
तेलंगाना के हैदराबाद के हाइटेक्स प्रदर्शनी सेंटर में शनिवार को 72वें मिस वर्ल्ड का ग्रैंड फिनाले का आयोजन हुआ। इसमें थाईलैंड की ओपल सुचाता मिस वर्ल्ड चुनी गईं। भारत की नंदिनी गुप्ता फिनाले के टॉप-8 में जगह नहीं बना सकीं। फिनाले का आगाज टॉप-40 कंटेस्टेंट्स की कल्चरल रैंप वॉक के साथ हुआ। टॉप-40 ने डिजाइनर अर्चना कोचर की ट्रेडिशनल ड्रेसेस में रैंप वॉक किया। इस दौरान भारत की नंदिनी गुप्ता शो-स्टॉपर रहीं। इसके बाद टॉप-20 की घोषणा हुई, जिसमें नंदिनी भी पहुंचने में कामयाब रहीं। हालांकि, टॉप-8 की रेस से उन्हें बाहर होना पड़ा और भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।
मिस वर्ल्ड मुकाबले के टॉप-8 में थाईलैंड, फिलीपींस, पोलैंड, यूक्रेन, नामीबिया, एथियोपिया, ब्राजील और मार्टिनिक पहुंचे। वहीं, इसके बाद थाईलैंड की ओपल सुचाता, एथियोपिया की हासेट डेरेज, मार्टिनिक की ओरेली जो और पोलैंड की माजा क्लाज्दा ने टॉप-4 में जगह बनाई। थाईलैंड की ओपल सुचाता 72वें मिस वर्ल्ड का ग्रैंड फिनाले अपने नाम किया और मिस वर्ल्ड चुनी गईं। एथियोपिया की हासेट डेरेज फर्स्ट रनर अप रहीं।
उल्लेखनीय है कि 72 साल के इतिहास में मिस वर्ल्ड के सबसे ज्यादा खिताब भारत ने अपने नाम किए हैं। रीता फारिया मिस वर्ल्ड जीतने वाली पहली भारतीय थीं। उनके बाद ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा, युक्ता मुखी, डायना हेडन और मानुषी छिल्लर भी मिस वर्ल्ड रह चुकी हैं। मिस वर्ल्ड 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं नंदिनी गुप्ता का जन्म 13 सितंबर 2003 को राजस्थान के कोटा शहर में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कोटा के सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की। वर्तमान में वह मुंबई स्थित लाला लाजपत राय कॉलेज से बिजनेस मैनेजमेंट में स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं। साल 2023 में उन्होंने पहले फेमिना मिस राजस्थान का खिताब जीता। इसी साल उन्होंने फेमिना मिस इंडिया का ताज भी अपने नाम किया था।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
सिक्किम में लगातार बारिश और भूस्खलन से बाधित मुख्य सड़क की वजह से शनिवार को उत्तरी सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 500 पर्यटक फंस गए जबकि आठ लापता हैं।वहीं, मेघालय में शनिवार को भारी बारिश के कारण बिजली गिरने से दो लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की डूबने से मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम में भारी बारिश के कारण लापता आठ पर्यटकों की तलाश बाधित हुई और तीस्ता नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद अंततः इसे बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात मंगन जिले में तीस्ता नदी में एक वाहन के गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, दो अन्य घायल हो गए जबकि आठ लापता हो गए। लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास यह वाहन 1,000 फुट से अधिक गहराई में नदी में गिर गया।
एक अधिकारी ने बताया कि चुंगथांग को लाचेन और लाचुंग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थान स्थानों पर भूस्खलन की घटना हुई, जिसके कारण उत्तरी सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 500 पर्यटक फंस गए हैं।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
भारत की नंदिनी गुप्ता हैदराबाद में आयोजित 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में शीर्ष आठ में जगह बनाने से पहले ही शनिवार को बाहर हो गईं। गुप्ता यदि यह प्रतियोगिता जीत जातीं तो वह विश्व सुंदरी का खिताब हासिल करने वाली देश की सातवीं हस्ती होतीं। 2017 में मानुषी छिल्लर के सिर पर यह ताज सजा था।
भारत की पहली मिस वर्ल्ड रीता फारिया थीं, जिन्होंने 1966 में यह ताज जीता था। संयोग से, वह पहली एशियाई मिस वर्ल्ड भी थीं। ऐश्वर्या राय ने 1994 में, डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999) और प्रियंका चोपड़ा ने 2000 में यह खिताब जीता था।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3,000 से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।आंकड़ों के अनुसार केरल में सबसे अधिक 1,336 लोग संक्रमित हैं।
मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटे में देश में कुल चार रोगियों की मौत हुई है। दिल्ली, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में एक-एक व्यक्ति ने जान गंवाई है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि भारत में कोविड-19 की स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है। सूत्रों ने कहा कि संक्रमण की गंभीरता कम है, ज्यादातर मरीजों की घर पर ही देखभाल की जा रही है और चिंता की कोई बात नहीं है।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राजीव कृष्ण को उत्तर प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। कृष्ण भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1991 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने प्रशांत कुमार की जगह ली है, जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो गए। कृष्ण फिलहाल सतर्कता और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक (डीजी) हैं। उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा, "मैंने नए डीजीपी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।"
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष और जोरहाट के सांसद गौरव गोगोई आज जोरहाट पहुंचे। उन्होंने कहा, "हम असम के लोगों पर ध्यान केंद्रित करने जा रहे हैं। असम के लोग मौजूदा सरकार के कुशासन, लूट और भ्रष्टाचार से नाखुश हैं। इस बीजेपी सरकार की दिलचस्पी सिर्फ़ ज़मीन के मालिकाना हक में है। उन्हें गुवाहाटी में कृत्रिम बाढ़ की परवाह नहीं है। उन्हें बेरोज़गारी की समस्या की परवाह नहीं है। नौकरियाँ देने के बजाय, वे हथियार लाइसेंस और बंदूकें देने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। सिंडिकेट राज और जंगल राज चल रहा है, और असम के लोग इससे तंग आ चुके हैं। असम के लोग बदलाव चाहते हैं, और वे इसी पर ध्यान केंद्रित करने जा रहे हैं।"
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि मैंने गृह विभाग को बिना किसी हिचकिचाहट के नफरत फैलाने वाले और सांप्रदायिक भाषण देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करने को कहा है। चाहे वह कोई भी हो, हम उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
कांग्रेस ने शनिवार को प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) अनिल चौहान के एक बयान का हवाला देते हुए केंद्र पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि कई अहम सवालों का जवाब देने के लिए सरकार को तत्काल संसद का विशेष सत्र बुलाना चाहिए। मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि कारगिल समीक्षा समिति की तर्ज पर एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति द्वारा देश की मौजूदा रक्षा तैयारियों की व्यापक समीक्षा कराई जाए।
जनरल अनिल चौहान ने पाकिस्तान के साथ हालिया सैन्य संघर्ष में विमान के नुकसान की बात स्वीकार की है, लेकिन छह भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराने के इस्लामाबाद के दावे को ‘‘बिल्कुल गलत’’ बताया। चौहान ने ‘ब्लूमबर्ग टीवी’ को दिये साक्षात्कार में कहा कि यह पता लगाना अधिक महत्वपूर्ण है कि विमान का नुकसान क्यों हुआ, ताकि भारतीय सेना रणनीति में सुधार कर सके।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सिंगापुर में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) द्वारा एक साक्षात्कार में लड़ाकू विमान गिरने पर किए गए खुलासे के मद्देनजर कुछ बहुत ही महत्वपूर्ण सवाल हैं जो पूछे जाने चाहिए। ये सवाल तभी पूछे जा सकते हैं जब संसद का विशेष सत्र तुरंत बुलाया जाए। मोदी सरकार ने देश को गुमराह किया है। युद्ध का कोहरा अब छंट रहा है।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पूर्वी कामेंग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 13 के बाना-सेप्पा खंड पर शुक्रवार देर रात भूस्खलन के कारण एक वाहन के सड़क से बह जाने से दो परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई।
पूर्वी कामेंग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कामदम सिकोम ने बताया कि वाहन बिचोम जिले के बाना से सेप्पा जा रहा था, तभी भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आकर वाहन गहरी खाई में जा गिरा। उन्होंने कहा, “सभी पीड़ित बाना के किचंग गांव के निवासी थे।” बचाव कार्य तुरंत शुरू हो गए लेकिन मूसलाधार बारिश, भूस्खलन और रात भर बेहद खराब दृश्यता के कारण इसमें काफी बाधा आई। इन चुनौतियों के बावजूद, पुलिस और बचाव दल ने अपने प्रयास जारी रखे।
सिकोम ने कहा, "शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अभियान पुनः शुरू हुआ। कई घंटों की खोज के बाद मलबा राजमार्ग से लगभग 150 मीटर नीचे पाया गया।" उन्होंने कहा कि वाहन के अंदर सभी सात लोग मृत पाए गए। पुलिस ने बताया कि निचला सुबनसिरी जिले में एक अन्य घटना में जीरो-कामले मार्ग पर पाइन ग्रूव क्षेत्र के निकट एक खेत में भूस्खलन होने से दो मजदूरों की मौत हो गई तथा दो अन्य को बचा लिया गया।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ''वह अब तक 11 बार कह चुके हैं। पीएम देश भर में घूम रहे हैं... उन्होंने एक बार भी डोनाल्ड ट्रंप के बारे में नहीं बोला। केवल हमारे पीएम ही डोनाल्ड ट्रंप को जवाब दे सकते हैं। वह जवाब नहीं दे पा रहे हैं। किस बात का दबाव है?''
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
असम में पिछले 24 घंटों में हुए भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण छह जिलों में बाढ़ आ गई है जिससे 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में शनिवार को यह जानकारी दी गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने कहा कि सभी पांच लोगों की मौत कामरूप महानगर जिले में हुई हैं।
राज्य के शहरी मामलों के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने शुक्रवार को बताया था कि गुवाहाटी के बाहरी इलाके बोंडा क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आकर तीन महिलाओं की मौत हो गई। उन्होंने कहा था कि कई एजेंसियां प्रभावित लोगों के लिए राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, क्योंकि शुक्रवार को शहर के अधिकांश इलाकों में भारी जलभराव की खबरें आई थीं।एएसडीएमए बुलेटिन में कहा गया है कि कामरूप महानगर, कामरूप और कछार के पांच राजस्व क्षेत्रों के शहरी इलाकों में बाढ़ की सूचना मिली है। कुल 10,150 लोग प्रभावित हुए हैं तथा दो शिविर और एक राहत वितरण केन्द्र खोला गया है।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, बादल का समूह उत्तर-पश्चिम-पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में आंतरदृष्टि से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इससे अगले 1-2 घंटे में दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की वर्षा और आकाशीय बिजली आने की संभावना है। साथ ही 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है जो कभी कभी 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
दिल्ली हाई कोर्ट ने सीबीआई की ओर से दर्ज भूमि अधिग्रहण घोटाले मामले में निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगाने की आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की याचिका खारिज कर दी। आरोपों पर बहस के लिए मामला 2 जून को विशेष न्यायाधीश के समक्ष सूचीबद्ध किया गया है।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
टेरर लिंक मामले में एनआईए की बड़ी छापेमारी हो रही है. एजेंसी ने सात राज्यों में तलाशी ली हैं, जिनमें पश्चिम बंगाल, दिल्ली, असम, राजस्थान, हरियाणा, यूपी और महाराष्ट्र शामिल हैं।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
दिल्ली में कोरोना के नए वेरिएंट से पहली मौत का मामला सामने आया है।यहां 60 साल की महिला ने दम तोड़ दिया है।दिल्ली में एक दिन में 56 नए मामले सामने आए हैं
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
उत्तराखंड में केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुप्तकाशी के समीप कुंड में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा एक वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिसके चलते एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी तथा पांच अन्य घायल हो गए।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा "पाकिस्तान के प्रतिनिधि अगले सप्ताह आ रहे हैं। हम भारत के साथ समझौता करने के बहुत करीब हैं। और अगर वे एक-दूसरे के साथ युद्ध करने जा रहे हैं तो मुझे किसी के साथ समझौता करने में कोई दिलचस्पी नहीं होगी..."
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
आप विधायक रमन अरोड़ा के करीबी महेश मखीजा को कल देर रात पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया। आप विधायक रमन अरोड़ा को 23 मई को हिरासत में लिया गया था और 24 मई को उन्हें गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार के आरोप में 5 दिन की पंजाब विजिलेंस ब्यूरो रिमांड पर भेज दिया गया।
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशी स्टील आयात पर टैरिफ 25% से बढ़ाकर 50% करने की घोषणा की है
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 31 May 2025, 7:42 AM IST