
उत्तर प्रदेश के कानपुर के डफरिन अस्पताल की इमरजेंसी में एक शख्स के गर्भवती पत्नी को गोद में लेकर भटकने का वीडियो वायरल होने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका को जांच के आदेश दिए हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय ने अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में खाली रह गई 5,000 सीटों दाखिले के लिए स्पॉट एडमिशन राउंड की घोषणा की है। स्पॉट एडमिशन राउंड में 29 अगस्त शाम 5 बजे से 30 अगस्त आवेदन किया जा सकता है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में आरोपी शराब व्यवसायी अमनदीप सिंह ढल्ल से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये लेने के आरोप में ईडी अधिकारियों, एक चार्टर्ड अकाउंटेंट और एक होटल सीईओ सहित कई व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कर्नाटक के रामनगर जिले के कनकपुरा तालुक में सोमवार को केम्मले गेट के पास एक सड़क दुर्घटना में बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बातचीत की, जिन्होंने 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने में असमर्थता जताई। हालांकि, पुतिन ने अपने विदेश मंत्री को सम्मेलन में भेजने की बात कही है।
महाराष्ट्र के अहमदनगर में चार दलित युवकों को कथित तौर पर निर्वस्त्र करने, थूकने और मारपीट करने वाले छह आरोपियों में से चार को जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी पीडि़त 'वंचित बहुजन अघाड़ी' (वीबीए) के कार्यकर्ता हैं।
जाति जनगणना पर केंद्र द्वारा सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे पर आरजेडी प्रमुख और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस जाति जनगणना नहीं चाहते हैं। यह एक सर्वेक्षण है।
हरियाणा के नूंह में जलाभिषेक यात्रा निकालने पर अड़े हिंदू संगठनों के आगे झुकते हुए राज्य सरकार ने 15 धार्मिक हस्तियों को यात्रा करने की अनुमति दी थी, जिसके बाद यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने इसके लिए नूंह के लोगों का आभार जताया है। खट्टर ने कहा कि मैं नूंहवासियों का आभारी हूं। हमने कई संगठनों से अपील की थी कि वे यात्रा पर ज्यादा जोर न दें। मैं उन्हें हमारी बात सुनने के लिए धन्यवाद देता हूं और आज जलाभिषेक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
ऑडिटर जनरल की रिपोर्ट में मध्य प्रदेश के आठ जिलों में करीब 500 करोड़ रुपए का पोषण आहार घोटाला होने की बात सामने आई थी। इसमें संदेह के घेरे में मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सीईओ ललित मोहन बेलवाल हैं।
जिसे लेकर कांग्रेस ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई है। राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में पारस सकलेचा द्वारा लोकायुक्त में की गई शिकायत के आधार पर कहा, वर्तमान में राज्य के मुख्य सचिव इकबाल सिंह 2014 में मुख्यमंत्री के सचिव बने और 2017 के बाद उन्होंने बेलवाल को अपना सीईओ बनाकर उनको रूरल डेवलपमेंट के दूसरे डिपार्टमेंट के अंतर्गत ट्रांसफर कराया। यह व्यवस्था 2018 तक चलती रही।
हरियाणा सरकार ने 15 हिंदू धार्मिक हस्तियों और दक्षिणपंथी संंगठनों के नेताओं को 'सर्व जातीय हिंदू महापंचायत' की मांग पर नूंह में कड़ी सुरक्षा के बीच छोटे पैमाने पर 'शोभायात्रा' आयोजित करने की अनुमति दे दी है।
प्रधानमंत्री आवास योजना समेत लोन और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों की धोखाधड़ी करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है।गिरोह आधार कार्ड से लोन दिलाने के नाम पर ठगी करता था। जॉब दिलाने के नाम पर लाखों रुपए पहले ऐंठ लेते थे, बाद में गायब हो जाते थे। थाना दादरी पुलिस ने आरोपी सत्यवीर सिंह और विनिता रावल को चार फाइल और दो रजिस्टर के साथ दादरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब कैबिनेट ने सोमवार को मोहाली में पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलियरी साइंसेज की स्थापना को मंजूरी दे दी। लोगों को लिवर और पित्त की बीमारियों का विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया यह महत्वपूर्ण फैसला है।
दिल्ली पुलिस अपराध शाखा ने कुख्यात सद्दाम गौरी-सलमान त्यागी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुनीत शर्मा उर्फ अनिल के रूप में हुई है।
इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान की 'तहरीक-ए-इंसाफ' (पीटीआई) पार्टी के झंडे सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में बरामद किए गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुंछ जिले के भिम्बर गली सेक्टर में मिडिल स्कूल सरुला में गुब्बारों से बंधे झंडे देखे गए और पुलिस ने इन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य भर के स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर विद्यार्थियों के स्कूलों में मोबाइल फोन लाने पर रोक लगा दी है। विभाग ने कक्षाओं में शिक्षकों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। शिक्षकों को कक्षाओं में जाने से पहले अपने सेल फोन हेडमास्टर के पास जमा कराने का निर्देश दिया गया है।
नवी मुंबई में दो अलग-अलग घटनाओं में एक नाबालिग लड़की और लड़के के खिलाफ यौन अपराधों के खुलासों के बाद पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किये हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी।
हरियाणा के नूंह में होने वाली ब्रज मंडल यात्रा में हिस्सा लेने जा रहे बजरंग दल के करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं को बहादुरगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर सेक्टर-6 थाने ले गई। नूंह जाने के लिए बहादुरगढ़ में सेक्टर-6 स्थित देवी मंदिर के पास बजरंग दल के कार्यकर्ता जमा हुए थे।
दिल्ली के मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जा रही हर सड़क दिल्ली सरकार के फंड से है। एमसीडी द्वारा किया गया प्रत्येक सौंदर्यीकरण कार्य दिल्ली सरकार द्वारा आवंटित धन से किया जाता है। दिल्ली देश की राजधानी है। इसे अच्छा बनाना हमारा भी उतना ही कर्तव्य है जितना किसी और का है।
कासगंज के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान में राज्य के 21 जिलों के 721 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं जिसमें हम युद्ध स्तर पर राहत सामग्री लगातार उपलब्ध करा रहे हैं। अब तक हमने राज्य में 45,900 से अधिक सूखा राशन किट और डिग्निटी किट वितरित किए हैं। हमने जानवरों के लिए चारे की व्यवस्था भी की। हमने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को भी इसके बारे में सतर्क कर दिया है।
जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि नीतीश जी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और शरद पवार सभी में पीएम बनने की क्षमता है। हमारे (जेडीयू) लिए पीएम पद महत्वपूर्ण नहीं है लेकिन नीतीश कुमार में पीएम/संयोजक पद के लिए जरूरी सभी क्षमताएं हैं। हमारे लिए विपक्षी एकता और 2024 का चुनाव महत्वपूर्ण है। हम न तो पीएम पद के दावेदार हैं और न ही संयोजक पद के हैं।
अयोध्या से आए संत जगतगुरु परमहंस आचार्य महाराज को प्रशासन ने सोहना टोल प्लाजा पर रोक दिया। संत जगतगुरु परमहंस आचार्य महाराज ने कहा कि मैं अयोध्या से यहां आया हूं।प्रशासन ने हमें यहां रोक दिया है, वे हमें ना तो आगे बढ़ने दे रहे हैं और ना ही हमें वापस जाने दे रहे हैं इसलिए मैं आमरण अनशन कर रहा हूं। अगर वे (प्रशासन) मुझे कहीं और शिफ्ट कर देंगे तो मैं वहां भी आमरण अनशन करूंगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद कासगंज में राहत सामग्री वितरित की और कैंप में बच्चों को चॉकलेट बांटी।
हरियाणा की एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ममता सिंह का कहना है कि नूंह में में हालात सामान्य हैं। इलाके में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए बल की तैनाती की गई है। इलाके में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। सब कुछ सामान्य होने पर हम सभी प्रतिबंध हटा देंगे।
नूंह में जिला प्रशासन ने वीएचपी के 40 लोगों को नलहड़ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने की इजाजत दे दी है। वीएचपी का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा में शामिल होंगे।इससे पहले प्रशासन ने वीएचपी को शोभायात्रा की इजाजत नहीं दी है।
मुंबई में INDIA गठबंधन की अगली बैठक से पहले 'संयोजक की भूमिका स्वीकार करेंगे' के सवाल पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मैं कुछ भी नहीं बनना चाहता, ये बात मैं आपको बार-बार कहता आया हूं। मेरी ऐसी कोई इच्छा नहीं है। मैं बस सभी को एकजुट करना चाहता हूं।
हरियाणा के नूंह में फिर माहौल तनावपूर्ण बन गया है। हिंदू संगठन आज बृजमंडल शोभायात्रा निकालने पर अड़े हैं। प्रशासन ने शोभायात्रा निकालने की इजाजत नहीं दी है। बाहर के लोगों पर नूंह में आने पर रोक लगा दी गई है। जिले में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनाती की गई है। जिले की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। स्कूल-कॉलेज बंद हैं। बैंक भी बंद हैं। जिले में इंटरनेट पर रोक लगा दी गई है।
इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद (VHP) के यात्रा के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां स्थिति शांतिपूर्ण है। 'यात्रा' निकालने की इजाजत नहीं दी गई है। केवल नूंह के स्थानीय लोगों को ही जिले में प्रवेश की अनुमति है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 28 Aug 2023, 7:59 AM IST