
बिहार के सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में बुधवार को सरयू नदी में एक नाव पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस हादसे में 10 लोग तैरकर सुरक्षित नदी से बाहर निकल गए हैं। मौके पर प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए हैं और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में 65 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। उन्होंने 15 सीटें गठबंधन को देने को कहा है। गठबंधन न होने की सूरत में 80 सीटों पर सपा अकेले चुनाव लड़ने को तैयार है।
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता और गिरकर "बहुत खराब" श्रेणी में पहुंच गई। मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान एजेंसी (एसएएफएआर) के मुताबिक, बुधवार सुबह समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 343 तक पहुंच गया।
दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप मैच के दौरान शतक बनाया। इसके साथ ही उन्होंने एक ही विश्व कप संस्करण में चार शतक लगाने के मामले में श्रीलंका के कुमार संगकारा की बराबरी कर ली।
हरियाणा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा ने बुधवार को कहा कि राज्य की भाजपा-जेजेपी सरकार के खिलाफ बढ़ता जनाक्रोश राज्य में सत्ता परिवर्तन का संकेत दे रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को भीमा कोरेगांव मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत जेल में बंद मानवाधिकार कार्यकर्ता ज्योति जगताप की जमानत याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी। न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस और न्यायमूर्ति संजय करोल की पीठ ने कहा कि वह नवंबर में ही याचिका पर सुनवाई करेगी और मामले की सुनवाई इस महीने की 30 तारीख को करना तय किया।
7 नवंबर के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को मिजोरम के लोगों से उनकी पार्टी को चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कोई प्रयोग करने का समय नहीं है और कांग्रेस को वोट देना पूर्वोत्तर राज्य में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए है।
नोएडा में मोबाइल लुटेरे के खिलाफ घरपकड़ लगातार जारी है। ऐसे ही तीन मोबाइल लुटेरे को नोएडा के सेक्टर-49 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट की तीन मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की एक बाइक बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त अवनीश, अरूण और अभिषेक के रूप में की गई है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर दिल्ली में हलचल तेज हो गई है। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल फेरबदल पर चर्चा करने के लिए नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय विस्तार में पहुंच गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष पहले से ही कार्यालय में मौजूद हैं।
मध्य प्रदेश सीएम शिवराज सिंह चौहान के बयान पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, "पूरे 20 साल से इन्होंने प्रदेश को लूटा है जैसे गब्बर लूटता था। मुद्दा जय-वीरू या गब्बर सिंह नहीं है, लोग इनसे (BJP) त्रस्त हैं। मध्य प्रदेश पिछड़ रहा है, यह कहते हैं कि प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकल गया है। बीमारू राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा देखी जाती हैं, दोनों में मध्य प्रदेश की हालत खराब है।"
तेलंगाना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पहले केसीआर मुख्यमंत्री पद को अलविदा कहेंगे। उसके बाद, केसीआर से जनता के लूटे गए पैसे के बारे में सवाल पूछे जाएंगे। मैंने मन बना लिया है कि सीएम ने जो पैसा लूटा है, वह कांग्रेस वापस आपकी जेब में डालेगी। मैं पीएम मोदी नहीं हूं, जब मैं कोई वादा करता हूं तो उसे पूरा भी करता हूं।
छत्तीसगढ़: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने छत्तीसगढ़ चुनाव पर कहा, "बीजेपी को दावा(सरकार बनाने का) करते रहने दीजिए, हम 75 से ज्यादा सीटें हासिल करेंगे।"
महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर सर्वदलीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बैठक में मौजूद सभी दलों की राय मराठा समुदाय को आरक्षण देने पर थी। सीएम शिंदे ने कहा, "मैं मनोज जारांगे पाटिल से अनुरोध करता हूं कि सरकार के प्रयासों पर भरोसा रखें। यह विरोध एक नई दिशा लेने लगा है। आम लोगों को असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। मैं सभी से शांति बनाए रखने और राज्य सरकार के साथ सहयोग करने का अनुरोध करता हूं।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज सर्वदलीय बैठक में मौजूद सभी दलों की राय मराठा समुदाय को आरक्षण देने पर थी। सर्वदलीय बैठक में सभी इस बात पर सहमत हुए कि मराठा समुदाय को आरक्षण मिलना चाहिए। यह निर्णय लिया गया कि आरक्षण कानून के दायरे में होना चाहिए और अन्य समुदायों के साथ अन्याय किए बिना होना चाहिए।
विधायकों की अयोग्यता मामले पर महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा, "मैं कानून और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर निर्णय लूंगा।"
मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, "प्रदेश की तस्वीर आपके सामने हैं, कैसे प्रदेश को चौपट किया है। चौपट कृषि, चौपट शिक्षा, चौपट स्वास्थ्य, चौपट उद्योग, चौपट अर्थव्यवस्था, चौपट कानून-व्यवस्था, चौपट पंचायत व्यवस्था, चौपट राशन व्यवस्था, कहां तक मैं बोलूं। यह चौपट प्रदेश आज आपके सामने है।"
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "कल नगर निगम की सदन में बैठक हुई जिसमें प्रस्ताव पारित कर कहा गया है कि निगम के लगभग 5,000 सफाई कर्मचारियों को पक्का(स्थायी) किया जाएगा। सफाई कर्मचारियों का शोषण किया जाता रहा है। 15 साल से निगम में भाजपा की सरकार थी और उन्होंने सफाई कर्मचारियों का शोषण किया है। दिवाली के मौके पर यह बहुत बड़ी घोषणा है, दिवाली- छठ पूजा सभी के लिए शुभ हो।"
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने ट्वीट किया, ''संवैधानिक स्वतंत्रता और कानून के शासन के उल्लंघन में विपक्षी सदस्यों पर निगरानी के गंभीर मुद्दे पर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, "दिल्ली के लिए 1 नवंबर से 15 नवंबर काफी संवेदनशील होते हैं। अभी तापमान में भी कमी देखी जा रही है, हवा की गति भी कम है। ऐसे में जितने भी धूल कण हैं वे काफी नीचे हैं। कल AQI 350 के करीब था। दिल्ली में 13 हॉटस्पॉट पर काम हो रहे हैं। इससे काफी चीजें नियंत्रण में आई हैं। कुछ जगहों पर गाड़ियों द्वारा प्रदूषण ज्यादा हो रहा है। उसको लेकर पूरी दिल्ली के संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक रखी गई है।"
श्रमिक संघ के अध्यक्ष संतोष नागरे ने कहा, "मराठा लोगों को आरक्षण मिलना चाहिए। मनोज जारांगे पाटिल पिछले 8 दिनों से अनशन पर बैठे हैं। उनका समर्थन करने के लिए, हमने एक बैठक बुलाई और हमने इस बाजार को एक दिन के लिए बंद रखने का फैसला किया। यहां रोजाना 20,000 से 25,000 लोग आते हैं। इस बाजार का रोजाना का कारोबार 15 करोड़ से 20 करोड़ तक है।"
31 अक्टूबर को दिल्ली के उत्तर पूर्वी जिले के करावल नगर इलाके में तीन लोगों ने बंदूक की नोक पर एक आभूषण की दुकान में लूटपाट की। एक आरोपी पकड़ा गया है, उसके पास से एक पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में प्याज की कीमतों में बढ़ोत्तरी देखी गई। एक सब्जी विक्रेता ने बताया, "मैं आज प्याज लेने आया था, यहां प्याज 80 रुपए प्रति किलो बिक रही है, पहले 20-25 रुपए किलो बिक रही थी। मैं सब्जी का कारोबारी हूं, प्याज की बिक्री कम हो गई है। हम मूली और खीरा ज्यादा बेच रहे हैं।"
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि मराठा आरक्षण पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में उनकी पार्टी के सांसदों और विधायकों को आमंत्रित नहीं किया गया है। राज्य सरकार द्वारा बुलाई गई बैठक में केवल महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे को बुलाया गया।
देश की जनता को त्योहार के मौसम महंगाई का झटका लगा है। LPG सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। पेट्रोलियम कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में एक बार फिर से इजाफा कर दिया है। 1 नवंबर यानी आज से 19 किलोग्राम वाला एलपीजी गैस सिलेंडर 100 रुपये से ज्यादा महंगा हो गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Nov 2023, 8:08 AM IST