
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह अगले वर्ष भारत की यात्रा कर सकते हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक ‘‘अच्छा व्यक्ति’’ और मित्र बताते हुए कहा कि मोदी ‘‘चाहते’’ हैं कि वह भारत आएं। ट्रंप ने ‘ओवल ऑफिस’ में बृहस्पतिवार को एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘वह (प्रधानमंत्री मोदी) मेरे दोस्त हैं, हम बात करते रहते हैं... वह चाहते हैं कि मैं वहां आऊं। हम इस पर विचार कर रहे हैं। मैं जाऊंगा। मेरी वहां प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक शानदार यात्रा रहेगी। वह एक अच्छे व्यक्ति हैं। मैं जाऊंगा।’’ जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अगले साल भारत की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो ट्रंप ने जवाब दिया, ‘‘हां, हो सकता है।’’
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान के बाद 121 सीटों के 45,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है। आयोग ने बताया कि उसके द्वारा नियुक्त 121 रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और 121 सामान्य पर्यवेक्षकों (जीओ) की मौजूदगी में सभी 121 विधानसभा क्षेत्रों में दस्तावेजों की जांच की गई। इस प्रक्रिया में लगभग 455 उम्मीदवारों या उनके एजेंटों ने भी हिस्सा लिया।
जांच के बाद, किसी भी मतदान केंद्र पर कोई विसंगति या गड़बड़ी नहीं पाई गई और चुनाव के पहले चरण में पुनर्मतदान की कोई सिफारिश नहीं की गई। बिहार में पहले चरण में लगभग 65 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया था। दूसरे चरण के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को मध्यप्रदेश का दौरा करेंगे और पर्वतीय पर्यटन स्थल पचमढ़ी में पार्टी के जिला अध्यक्षों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है, जिसका मकसद 2028 के मप्र विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी को ज़मीनी स्तर पर मज़बूत करना है।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राहुल गांधी शनिवार को दोपहर 3:30 बजे बिहार से भोपाल पहुंचेंगे, फिर पचमढ़ी के लिए उड़ान भरेंगे, जहां ज़िला अध्यक्षों के लिए एक प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। पटवारी ने बताया कि जिला अध्यक्षों से बातचीत के बाद गांधी बिहार लौट जाएंगे।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
बिहार चुनाव के प्रचार के लिए आज भागलपुर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रेशम बुनकरों से मुलाकात की और उनसे रेशम व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियों और संघर्षों पर चर्चा की।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के कार्यालयों के कार्य समय को 15 नवंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक बदलने का निर्णय लिया है। दिल्ली सरकार के कार्यालयों का नया समय सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक और दिल्ली नगर निगम के कार्यालयों का समय सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा।
वर्तमान में, दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक और दिल्ली नगर निगम के कार्यालय सुबह 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होते हैं। खुलने के समय में केवल 30 मिनट के अंतर के कारण सुबह और शाम दोनों समय भारी यातायात और भीड़भाड़ रहती है, जिससे वायु प्रदूषण और बढ़ जाता है।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
मुंबई के दादर इलाके में स्थित एक मॉल में ‘मैकडॉनल्ड्स’ रेस्तरां की रसोई में शुक्रवार दोपहर आग लग गई, जिसके बाद अग्निशमन के पांच कर्मियों को दम घुट जाने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। केंद्र के एक वरिष्ठ अधिकारी सहित पांचों को सरकारी केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया और चिकित्सकों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है।
अधिकारी ने बताया कि आग अपराह्न साढ़े तीन बजे लगी, जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियां और अन्य वाहन मौके पर तैनात किए गए। अधिकारी ने कहा, ‘‘लगभग तीन घंटे बाद शाम छह बजकर 20 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया। रसोई में लगी आग का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है।’’ अस्पताल में भर्ती पांच कर्मियों में अग्निशमन केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी हरीश नारकर (45), दमकलकर्मी कपिल धमारे (20) और प्रवीण पवार (32) तथा संविदा दमकलकर्मी संजू पाडवी (29) और सुदर्शन अहिरे (33) शामिल हैं।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
यूरोप के सबसे बड़े कार्गो हवाई अड्डों में से एक में ड्रोन देखे जाने के बाद शुक्रवार को कुछ समय के लिए उड़ानें रोक दी गईं। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना हाल के हफ्तों में बेल्जियम के आसपास ड्रोन से जुड़ी कई घटनाओं के बीच सामने आई है।
लिएज हवाई अड्डे के संचार प्रमुख क्रिश्चियन डेलकोर्ट ने बताया कि ड्रोन की मौजूदगी के कारण बृहस्पतिवार रात नौ बजे से शुक्रवार तड़के एक बजे तक और फिर शुक्रवार सुबह सात बजे से आठ बजे तक उड़ान संचालन रोकना पड़ा। इसके बाद हवाई अड्डे पर सामान्य संचालन बहाल कर दिया गया।
बेल्जियम के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ब्रुसेल्स में मंगलवार रात ड्रोन देखे जाने के बाद उसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जिसके चलते बुधवार को दर्जनों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री बार्ट डे वीवर ने आपात सरकारी बैठक बुलाई।
यह पहली बार था जब ब्रुसेल्स हवाई अड्डे को ड्रोन की वजह से बंद करना पड़ा। ये घटनाएं उस समय सामने आई हैं जब सप्ताहांत में एक सैन्य अड्डे के पास अज्ञात ड्रोन उड़ते देखे गए थे, जहां अमेरिकी परमाणु हथियार रखे गए हैं।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को झारखंड की कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में पदभार संभाल लिया।
वर्ष 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी मिश्रा ने अनुराग गुप्ता का स्थान लिया है, जिन्होंने बृहस्पतिवार को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली।
मिश्रा ने पदभार संभालने के बाद कहा कि फिलहाल राज्य पुलिस का पूरा ध्यान 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन पर रहेगा।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक भावुक पोस्ट में कहा, "न जाने कितनी यादें संग ले आए जब वो आज हमारे घर पर आए! ये जो मेलमिलाप है यही हमारी साझा विरासत है।"
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
निर्वाचन अधिकारियों ने यहां जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के सिलसिले में शुक्रवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक एम. जनार्दन रेड्डी के आवास पर छापेमारी की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चुनावी गड़बड़ियों की जांच के लिए नियुक्त कर्मियों द्वारा छापेमारी की गई।
रेड्डी ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि यह कदम उन नेताओं का मनोबल गिराने का प्रयास है जो चुनाव में बीआरएस के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्षी बीआरएस को मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन वितरित करने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि चुनाव दलों ने स्वीकार किया है कि उन्हें वितरण के लिए कोई धनराशि नहीं मिली। उन्होंने कहा कि टीम ने मौखिक शिकायतों पर कार्रवाई की, किसी विशेष शिकायत पर नहीं।
पीटीआई
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के धौला कुआं के पास एक यात्री से दुर्व्यवहार, लूटपाट के बाद उसे एक सुनसान जगह पर छोड़ने के आरोप में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि व्यक्ति दक्षिण पश्चिम दिल्ली के धौला कुआं के निकट उनकी कार में सवार हुआ था।
आरोपियों की पहचान अमित उर्फ काकू (21), पवन (22), मनीष उर्फ चुर्री (21) और सोनम (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के निवासी हैं।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने शुक्रवार को लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की और कहा कि पार्टी अध्यक्ष के साथ उनकी मुलाकात का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में न्याय और राजनीतिक बदलाव की जरूरत और दृढ़ता का संदेश देना था।
खान ने अखिलेश से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, "कभी-कभी, आप सभी (मीडिया) का बनाया गया माहौल हमें या तो विरोध में या समर्थन में बोलने के लिए मजबूर करता है। हमारी मुलाकात का असली मकसद यह दिखाना था कि तमाम जुल्म और ऐतिहासिक अन्याय के बावजूद आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं जिनका सब्र पत्थर या पहाड़ से भी ज्यादा मजबूत है।"
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
भागलपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "...पीएम मोदी आपकी जमीन लेते हैं, इसे अडानी और अंबानी को देते हैं, और वे मीडिया को नियंत्रित करते हैं... जीएसटी किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और कर्मचारियों को नष्ट करने के लिए लगाया गया था... अमित शाह के बेटे को क्रिकेट का बल्ला पकड़ना नहीं आता है, लेकिन वह क्रिकेट का चीफ है और पूरे क्रिकेट को नियंत्रित करता है।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एक हाई स्कूल परिसर में बनी मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान सिलसिलेवार कई धमाके हुए। धमाकों की चपेट में आने से कम से कम 54 लोग घायल हुए हैं।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
मुंबई, महाराष्ट्र: वंदे मातरम विवाद पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने कहा, "... आप किसी को जबरदस्ती कुछ नहीं सुना सकते। जो व्यक्ति केवल अल्लाह में विश्वास रखता है और अपनी मां की भी पूजा नहीं करता, वह इस्लाम के अनुसार पृथ्वी और सूर्य की पूजा नहीं कर सकता... एक धार्मिक मुसलमान किसी और की पूजा नहीं कर सकता।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
पटना, बिहार: बिहार में पहले चरण के मतदान पर वीआईपी संस्थापक और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री चेहरा मुकेश सहनी ने कहा वोटिंग प्रतिशत देखकर एनडीए खुश हो जाए। हालाँकि, वोटिंग प्रतिशत बढ़ा नहीं है, पहले जैसा ही है... महागठबंधन सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार के बेरोज़गार युवा बदलाव चाहते हैं।"
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
महाराष्ट्र: भिवंडी के सारावली एमआईडीसी इलाके में एक रंगाई कंपनी में भीषण आग लग गई। दमकल गाड़ियाँ मौके पर मौजूद हैं और अग्निशमन कार्य जारी है। अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
आवारा कुत्तों के मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने तीन आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि एमिकस क्यूरी की रिपोर्ट पर राज्य काम करें और एफिडेविट दाखिल करें। दूसरे आदेश में कोर्ट ने कहा कि सड़कों पर आवारा पशुओं को लेकर राजस्थान हाई कोर्ट का आदेश पूरे देश में लागू करें। हाई वे और सड़कों से आवारा पशुओं को हटाएं। उन्हें आश्रय स्थल में रखें। नगर निगम पेट्रोलिंग टीम बनाएं और 24 घंटे निगरानी रखें। कोर्ट ने हेल्पलाइन नंबर जारी करने का भी आदेश दिया है।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
भारतीय बेंचमार्क सूचकांक सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को नुकसान के साथ लाल निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में निफ्टी आईटी, इंफ्रा, ऑटो, पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज और फार्मा में बिकवाली देखी जा रही थी। सुबह करीब 9 बजकर 27 मिनट पर सेंसेक्स 571 अंक या 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,739.75 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 169.10 अंक या 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,340.60 स्तर पर बना हुआ था।
दूसरी ओर, निफ्टी बैंक 330.70 अंक या 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,223.55 स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 538.40 अंक या 0.91 प्रतिशत की गिरावट के बाद 58,930.20 स्तर पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 231.80 अंक या 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,873.20 स्तर पर था।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
दिल्ली हवाई अड्डे ने एक बयान जारी किया है "एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी समस्या के कारण, IGIA पर उड़ान संचालन में देरी हो रही है। उनकी टीम DIAL सहित सभी हितधारकों के साथ मिलकर इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे उड़ान संबंधी नवीनतम अपडेट के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों के संपर्क में रहें। हमें हुई असुविधा के लिए खेद है।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 7 नवंबर की रात के बाद से राजधानी में रात का तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा और दिन का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहेगा। राजधानी में सुबह-सुबह कोहरा छाने की शुरूआत तो 5 नवंबर से ही हो गई थी, जो आने वाले दिनों में और ज्यादा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 नवंबर से 9 नवंबर के बीच ठंड और बढ़ने वाली है, जिससे दिल्लीवालों को दिसंबर जैसी सर्द रातों का एहसास पहले ही होने लगेगा।
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 07 Nov 2025, 8:03 AM IST