
केंद्रीय बिजली मंत्री आर के सिंह के मुताबिक #9बजे9मिनट के दौरान देश में बिजली की खपत 117300 से घटकर 85300 रह गई थी यानी 32000 मेगावाच की गिरावट आई थी मांग में। लेकिन बाद में धीरे-धीरे खपत बढ़ती गई।
देश भर में आज रात ठीक 9 बजेलोगों ने अपने घरों की बत्तियां बंद करदीं और दरवाजों और बालकनी पर दीये-मोमबत्ती, मोबाइल टार्च आदि जलाईं। इस दौरानलोगों ने नारेबाजी की और पटाखे भी जलाए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोरोना के विरुद्ध लड़ने वाले स्वास्थ्य क्षेत्र के डॉक्टर, नर्स, सफ़ाई कर्मचारी का आभार व्यक्त करते हुए, केंद्र सरकार को याद दिलाया है कि अब तक सब को सुरक्षा उपकरण नहीं मिले हैं। बिना उपकरण के कई समर्पित कर्मचारी निरंतर जान जोखिम में डालने पर मजबूर हैं।
छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने बताया कि राज्य में एक औरकोरोनावायरस पॉजिटिव व्यक्ति को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अबतक राज्य में 10 में से 8 लोग ठीक हो चुके हैं।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि महाराष्ट्र में कोरोना के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 45 हो गई, आज 13 नई मौतें हुई हैं। मुंबई में 8, पुणे में 3 और कल्याण, डोंबिवली और औरंगाबाद में 1-1 मौत हुई है।
आज दिल्ली में 58 नए कोरोनावायरस पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं जिसमें से 19 ने तबलीगी जमात कार्यक्रम में भाग लिया था और 3 ने अंतरराष्ट्रीय यात्रा की थी।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में 113 पॉजिटिव मामलों के सामने आने के बाद महाराष्ट्र में #कोरोनावायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 748 हो गई, ठीक होने के बाद अब तक 56 लोगों की छुट्टी दे दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 3500 के पार पहुंच चुकी है, जबकि इस वायरस से 80 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। पिछले 24 घंटे में 500 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया कि आवश्यक आपूर्ति करने वाले ट्रकों के निरंतर आवाजाही के लिए परिवहन सुविधा नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। कन्ट्रोल रूम अधिकारियों के साथ संपर्क में रहेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ट्रक चालक को न केवल पंजाब में बल्कि भारत में कहीं भी किसी तरह की समस्या ना हो।
मुंबई में आज 103 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए,कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 433 हैं। आज 8लोगों की मौत हुई। इसके साथ मरने वाले लोगों की संख्या 30हो गई है। 20लोगों को आज ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। कुल 54लोगों को अब तक डिस्चार्ज किया जा चुका है
उत्तराखंड स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के मुताबिक उत्तराखंड में आज 4 नए COVID19 पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए, राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 26 हो गई। 4 व्यक्तियों का इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के तहत आने वाले विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों ने कोरोना से लड़ने के लिए PM CARES फंड में 38 करोड़ रुपए दान किए हैं।
भोपाल DM ने कहा कि डेयरी और मेडिकल स्टोर को छोड़कर सभी दुकानें अगले आदेश तक बंद रहेंगी। नगर पालिका द्वारा खाद्य वितरण और संबंधित अधिकारी द्वारा दी जाने वाली होम डिलीवरी की अनुमति होगी। यह आज 12 बजे से अगले आदेशों तक लागू होगा ।
लुधियाना उपायुक्त ने बताया कि 69 वर्षीय महिला जो #COVID19 पॉजिटिव थीं और 31मार्च को बुखार, खांसी और दस्त के साथ अस्पताल में भर्ती हुई थी। कार्डियक अरेस्ट आने के बाद आज उनकी मौत हो गई।
पंजाब में अब तक कोरोना वायरस के लिए कुल 68 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 1 मरीज की हालत गंभीर है और वह वेंटिलेटर पर है। 4 मरीजों को ठीक किया गया है। कुल 6 कोरोना रोगियों का अब तक निधन हो चुका है।
गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा, “राज्य सरकारें लॉकडाउन को प्रभावी ढंग से लागू कर रही हैं। आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की स्थिति संतोषजनक है। 27,661 राहत शिविर और आश्रय पूरे भारत में सभी राज्यों में स्थापित किए गए हैं - 23,924 सरकार द्वारा और 3,737 गैर-सरकारी संगठनों द्वारा स्थापित किए गए हैं। 12.5 लाख लोगों को इससे आश्रय मिला है। 19,460 खाद्य शिविर भी लगाए गए हैं।”
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस से बात करते हुए बताया, “देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3374 हो गई है। देश में अब तक 79 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 267 मामले सामने आए हैं। इसी 24 घंटे में 11 लोगों की मौत हुई है। देश के 274 जिले कोरोना से प्रभावित हैं।”
हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया, “राज्य के अन्य हिस्सों में या राज्य के बाहर मिलने वाली किसी विशेष दवा की आवश्यकता वाले नागरिक हेल्पलाइन नंबर 0177-2626076 और 0177-2626077 या टोल-फ्री नंबर 1070 पर दवा के लिए रजिस्टर कर सकते हैं।”
जम्मू-कश्मीर के प्रमुख सचिव (योजना) रोहित कंसल, “कश्मीर डिवीजन में 14 नए मामले सामने आए हैं। जम्मू-कश्मीर में अब पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 106 हो गई है। कश्मीर में सक्रिय मामलों की संख्या 82 और जम्मू में 18 हैं।”
महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, “राज्य में कोरोना वायरस रोगियों की संख्या 690 हो गई है। वायरस से ग्रस्त 55 नए लोगों की पहचाना हुई है, जिसमें मुंबई में 29, पुणे-17, पीसीएमसी-4, अहमदनगर-3, औरंगाबाद-2 शामिल हैं।अब तक 56 लोगों को ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी ले चुके हैं।”
बिहार स्वास्थ्य विभाग प्रमुख सचिव संजय कुमार ने कहा, “पीईपी और एन- 95 मास्क की कमी है। बिहार मेडिकल सर्विसेज इंफ्रास्ट्रक्चर कारपोरेशन लिमिटेड देश की हर सरकारी, प्राइवेट एजेंसियों से सप्लाई के लिए संपर्क कर रही है। आज हमें 15000 पीईपी प्राप्त होंगे, जिन्हें मेडिकल कॉलेज और जिलों को उपलब्ध करवा देंगे।”
मध्य प्रदेश के इंदौर में आज कोरोना वायरस के 9 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल मरीजों की संख्या 122 हो गए हैं।
लॉकडाउन के बीच दिल्ली पुलिस ने एक गर्भवती महिला को सुरक्षित और समय से अस्पताल पहुंचाकर एक नई मिसाल कायम की। नवजात के पिता ने बताया, “मैंने 108,102,1031 पर फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया फिर मैंने दिल्ली महिला पुलिस को फोन मिलाया और थोड़ी ही देर में उन्होंने गाड़ी भेज दी।”
मुंबई के धारावी में एक और कोरोना वायरस पॉजिटिव केस सामने आया है। मरीज के बारे में अन्य जानकारी की प्रतीक्षा है। बीएमसी ने कहा है कि धारावी में 14 नए कोरोना रोगी पाए जाने की रिपोर्ट गलत है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कोरोना से पहली मौत की खबर है। यह मरीज गंगापुर का था, जो टेस्ट में पॉजिटव पाया गया था। इसी के साथ ही एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है, जिसे देखते हुए चार इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। जिला अधिकारी ने बताया कि शहर के चार इलाकों मदनपुरा, बजरडीहा, लोहता और गंगापुर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार को दो नए पॉजिटिव केस सामने आए है। पहला मामला बजरडीहा इलाके का है, जहां जेद्दा से लौटी महिला पॉजिटिव पाई गई, जबकि दूसरा मामला गंगापुर के कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत से जुड़ा है।
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में 2300 लोगों के जमा होने के मामले की जांच के लिए मरकज फरेंसिक साइंस लैब (FSL) की भी एक टीम पहुंची है।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के दिलदारनगर के 9 संदिग्धों में से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों लोग दिल्ली के निजामुद्दीन जमात में शामिल हो कर वापस आए थे। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद दिलदारनगर को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जिले में अब कोरोना वायरस के कुल पांच मरीज हो गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने हरियाणा के एम्स झज्जर का दौरा किया और यहां पर कोरोना वायरस को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, “एम्स झज्जर में कोरोना वायरस मरीजो के लिए डेडिकेटिड फैसिलिटी बनाई गई है। यहां 310 मरीजो के लिए फैसिलिटी है। इसके अलावा अस्पताल में एक पूरे फ्लोर पर 40 आइसोलेशन बेड और 25 ICU की सुविधा है। जो 162 मरीज अभी भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है।”
दिल्ली पुलिस की एक टीम निजामुद्दीन मरकज पहुंची है। मरकज में 2300 लोगों के जमा होने के मामले में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस इस मामले क जांच के लिए मरकज पहुंची है।
मलेशिया के 8 तब्लीगी जमात के सदस्यों को आज दिल्ली के आईजीआई इमिग्रेशन विभाग ने मलेशिया के लिए मालिंदो एयर रिलीफ फ्लाइट में सवार होने की कोशिश करते हुए पकड़ा। उन्हें पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
हरियाणा में तब्लीगी जमात से लौटे 4 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। मेवात में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 7 हो गई है।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते 8/9 अप्रैल को शब-ए-बरात मनाने के लिए अपने घरों से बाहर न निकलें।
दिल्ली में लॉकडाउन के दौरान जब आम लोगों की आवाजाही पर रोक है और सिर्फ जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को ही बाहर निकलने की अनुमति है। ऐसे में दिल्ली के डॉक्टर अपने काम पर आते और जाते वक्त कबूतरों और कौवों को खाना-पानी देने का काम कर रहे हैं।
ऑर्डनेंस फैक्ट्री बोर्ड ने देश के 6 राज्यों के 10 अस्पतालों में 280 आइसोलेशन बेड देने की योजना बनाई है। HAL बेंगलुरु ICU में 3 बेड और वार्डों में 30 बेड की आइसोलेशन सुविधा दे रहा है। कुल मिलाकर 93 व्यक्तियों को HAL सुविधा में रखा जा सकता है।
आईटीडीए के ऑफिसर वैभव शर्मा ने बताया, “देहरादून में भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर ड्रोन की मदद से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस इंटेलिजेंस की टीम भी हमारे साथ काम कर रही है। उन्हें हम फीड मुहैया करवा रहे हैं। तीन टीमें अलग-अलग जगह पर काम कर रही हैं। पिछले दो दिनों में हम 50-56 लोकेशन पर निगरानी रखे हुए हैं।”
आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के 34 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 226 हो गई है।
महाराष्ट्र में ससून अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि 3 अप्रैल को पुणे के ससून अस्पताल में मृत लाई गई 60 वर्षीय महिला का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। उनका पिछला कोरोना टेस्ट नेगेटिव आया था।
पंजाब में लॉकडाउन के दौरान लुधियाना में राधा स्वामी सत्संग ब्यास जरूरतमंद लोगों तक खाना पहुंचाने का काम कर रहा है। एक सेवादारा ने बताया कि हम पूरे भारत में दिन में करीबन 12 लाख लंच पैक बांट रहे हैं। हम यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं। खाना बहुत ही साफ-सफाई के साथ बनाया जाता है।
दिल्ली में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज आज AIIMS जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर की तीसरी मंजिल से कूद गया और उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उसकी हालत स्थिर है।
दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान के दो और नर्सिंग स्टाफ में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इससे पहले, एक डॉक्टर समेत चार कर्मचारी कोरोन पॉजिटिव पाए गए थे।
आर्मी सूत्रों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में भारतीय सेना ने कश्मीर घाटी में 9 आतंकवादी मार गिराए हैं। कल 4 आतंकवादी दक्षिण कश्मीर के बटपुरा में मार गिराए और 5 अन्य को केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास मार गिराया। केरन सेक्टर में मारे गए आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। इस ऑपरेशन में एक जवान शहीद हो गया है और दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
त्रिवेंद्रम में केरल सरकार द्वारा चलाई जा रही त्रिवेणी सुपर मार्केट ने 12 गतिशील सुपर मार्केट शुरू की हैं। यह लॉकडाउन में लोगों तक जरूरी सामान पहुंचा रही हैं। अब यह जरूरी सामान की होम डिलीवरी भी कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के 3 और मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। अब तक कुल 10 मरीजों में से 7 मरीज ठीक हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में पिछले 12 घंटों में कोरोना वायरस के 302 नए मामले सामने आ हैं। इसके साथ देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 3374 हो गई है। अब तक कोरोना से 77 लोगों की जान जा चुकी है। 267 ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं।
राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में कोरोना वायरस के 6 नए मामले सामने आए हैं। (तबलीगी ज़मात के कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाला एक व्यक्ति भी इसमें शामिल है) अब राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव कुल मामलों की संख्या 210 है।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में उम्मीद वेल्फेयर सोसाइटी ने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले मजदूरों का मुफ्त में हेल्थ चेकअप किया और दवाइयां दी। सोसाइटी के चेयरमैन डॉ.सुखबीर सिंह ने बताया, “मैंने 200 मरीजो का चेकअप किया है। प्रशासन की तरफ से खाना तो मिल रहा है तो हमने सोचा कि दवाइयां दी जाएं।”
उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन से गंगा के जल की गुणवत्ता में काफी सुधार आया है। प्रोफेसर प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि लॉकडाउन के बाद सारी इंडस्ट्री बंद हो गईं हैं, जिससे लॉकडाउन के बाद गंगा के जल की गुणवत्ता में 40 से 50 फीसदी तक सुधार आया है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कैंटोनमेंट इलाके को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। तब्लीगी जमात से लौटे 12 लोगों में कोरोना वायरस की पष्टि के बाद यह फैसला लिया गया है। इस इलाके में सिर्फ क्विक रिस्पॉन्स टीम और चिकित्सा टीमों को क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति है।
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के मुताबिक,16 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है।
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 58 हो गई है, इसमें 8 नए पॉजिटिव केस भी शामिल हैं।
आगरा में 3 और लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। (ये पहले पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आए)। इसके बाद जिले में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 48 हो गई है।
मुंबई की बायकुल्ला सब्जी मंडी में आज सुबह भीड़ देखी गई। यहां पर लोग सामाजिक दूरी को नजरअंदाज करते दिखे।
दिल्ली में लॉकडाउन की वजह से अखबार की बिक्री में काफी कमी आई है, जिससे विक्रेताओं को काफी नुकसान हो रहा है। एक विक्रेता ने बताया कि हॉकर्स की बहुत कमी है। ग्राहक भी डरे हुए हैं। अखबार नहीं ले रहे हैं। 2 दिन अखबार डाल रहे हैं 2 दिन नहीं डाल रहे, इसलिए हमें पैसे की कोई उम्मीद नहीं है।
पाकिस्तान में कल तक कोरोना वायरस के 2818 मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें 1131 मामले पंजाब में हैं, 839 सिंध में, 383 खैबर पख्तूनख्वा में, 175 बलूचिस्तान में, 193 गिलगित बाल्टिस्तान में, 75 इस्लामाबाद में और 12 पीओके में। पाकिस्तान में कोरोना की वजह से अब तक 41 मरीजो की मौत हो चुकी है
देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। देश में अब तक तीन हजार से ज्यादा लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इस बीच सीआरपीएफ के एक अधिकारी को भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। इसके बाद अधिकारी से संपर्क में आए तमाम लोगों को क्वारनटीन कर दिया गया है। सीआरपीएफ के डीजी एपी माहेश्वरी ने भी खुद को ऐहतियात के तौर पर क्वारनटीन में रखने का फैसला लिया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 05 Apr 2020, 8:06 AM IST