
मध्य प्रदेश में चुनाव से महज कुछ दिन पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। आज भितरवार विधानसभा के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता वृजेंद्र तिवारी कांग्रेस में शामिल हो गए। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में तिवारी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए।
रील बनाने वाले नोएडा पुलिस के एसएचओ लाइन हाजिर कर दिए गए और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। इस मामले में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी सेक्टर-126 को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया है और विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। दरअसल, नोएडा पुलिस के एक एसएचओ पर ही रील बनाने का फितूर चढ़ गया है। उन्होंने न सिर्फ रील, बल्कि पूरा गाना ही शूट कराया है। एक जाति विशेष के लिए गाए गए गाने में एसएचओ मुख्य किरदार निभा रहे हैं। एसएचओ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूत्र बताते हैं कि बिना अनुमति इस गाने की शूटिंग एसएचओ ने अपने थाना क्षेत्र में कराई है।नोएडा के सेक्टर-126 कोतवाली के एसएचओ अजय चाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अजय चाहर बतौर पुलिस निरीक्षक एक्टिंग कर रहे हैं। वीडियो को सेक्टर-126 क्षेत्र में बने फॉर्म हाउस में शूट किया गया है। इस वीडियो में जाति आधारित एक गाने के लिए शूटिंग की गई है। गाना रिलीज होने के बाद से वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। नोएडा डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो की जानकारी मिली है। वीडियो में सेक्टर-126 एसएचओ अजय चाहर रील बना रहे हैं। वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों को वीडियो के संबंध में अवगत करा दिया गया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने पर जाति जनगणना कराए जाने का वादा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान और 53 अफसर सरकार चलाते हैं। इन 53 अफसरों में सिर्फ एक पिछड़े वर्ग का है।
मणिपुर सरकार ने चार नागा आदिवासी बहुल पहाड़ी जिला मुख्यालयों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं से प्रतिबंध हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो 3 मई से राज्य में चल रही जातीय हिंसा से प्रभावित नहीं हैं।
दक्षिण दिल्ली के एक बाजार में धक्का-मुक्की के बाद चार लोगों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई घायल हो गए।
आज बेंगलुरु में खेले गए वर्ल्ड कप 2023 के मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी बेहद मजबूत कर ली। श्रीलंका ने 172 रन का टारगेट दिया था, जिसे कीवी टीम ने 23.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। टीम के लिए डेवॉन कॉन्वे ने 45, डेरेल मिचेल ने 43 और रचिन रवींद्र ने 42 रनों की पारी खेली। श्रीलंका के लिए एंजेलो मैथ्यूज ने 2 विकेट झटके। न्यूजीलैंड की इस जीत से पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है।
झारखंड में 65 लाख राशन कार्डधारकों को राज्य की सरकार प्रतिमाह एक रुपए की दर पर एक किलोग्राम चना दाल उपलब्ध कराएगी। इस योजना की शुरुआत 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर की जाएगी।
संसद का शीतकालीन सत्र इस बार 4 दिसंबर को शुरू होने जा रहा है और सत्र के 22 दिसंबर तक चलने की संभावना है। शीतकालीन सत्र के 19 दिनों में 15 बैठकें होंगी।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट कर बताया, "संसद का शीतकालीन सत्र, 4 दिसंबर से शुरू होगा और 22 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें 19 दिनों में 15 बैठकें होंगी।"
नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने नोएडा-एनसीआर में कारों के शीशे तोड़कर लैपटॉप व अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले संगठित ठक-ठक गैंग के दो शातिर चोर गिरफ्तार किए हैं।
उनके कब्जे से नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किये गये 21 लैपटॉप, 3 लैपटॉप चार्जर, 1 चोरी का आईकार्ड, चोरी की घटना में इस्तेमाल 2 गुलेल, 9 स्टील की गोलियां और एक मोटर साइकिल बरामद की गई है।
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान गुरुवार को राजपुर रोड स्थित रिलायंस के ज्वेलरी शोरूम में बदमाशों ने दस मिनट के अंदर पूरा शो रूम ही लूट लिया। बदमाशों ने 10 से 15 करोड़ की डकैती को अंजाम दिया। घटना के बाद से पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को निशाने पर लेते हुए कहा कि मेरी गलती थी कि मैंने इन्हें मुख्यमंत्री बना दिया, इनको कुछ ज्ञान नहीं है।
कोडरमा जिले के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र में नाना और नाती के अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 7 नवंबर को एफआईआर दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर घटना को अंजाम देने वाले 4 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि यह राजनीति की प्रकृति है कि लोग एक-दूसरे पर आरोप लगाते हैं। जीतन राम मांझी को नीतीश कुमार ने ही बिहार का सीएम बनाया था। दूसरी ओर बीजेपी आज विधानसभा में पास हुए बिल से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर लगे 'कैश फॉर क्वेरी' के आरोप पर एथिक्स कमेटी के अध्यक्ष विनोद सोनकर ने कहा, "महुआ मोइत्रा पर आरोप को लेकर कमेटी ने रिपोर्ट तैयार की है। आज बैठक में रिपोर्ट पर चर्चा हुई और इसे अपनाने की प्रक्रिया शुरू हुई। कल एक विस्तृत रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को सौंप दी जाएगी।''
राष्ट्रपति ने हाई कोर्ट के तीन मुख्य न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया है।सीजेआई डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र ने जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा, ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह और संदीप मेहता के नामों को मंजूरी दी। कॉलेजियम ने 7 नवंबर को हाई कोर्ट के इन तीन मुख्य न्यायाधीशों को शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की सिफारिश की थी।
सोम डिस्टिलरीज एंड ब्रुअरीज के कॉर्पोरेट कार्यालय और फैक्टरियों में आयकर विभाग द्वारा 7 नवंबर से तलाशी और जब्ती अभियान चलाई जा रही है। कंपनी ने एक शेयर बाजार को बताया, "कार्यवाही के दौरान कंपनी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है और उनके द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण और विवरण मुहैया करा रही है।"
उसने कहा, “कंपनी का व्यवसाय संचालन सामान्य रूप से जारी है और खोज के कारण प्रभावित नहीं हुआ है। हम समय-समय पर प्रकटीकरण के लिए अपने कानूनी दायित्व का पालन करेंगे और निकट भविष्य में जब भी स्थिति अनुकूल होगी आगे के घटनाक्रमों के बारे में जानकारी देते रहेंगे।”
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने गुरुवार को सेना द्वारा संचालित स्थानीय कमांड अस्पताल को पश्चिम बंगाल के गिरफ्तार मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक का इलाज तब तक जारी रखने का निर्देश दिया, जब तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) इस संबंध में वैकल्पिक व्यवस्था करता है।
बिहार विधानसभा से आरक्षण संशोधन विधेयक 2023 पेश किया गया। जिसे सर्व सम्मति से पास करा लिया गया। इसमें आरक्षण का दायरा बढ़ाकर 75% करने का प्रस्ताव है। राज्य के मुख्य विपक्षी दल बीजेपी ने बिल को अपना समर्थन दिया है।
प्रदूषण समीक्षा बैठक के बाद दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, "प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों, सचिवों और विभागाध्यक्षों को मौके पर रहने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन बादल छाए रह सकते हैं। अगले सप्ताह तक इसी तरह की हवा की स्थिति बने रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में हमें प्रदूषण के सोर्स को नियंत्रित करने पर ध्यान देना है।”
मध्य प्रदेश में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी किसानों से पैसा छीनती है। किसी भी किसान से पूछ लो, फसल बीमा योजना का पैसा आपको मिला? 30,000 करोड़ रुपये फसल बीमा योजना में गए। ये पैसा 16 कंपनियों को मिला। उन कंपनियों में न एक दलित है, न एक आदिवासी है और न एक OBC है। एक तरफ GST से आपका पैसा गया और दूसरी तरफ आपने अपना पैसा डाला जो 16 कंपनियों में गया।"
बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन के बेटे और पूर्व नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। आशुतोष टंडन उर्फ गोपालजी लखनऊ शहर ईस्ट से विधायक थे और लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। लखनऊ के मेदांता में उनका इलाज चल रहा था।
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर कहा, "हिमंत बिस्वा सरमा पहले कांग्रेस में ही थे। वह वहां (बीजेपी) जाकर खुद को सिद्ध करना चाहते हैं, लेकिन कुछ समय में उनकी अकल ठिकाने आ जाएगी। हिमंत बिस्वा सरमा ने जो बात कही है, वो RSS और बीजेपी में अपनी साख बढ़ाने की नासफल कोशिश के तहत कही है।"
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, "हमारी कोशिश है कि सबसे पहले हम दिल्ली में अपने सोर्सेज को नियंत्रित करें। जहां तक दूसरे राज्यों से आने वाले पराली या पटाखों के प्रदूषण की बात है तो मुझे भरोसा है कि सभी राज्यों ने अपनी कार्ययोजना बनाई होगी। मुझे लगता है कि सभी लोग सक्रिय होंगे तो उसका भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहां (पंजाब) भी लोगों से बात हो रही है।"
दिल्ली में प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली के सभी मंत्रियों की बैठक बुलाई है। बैठक आज दिल्ली सचिवालय में होगी। बैठक में वित्त एवं राजस्व मंत्री आतिशी, स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज, परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत, समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद और खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन मौजूद रहेंगे।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है।
जम्मू-कश्मीर के शोपियां के कैथोहलान इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन टीआरएफ से जुड़ा एक आतंकवादी मारा गया है। यह जानकारी कश्मीर जोन पुलिस ने दी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 09 Nov 2023, 8:03 AM IST