
मध्य प्रदेश में जबलपुर प्रशासन ने डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर कूलरों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। जिला मलेरिया अधिकारी राकेश पहाड़िया ने कहा कि कूलर में बचे पानी से लार्वा पैदा होते हैं। कूलर को सप्ताह में एक बार खाली करना चाहिए। जनवरी से अब तक 410 डेंगू के मरीज मिले हैं।
अमेरिकी कांग्रेस को अफगानिस्तान पर जानकारी देते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि जनवरी 2021 तक, तालिबान 9/11 के बाद से अपनी सबसे मजबूत सैन्य स्थिति में था और हमारे पास 2001 के बाद से अफगानिस्तान में सबसे कम अमेरिकी सेना थी। राष्ट्रपति बाइडेन के सामने युद्ध समाप्त करने या उसे आगे बढ़ाने में से एक को चुनने के विकल्प का सामना करना पड़ा।
एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि अगर बाइडेन ने अपने पूर्ववर्ती की प्रतिबद्धता का पालन नहीं किया होता, तो हमारी सेनाओं और हमारे सहयोगियों पर हमले फिर से शुरू हो जाते और अफगानिस्तान के प्रमुख शहरों पर तालिबान का राष्ट्रव्यापी हमला शुरू हो जाता।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने आगे कहा कि ऐसे में अफगानिस्तान में खुद को बचाने और तालिबान के कब्जे को रोकने के लिए अफगानिस्तान में काफी अधिक अमेरिकी सेना भेजने की आवश्यकता होती, जिसका परिणाम होता- हताहतों की और अधिक संख्या और इसके साथ ही गतिरोध को बहाल करना और अफगानिस्तान में अनिश्चित काल तक फंसे रहने की संभावना।
डीएमके ने तमिलनाडु की दो खाली राज्यसभा सीटों को भरने के लिए होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए पार्टी की मेडिकल विंग की सचिव डॉ कनिमोझी एनवीएन सोमू और नमक्कल (पूर्व) जिला प्रभारी केआरएन राजेशकुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि जिले में मंदिरों को गिराने से पहले लोगों को विश्वास में नहीं लेने के लिए मैसूर के डीसी और तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विवरण सदन के सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा।
सीएम बोम्मई ने आगे कहा कि पूरे राज्य में मंदिरों को गिराने के लिए जल्दबाजी में फैसला नहीं लेने का निर्देश जारी किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का विस्तृत अध्ययन और कैबिनेट बैठक में चर्चा के बाद स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि किसानों के आंदोलन को आंदोलन नहीं कहा जा सकता। आंदोलन में लोग तलवार नहीं लाते, लाठी का प्रयोग नहीं करते, और आंदोलन में लोगों के मार्ग को अवरुद्ध नहीं करते हैंं। वे धरने पर बैठते हैं और भूख हड़ताल करते हैं। इसे विरोध नहीं कहा जा सकता। आप इसे 'ग़दर' (विद्रोह) कह सकते हैं।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हम रविवार को रेस्तरां-दुकानें खोलने की भी अनुमति देने के लिए तैयार हैं। दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में 'दर्शन' पर प्रतिबंध जारी रहेगा लेकिन पूजा की अनुमति होगी। प्रसाद का वितरण नहीं किया जाएगा। अधिकतम 5 फीट ऊंची मूर्तियों की अनुमति होगी।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि बड़े धार्मिक स्थलों पर हर घंटे अधिकतम 100 श्रद्धालुओं को अनुमति दी जाएगी, छोटे धार्मिक स्थलों पर कुल क्षमता के 50 प्रतिशत श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। कोविड दिशानिर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। रात 11 बजे तक रेस्टोरेंट की अनुमति होगी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाक के संगठित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पाक प्रशिक्षित दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि संदिग्ध देश भर में लक्षित हत्याओं और विस्फोटों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाक के संगठित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पाक प्रशिक्षित दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अयोध्या में तिरंगा संकल्प यात्रा निकाली।
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ हाल ही में कुशीनगर में एक जनसभा में अब्बा जान वाली टिप्पणी के लिए जिला अदालत में याचिका दायर की है।
PM के जन्मदिन पर बिहार में वैक्सीनेशन मेगा ड्राइव शुरू किए जाने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि 16 जनवरी से इनका का लक्ष्य था कि 6 महीने में 6 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाएंगे। अब तक कितना हुआ? सरकार ने कोई डेटा उपलब्ध नहीं कराया है? क्या एक दिन के लिए सारे दिनों का वैक्सीनेशन रोक दिया गया?
गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 20 टीमें हैं। इनमें से 18 टीमें को मौसम विभाग के अनुसार जहां-जहां बारिश होने की संभावना है वहां पर हमने टीमें तैनात की हैं। 2 टीमें रिज़र्व में हैं। यह जानकारी एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रणविजय सिंह सिंह ने दी।
तमिलनाडु प्लस टू की परीक्षा में 600 में से 562 अंक हासिल करने वाली एक छात्रा कनिमोझी ने अरियालुर जिले के संतमपडी गांव में कथित तौर पर इस डर से आत्महत्या कर ली कि वह राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी) में वो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “आज से एक साल पहले हाथरस में बलात्कार की भयावह घटना घटी थी और यूपी सरकार ने परिवार को न्याय और सुरक्षा देने की बजाय धमकियां दीं थीं और उनसे बेटी के ससम्मान अंतिम संस्कार का हक भी छीन लिया था। सरकार के अधिकारियों और बीजेपी के नेताओं ने बयान देकर "बलात्कार" न होने जैसी बातें कहीं थीं और पूरी सरकारी मशीनरी की ऊर्जा पीड़िता का चरित्र हनन करने में खर्च की गई थी।”
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, “महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर इतना खराब रुख रखने वाली सरकार के मुखिया से आप संवेदनशीलता की आस रख भी कैसे सकते हैं? वैसे भी यूपी के मुख्यमंत्री महिला विरोधी सोच के अगुआ हैं। वो कह चुके हैं कि "महिलाओं को स्वतंत्र नहीं होना चाहिए।"
पश्चिम बंगाल बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह ने एक ट्वीट में कहा है कि 8 सितंबर को मेरे घर के सामने बम फेंके गए थे और आज सुबह घर के पीछे। उन्होंने कहा, “एनआईए की जांच अभी शुरू नहीं हुई है तब तक ये दूसरा हमला है। सत्ताधारी पार्टी एनआईए को भी चैलेंज कर रही है कि तुम क्या जांच करोगे। पुलिस वाले वहां रहने वाले लोगों को परेशान कर रहे हैं। पुलिस अपराधियों के पीछे नहीं जा रही है।”
महाराष्ट्र के अमरावती में बड़ा हादसा हुआ है। नाव पलटने से 11 लोगों की मौत की खबर है। अभी भी 8 लोग लापता हैं। हादसा अमरावती में मौजूद वर्धा नदी में हुआ। फिलहाल प्रशासन द्वारा गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
गुजरात में भारी बारिश के बाद राजकोट के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। प्रभावित लोगों के लिए बचाव अभियान जारी है।
एसपी ने बताया, “भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया है। पुलिस, फायर विभाग, NDRF, SDRF और अन्य टीमें मिलकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। कल तक हमने पूरे ज़िले से 3000 से ज़्यादा लोगों को स्थानांतरित किया है।”
मेरठ में बढ़ते मामलों को लेकर मेरठ के मुख्य चिकित्सक अधिकारी अखिलेश मोहन ने कहा, “हमारे यहां अब तक डेंगू के 94 मामले सामने आए हैं जिसमें से 51 सक्रिय मामले हैं और 43 लोग रिकवर हो चुके हैं। हमारे यहां 1400 टीमें घर-घर जाकर लोगों के बुखार आदि की पहचान कर रही है।”
तीन दिनों तक भारी बारिश के मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर एनडीआरफ के डिप्टी कमांडेंट रणविजय सिंह ने कहा, “गुजरात में 20 टीमें हैं जिसमें से 18 टीमें को मौसम विभाग के अनुसार जहां-जहां बारिश होने की संभावना है वहां पर हमने तैनात की हैं। 2 टीमें रिजर्व में हैं।”
उन्होंने कहा, “अब तक 39 लोगों को बचाया गया है और 11 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है साथ ही 1 शव बरामद किया गया है। अभी 2 टीमें राजकोट में और 1 टीमें पोरबंदर में बचाव अभियान कर रही है।”
लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “योगी सरकार को अपना चुनाव चिन्ह बुलडोजर रख लेना चाहिए। ये सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि इनके पास बुलडोजर है। अभी बुलडोजर इधर चल रहा है स्टेयरिंग घूम जाएगा तो बुलडोजर किधर चलेगा?”
दिल्ली के इंद्रलोक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में आग लग गई है। दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
देश की जनता को महंगाई का झटका लगा है। अगस्त के महीने में देश का थोक मूल्य सूचकांक बढ़कर 11.39 फीसदी पर जा पहुंचा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, ईंधन और बिजली की कीमतों में तेजी के कारण थोक महंगाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली हिंसा के दौरान एक मामले में दो आरोपियों सादिक और इरशाद अली की जमानत याचिका खारिज कर दी है। जमानत पाने वालों में आरोपी व्यक्ति शाहनवाज और मो. अय्यूब शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें यह निर्देश देने की मांग की गई थी कि 60 वर्ष की आयु के भीतर या किसी अन्य तरीके से मरने वाले वकीलों के परिवार के सदस्य को तत्काल प्रभाव से 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
लखनऊ जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने कहा, “प्रतिदिन का हमारा औसत 45-50 हज़ार डोज़ का है। इसे तेज करने के लिए हमने मोबाइल वैक्सीनेशन वैन को शुरू किया जा रहा है। ऐसे 23 मोबाइल वैन शुरू किए जा रहे हैं। दुरस्त क्षेत्रों में जिन लोगों को किसी कारण से असुविधा है, उनके लिए घर पर वैक्सीन दी जाएगी।”
केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा, “राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय की मांग लगातार उठती रही है। वे जाट समाज से थे इसीलिए जाट समाज में ये मांग ज़्यादा थी और होनी भी चाहिए। आधारशिला प्रधानमंत्री रखने जा रहे हैं, शिक्षा के क्षेत्र में एक अच्छा योगदान शुरू होने जा रहा है।”
उत्तराखंड के उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया, “उत्तरकाशी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन के चलते सुक्खी टॉप इलाके के पास गंगोत्री हाईवे बंद है। सीमा सड़क संगठन द्वारा हाईवे को फिर से खोलने के लिए काम किया जा रहा है:
गुजरात के जामनगर, राजकोट और जूनागढ़ में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे स्थिति हो गई है। सबसे बुरा हाल जामनगर का है। यहां 35 गांवों का संपर्क कट गया है। एनडीआरएफ की 6 टीमें और वायुसेना के 4 हेलिकॉप्टर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं, ताकि बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आप सभी को हिन्दी दिवस की ढेरों बधाई। हिन्दी को एक सक्षम और समर्थ भाषा बनाने में अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। यह आप सबके प्रयासों का ही परिणाम है कि वैश्विक मंच पर हिन्दी लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है।”
महाराष्ट्र के ठाणे के माजीवाड़ा में कपूरबावडी-नासिक फ्लाईओवर पर कल रात एक ट्रक, ऑटो-रिक्शा से टकरा गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी ठाणे नगर निगम ने दी है।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 25,404 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 37,127 लोग डिस्चार्ज हुए और 339 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में वायरल बुखार और डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। मेडिकल कॉलेज के प्रधान अधीक्षक ने बताया, "डेंगू के मरीजो के लिए अलग से वार्ड बनाए गए हैं। यहां 3 मरीज डेंगू के हैं बाकि बुखार के मरीज है।"
अफगानिस्तान में तालिबान के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ता जा रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं तालिबान के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही हैं। ऐसे विरोध-प्रदर्शनों को तालिबान हथियार के बल पर तबाने की कोशिश में जुटा है। ऐसे ही एक तस्वीर काबुल से सामने आई है, जहां तालिबानी एक महिला को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। यह महिला काबुल के करत-ए-चार इलाके में हो रहे प्रदर्शन में शामिल थी। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान तालिबानियों ने महिला को घेर लिया और उसके ऊपर लाठी-कोड़े बरसाने लगे।
प्रधानमंत्री मोदी के उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ दौरे से पहले नोएडा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। नोएडा जोन के डीसीपी राजेश एस. ने बताया, "नोएडा जोन में अलग-अलग जगह चेकिंग की जा रही है। बॉर्डर एरिया के साथ-साथ मेट्रो स्टेशनों के आसपास भी चेकिंग की जा रही है।"
मध्य प्रदेश के इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बी.एस. सैत्या ने कहा, “कल डेंगू के 17 नए मामले सामने आए हैं जिन्हें मिलाकर अभी तक कुल 139 मामले सामने आ चुके हैं। डेंगू की रोकथाम के लिए लार्वा सर्वे चल रहा है। कोविड के कल 6 नए मामले सामने आए, कोविड के अभी कुल 36 सक्रिय मामले हैं।”
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने कहा, “ग्वालियर में डेंगू के मरीजों का कुल आंकड़ा 55 है जिसमे 11 मरीज बाहर के हैं। रोकथाम के लिए हमने अपनी लार्वा टीम को सतर्क किया है। जिन 46 गांवों में बाढ़ आई थी वहां लार्वा का सर्वे करवा रहे हैं।”
कोरोना वैक्सीनेशन के मोर्चे पर परेशान करने वाली खबर है। एक स्टडी आईसीएमआर-रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (भुवनेश्वर) के मुताबिक, कोवैक्सीन और कोविशील्ड लगवाने वालों के अंदर दो-तीन महीनों बाद एंटीबॉडीज का स्तर कम होने लगता है। स्टडी में पाया गया है कि जिन्होंने कोवैक्सीन की दोनों डोज ले रखी थीं, उनमें दो महीने के बाद एंटीबॉडीज कम होने लगीं। वहीं, कोविशील्ड लेने वाले लोगों के अंदर तीन महीनों के बाद एंटीबॉडीज घटने लगीं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 14 Sep 2021, 7:59 AM IST