
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भोपाल में कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे बहुत विविध हैं। हम इसके बारे में कुछ नहीं कह सकते। मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि कांग्रेस को मध्य प्रदेश में 130 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। लोग परिवर्तन चाहते हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान से लोग तंग आ चुके हैं। .
कांग्रेस के तेलंगाना प्रभारी माणिकराव ठाकरे ने एग्जिट पोल पर कहा कि लोग चाहते हैं कि कांग्रेस यहां सरकार बनाए। यहां बीआरएस सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही है। हमें 70 से अधिक सीटें मिलेंगी। सभी सर्वे कह रहे हैं कि कांग्रेस को बहुमत मिलेगा। सीएम पार्टी आलाकमान तय करेगा।
एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि अगर आप सर्वेक्षणों को देखें तो कांग्रेस पार्टी की ताकत बढ़ रही है और लोग कांग्रेस के समर्थन में खड़े हैं। लोगों ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ वोट किया है। कांग्रेस ने वादा किया है कि वे महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। .
राजस्थान के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप खाचरियावास ने एग्जिट पोल पर कहा कि एग्जिट पोल सर्वे बता रहे हैं कि राजस्थान में कांग्रेस जीत रही है। बीजेपी के लोग धोखेबाज हैं। वो सिर्फ हिंदू-मुसलमान करते हैं...कांग्रेस राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएगी।
तेलंगाना चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने से पहले ही एग्जिट पोल जारी होने पर तेलंगाना के मंत्री और बीआरएस नेता केटीआर राव ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह एक अतार्किक एग्जिट पोल है। लोग अभी भी मतदान कर रहे हैं। भारत के चुनाव आयोग का भी मूल रूप से 5:30 बजे एग्जिट पोल की अनुमति देना हास्यास्पद है, जब लोग रात 9 बजे तक वोट देने के लिए कतार में खड़े हैं। मुझे लगता है कि यह बहुत हास्यास्पद है। मैं यहां आया हूं क्योंकि मैं अपने पार्टी कैडर को बताना चाहता था कि इस बकवास पर विश्वास न करें।
कांग्रेस नेता और वायनाड सांसद राहुल गांधी ने केरल के वायनाड में एक कार्यक्रम में कहा कि मैं वायनाड के लोगों को परिवार की तरह मानता हूं। आपकी राजनीतिक संबद्धता के बावजूद, मैं आपको परिवार मानता हूं। मेरा मानना है कि हम दयालुता और स्नेह के साथ अपने मतभेदों पर चर्चा कर सकते हैं।
रांची के ओरमांझी में वर्ष 2021 में एक युवती की सिरकटी निर्वस्त्र लाश की बरामदगी की बहुचर्चित और सनसनीखेज वारदात में अदालत का फैसला आ गया है। रांची अपर न्यायायुक्त एमके वर्मा की अदालत ने युवती की हत्या के बाद उसके धड़ को झाड़ी में फेंकने और सिर एक खेत में दफनाने के आरोपी दंपति शेख बेलाल और अफसाना खातून को आखिरी सांस तक उम्र कैद की सजा सुनाई है। दोनों पर 95-95 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी हैं। अभिनेता राम चरण पत्नी उपासना कामिनेनी के साथ मतदान करने पहुंचे। वीडियो जुबली हिल्स क्लब, मतदान केंद्र संख्या 149 से है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "पूरी दुनिया की दुआएं काम आई और सभी मजदूर स्वस्थ्य बाहर निकाले गए। सभी मजदूर स्वस्थ्य हैं हम प्रधानमंत्री को धन्यवाद करते हैं क्योंकि अगर उनका इस पर ध्यान न होता और वो लगातार इसका अपडेट न लेते तो हमारी लिए ये कठिन स्थिति और मुश्किल हो जाती। उन्होंने दुनिया की जितनी तकनीक हो सकती है उन्होंने हमारे लिए भेजी। जिसके कारण से हम सफल हो पाए।"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक्स पर पोस्ट किया, “उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे मजदूर भाइयों को बाहर निकालने की कोशिश में जब-जब बड़ी-बड़ी आगर मशीनें निष्फल हो गयीं तो हाथों-हाथ खुदाई की एक देसी तकनीक को अमल में लाना पड़ा, जिसे रैट होल माइनिंग कहा जाता है। कुल जमा 12 रैट होल माइनर्स साथियों ने जान पर खेलकर महज 24 घंटे की मेहनत में रेस्क्यू ऑपेरशन को पूरा कर दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “उनमें से एक साथी मोहम्मद इरशाद ने सबके लिए दुआ की है कि देश में प्यार बचा रहे और इंसान को इंसान की तरह प्रेम किया जाय। दूसरे रैट होल माइनर नासिर हुसैन ने जब ध्वस्त सुरंग को चीरकर उस पार फंसे मजदूरों में से पहले को देखा तो उसके पास पहुंच कर फौरन उसे गले लगा लिया। यही प्यार है। इसी मोहब्बत से बना है अपना देश। जय हिंद।”
AAP के दिल्ली प्रदेश संयोजक और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा, "जिस तरह से केंद्र की बीजेपी सरकार AAP को खत्म करने का षडयंत्र कर रही है और फर्जी घोटाले के केस बनाकर AAP के शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार कर रही है। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की तैयारी चल रही है। इसे देखते हुए दिल्ली में जो 2600 मतदान केंद्र हैं, प्रत्येक पर टीमें गठित की गई हैं जो कल से घर-घर जाकर कैंपेन करेंगी। 'मैं भी केजरीवाल' कैंपेन कल से शुरू हो रहा है जो 20 दिसंबर तक चलेगा। उनसे ये पूछा जाएगा कि जिस तरह से केंद्र सरकार केजरीवाल को गिरफ्तार करने का षडयंत्र कर रही है, ऐसे में जनता की क्या राय है कि गिरफ्तार होने के बाद अरविंद केजरीवाल को क्या करना चाहिए? इस्तीफा देना चाहिए या जेल से सरकार चलानी चाहिए?"
राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने कहा, "एग्जिट पोल चाहे कुछ भी कहें, राजस्थान में सरकार कांग्रेस की बन रही है। बीजेपी 5 राज्यों में से किसी में भी नहीं जीत रही। इस बार राजस्थान सरकार दोहराएगी, इसके 3 कारण हैं। पहला कारण यह है कि सरकार के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है। दूसरा- मुख्यमंत्री के बारे में सबकी एक ही राय है। भाजपा के वोटर भी यही कहेंगे कि मुख्यमंत्री ने काम करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। तीसरा है- प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, भाजपा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की भाषा, वो भाषा किसी को पसंद नहीं आ रही थी।''
दुबई अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र, जहां COP28 शिखर सम्मेलन हो रहा है। COP28 विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 नवंबर से 1 दिसंबर तक दुबई की दो दिवसीय यात्रा पर होंगे। प्रधानमंत्री अपने कई समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।"
शिवसेना (UTB) सांसद संजय राउत ने कहा, "पांच दिन हो गए, कहीं बेमौसम बारिश हो रही है, कहीं ओलावृष्टि हो रही है, पूरे महाराष्ट्र की स्थिति गंभीर है। जब ये संकट आसमान से गिर रहा था, तो हमारे मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री प्रचार में व्यस्त हो गए। कोई छत्तीसगढ़ चला गया, कोई तेलंगाना, जैसे वो नहीं गए तो वहां चुनाव नहीं होंगे।"
इजरायल और हमास में संघर्ष के बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने एक अहम प्रस्ताव पारित किया है। प्रस्ताव में मांग की गई है कि इजरायल अपने कब्जे वाले गोलान हाइट्स से हट जाए और कब्जा छोड़ दे। भारत ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। यह वह क्षेत्र है जिसे यहूदी राष्ट्र इजरायल ने 1967 के छह दिवसीय युद्ध में सीरिया से कब्जा लिया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 30 Nov 2023, 8:01 AM IST