
उत्तर भारत में रविवार को कहीं कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुराया तो कहीं कोहरे की घनी चादर ने रफ्तार थाम दी। उत्तर भारत के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर में पारा लुढ़क गया जबकि पंजाब व हरियाणा में ठंड का प्रकोप बढ़ गया और दिल्ली व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तरपूर्वी हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और कुछ स्थानों पर बारिश के साथ-साथ बर्फ गिरने का अनुमान जताया है।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राज्य की दो दिवसीय यात्रा के दौरान गायक जुबिन गर्ग पर उनकी ‘चुप्पी’ को लेकर रविवार को सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर मोदी को गर्ग का जिक्र न करने की सलाह देने का आरोप लगाते हुए गोगोई ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले दो दिनों में कई कार्यक्रमों में भाग लिया और असम के लोगों को संबोधित किया, लेकिन गायक के बारे में एक शब्द भी नहीं बोले।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने रविवार को कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना ‘‘महात्मा गांधी की दूसरी हत्या’’ है।
उन्होंने कहा कि पूर्व ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना बहाल होने तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।
पूर्व वित्त मंत्री ने यहां एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पार्टी घर-घर जाकर, गांव-गांव जाकर इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश करेगी और यह अधिनियम निरस्त होने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।’’
विपक्ष के विरोध के बीच 18 दिसंबर को संसद ने वीबी-जी राम जी विधेयक, 2025 को पारित किया था। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने रविवार को इस विधेयक को मंजूरी दे दी। इस विधेयक का उद्देश्य 20 साल पुराने ग्रामीण रोजगार कानून ‘मनरेगा’ को प्रतिस्थापित करना है और प्रत्येक ग्रामीण परिवार को प्रति वित्त वर्ष 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित करना है।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, "अरावली को लेकर सुप्रीम कोर्ट का फैसला बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है... आज सभी जगह हाहाकार मचा हुआ है। अगर अरावली नहीं बचेगी तो हम इसकी कल्पना कर सकते हैं कि इसके परिणाम क्या होंगे। अरावली केवल पहाड़ नहीं बल्कि राजस्थान समेत अन्य प्रदेशों की जीवन रेखा है..."
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को झारखंड के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस गिरने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
सोमवार सुबह 8:30 बजे तक पांच जिलों (गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग) के लिए घने कोहरे का 'ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया, जबकि गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा के लिए ठंड का 'येलो’ अलर्ट जारी किया गया है।
गुमला, लोहरदगा, रांची, खूंटी, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 23 दिसंबर की सुबह 8:30 बजे तक कुल 15 जिले प्रभावित हो सकते हैं।
आईएमडी ने एक बुलेटिन में बताया कि छह जिलों में शीतलहर की स्थिति भी है, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस गिरा है। ये जिले गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और रांची हैं।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
झारखंड में हाथियों की आवाजाही के कारण दक्षिण पूर्वी रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत आने वाली छह से अधिक यात्री ट्रेनें 22 दिसंबर से तीन दिनों तक रद्द रहेंगी। रेलवे ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
दक्षिण-पूर्वी रेलवे की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मेमू ट्रेन सेवाएं 22 से 24 दिसंबर के बीच रद्द रहेंगी।
दक्षिण-पूर्वी रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य चौधरी ने बताया कि चक्रधरपुर (झारखंड के सिंहभूम)-झारसुगुड़ा (ओडिशा) खंड के बीच रेल पटरियों के पास, विशेषकर बांदामुना में रात के समय हाथियों के झुंड की आवाजाही देखी गई है।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को ‘विकसित भारत -जी राम जी’ विधेयक को अपनी मंजूरी दे दी। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
विपक्ष के विरोध के बीच संसद ने वीबी-जी राम जी विधेयक, 2025 को पारित किया था। इसका उद्देश्य मौजूदा ग्रामीण रोजगार कानून ‘मनरेगा’ को प्रतिस्थापित करना है और प्रत्येक ग्रामीण परिवार को प्रति वित्त वर्ष 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित करना है।
सरकार के अनुसार, इस नयी योजना का लक्ष्य ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप ग्रामीण विकास ढांचा स्थापित करना है।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
CPI नेता डी. राजा ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने जो कुछ भी कहा, वह सरासर झूठ है... अब नया बिल लाया गया है... MGNREGA ग्रामीण और गरीब लोगों के हितों की रक्षा पर आधारित योजना थी। UPA सरकार लेफ्ट पार्टियों के समर्थन से वह कानून लाई थी। जब यह सारा काम हुआ, तब हम वहीं थे... मोदी सरकार महात्मा गांधी का नाम हटा रही है..."
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
अभिनेत्री नोरा फतेही ने रविवार को सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा कर अपने प्रशंसकों को आश्वस्त किया कि वह ठीक हैं, लेकिन दुर्घटना के बाद अब भी थोड़े सदमे में हैं।
यह हादसा शनिवार दोपहर मुंबई के पश्चिमी उपनगर में उस समय हुआ, जब नोरा (33) 'सनबर्न' संगीत महोत्सव में शामिल होने जा रही थीं। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो कथित तौर पर शराब के नशे में धुत था।
नोरा ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में कहा, "एक शराबी व्यक्ति ने मेरी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैं कार के अंदर एक तरफ से दूसरी तरफ जा गिरी और मेरा सिर खिड़की से टकरा गया।’’ अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें मामूली चोटें आई हैं और मस्तिष्क में हल्का आघात हुआ है।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार को नमक मंडी इलाके में हादसा हो गया, जहां बेसमेंट निर्माण के दौरान दीवार गिर गई। घटना में सात लोग मलबे में दब गए जिन्हें बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से चार लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
कर्नाटक के कलबुर्गी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया को संबोधित करते हुए MGNREGA को बदलने के केंद्र सरकार के कदम की आलोचना की। उन्होंने कहा, "BJP के सदस्य संविधान के खिलाफ काम कर रहे हैं, वे गरीबों को उनके हक से वंचित करना चाहते हैं।"
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
दिल्ली हवाई अड्डे पर कोहरे की वजह से कई उड़ाने रद्द कर दी गई हैं। कई उड़ानें लेट चल रही है। घने कोहरे की वजह से मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। इस बीच मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार को भी हालात ऐसे ही बने रहेंगे और लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।
दिल्ली में तापमान 16 और 6 डिग्री, नोएडा, गाजियाबाद में 21 और 11 डिग्री और गुरुग्राम में 21 और 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। AQI भी कई इलाकों में खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली का औसत AQI 393 है, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 21 Dec 2025, 7:57 AM IST