रतिदिन 11,134 खाने के पैकेट की आवश्यकता है”
सचिन तेंदुलकर ने कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में 25-25 लाख रुपये दान किए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जियामऊ में एक सामुदायिक रसोईघर का निरीक्षण किया।
दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर बस में आ रहे 14 जापानी नागरिकों को पुलिस ने रोक लिया है। बस के ड्राइवर ने बताया कि वह इन जापानी नागरिकों को उत्तराखंड के ऋषिकेश के एक योगा सेंटर से लेकर आ रहा था। इन सभी जापानी नागरिकों को उसे पहाड़गंज में छोड़ना था। सभी का कोरोना टेस्ट हुआ है कि नहीं इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
कोरोना संकट के बीच उत्तराखंड में बिना पुलिस की इजाजत के शादी हो रही थी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और दूल्हा समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान के भीलवाड़ा के देवरिया पंचायत में सरपंच किस्मत गुरजर अपने गांव को खुद ही सैनिटाइज कर रही हैं। साथ ही इलाके के लोगों को मास्क भी बांट रही हैं।
कोरोना वायरस के चलते दिल्ली के जामा मस्जिद में कुछ ही लोग नमाज पढ़ने पहुंचे हैं। इससे पहले सैयद इमाम बुखारी ने अपील की थी कि लोग अपने घरों में ही जुमें की नमाज पढ़ें।
महाराष्ट्र के पुणे जिले में अब कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है, जिनमें से 10 को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
आरबीआई द्वारा राहत पैकेज के ऐलान के बाद पीएम मोदी ने कहा, “हमारी अर्थव्यवस्था को कोरोना वायरस के प्रभाव से बचाने के लिए आरबीआई ने बड़े कदम उठाए हैं। इससे लिक्विडिटी में सुधार होगा, फंड की लागत में कमी होगी, मध्यम वर्ग और व्यवसायों को मदद मिलेगी।”
अखिल भारतीय इमाम संगठन के प्रमुख इमाम उमर अहमद इलियासी ने कहा, “मैं भारत में सभी मुसलमानों और इमामों से अपील करता हूं कि वे कोरोना वायरस पर सरकार के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें। मैं सभी मुसलमानों से अपील करता हूं कि वे आज ही अपने घरों पर जुमे नमाज पढ़ें।”
गुजरात में पिछले 12 घंटे में कोरोना वायरस के कोई भी मामले सामने नहीं आए हैं। इस बात की जानकारी राज्य की मुख्य सचिव जयंति रवि ने दी है।
दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलो की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। 39 में से 29 लोग बाहर से आए हैं। वहीं, कोरोना के 10 मामले कम्यूनिटी में फैसले के सामने आए हैं।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया, “अब तक हम 224 रैन बसेरों में 20,000 लोगों को खाना खिला रहे थे। आज से हम 325 स्कूलों के अंदर लंच और डिनर दोनों देंगे और रैन बसेरों में भी खाना बढ़ाएंगे। आज से हम 2 लाख लोगों को खाना खिलाएंगे और कल से हम 4 लाख लोगों को खाना खिलाएंगे”
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर जो भी लोग रह रहे हैं उन सब लोगों की जिम्मेदारी हमारी है, चाहे वो झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु के हो सकते हैं।
देश में कोरोना संकट पर प्रतिक्रिया देते हुए सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा कि सेना अतीत में सभी अभियानों पर सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो सेना ऑपरेशन नमस्ते को भी सफलतापूर्वक अंजाम देगी।
जनरल नरवणे ने कहा, “आर्मी चीफ होने के नाते मेरी प्राथमिकता अपनी सेना को सुरक्षित रखना है हम तभी अपनी ड्यूटी निभा पाएंगे जब हम कोरोना वायरस की बीमारी से दूर रहेंगे। अगर हमें अपने देशवासियों की मदद करनी है तो हम ये मदद तभी कर पाएंगे जब हम सुरक्षित होंगे, फिट होंगे।”
राजस्थान में भीलवाड़ा के रहने वाले एक 60 साल के कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति की गुरुवार को मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की। अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने कहा, "व्यक्ति को 6 मार्च को दिल का दौरा पड़ा था। शुरुआत में उसका इलाज स्वास्तिक अस्पताल में किया गया, फिर 7 मार्च को उसे बांगड़ अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद से वह 7 से 9 मार्च तक आईसीयू में रहा।"
देश भर में लॉकडाउन के बीच दिहाड़ी मजदूरों की मुश्किलें जारी हैं। शहरों से पैदल अपने गांव लैटने को दिहाड़ी मजदूर, मजबूर है। गाजियाबाद से कुछ मजदूर राजस्थान के दौसा से निकले। एक मजदूर ने बताया कि उसके पास सिर्फ 200 रुपये हैं। वह राजस्थान के दौसा के लिए निकला है, जोकि 300 किलोमीटर दूर है।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 5 नए मामले सामने आए हैं। चार केस नागपुर में और एक केस गोंदिया में सामने आया है।
देश में कोरोना संकट के बीच RBI ने रेपो रेट में कटौती की घोषणा की है। रेपो रेट में 75 बेसिस प्वाइंट की कटौती की घीषणा की गई है। इस कटौती के साथ ही रेपो रेट 4.40 फीसदी हो गया है। वहीं, रिवर्स रेपो रेट में 0.90 फीसदी की कटौती की गई है। इस कटौची के साथ यह 4 फीसदी हो गया है।
रेपो रेट कटौती का फायदा होम, कार या अन्य तरह के लोन समेत कई तरह के ईएमआई भरने वाले करोड़ों लोगों को मिलने की उम्मीद है।
आरबीआई के गर्वनर शक्तिकांत दास ने कहा कि जबरदस्त अनिश्चितता है, ऐसे में विकास दर और महंगाई दर का अनुमान लगाना मुश्किल है। आरबीआई के गर्वनर ने कहा कि बैंक चाहें तो 3 महीने के लिए ईएमआई लेना टाल सकते हैं। आरबीआई ने बैंकों को छूट देते हुए कहा कि बैंक तीन महीने तक होम, कार लोन आदि की EMI लेना टाल सकते हैं।
आरबीआई के गर्वनर शक्तिकांत दास ने कहा, “भारतीय बैंकिंग सिस्टम सुरक्षित और मजबूत है। हाल के दिनों में शेयर बाजार में कोरोना वायरस से संबंधित अस्थिरता ने बैंकों के शेयर की कीमतों को प्रभावित किया, जिसका नतीजा ये हुआ कि लोगों ने घबराकर कुछ निजी क्षेत्र के बैंकों से जमा राशि निकाल ली।”
देश में लगातार कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। इस बीच बिहार में कोरोना के दो और मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही बिहार में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
देश में कोरोना संकट के भीच महाराष्ट्र में शिवसेना के सभी सांसद और विधायक एक-एक महीने की सैलरी सीएम राहत कोष में देने का फैसला लिया है।
उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के बीच प्रयागराज में पुलिस गरीब लोगों के लिए खाना तैयार कर उन्हें मुफ्त में बांट रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “सभी थाना अध्यक्षों और पुलिस की गाड़ियों को हमने बताया है कि कहीं भी भूखा व्यक्ति मिलता है तो एनजीओ की मदद से या फिर स्वयं के स्तर पर उनकी मदद करें।
जम्मू-कश्मीर में आज से गरीबों को मुफ्त में राशन बांटा जाएगा। इसकी शुरुआत नगरपालिकाओं से होगी। आज से केमिस्ट की सभी दुकानें खुली रहेंगी। 8 बजे से लेकर 11 बजे तक ही दूध की आपूर्ति की जा सकेगी। 27 मार्च के दिन 10 बजे से 4 बजे तक किराना की 4 दुकाने ही खुलेंगी।
मुंबई में नवरात्र के तीसरे दिन मुंबादेवी मंदिर के बाहर भक्तों ने टीवी के जरिए आरती के दर्शन किए। लॉकडाउन की वजह से मंदिर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव ने बताया कि अंडमान में कोरोना वायरस का दूसरा मामला सामने आया है। उसने कोरोना वायरस पॉजिटिव पहले व्यक्ति के साथ यात्रा की थी। दोनों अस्पताल में हैं और प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
नवरात्र के तीसरे दिन दिल्ली के चांदनी चौक के गौरी शंकर मंदिर में कुछ ही भक्त नजर आए। कोरोना वायरस को देखते हुए मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए हैं, जिसके बाद भक्त बाहर से ही दर्शन कर रहे हैं।
देश में कोरोना संकट के बीच रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास आज 10 बजे मीडिया को संबोधित करेंगे।
कोरोना वायरस ने भारत समेत पूरी दुनिया में कोहराम मचा रखा है। इस जानलेवा बीमारी से सबसे ज्यादा इटली प्रभावित हुआ है। इटली में कोरोना वायरस के 6153 नए मामले सामने आए हैं। यहां पर कोरोना के अब तक 80539 केस की पुष्टि हो चुकी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 27 Mar 2020, 8:10 AM IST