
वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने आधी आबादी यानी महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए विशेष योजना बनाई है। पार्टी देश की प्रत्येक लोकसभा सीट पर 200 महिला 'कमल मित्र' बनाने की तैयारी कर रही है। भाजपा की योजना महिला मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करके देशभर में एक लाख से ज्यादा 'कमल मित्र' महिलाओं को तैयार करने की है।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि इस बार जनता हमें जिताएगी। वे (बीजेपी) धर्म और जाति के नाम पर जितने चाहें उतने नारे लगा सकते हैं, जितने रोड शो कर सकते हैं और जितने बड़े-बड़े दावे कर सकते हैं। हम उनका जवाब नहीं देंगे। हम अपना काम करेंगे...जनता हमें जिताएगी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर क्षेत्र से आग लगने की सूचना मिली थी। कुल 4 दमकल गाड़ियों को साइट पर भेजा गया। आग पर काबू पा लिया गया है। किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली है। रिजर्वेशन काउंटर बिल्डिंग के एंट्री गेट पर पेड़ के नीचे एक पोर्टा केबिन था। पोर्टा केबिन में शॉर्ट सर्किट के कारण एक पेड़ और पास के डिवीजनल रेलवे मजिस्ट्रेट के कार्यालय में आग लग गई थी।
कर्नाटक में कांग्रेस विधायकों की बैठक में विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सिद्धारमैय्या ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
छत्तीसगढ़ सरकार ने 2013 के झीरम घाटी नक्सली हमले को याद करने के लिए 25 मई को "झीरम श्रद्धांजली दिवस" के रूप में मनाने का आदेश जारी किया है। हमले में नंद कुमार पटेल जैसे प्रमुख नेताओं सहित कुल 29 लोग मारे गए थे।
कर्नाटक के बेंगलुरू में आज शाम हुई कांग्रेस विधायकों की बैठक में सिद्धारमैया को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजदूगी में हुई विधायक दल की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार, आरवी देशपांडे, एचके पाटिल, एमबी पाटिल और लक्ष्मी हेब्बलकर ने सिद्धारमैया के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया। अब सिद्धारमैय्या और शिवकुमार राजभवन में राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को पीएम मोदी से पुरी-राउरकेला और भुवनेश्वर-हैदराबाद रूट पर दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने का आग्रह किया है। सीएम ने पुरी से कोलकाता तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा के शुभारंभ के दौरान प्रधानमंत्री से यह अनुरोध किया और इसके शीघ्र लागू करने के लिए उनका समर्थन मांगा।
स्वयंभू खालिस्तानी उपदेशक अमृतपाल सिंह के माता-पिता ने गुरुवार को डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बेटे से मुलाकात की। एक जेल अधिकारी ने यह जानकारी दी। पंजाब के मोगा जिले के रोडे गांव से हिरासत में लिए जाने के बाद से वारिस पंजाब डे (डब्ल्यूपीडी) प्रमुख 23 अप्रैल से डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।
अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और मां बलविंदर कौर गुरुवार को अपने बेटे से मिलने डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल पहुंचे। वे डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सीधे जेल गए, जहां वे जेल अधिकारियों से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद अपने बेटे से मिले।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में किए गए फेरबदल के बाद अर्जुन राम मेघवाल ने आज ही शास्त्री भवन जाकर कानून एवं न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। कानून मंत्री का पदभार संभालने से पहले मेघवाल ने रिजिजू से मुलाकात भी की। रिजिजू ने नए दायित्व के लिए मेघवाल को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी और जवाब में मेघवाल ने उन्हें धन्यवाद भी कहा।
कांग्रेस ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, जिनकी डीएमके राज्य में गठबंधन सहयोगी है, शनिवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में सिद्दारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
गौतम बुद्ध नगर के पश्चिमी यूपी के कुख्यात बदमाश अनिल दुजाना के एनकाउंटर में मौत के बाद पुलिस ने उसके गिरोह के सदस्यों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिसरख पुलिस ने अनिल दुजाना गैंग के सदस्य शहजाद मामा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की। जिसमें एक कार और एक बाइक को सीज किया है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
उत्तर प्रदेश के कुख्यात अनिल दुजाना गैंगस्टर को बीते 4 मई को यूपी एसटीएफ ने मेरठ में एनकाउंटर के दौरान मार गिराया। जिसके बाद पुलिस ने उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की कुंडली खंगालने शुरू की। उन पर शिकंजा कसने के लिए उनके द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति के अधिग्रहण करने की कार्रवाई शुरू की। बिसरख पुलिस ने विशेष न्यायालय पुलिस आयुक्त गौतम बुध नगर के द्वारा धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए शहजाद मामा की आई-20 कार व पल्सर बाइक का अधिग्रहण किया।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी कलकत्ता हाई कोर्ट की जस्टिस अमृता सिन्हा की सिंगल जज बेंच के फैसले को चुनौती देंगे। फैसले में केंद्रीय एजेंसियों को किसी भी हाई कोर्ट में शिक्षकों की भर्ती के मामले में उनसे पूछताछ करने की इजाजत दी गई थी। उन्होंने कहा, मुझे पहले आदेश की एक प्रति प्राप्त करने दें। मेरे पास कलकत्ता हाई कोर्ट के विविजन बेंच या सुप्रीम कोर्ट जाने का विकल्प है। आदेश की प्रति प्राप्त होने के बाद मैं निश्चित रूप से इस पर निर्णय लूंगा।
तमिलनाडु पुलिस की एलीट सीबी-सीआईडी ने तमिलनाडु में शराब से हुई मौतों की जांच शुरू कर दी है। विल्लुपुरम जिले और उससे सटे चेंगलपट्टू जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की मौत हो गई और 55 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
विल्लुपुरम में मारकन्नम और चेंगलपट्टू में मारकन्नम के बीच की दूरी सिर्फ 50 किमी है और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या दोनों जगहों पर एक ही नकली शराब बांटी गई थी।
उत्तर प्रदेश: अलीगढ़ घंटा घर रोड स्थित डाक विभाग के गोदाम में भीषण आग लग गई। मौके पर दमकल की 4 गाड़िया पहुंची।
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर नोटिस जारी किया।
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार के राज्य में फिल्म 'द केरला स्टोरी' के प्रदर्शन पर रोक लगाने के 8 मई के आदेश पर रोक लगाई है।
कलकत्ता हाईकोर्ट की एक खंडपीठ ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को पूर्वी मिदनापुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की जांच जारी रखने का निर्देश दिया। साथ ही पीठ ने सीआईडी को एफआईआर में विस्फोटक अधिनियम के तहत धाराओं को शामिल करने का आदेश दिया है।
पंजाब के जालंधर में रेलवे ट्रैक पर किसानों ने लुधियाना से जालंधर और अमृतसर जालंधर-जम्मू के बीच रेलवे मेन लाइन जाम कर दी है। किसान दिल्ली-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमि अधिग्रहण के विरोध के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा गुरदासपुर में एक बुजुर्ग महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में जाति आधारित सर्वे पर पटना हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर को हटाने से इनकार कर दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी। मामले की सुनवाई के लिए सीजेआई डी वाई चंद्रचूड़ की ओर से दो सदस्यीय बेंच का गठन किया गया था, इस बेंच में जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस राजेश बिंदल शामिल थे।
पिछली सुनवाई में इस बेंच में शामिल जस्टिस संजय करोल ने खुद को मामले की सुनवाई से अलग कर लिया था। इसके बाद नई बेंच गठित की गई थी।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री के रुप में नामित होने पर कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि पार्टी में सब कुछ ठीक है और आगे भी सब कुछ ठीक रहने वाला है। मैंने पहले भी कहा था कि पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, हम उसे स्वीकार करेंगे। जो भी फार्मूला बनाया गया है, हम सभी उसे स्वीकर करते हैं।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दिल्ली में प्रेस से बात करते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने फैसला लिया है कि सिद्धारमैया कर्नाटक के मुख्यमंत्री होंगे और डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री होंगे। इसके अलावा डीके शिवकुमार लोकसभा चुनाव होने तक कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष बने रहेंगे। 20 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, "टीम कांग्रेस कर्नाटक के लोगों की प्रगति, कल्याण और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। हम 6.5 करोड़ कन्नडिगाओं से वादा किए गए 5 गारंटी को लागू करेंगे।"
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू को कानून मंत्री के पद से हटा दिया गया है। अब अर्जुनराम मेघवाल यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
पंजाब के फरीदकोट में आयकर विभाग की टीम द्वारा पूर्व विधायक और शराब कारोबारी दीप मल्होत्रा के आवास और कार्यालय पर छापेमारी की जा रही है। कुछ समय पहले दिल्ली शराब घोटाला मामले में दीप मल्होत्रा के बेटे की गिरफ्तारी हुई थी।
उत्तराखंड में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किए गए हैं। प्रदेश सरकार ने 24 आईएएस और 1 पीसीएस अफसर तबादला कर दिया है। जहां आईएएस विनय शंकर पांडे को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है तो वहीं सचिव मुख्यमंत्री के साथ एमएसएमई और निवेश आयुक्त की भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। हरिद्वार, नैनीताल और अल्मोड़ा 3 जनपदों के डीएम को बदला गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 18 May 2023, 8:09 AM IST