हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने सोमवार से बृहस्पतिवार तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रही और शनिवार रात से कांगड़ा में 68.4 मिमी बारिश हुई। इसके बाद मुरारी देवी में 52.6 मिमी, पालमपुर में 52 मिमी, सराहन में 25 मिमी, धर्मशाला में 23.2 मिमी, जुब्बारहट्टी में 17 मिमी, बाजुरा में 16 मिमी, पंडोह में 11.5 मिमी, कुफरी में 11.2 मिमी, बिलासपुर में 10.4 मिमी और कसौली में 10 मिमी बारिश हुई।
राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-305 का हिस्सा ऑट-सैंज रोड समेत 360 सड़कें बंद हैं। इनमें 212 सड़कें मंडी और 92 कुल्लू जिले में हैं।
इस वर्ष मानसून ऋतु में अब तक बारिश से संबंधित घटनाओं में 116 लोगों की मौत हुई है और 37 लोग लापता हैं। इसके अलावा, 132 पावर ट्रांसफार्मर और 520 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में 11 मूर्ति के पास एक तेज रफ्तार एसयूवी ने रविवार सुबह फुटपाथ पर चल रहे दो राहगीरों को कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि घटना में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल पीड़ितों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसने बताया कि एसयूवी की चपेट में आए दोनों राहगीरों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, "विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी ने भारत के चुनाव आयोग से स्पष्ट रूप से 5 प्रश्न पूछे थे। उन 5 प्रश्नों के उत्तर देने के बजाय अब वे राहुल गांधी को नोटिस जारी कर रहे हैं। हम भारत के चुनाव आयोग के किसी भी नोटिस से डरते नहीं हैं। हम लगातार सच्चाई के लिए खड़े रहेंगे..."
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
शरद पवार के बयान का समर्थन करते हुए शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले दो लोगों ने उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की थी और 60-65 मुश्किल सीटों पर ‘‘ईवीएम के जरिए’’ जीत सुनिश्चित करने का वादा किया था।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
देहरादून में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर उत्तराखंड पुलिस की फ्लड कंपनी के जवानों ने आपदा प्रभावित मार्गों का निरीक्षण किया और खोज एवं बचाव कार्य हेतु पैदल ही घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के बयान पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर क्यों रोका?... हमें याद है 1971 में पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने आत्मसमर्पण कर दिया था। हम सभी ने उनके आत्मसमर्पण और हथियार सौंपने की मशहूर तस्वीर देखी हैं। जब भारतीय सशस्त्र बलों का पलड़ा भारी था, तब प्रधानमंत्री मोदी ने कौन से वादे किए थे, कौन से फ़ायदे लिए थे कि उन्होंने युद्ध रोक दिया?..." उन्होंने आगे कहा, "भारत का चुनाव आयोग तथ्यों को न दिखाकर और भारत की जनता के सामने पारदर्शिता न लाकर अपनी ही प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहा है।"
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई ने रविवार को केंद्र शासित प्रदेश का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर ‘हमारी रियासत हमारा हक’ अभियान के तहत क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के नेतृत्व में कई पूर्व मंत्रियों और विधायकों सहित दर्जनों पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तवी पुल पर अंतिम डोगरा शासक महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के सामने भूख हड़ताल शुरू की।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
कांग्रेस ने कहा कि बिहार में SIR के बाद 'नई वोटर लिस्ट' तैयार हुई है। मुजफ्फरपुर के एक मकान में 269 वोटरों के नाम हैं, जमुई के एक मकान में 247 वोटरों के नाम हैं। ये सरासर वोट चोरी है, जिसका खेल अब सामने आ चुका है। चुनाव आयोग और BJP लोकतंत्र को तबाह करने पर तुले हुए हैं।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
पटना में जेडीयू कार्यकर्ताओं ने जेडीयू कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाए हैं, जिनमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार से आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ने की मांग की गई है।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
धाराली-हर्षिल क्षेत्र में बादल फटने की घटना के बाद जारी खोज अभियान के बारे में ब्रिगेडियर एम. एस. ढिल्लों ने कहा, "5 अगस्त से सेना, राज्य सरकार और अन्य एजेंसियां लगातार बचाव और राहत कार्य में लगी हुई हैं। आज का फोकस उन लोगों को ढूंढने पर है जो बादल फटने के बाद मलबे के नीचे दब गए। हम ग्राउंड-पेनेट्रेटिंग रडार का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो जमीन के नीचे दबे इंसानी या धातु की वस्तुओं की पहचान करता है। हमने सैटेलाइट कम्युनिकेशन भी स्थापित किया है।"
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह के बयान पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "हमारी सशस्त्र सेनाओं पर कभी सवाल नहीं उठाए गए हैं और न ही भविष्य में उठाए जाएंगे। सेना देश की है, किसी राजनीतिक दल की नहीं। मुद्दा राजनीतिक निर्णय लेने वालों से जुड़ा है। अगर हम इतनी तेजी और मजबूती से आगे बढ़ रहे थे, तो हमें किसने रोका? हमें क्या रोक रहा था? इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति का जो बयान आया है, वह देश के लिए चिंता का विषय है। मैंने संसद में भी यही विचार रखे हैं। मैंने यह भी सुझाव दिया कि इसके खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री मोदी इस मामले पर कुछ नहीं कहना चाहते, तो संसद को अपनी आवाज उठानी चाहिए।"
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा, "पूरी दुनिया देख रही है कि किस तरह चुनाव आयोग ने भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों को ध्वस्त कर दिया है। जिस तरह चुनाव आयोग विपक्ष के नेताओं को धमकाने की कोशिश कर रहा है, वह शर्मनाक है। चुनाव आयोग को पारदर्शी होना चाहिए और राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चाहिए। चुनाव आयोग खुद को सुप्रीम कोर्ट से ऊपर समझ रहा है। सुप्रीम कोर्ट में भी उन्होंने कहा कि वे बिहार से जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनके नाम पेश नहीं करेंगे। क्या उन्हें वोट देने का अधिकार नहीं है?"
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
सीबीएसई ने परीक्षाओं को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। सीबीएसई अब 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की आंसर-शीट्स का डिजिटल मूल्यांकन करेगा। इसके लिए एक या एक से अधिक एजेंसियों का चुनाव किया जाएगा। हालांकि सीबीएसई की गवर्निंग बॉडी की बैठक में लिए गए इस फैसले में सदस्यों ने सुझाव दिया कि बोर्ड के अलग-अलग क्षेत्रीय कार्यालयों में कुछ विषयों में पायलट प्रोजेक्ट्स के पूरा होने के बाद ही 10वीं-12वीं के सभी विषयों में मूल्यांकन लागू किया जा सकता है।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “वोट चोरी ‘वन मैन, वन वोट’ के मूल सिद्धांत पर हमला है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए स्वच्छ मतदाता सूची बेहद जरूरी है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी चुनाव आयोग से मांग स्पष्ट है– पारदर्शी बनें और डिजिटल मतदाता सूचियां जारी करें, ताकि लोग और राजनीतिक दल उनका ऑडिट कर सकें।”
राहुल गाधी ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें देश की जनात से अपील करते हुए वह कह रहे हैं, "इस अभियान का आप पूरा समर्थन कीजिए। हमारी वेबसाइट http://votechori.in/ecdemand पर पूरी जानकारी है। आप इस अभियान में शामिल होइए। हिंदूस्तान में जो वोट चोरी हो रही है, उसे रोकने का काम कीजिए। हमारे साथ जुड़ें और हमारी मांग का समर्थन करें- विजिट करें: http://votechori.in/ecdemand या 9650003420 पर मिस्ड कॉल दें। यह लड़ाई हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए है, धन्यवाद।"
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
RJD नेता तेजस्वी यादव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हाने कहा, "पहले मेरा और मेरे पूरे परिवार का नाम पटना में दर्ज था। अप्रैल 2024 में, मैंने अपना नाम लखीसराय विधानसभा में जोड़ने के लिए आवेदन किया। साथ ही वहां से नाम हटवाने के लिए भी फार्म भरा। मेरे पास इसका प्रमाण है। किसी कारणवश मेरा नाम नहीं हट पाया, तो मैंने बीएलओ को बुलाकर लिखित आवेदन दिया और रसीद ली। मेरे पास दोनों दस्तावेज मौजूद हैं। मेरा डिलीशन फॉर्म अस्वीकृत कर दिया गया। मैं केवल एक ही जगह से वोट करता हूं। पिछली बार भी मैंने केवल लखीसराय से ही वोट किया था और इस बार भी फॉर्म वहीं से भरा गया है।"
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बेली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है और कुछ घंटों में इसे परिवहन के लिए खोल दिया जाएगा। यह पुल लिमचिगाड़ पुल के स्थान पर बनाया जा रहा है, जो हाल ही में धराली, उत्तरकाशी में आई अचानक बाढ़ में बह गया था, जिससे परिवहन पूरी तरह बाधित हो गया था।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के दो ईपीआईसी (EPIC) नंबर हैं। वो भी दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में। एक में उम्र 57 साल है और दूसरे में उम्र 60 साल। यह जानकारी चुनाव आयोग के एप्लीकेशन पर भी ऑनलाइन मौजूद है। नई मतदाता सूची, जो सभी पार्टियों के जिलाध्यक्षों को दी गई है, उसमें भी यह दर्ज है। तो अब इसमें धोखाधड़ी कौन कर रहा है, यह जनता को जानना चाहिए। इसमें सिर्फ दो बातें हो सकती हैं: या तो चुनाव आयोग की एसआईआर (SIR) की पूरी प्रक्रिया धोखाधड़ी है या फिर बिहार के डिप्टी सीएम धोखेबाज हैं। सिर्फ यही दो संभावनाएं हैं।"
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर घटने के बाद किनारों पर कचरा और कीचड़ जमा हो गया है।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 11 अगस्त, सोमवार को दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
उत्तराखंड के हर्षिल में आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य जारी है। डॉग स्क्वाड को भी तैनात किया गया है।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के डुल इलाके में आतंकवादियों से मुठभेड़ चल रही है। दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
दिल्ली पुलिस ने नंदू गैंग के एक सदस्य ईश्वर सिंह उर्फ मोनू (उम्र 40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक अत्याधुनिक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना सेक्टर-23, द्वारका में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वह पहले भी 7 मामलों में शामिल रहा है।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के चौक स्थित आत्मविश्वेश्वर मंदिर में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। खबरों के मुताबिक, करीब 7 लोग इस आग में झुलस गए हैं, जिन्हें पास में महमूरगंज स्थित GS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज चल रहा है।
मंदिर में प्राचीन धर्मस्थल की तर्ज पर सजावट की गई थी। इसी दौरान आग लगने से कई चीजें और लोग चपेट में आ गए। प्रथम दृष्टिया मामला शॉट सर्किट का लग रहा है।
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 10 Aug 2025, 8:07 AM IST