हालात

बड़ी खबर LIVE: SIT का प्रज्वल रेवन्ना को 7 दिन का समय देने से इनकार, लुकआउट नोटिस जारी, एक और पीड़िता सामने आई

कर्नाटक सेक्स वीडियो स्कैंडल की जांच कर रही एसआईटी ने 7 दिन बाद पेश होने के जेडीएस नेता प्रज्वल रेवन्ना के अनुरोध को खारिज कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया है। इस बीच गुरुवार को एक और पीड़िता ने रेवन्ना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

मां-बहन ने जिसकी खातिर दूसरों के घरों में बर्तन मांजे, वह सलीमा बन गईं इंडियन महिला हॉकी टीम की नई कैप्टन

हॉकी इंडिया ने गुरुवार को जिस सलीमा टेटे को इंडियन महिला हॉकी टीम का कप्तान बनाया है, उनका इस मुकाम पर पहुंचने का सफर बेहद संघर्ष भरा रहा है। झारखंड के सिमडेगा जिले के एक छोटे से गांव बड़की छापर की रहने वाली सलीमा का करियर बनाने के लिए उसकी मां ने रसोइया और बड़ी बहन ने दूसरों के घरों में बर्तन तक मांजा है।

हॉकी इंडिया ने एफआईएच प्रो लीग के बेल्जियम और इंग्लैंड चरण के लिए जिस 24 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की है, उसमें नई कैप्टन सलीमा सहित झारखंड की चार खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें निक्की प्रधान, संगीता कुमारी एवं दीपिका सोरेंग हैं और इन सभी के संघर्षों की दास्तान कमोबेश एक जैसी है।

वर्ष 2023 में टोक्यो ओलंपिक में जब भारतीय महिला हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेल रही थी, तब इस टीम में शामिल सलीमा टेटे के पैतृक घर में एक अदद टीवी तक नहीं था कि उनके घरवाले उन्हें खेलते हुए देख सकें। इसकी जानकारी जब झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हुई तो तत्काल उनके घर में 43 इंच का स्मार्ट टीवी और इन्वर्टर लगवाया गया था।

उनका परिवार हाल तक गांव में एक कच्चे घर में रहता था। उनके पिता सुलक्षण टेटे भी स्थानीय स्तर पर हॉकी खेलते रहे हैं। उनकी बेटी सलीमा ने जब गांव के मैदान में हॉकी खेलना शुरू किया था, तब उनके पास एक अदद हॉकी स्टिक भी नहीं थी। वह बांस की खपच्ची से बने स्टिक से खेलती थीं। सलीमा के हॉकी के सपनों को पूरा करने के लिए उनकी बड़ी बहन अनिमा ने बेंगलुरू से लेकर सिमडेगा तक दूसरों के घरों में बर्तन मांजने का काम किया। वह भी तब, जब अनिमा खुद एक बेहतरीन हॉकी प्लेयर थीं।

उन्होंने अपनी बहनों के लिए पैसे जुटाने में अपना करियर कुर्बान कर दिया। अनिमा और सलीमा की बहन महिमा टेटे भी झारखंड की जूनियर महिला हॉकी टीम में खेलती हैं। सलीमा की प्रतिभा नवंबर 2013 में पहली बार तब पहचानी गई, जब उन्हें झारखंड सरकार की ओर से सिमडेगा में चलाए जाने वाले आवासीय हॉकी सेंटर के लिए चुना गया। फिर, वह अपनी मेहनत और प्रतिभा की बदौलत पहले स्टेट और फिर नेशनल टीम में चुनी गईं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका सफर 2016 में शुरू हुआ, जब उन्हें जूनियर भारतीय महिला टीम के लिए चुना गया। इसके बाद टोक्यो ओलंपिक, विश्व कप, कॉमनवेल्थ गेम्स सहित कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में उन्होंने देश की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टोक्यो ओलंपिक में उनके खेल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की थी।

पिछले साल एशियन हॉकी फेडरेशन ने इंडियन महिला हॉकी प्लेयर सलीमा टेटे को अगले दो वर्षों के लिए एथलेटिक एंबेसडर नियुक्त किया। उन्हें फेडरेशन ने एशिया के 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर' के अवॉर्ड से भी नवाजा था। टीम में जगह बनाने वाली निक्की प्रधान झारखंड के खूंटी की रहने वाली हैं। वर्ष 2003-04 में स्कूल में पढ़ाई करते हुए जब उन्होंने पहली बार हॉकी खेलने का सपना देखा था, तब उसके घर की माली हालत ऐसी थी कि उसके लिए एक अदद हॉकी स्टीक तक नहीं खरीदी जा सकी थी।

निक्की के पिता कांस्टेबल हैं। तनख्वाह ज्यादा नहीं मिलती थी। निक्की खुद मां के साथ घर से लेकर खेतों तक में काम करती और समय निकालकर गांव के उबड़-खाबड़ खेतों में सहेलियों के साथ हॉकी खेलती। उसने बांस से छिलकर बनाई गई स्टिक के साथ अपनी शुरुआत की।

दरअसल, उसके स्कूल में एक कार्यक्रम में कुछ इंटरनेशनल हॉकी प्लेयर आए थे। उन्हें देखकर निक्की ने हॉकी खेलने का सपना देखा। उसने अपनी लगन और मेहनत से 2006 में रांची के गवर्नमेंट हाई स्कूल में दाखिला लेकर वहां के हॉकी ट्रेनिंग सेंटर में जॉइन किया। उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। फॉरवर्ड खिलाड़ी के रूप में शामिल दीपिका सोरेंग सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड के करंगागुड़ी सेमरटोली की रहने वाली हैं।

दीपिका जब छोटी थीं तब ही उनके पिता दानियल सोरेंग की हत्या हो गई थी। इसके बाद बेबस मां फ्रिस्का सोरेंग ने राउरकेला में दिहाड़ी मजदूरी कर अपनी संतानों की परवरिश की। दीपिका सोरेंग के हॉकी के प्रति झुकाव को देखते हुए उन्होंने जी जान लगा दी। फॉरवर्ड प्लेयर संगीता भी केरसई प्रखंड अंतर्गत करंगागुड़ी नवाटोली गांव की रहने वाली है। उसके माता-पिता लखमनी देवी एवं रंजीत मांझी आज भी खेती कर परिवार चलाते हैं।

संगीता ने भी बांस की बनी लकड़ियों से नंगे पांव हॉकी खेलना शुरू किया था। दो साल पहले संगीता को रेलवे में तृतीय श्रेणी की नौकरी मिली है। अब इस नौकरी की बदौलत वह घर-परिवार का जरूरी खर्च और बहनों की पढ़ाई का खर्च उठा ले रही हैं। रेलवे की नौकरी का पहला वेतन जब उसे मिला था, तो वह अपने गांव के बच्चों के लिए हॉकी बॉल लेकर पहुंची थीं।

2016 में पहली बार इंडिया के कैंप में उसका सेलेक्शन हुआ और इसी साल उन्होंने स्पेन में आयोजित फाइव नेशन जूनियर महिला हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। फिर, 2016 में ही थाईलैंड में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक जीता था। भारत की ओर से इस प्रतियोगिता में कुल 14 गोल किए गए थे, जिसमें से 8 गोल अकेले संगीता के नाम थे।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

जिस फिल्म का डायरेक्टर फ्लॉप, हीरोइन अगर सुपरस्टार भी हो तो उस फिल्म का फ्लॉप होना तयः सीएम सूक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू ने मंडी जिला के करसोग में कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह के लिए चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि कंगना रनौत की स्क्रिप्ट भाजपा की है और डायरेक्शन जयराम ठाकुर का है। जिस फिल्म का डायरेक्टर ही फ्लॉप हो। उस फिल्म की हीरोइन कितनी भी सुपरस्टार हो, उस फिल्म का फ्लॉप होना तय है।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

केरल में गर्मी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पेशेवर कॉलेज सहित सभी शैक्षणिक संस्थान 6 मई तक बंद रहेंगे

सेक्स स्कैंडल में घिरे एच.डी. रेवन्ना ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की

पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के बेटे और जेडी(एस) विधायक एच.डी. रेवन्ना ने उनके घर पर काम करने वाली नौकरानी द्वारा दायर यौन उत्पीड़न के मामले में एसआईटी द्वारा गिरफ्तार किए जाने से बचने के लिए गुरुवार को सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

साक्षी ने बृजभूषण के बेटे को BJP से लोकसभा चुनाव का टिकट मिलने पर नाराजगी जताई

साक्षी मलिक ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के बेटे करण को उत्तर प्रदेश की कैसरगंज सीट से लोकसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार चुनने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गुरुवार को निशाना साधा और कहा कि इस फैसले से देश की बेटियों की हार हुई है।

साक्षी, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट सहित शीर्ष पहलवानों ने बृज भूषण पर डब्ल्यूएफआई प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर महीनों तक जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया था। बृजभूषण कैसरगंज से मौजूदा सांसद हैं और अब उनके बेटे को इस सीट से भाजपा का टिकट मिलने से प्रदर्शनकारी पहलवानों में नाराजगी है। साक्षी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘देश की बेटियां हार गईं, बृजभूषण जीत गया।’’

पिछले साल कुश्ती को अलविदा कहने वाली रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी ने कहा कि पहलवानों की न्याय की मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी ने अपना करियर दांव पर लगाया, कई दिनों तक धूप और बारिश में सड़कों पर सोए। आज तक बृजभूषण को गिरफ्तार नहीं किया गया। हम कुछ नहीं मांग रहे थे, हम सिर्फ न्याय मांग रहे थे।’’

साक्षी ने कहा, ‘‘गिरफ्तारी छोड़िए, आज उनके बेटे को टिकट देकर आपने देश की करोड़ों बेटियों का मनोबल तोड़ दिया है। अगर टिकट सिर्फ एक परिवार को जाता है, तो क्या देश की सरकार एक आदमी के सामने इतनी कमजोर है? भगवान श्री राम के नाम पर सिर्फ वोट चाहिए, उनके दिखाए रास्ते का क्या?’’

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और SP प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीरों वाले पोस्टर अमेठी में कांग्रेस कार्यालय में लाए गए

SIT का प्रज्वल रेवन्ना को 7 दिन का समय देने से इनकार, लुकआउट नोटिस जारी, एक और पीड़िता सामने आई

कर्नाटक सेक्स वीडियो स्कैंडल की जांच कर रही एसआईटी ने 7 दिन बाद पेश होने के जेडीएस नेता प्रज्वल रेवन्ना के अनुरोध को खारिज कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया है। इस बीच गुरुवार को एक और पीड़िता ने रेवन्ना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

बिहारः बीएसपी ने 11 प्रत्याशियों की सूची की जारी, जहानाबाद से पूर्व सांसद अरुण कुमार को दिया मौका

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने गुरुवार को उम्मीदवारों के नामों की एक और सूची जारी कर दी। इस लिस्ट में पार्टी ने 11 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। बीएसपी की ओर से जारी लिस्ट में जहानाबाद सीट से पूर्व सांसद अरुण कुमार, बक्सर से अनिल कुमार चौधरी, सासाराम से संतोष कुमार, काराकाट से धीरज कुमार सिंह, वैशाली से शंभु कुमार सिंह, मधुबनी से विकास कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।

वहीं, मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट से डॉ. विजयेश कुमार, सारण से डॉ. अविनाश कुमार, हाजीपुर से शशि स्वराज, पूर्वी चंपारण से सत्यम यादव और शिवहर से विजेंदर ठाकुर को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा गया है। इससे पहले बीएसपी ने बिहार की 19 लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। बता दें कि बीएसपी ने बिहार में सभी 40 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

लुधियाना पहुंचे कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंद सिंह राजा का हुआ जोरदार स्वागत

कर्नाटक के यादगीर में गैस सिलेंडर फटने से हुए ब्लास्ट में झोपड़ियों में आग लगी

कैसरगंज से बेटे को टिकट मिलने पर बृजभूषण शरण सिंह ने बीजेपी का शुक्रिया अदा किया

तेजस्वी ने प्रज्वल रेवन्ना पर पीएम मोदी को घेरा, कहा- बलात्कारियों को बचाना और फिर उन्हें विदेश भगाना इनका काम

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी के पास कोई विषय नहीं है, एक ही बात कहती रहती है. 5 लाख लोगों को नौकरी मिली, यह 'जंगल राज' कैसे हो सकता है? 3000 महिलाओं के साथ शोषण हुआ है और पीएम मोदी उस बलात्कारी का प्रचार कर रहे हैं; पीएम मोदी ने उन्हें टिकट दे दिया है...अब वह विदेश भाग गए हैं, यह कौन सा 'राज' है? बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सिर्फ एक कहावत है, हकीकत तो बलात्कारियों को बचाना और फिर उन्हें विदेश भेजना है।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

कर्नाटकः BJP से निष्कासित केएस ईश्वरप्पा ने प्रज्वल रेवन्ना सेक्स स्कैंडल को बताया सबसे घृणित मामला

कर्नाटक बीजेपी से निष्कासित नेता केएस ईश्वरप्पा ने कहा कि प्रज्वल रेवन्ना का मामला सबसे घृणित मामला है। इन लोगों ने दुशासन से भी बदतर काम किया। इससे महिलाओं की गरिमा धूमिल नहीं होगी, बल्कि केवल उनकी (प्रज्वल रेवन्ना और एचडी रेवन्ना) की गरिमा धूमिल होगी। हम महिलाओं को सीता, सावित्री और लक्ष्मी मानते हैं। कोई भी महिलाओं को दोष नहीं दे रहा है। महिलाओं की छवि खराब करने की कोशिश के बाद इन दोनों को कार्रवाई का सामना करना होगा।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

कर्नाटक में विधान परिषद की 6 सीट के लिए 3 जून को चुनाव

कर्नाटक में विधान परिषद की छह सीट के लिए तीन जून को चुनाव होगा जबकि मतगणना छह जून को होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ये सीट वर्तमान विधान परिषद सदस्यों के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुई हैं। ये सीटें तीन स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित हैं।

आयोग के एक बयान के अनुसार, कर्नाटक उत्तर-पूर्व स्नातक क्षेत्र से निर्वाचित डॉ. चंद्रशेखर बी पाटिल, कर्नाटक दक्षिण-पश्चिम स्नातक क्षेत्र के अयनुरु मंजूनाथ, बेंगलुरु स्नातक क्षेत्र के ए. देवेगौड़ा, कर्नाटक दक्षिण-पूर्व शिक्षण क्षेत्र के डॉ. वाई ए नारायणस्वामी, कर्नाटक दक्षिण-पश्चिम शिक्षण क्षेत्र के एस एल भोजे गौड़ा और कर्नाटक दक्षिण शिक्षण क्षेत्र के मारिथिब्बे गौड़ा 21 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

बयान के अनुसार अधिसूचना नौ मई को जारी की जाएगी, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मई जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 20 मई है। बयान में कहा गया है कि मतदान तीन जून को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक होगा तथा मतगणना छह जून को होगी।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

मणिपुर के चुराचांदपुर में हथियारबंद लोगों ने बैंक लूटा

मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक बैंक लूट लिया गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि यह घटना दोपहर करीब दो बजे तुईबोंग इलाके में एसबीआई की सालबुंग शाखा में हुई।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि चार हथियारबंद लोगों ने लगभग 20 लाख रुपये नकद लूट लिए, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने कहा कि जांच चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि डकैती के बाद, नकाब और हेलमेट पहने हुए हथियारबंद लोग कांगवई की ओर भाग गए। अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए उनकी तलाश की जा रही है।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

असम के दिमा हसाओ जिले में भारी बारिश के कारण कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन जैसे हालात बने

भारतीय सेना के जवानों ने यात्रा मार्ग से बर्फ हटाकर उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब तक रास्ता बनाया

अहमदाबाद पहुंची सुनीता केजरीवाल ने साधा बीजेपी पर निशाना

अहमदाबाद पहुंची सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि देश की जनता केजरीवाल के साथ है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को जेल में बंद कर रखा है ताकि उनकी आवाज दबाई जा सके।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

BJP ने कैसरगंज से बृजभूषण सिंह के बेटे को दिया टिकट, रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह को बनाया उम्मीदवार

बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के कैसरगंज लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काटकर उनके बेटे करण भूषण सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं रायहरेली से पार्टी ने दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा मुंबई में BCCI मुख्यालय पहुंचे

मेरे पति अरविंद केजरीवाल को इन्होंने (बीजेपी) पिछले 40 दिनों से जेल में जबरदस्ती डाल रखा है- सुनीता केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने भरूच में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "दिल्ली के मुख्यमंत्री, मेरे पति अरविंद केजरीवाल को इन्होंने (बीजेपी) पिछले 40 दिनों से जेल में जबरदस्ती डाल रखा है। किसी भी कोर्ट ने उन्हें दोषी नहीं ठहराया है फिर भी उन्हें जेल में डाल दिया गया है। कह रहे हैं कि जांच चल रही है। अगर 10 साल जांच चलेगी तो क्या उन्हें (अरविंद केजरीवाल) 10 साल तक जेल में रखा जाएगा? पहले कोई भी आदमी तब जेल में जाता था जब अदालत उसे दोषी साबित करती थी। अब वे (बीजेपी) नया सिस्टम लाए हैं। इन लोगों ने सरासर गुंडागर्दी मचा रखी है। केजरीवाल बहुत पढ़े-लिखे, ईमानदार और सच्चे देशभक्त हैं।"

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

राजस्थान सरकार सुनिश्चित करे कि प्रदेश में कोई बाल विवाह नहीं हो : उच्च न्यायालय

जस्थान में अक्षय तृतीया से पहले उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि राज्य में कोई बाल विवाह नहीं हो। इसके साथ ही अदालत ने कहा कि बाल विवाह होने पर सरपंच और पंच को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। बाल विवाह की कई घटनाएं मुख्य रूप से अक्षय तृतीया पर होती हैं। अक्षय तृतीया इस बार 10 मई को है।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

बीजेपी अगर दोबारा सरकार में आ गई तो इनकी तीन साल की नौकरी हो जाएगी: अखिलेश यादव ने

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "... ये खाकी वर्दी वाले भी गुस्सा दिखाते हैं वे भी समझ लें बीजेपी अगर दोबारा सरकार में आ गई तो इनकी तीन साल की नौकरी हो जाएगी..."

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, पार्टी के घोषणापत्र पर बहस की मांग की

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी से कहा है कि वह पार्टी के घोषणापत्र पर बहस करेंगे।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

गुजरात: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने भावनगर में रोड शो किया

बंगाल में काफी दिन से भीषण गर्मी की स्थिति चल रही है, राज्य में अगले 2 दिन यही स्थिति जारी रहेगी- मौसम विभाग

IMD वैज्ञानिक सोमा सेन ने कहा, "बंगाल में काफी दिन से भीषण गर्मी की स्थिति चल रही है। पश्चिम बंगाल में अगले 2 दिन यही स्थिति जारी रहेगी और इसीलिए हमने वहां रेड अलर्ट जारी किया है। ओडिशा में आज से अगले 4 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जहां-जहां हीट वेव की स्थिति गंभीर है, वहां 5-6 मई से हीट वेव की स्थिति कम होने लगेगी।"

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

सलमान खान मामले में अगर किसी आरोपी की लॉकअप में मौत हो गई है तो महाराष्ट्र का गृह मंत्रालय, गृह मंत्री, कमिश्नर उसके जिम्मेदार हैं- संजय राउत

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, "पूरा मामला एक रहस्य है। सलमान खान मामले में अगर किसी आरोपी की लॉकअप में मौत हो गई है तो मुझे लगता है कि महाराष्ट्र का गृह मंत्रालय, गृह मंत्री और कमिश्नर उसके जिम्मेदार हैं। हम इसकी जांच की मांग क्यों करेंगे? जब सरकार बदलेगी तब जांच होगी।"

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

मेठी और रायबरेली से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की उम्मीदवारी के बारे में पूछे जाने पर जयराम रमेश की प्रतिक्रिया

मेठी और रायबरेली से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की उम्मीदवारी के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, "CEC ने पूरा अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष को दे दिया है। बातचीत हो रही है, विचार-विमर्श हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि रायबरेली और अमेठी को लेकर कौन हमारे उम्मीदवार हैं, इसको लेकर आज शाम तक औपचारिक तौर से घोषणा हो जाएगी। हम चाहते हैं कि राहुल गांधी अमेठी और प्रियंका गांधी रायबरेली से लड़ें।"

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में रोड शो किया

बिहार में BJP-NDA का हो गया है सूपड़ा साफ, जनता इस बार इन्हें सिखा रही है सबक- तेजस्वी यादव 

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी-NDA का सूपड़ा साफ हो गया है। इस बार बिहार की जनता बीजेपी-NDA को सबक सिखा रही है। इन्होंने केवल ठगने का काम किया है तो इस बार बिहार की जनता उनको मुंहतोड़ जवाब देगी।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

आज 20 साल बाद मैंने लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन भरा है- उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के बारामूला लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, "आज 20 साल बाद मैंने लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन भरा है। इससे पता चलता है कि जम्मू-कश्मीर में जम्हूरियत का क्या हाल है। नेशनल कॉन्फ्रेंस और INDIA गठबंधन मिलकर यह चुनाव लड़ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि जम्मू-कश्मीर की 5 सीटें और लद्दाख की सीट पर हम कामयाबी हासिल करेंगे।"

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

लोकसभा चुनाव: कुरुक्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार ने हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया

AAP के मनीष सिसौदिया ने उत्पाद शुल्क नीति पर सीबीआई, ईडी मामलों में जमानत के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया

अभी तक 10 उम्मीरवारों ने नामांकन भर दिया है- जम्मू-कश्मीर के  श्रीनगर में डीसी मिंगा शेरपा

जम्मू-कश्मीर के  श्रीनगर में डीसी मिंगा शेरपा ने कहा, "अभी तक 10 उम्मीरवारों ने नामांकन भर दिया है। कल नामांकन भरने का आखिरी दिन है, उसके बाद 4 मई को जांच की जाएगी। इसके मद्देनजर सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। आज करीब 4 उम्मीदवार नामांकन भरेंगे। हमने उम्मीरवारों की निर्बाध सुविधा के लिए एक हेल्प डेस्क स्थापित किया है।"

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

पश्चिम बंगाल बोर्ड के 10वीं क्लास के नतीजे घोषित, छात्र ऐसे देखें अपना रिजल्ट

पश्चिम बंगाल बोर्ड के 10वीं क्लास के नतीजे जारी कर दिए गए हैं। 86.31 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। छात्र वेस्ट बंगाल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन की आधिकारिक वेबसाइट wbbse.wb.gov.in. पर नतीजे देख सकते हैं।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

जम्मू-कश्मीर: BSF जवानों ने सांबा सेक्टर में कल अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक घुसपैठिए को मार गिराया

बिहार: LJP (रामविलास) प्रमुख और हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार चिराग पासवान ने नामांकन दाखिल करने से पहले पूजा की

दिल्ली: राहुल गांधी अपने आवास से रवाना हुए, कर्नाटक के शिमोगा और रायचूर में जनसभाओं को करेंगे संबोधित

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली में अपने आवास से रवाना हुए। वे आज कर्नाटक के शिमोगा और रायचूर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

हम भारी अंतर से जीतेंगे- उमर अब्दुल्ला

बारामूला लोकसभा सीट से आज अपना नामांकन दाखिल करने पर जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम भारी अंतर से जीतेंगे।"

जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस देने के गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम चुनाव से पहले राज्य का दर्जा वापस पाना चाहते थे। गृह मंत्री को एक समयसीमा बतानी चाहिए। 30 सितंबर सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन है। उन्हें बताना चाहिए कि सुप्रीम कोर्ट की समय सीमा के बाद कितने दिनों में राज्य का दर्जा बहाल होगा।"

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल दिल्ली स्थित मुख्यमंत्री आवास से गुजरात के लिए रवाना हुईं 

जनता सच्चाई के साथ होती है, कांग्रेस के जो मुद्दे हैं वे जनता के मुद्दे हैं- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "जनता सच्चाई के साथ होती है, कांग्रेस के जो मुद्दे हैं वे जनता के मुद्दे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, गरीब अमीर के बीच की खाई का मुद्दा कांग्रेस का भी है और जनता का भी है। जब प्रधानमंत्री से कांग्रेस के घोषणा पत्र की आलोचना होने लगी तो ज्यादा से ज्यादा लोग घोषणा पत्र को डाउनलोड करने लगे। उससे घोषणा पत्र और लोकप्रिय हो गया।"

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

केरल: कन्नूर कल्लियासेरी के वायाक्करा खेत में भीषण आग लग गई

दिल्ली-यूपी, पंजाब में और झुलसाएगी गर्मी, बिहार, झारखंड में पड़ेंगे लू के थपेड़े, IMD का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में मई के महीने में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है। दो से चार दिन लू चल सकती है।

आईएमडी ने बताया कि उत्तर पश्चिम भारत, मध्य भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर प्रायद्वीपीय भारत को छोड़कर देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। 

वहीं, पूर्वोत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों और उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर प्रायद्वीपीय भारत में पारा सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।

अलर्ट के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, आंतरिक ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड और बिहार समेत अन्य इलाकों में करीब दो से चार दिन तक लू चल सकती है जो सामान्य से अधिक है।

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 02 May 2024, 8:00 AM IST