
राजस्थान के जयपुर से दिल्ली आ रही एक डबल डेकर बस में गुरुग्राम में भीषण आग लगने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं। हादसा गुरुग्राम में सिग्नेचर टावर फ्लाईओवर पर हुआ। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
वर्ल्ड कप 2023 में लगातार 5 हार के बाद इंग्लैंड टीम ने आज पहली जीत दर्ज की है। बुधवार को पुणे में खेले गए मैच में इंग्लैंड ने नीदरलैंड्स को 160 रनों से हरा दिया। इस वर्ल्ड कप में इंग्लैंड टीम की यह दूसरी जीत है।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
कर्नाटक हाईकोर्ट ने सनसनीखेज लिंगायत मठ सेक्स स्कैंडल के मामले में चित्रदुर्ग जिले के प्रसिद्ध मुरुघा मठ के बलात्कार आरोपी शिवमूर्ति मुरुघा शरणारू को बुधवार को सशर्त जमानत दे दी।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
संपत्ति विवाद को लेकर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने एएसआई की पत्नी और बेटे सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
ओडिशा से एक ट्रेन हादसे की खबर आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा के संबलपुर जिले में सरला के पास एक गाय से टकराने के बाद एक यात्री मेमू ट्रेन पटरी से उतर गई है। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि हादसे में ट्रेन के डिब्बे पलटे हैं या नहीं या कोई नुकसान हुआ है या नहीं।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि मेरे पहले कार्यकाल में छिंदवाड़ा के 75 हजार किसानों का कर्ज माफ किया गया। पूरे मध्य प्रदेश में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया। शिवराज सिंह जितना चाहें, झूठ बोल सकते हैं, लेकिन 27 लाख किसान मेरे गवाह हैं। हमने 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी, 1000 गौशालाएं बनाईं तो क्या पाप किया? पेंशन बढ़ाई तो क्या गलती? ये सब आपके सामने है।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
यहां के गुरुवयूर स्थित प्रसिद्ध श्री कृष्ण मंदिर के एक महावत को बुधवार को हाथी ने कुचलकर मार डाला। महावत रथीश, मंदिर परिसर के अंदर दोपहर के समय चंद्रशेखरन नामक हाथी को खाना खिलाने में लगा हुआ था।
हाथियों की देखरेख करने वाले अधिकारियों के अनुसार, चंद्रशेखरन (जिसका केवल एक दांत है) एक समस्याग्रस्त हाथी है। वह पिछले 26 वर्षों से उसी स्थान पर रह रहा है, जहां मंदिर के हाथियों को रखा जाता है।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शिवालाकलां थाना क्षेत्र के मालवा गांव में 45 वर्षीय महिला की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के आरोप में मां-बेटा और पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान तसलीम, खातून और नन्ही के रूप में हुई।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
भारत की जनगणना के फॉर्म में सरना आदिवासी धर्मावलंबियों की पहचान के लिए अलग 'धर्म कोड' की मांग को लेकर बुधवार को रांची में आदिवासियों की बड़ी रैली हुई। इसमें ऐलान किया गया कि अगर उनकी यह मांग नहीं मानी गई तो 30 दिसंबर को 'भारत बंद' बुलाया जाएगा।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को राज्य सरकार की मंजूरी के बिना चुनाव बाद हिंसा के मामलों में कथित तौर पर सीबीआई जांच आगे बढ़ाने और एफआईआर दर्ज करने के लिए पश्चिम बंगाल की दायर याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
दिल्ली हाईकोर्ट ने श्रद्धालुओं को यमुना नदी के किनारे छठ पूजा करने से रोकने के दिल्ली सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली एक याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया।
न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद ने कहा कि नदी में प्रदूषण रोकने के लिए रोक लगाई गई थी। याचिकाकर्ता सोसायटी, छठ पूजा संघर्ष समिति और पूर्वांचल जागृति मंच का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील ने याचिका खारिज करने की अदालत की इच्छा के जवाब में याचिका वापस लेने का फैसला किया।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
नासा द्वारा हाल ही में जारी सैटेलाइट इमेजरी ने दिल्ली में फैले जहरीले धुएं के खतरनाक प्रसार को उजागर किया है, जिससे विशेषज्ञों के बीच चिंताएं बढ़ गई हैं, जो अब इसे देश की राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण "संकट" के रूप में संदर्भित कर रहे हैं।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) के अनुसार, ईंधन, पानी और गेहूं के आटे की कमी के साथ-साथ कई लोगों को हुए नुकसान के कारण उत्तरी गाजा में मंगलवार तक कोई भी बेकरी नहीं चल रही है।
वर्तमान में गेहूं का आटा कथित तौर पर पूरे उत्तर गाजा के बाजार में उपलब्ध नहीं है।
विस्थापित लोगों का कहना है कि आश्रय स्थलों में कोई भोजन नहीं मिल रहा है।
ओसीएचए का कहना है कि लोगों को स्थानीय गैर सरकारी संगठनों और समुदाय-आधारित समूहों से सीमित सहायता मिल रही है और वह इसी पर निर्भर हैं।
गाजा में एकमात्र चालू मिल बिजली और ईंधन की कमी के कारण गेहूं पीसने में असमर्थ है।
7 अक्टूबर से अब तक जंग में ग्यारह बेकरियां नष्ट हो चुकी हैं।
बाजार में चावल, दालें और वनस्पति तेल जैसी आवश्यक खाद्य वस्तुएं लगभग खत्म हो गई हैं।
पिछले दो दिनों में पूरे गाजा में दुकानों से आटा, डेयरी उत्पाद, अंडे और मिनरल वाटर समेत खाने पीने की चीजें गायब हो गई हैं।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
इजरायल और हमास के बीच जंग जारी है। गाजा में इजरायल लगातार बमाबारी कर रहा है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा में इजरायली हवाई हमलों में 10,569 लोग मारे जा चुके हैं। इनमें 4,324 बच्चे भी शामिल हैं।
गाजा में अब तक 10,569 लोग मारे गए हैं। इनमें 4,324 बच्चे, 2,823 महिलाएं, 649 बुजुर्ग शामिल हैं। 26,475 घायल हुए हैं।
इजरायली हमलों में पिछले 24 घंटे में 214 लोगों की मौत हुई है।
कम से कम 2,550 लोग लापता हैं, जिनमें 1,350 बच्चे भी शामिल हैं।
193 चिकित्सा कर्मचारी मारे गए हैं और 45 एम्बुलेंस सेवा काम नहीं कर रहे हैं।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
छत्तीसगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी के नेता कहते हैं आदिवासियों को हिंदी सीखनी चाहिए, अंग्रेजी मत सीखिए। लेकिन आप किसी बीजेपी के नेता से पूछें कि आपका बच्चा कहां पढ़ता है? तो वे कहेंगे इंग्लिश मीडियम में पढ़ता है, आपका (भाजपा) बच्चा इंग्लिश मीडियम में पढ़ता है तो आदिवासी का बच्चा इंग्लिश मीडियम में क्यों नहीं पढ़ सकता है। हमने राज्य में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का जाल बिछा दिया है, ताकि हर युवा अंग्रेज़ी पढ़ सके। आपको विदेश जाना हो, डॉक्टर, इंजीनियर बनना हो तो अंग्रेज़ी आनी चाहिए लेकिन वे कहते हैं हिंदी पढ़े, क्यों? क्योंकि वे चाहते हैं कि आपके बच्चे अंग्रेज़ी न सीखें, विदेश से कोई आए तो आप उनसे बात न कर पाए। वे आपको नौकरी न दें पाए।"
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
पंजाब के तरनतारन जिले के एक गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की उनके घर में कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घटना का खुलासा बुधवार को हुआ।
मृतकों की पहचान इकबाल सिंह (55), पत्नी लखविंदर कौर (53) और भाभी सीता कौर (60) के रूप में हुई है। एक अधिकारी के मुताबिक, हत्या के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
परिवार के साथ 20 साल से काम कर रहे घरेलू सहायक ने कहा कि हमलावरों ने उसका अपहरण कर लिया और पिटाई करने के बाद सतलुज नदी में फेंक दिया। हालांकि, वह बच गया और घर लौट आया। वो अस्पताल में भर्ती है।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "महादेव ऐप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्या संलिप्तता है उन्हें बताना चाहिए क्योंकि महादेव ऐप बंद नहीं हुआ है। बीजेपी की क्या संलिप्तता है? प्रधानमंत्री क्यों इसे संरक्षण दे रहे हैं?"
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
मध्य प्रदेश में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "रामायण की एक कथा आपको मालूम होगी जहां अहिरावण ने चाल चली और भगवान राम और लक्ष्मण का अपहरण कर लिया। छल से दोनों को पाताल लोक लेकर गए और फिर हनुमान जी उन्हें लेने पाताल लोक गए। अहिरावण को हराया फिर भगवान राम और लक्ष्मण को वापस लेकर आए। इसका एक मुख्य संदेश है कि जब अन्याय होता है तो उससे हमें लड़ना है। 2018 में आपने एक सरकार चुनी और जिस तरह से अहिरावण ने भगवान राम और लक्ष्मण के साथ छल किया उसी तरह से आपके साथ हुआ है। कुछ बहरूपियों ने छल-कपट करके आप की सरकार का अपहरण किया। आज अगर आप हनुमान जी की तरह नहीं बनेंगे और अपने लिए नहीं लड़ेंगे तो कौन करेगा?"
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन और रक्षा सचिव लॉयड जे. ऑस्टिन III 5वीं भारत-अमेरिका 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता में भाग लेने के लिए 10 नवंबर को भारत का दौरा करेंगे। भारत और अमेरिका समसामयिक क्षेत्रीय मुद्दों का जायजा लेंगे और बहुपक्षीय प्लेटफार्मों और क्वाड जैसे ढांचे के माध्यम से सहयोग बढ़ाने के लिए साझा प्राथमिकताओं के बारे में विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर का भी अपने-अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने का कार्यक्रम है।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
इंडोनेशिया के सौमलाकी शहर मेंशक्तिशाली भूकंप आया है। भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया है कि भूकंप की तीव्रता 7.1 थी।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, "जातिगत जनगणना का चुनाव लाभ से कोई संबंध नहीं है, चुनाव के कारण हमने ऐसा नहीं सोचा। यह एक सामान्य मुद्दा है जिसे एक राजनीतिक दल द्वारा उठाया जाना चाहिए, कांग्रेस को ऐसा लगता है और इसीलिए हमने उस मुद्दे को उठाया।"
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "जाति आधारित जनगणना पर कल बिहार की विधानसभा में जो कुछ घोषणा किया गया है वह वास्तव में न्याय के साथ विकास के प्रति एक बढ़ता हुआ कदम है एक तरफ महागठबंधन की सरकार जो बिहार में है वो न्याय के साथ विकास का नारा दी है, न्याय के साथ विकास को सर जमीन पर उतार के दिखाया है। दूसरी तरफ जो दिल्ली में बैठे हुए लोग कहते हैं कि सबका साथ सबका विकास। साथ सबका लेने की कोशिश करते हैं लेकिन विकास किसी का नहीं करते हैं। ऐसे लोगों को इस बार बिहार की जनता खदेड़ेगी और बिहार में जाति आधारित जनगणना के बारे में रिपोर्ट प्रकाशित हुआ है और जिनकी आबादी जितनी है उनको उसी हिसाब से हिस्सेदारी दी जाएगी। ये न्याय के साथ विकास है।"
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा कल दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आज सभी संबंधित विभागों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत, राजस्व मंत्री आतिशी भी शामिल होंगी।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है। आनंद विहार में AQI 452, आरके पुरम में 433, पंजाबी बाग में 460 और ITO में 413 दर्ज किया गया।
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 08 Nov 2023, 7:56 AM IST