पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने खुलासा किया है कि उन्होंने भारत के साथ व्यापार दोबारा शुरू करने पर देश के व्यापारिक समुदाय के साथ आंतरिक परामर्श शुरू किया है।
बिहार में पहले चरण की चार लोकसभा सीटों पर 76 .01 लाख से ज्यादा मतदाता शुक्रवार को मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एयर एंबुलेंस मौजूद रहेगा।
मृत्यु के देवता 'यमराज' की वेशभूषा में और उनकी पसंदीदा सवारी भैंसे पर सवार एक व्यक्ति गुरुवार को महाराष्ट्र के माढा लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन करने कलक्ट्रेट पहुंचा।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी पर पत्थर फेंकने वाले युवक को विजयवाड़ा की एक अदालत ने गुरुवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
फिलिस्तीन में हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को एक प्रेस बयान में कहा कि गाजा पट्टी पर चल रहे इजराइली हमलों में मरने वाले फिलिस्तीनियों की संख्या बढ़कर 33,970 हो गई है।
भारतीय पहलवान दीपक पुनिया और सुजीत कलकल 2024 पेरिस ओलंपिक क्वालीफायर के लिए किर्गिस्तान के बिश्केक जाते समय भारी बारिश के कारण मंगलवार से दुबई हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने एक ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से बरामद कच्चा माल और ड्रग्स तैयार करने वाले उपकरणों की कीमत करीब 200 करोड़ रुपए आंकी गई है।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंदा बोस अब चुनाव के दौरान कूचबिहार नहीं जा रहे हैं। उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया है। कूचबिहार में शुक्रवार को पहले चरण के लिए मतदान होना है। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि "उनके कार्यालय की गरिमा खराब हो"। इससे पहले राज्यपाल के पहले चरण के मतदान के दौरान कूचबिहार जाने के कार्यक्रम पर विवाद उठने पर चुनाव आयोग ने उन्हें दौरा करने से परहेज करने के लिए कहा था।
पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भारत व पाकिस्तान के बीच 1999 में हुए कारगिल युद्ध को अपने देश की एक रणनीतिक भूल करार दिया है। जिसे इसके वास्तुकार और पाकिस्तानी सैन्य तानाशाह दिवंगत जनरल परवेज़ मुशर्रफ ने सफलता की कहानी के रूप में सराहा था।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल के कोट्टायम में कहा कि आज भारत में 22 लोगों के पास हमारे 70 करोड़ नागरिकों के बराबर संपत्ति है। ऐसे में हम महाशक्ति होने की बात कैसे कर सकते हैं? हमारे किसान मदद के लिए चिल्ला रहे हैं, और हमारे युवा बेरोजगार हैं। हम कैसे एक महाशक्ति हैं?
हैदराबाद पुलिस ने तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के भतीजे कल्वाकुंतला तेजेश्वर राव उर्फ कन्ना राव के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया है। इससे पहले बीते दिनों उन्हें जमीन हड़पने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
हिमाचल प्रदेश के मंत्री और मंडी से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "...यह बीजेपी का फैसला है कि वो किसे अपना उम्मीदवार बनाना चाहते हैं लेकिन मैं कहूंगा कि एक प्रतिबद्ध नेतृत्व होता है जो अपने लोगों के लिए समर्पित है और एक वो जो केवल यहां सैलानी के रूप में आए हैं...अब यह जनता का फैसला है कि उन्हें मनोरंजन चाहिए या गंभीर नेतृत्व चाहिए..."
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "लोग रामनवमी के रैली में हथियार लेकर क्यों गए? बीजेपी से पूछना चाहती हूं कि रामनवमी के ठीक एक दिन पहले आपने DIG को क्यों हटाया? क्या इस मंशा से कि रामनवमी के दिन ये लोग हुड़दंग कर सकें? मेरे पास लोगों के घायल होने की तस्वीरें हैं।"
झारखंड के गोड्डा जिले में जबरन वसूली के एक आरोपी की धरपकड़ के अभियान के दौरान पुलिस की कथित गोलीबारी में विशेष संकटापन्न आदिवासी समूह (पीवीटीजी) का 30 वर्षीय एक व्यक्ति मारा गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मृतक के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की गोली लगने से उसकी जान गयी। उन्होंने मांग की जिस पुलिसकर्मी ने उसपर गोली चलायी , उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
केरल के कन्नूर में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "कोविड के समय लाखों लोग अस्पतालों में मर रहे थे। ऑक्सीजन नहीं थी, वेंटिलेटर नहीं थे। प्रधानमंत्री कह रहे थे कि थाली बजाओ। अब भी लोग मर रहे हैं। मैं मणिपुर गया और दोनों समुदायों (कुकी और मैतेई) से मिला। वे एक दूसरे से बात नहीं कर रहे। वहां सरकार कह रही है कि हमने नियंत्रण खो दिया है। हमें नहीं पता क्या करना है। प्रधानमंत्री देश के एक राज्य (त्रिपुरा) का एक दौरा तक नहीं करते। क्या वे वहां जाकर लोगों से बात नहीं कर सकते थे?"
लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को होने वाले वोटिंग से पहले यूपी के झांसी में बीएसपी ने अपने प्रत्याशी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बीएसपी ने राकेश कुशवाहा को अपना प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बुधवार को पार्टी ने राकेश कुशवाहा को पार्टी से निष्कासित करते हुए टिकट भी काट दिया।
महाराष्ट्र में NCP-SCP की मौजूदा सांसद और बारामती से उम्मीदवार सुप्रिया सुले ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को NCP ने बारामती से NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले के खिलाफ मैदान में उतारा है।
मुंबई के रेय रोड इलाके में एक गोदाम में आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम जारी है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बीजेपी के '400 पार' नारे पर तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने कहा, "नारा अच्छा है लेकिन नारा कामयाब नहीं होने वाला। लोगों ने 2 बार बीजेपी को मौका दिया लेकिन उन्होंने लोगों को सिर्फ धोखा दिया। इस बार भाजपा को कुछ मिलने वाला नहीं है। आज वोट के लिए प्रधानमंत्री को साउथ इंडिया याद आया है। 10 साल मुख्यमंत्री रहे उन्होंने साउथ को कोई फंड नहीं दिए...प्रधानमंत्री बताएं कि उन्होंने तेलंगाना को कितना फंड दिया, केरल को कितना फंड दिया?"
गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया, "हमने पिछले 6 महीने से इस लोकसभा चुनाव के लिए काफी तैयारियां की हैं। कल पहले चरण के मतदान के लिए किल 15 हजार सुरक्षाबलों की तैनाती रहेगी। बाहर से हमें 40 CAPF की कंपनी मिली है। पहले से ही 30 CRPF और 17 SRPF की कंपनी तैनात है। केंद्रीय बलों की कुल 87 कंपनियां चुनाव कराने के लिए लगाई गई है। 206 बूथों पर हम 2 दिनों से हेलीड्रॉपिंग कर रहे हैं। IAF के 6 MI 17 हेलिकॉप्टर आए हुए हैं।"
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रामनवमी के मौके पर हिंसा हुई है। रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान मुर्शिदाबाद के शक्तिपुर इलाके में कथित तौर पर पथराव किया गया, जिसमें कम से कम 20 लोग घायल हो गए। शक्तिपुर में ही बुधवार शाम को शोभायात्रा के दौरान धमाका हुआ। धमाके में एक महिला घायल हो गई।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 18 Apr 2024, 7:41 AM IST