कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारत का विभाजन हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग की ‘जुगलबंदी’ के कारण हुआ। साथ ही उसने सत्तारूढ़ भाजपा पर देश के इतिहास को विकृत करने का प्रयास करते हुए संस्थानों में हस्तक्षेप करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को देश के इतिहास का ‘‘सबसे बड़ा खलनायक’’ करार दिया और कहा कि आने वाली पीढ़ियां उसे माफ नहीं करेंगी।
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) द्वारा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के मौके पर जारी एक विशेष पाठ में भारत के बंटवारे के लिए मोहम्मद अली जिन्ना, कांग्रेस और तत्कालीन वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन को जिम्मेदार ठहराया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता और पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि पुस्तक में हिंदू महासभा द्वारा मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन सरकार बनाने और विभाजन से पहले दोनों द्वारा यह प्रचार करने के बारे में कुछ भी उल्लेख नहीं किया गया है कि ‘‘हिंदू और मुसलमान एक देश में एक साथ नहीं रह सकते।’’
एनसीईआरटी की किताब के बारे में पूछे जाने पर खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘विभाजन हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग की जुगलबंदी के कारण हुआ। अगर इतिहास में कोई सबसे बड़ा खलनायक है तो वह आरएसएस है। आने वाली पीढ़ियां उनके कृत्यों को माफ नहीं करेंगी।’’
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बिहार के सासाराम से अपनी 'वोटर अधिकार यात्रा' की शुरुआत रविवार से करने वाले हैं। इस यात्रा में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सहित विपक्षी दलों के गठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के नेता शामिल होंगे। इस आयोजन को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि यह यात्रा ऐतिहासिक होगी और बिहार के 14 करोड़ लोगों का आशीर्वाद हम लोगों को मिलेगा।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक है। हम लोग जनता के बीच जा रहे हैं। सिर्फ वोटर का अधिकार वोट देना ही नहीं है। हम उन्हें वोट की रक्षा को लेकर जागरूक करेंगे और उनकी समस्याओं को भी उठाएंगे और स्थानीय मुद्दों की भी चर्चा करेंगे। महागठबंधन की सरकार बनने के बाद हम लोग क्या करेंगे, इसे भी लोगों को बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी यह कोई पहली यात्रा नहीं है। हम लोग इससे पहले भी जाते रहते हैं। जनसमर्थन देखकर एनडीए के लोग डर जाते हैं।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित हुमायूं के मकबरे के निकट एक दरगाह की दीवार और छत गिरने की घटना में घायल एक और व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर शनिवार को सात हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह घटना शुक्रवार को अपराह्न लगभग साढ़े तीन बजे दरगाह शरीफ पत्ते शाह में हुई थी। दरगाह की चारदीवारी 16वीं शताब्दी के उद्यान-मकबरे से मिलती है, जिसका निर्माण मुगल बादशाह हुमायूं की पहली पत्नी बेगा बेगम ने 1558 में कराया था। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) हेमंत तिवारी ने बताया कि मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि सात मृतकों में से पांच की पहचान मलकागंज निवासी स्वरूप चंद (79), मोइनुद्दीन (37), भोगल निवासी अनीता सैनी (58), वसंत कुंज एन्क्लेव निवासी मीना अरोड़ा (56) और उनकी बेटी मोनू अरोड़ा (25) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि पांच पीड़ितों की एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक-एक की मौत एलएनजेपी और सफदरजंग अस्पताल में हुई।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
उत्तराखंड के आपदा प्रभावित धराली और हर्षिल में जनजीवन को पटरी पर लाने के प्रयास शनिवार को भी जारी रहे। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत कार्य जारी है और कर्मचारी अचानक आई बाढ़ के बाद भागीरथी नदी में बनी अस्थायी झील से जल निकासी के काम में लगे हुए हैं।
झील का पानी निकालने के काम में लगे कर्मचारियों ने बताया कि झील का जलस्तर कम होने लगा है, जो एक उत्साहवर्धक संकेत है। चट्टान, खंभे और सड़क किनारे की रेलिंग जैसे डूबे हुए हिस्से अब दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने बताया कि एक तरफ गाद की मोटी परत बनी हुई है, जिसे जेसीबी की मदद से साफ किया जाएगा।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
झारखंड के रामगढ़ पहुंचे तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि शिबू सोरेन की स्मृति में, हम तेलंगाना सरकार के धन से हैदराबाद में शिबू सोरेन भवन का निर्माण करेंगे। बिरसा मुंडा को अपना आदर्श मानते हुए, शिबू सोरेन ने जीवन भर झारखंड के लोगों के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी बनाई... जब तेलंगाना आंदोलन चल रहा था, तब वे तेलंगाना आए और तेलंगाना के लोगों को जहां भी ज़रूरत पड़ी, मदद की। हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं... शिबू सोरेन की स्मृति में, हम तेलंगाना सरकार के धन से हैदराबाद में शिबू सोरेन भवन का निर्माण करेंगे।"
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, "16 अगस्त, 2025 को, मुंबई में प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण कम ऊंचाई पर उड़ान भरते समय इंडिगो एयरबस A321 विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया। इसके बाद, विमान ने एक और उड़ान भरी और सुरक्षित रूप से उतर गया। मानक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, विमान को परिचालन फिर से शुरू करने से पहले आवश्यक जाँच/मरम्मत और नियामक मंजूरी से गुजरना होगा।"
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
राहुल गांधी ने कल सासाराम से शुरू होने वाले वोटर अधिकार यात्रा का कार्यक्रम जारी किया है। उन्होंने लिखा, 16 दिन 20+ ज़िले 1,300+ किमी। हम वोटर अधिकार यात्रा लेकर जनता के बीच आ रहे हैं। यह सबसे बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार- ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ की रक्षा की लड़ाई है। संविधान को बचाने के लिए बिहार में हमारे साथ जुड़िए।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम कल सासाराम से 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू कर रहे हैं। कल हम सब महागठबंधन के सहयोगियों के साथ होंगे। हम कई ज़िलों का दौरा करेंगे और हमारी कोशिश लोगों को जागरूक करने की होगी ताकि किसी भी मतदाता का नाम छूट न जाए..."
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
बेंगलुरु के के.आर. मार्केट के पास नागरथपेट क्षेत्र में प्लास्टिक ‘फ्लोर मैट’ बनाने की एक इकाई में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कम से कम तीन लोगों के इमारत के भीतर फंसे होने की आशंका है।
पुलिस ने एक मृतक की पहचान राजस्थान निवासी मदन सिंह के रूप में की है। वह इमारत की ऊपरी मंजिल पर रह रहे थे। उनकी पत्नी और दो बच्चों के भी इमारत के अंदर फंसे होने की आशंका है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले दूसरे व्यक्ति की पहचान सुरेश के रूप में हुई है।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का महिमामंडन करने की आलोचना की और कहा कि यह स्वतंत्रता दिवस और स्वतंत्रता संग्राम का अपमान करने के समान है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में विजयन ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा संघ की प्रशंसा करना दक्षिणपंथी संगठन को “स्वतंत्रता का श्रेय” देने का प्रयास है, जिस पर महात्मा गांधी की हत्या के बाद प्रतिबंध लगा दिया गया था। मोदी के कदम को “इतिहास को नकारना” बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के “हास्यास्पद उपाय” संघ की “विभाजनकारी राजनीति के जहरीले इतिहास” को नहीं छुपा सकते।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
ज्योति मल्होत्रा जासूसी मामले में पुलिस ने अपनी तरफ से चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस ने करीब 2500 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में पुलिस का दावा ज्योति मल्होत्रा है पाकिस्तान एजेंट्स को गोपनीय सूचनाएं लीक की हैं। चार्जशीट में पुलिस का दावा ज्योति पाकिस्तान के लिए टूल किट के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
दिल्ली की तिहाड़ जेल की मंडोली जेल नंबर 15 में बंद कुख्यात गैंगस्टर सलमान त्यागी ने आत्महत्या कर ली है।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का दिल्ली में निधन, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा, साक्षरता एवं निबंधन विभाग के मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार की रात को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। रामदास सोरेन के बड़े बेटे सोमेश सोरेन ने अपने पिता के आधिकारिक एक्स हैंडल से इस दुखद सूचना को साझा किया। सोमेश ने लिखा, "अत्यंत दुख के साथ यह बता रहा हूं कि मेरे पिता रामदास सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे।" रामदास सोरेन के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा... अंतिम जोहार दादा।" वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन के निधन का अत्यंत ही दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
" झारखंड सरकार के मंत्री रामदास सोरेन के निधन से न सिर्फ उनके विधानसभा क्षेत्र घाटशिला, बल्कि पूरे झारखंड में शोक का माहौल है। रामदास सोरेन बीते दो अगस्त को अपने घोड़ाबांधा स्थित पैतृक आवास में बाथरूम में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था। घटना के तुरंत बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए जमशेदपुर से दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया था। वहां उनकी हालत गंभीर बनी रही और चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन पर कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया है। रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेताओं में से एक थे और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। उनके निधन से झामुमो को भी गहरा आघात पहुंचा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उनकी सादगी और जनसेवा के लिए विशेष पहचान थी।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सभी देशवासियों और पूरी दुनिया में रह रहे भारतीयों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जीवन-लीला हमें आत्म-विकास और आत्म-ज्ञान की ओर प्रेरित करती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि आनंद और उल्लास से परिपूर्ण भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और अन्य देशों में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। भगवान श्रीकृष्ण की जीवन-लीला हमें आत्म-विकास और आत्म-ज्ञान की ओर प्रेरित करती है।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सम्पूर्ण मानवता को धर्म के अनुसार कर्तव्य पथ पर चलते हुए परम सत्य की प्राप्ति का मार्ग दिखाया है। जन्माष्टमी का त्योहार भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण द्वारा बताए गए शाश्वत आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आइए, हम सब भगवान श्रीकृष्ण के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा जन-कल्याण की दिशा में आगे बढ़ते हुए अपने समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाएं।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को अलास्का में एक अहम शिखर बैठक की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की कोशिशों पर चर्चा की, लेकिन किसी अंतिम समझौते पर सहमति नहीं बनी। यह मुलाकात तीन घंटे चली और इसे दोनों ने 'फलदायी' और 'परस्पर सम्मानजनक' बताया।
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 16 Aug 2025, 7:56 AM IST