
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने कहा कि हमने अन्य जगहों पर साबित किया है कि हम जमीन पर स्थायी सैन्य उपस्थिति के बिना आतंकवाद को दबा सकते हैं और हम अफगानिस्तान में ठीक वैसा ही करने का इरादा रखते हैं।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर की तैयारी में आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को सरकारी अस्पतालों में पीएचसी से लेकर सीएचसी और शिक्षण अस्पतालों में डॉक्टरों की भर्ती पूरी करने को कहा है। सीएम ने दोहराया कि प्रक्रिया 90 दिनों के भीतर पूरी की जानी चाहिए।
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के गुरुद्वारा परवन साहिब में फंसे हिंदू और सिख समुदाय के लोगों के एक दल को तालिबान ने सुरक्षा का आश्वासन दिया है। अफगानिस्तान में तेज से बदले हालात के बीच 300 से अधिक हिंदू और सिख काबुल के गुरुद्वारे में फंसे हुए हैं।
चंडीगढ़ प्रशासन ने बताया कि केंद्रशासित क्षेत्र से रात का कर्फ्यू पूरी तरह से वापस ले लिया गया है। सभी रेस्तरां/बार 50% क्षमता के साथ सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक खुले रह सकते हैं। सार्वजनिक परिवहन के लिए यात्रियों की 50% क्षमता का प्रतिबंध वापस ले लिया गया।
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि हम अपने पड़ोसियों और क्षेत्रीय देशों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम दुनिया के किसी भी देश के खिलाफ अपने क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं होने देंगे। वैश्विक समुदाय को निश्चिंत होना चाहिए कि हम प्रतिबद्ध हैं कि आपको हमारी धरती से किसी भी तरह से नुकसान नहीं होगा।
अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद तालिबान ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिदी ने भरोसा दिया है कि वह किसी भी अंतरराष्ट्रीय दूतावास या संस्था को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। प्रवक्ता ने कहा कि तालिबान सरकार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय की तरफ से मान्यता दी जानी चाहिए।
अफ़ग़ानिस्तान के पहले उपराष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह ने खुद को देश का कार्यवाहक राष्ट्रपति घोषित किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वो सभी नेताओं का समर्थन और आम सहमति हासिल करने की कोशिश में लगे हुए हैं।
गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) अरप्पोर इयक्कम ने पूर्व अन्नाद्रमुक सरकार में मंत्री रहे केसी वीरामणि के खिलाफ सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई है। एनजीओ ने कहा कि वह शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में काम कर रहा है।
वेंकटेशन ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि पूर्व अन्नाद्रमुक सरकार में मंत्री रहे वीरामणि ने 2011-21 के बीच अपनी आय के स्रोतों से लगभग 76.65 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने कहा कि यह भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत अपराध है।
नाव आयोग 13 सितंबर को तमिलनाडु की तीन खाली राज्यसभा सीटों में से एक के लिए उपचुनाव कराएगा। 23 मार्च को अन्नाद्रमुक के राज्यसभा सदस्य ए. मोहम्मदजान के निधन के बाद खाली हुई सीट के लिए मतदान होगा।
चुनाव आयोग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 31 अगस्त नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी, जिसकी स्क्रूटनी 1 सितंबर को होगी। अधिसूचना 24 अगस्त को जारी की जाएगी, जबकि मतदान 13 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे होगी।
तालिबान के कब्जे के बाद अफगानिस्तान के हालात को लेकर पीएम आवास पर 7 लोक कल्याण मार्ग पर इस समय बड़ी बैठक हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एनएसए अजित डोभाल मौजूद हैं। वृत्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी बैठक में हैं।
120 भारतीय जिनको काबुल से भारत वापस लाया गया है वह गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पहुंच चुके हैं। बता दें कि सी-17 ग्लोबमास्टर प्लेन से इन लोगों को लाया गया था। इनको थोड़ा आराम करवाने के लिए पहले गुजरात के जामनगर रोका गया था, अब वहां से इन्हें हिंडन एयरबेस लाया गया। वापस आने वालों में भारतीय दूतावास के कर्मचारी, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी और कुछ भारतीय पत्रकार हैं।
वर्तमान में अफगानिस्तान में महिलाओं और बच्चों सहित 41 केरलवासियों ने अनिवासी केरल मामलों (नोरका) विभाग से संपर्क किया है और उन्हें तत्काल निकालने के लिए मदद मांगी है। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नोरका विभाग के प्रमुख और प्रिंसिपल सेक्रेटरी के. एलंगोवन ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्रालय के सचिव (कांसुलर, पासपोर्ट, वीजा सेवाएं और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के कार्यालय) संजय भट्टाचार्य को पत्र लिखकर केरलवासियों को तत्काल निकालने की मांग की है।
रूस अफगानिस्तान के मौजूदा हालात के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। रूस के विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका के सैनिकों के अफगान से निकलने के बाद हालात खराब हुए हैं।
फेसबुक ने घोषणा की है कि उसने तालिबान और उसके मंच से विद्रोहियों का समर्थन करने वाले सभी कंटेंट पर प्रतिबंध लगा दिया है क्योंकि वह समूह को एक आतंकवादी संगठन मानता है। बीबीसी ने बताया कि कंपनी का कहना है कि उसके पास समूह से जुड़े कंटेंट की निगरानी और हटाने के लिए अफगान विशेषज्ञों की एक समर्पित टीम है।
ओलंपिक की तरह ही आगामी टोक्यो 2020 पैरालंपिक खेलों का भी दर्शकों के बिना आयोजन किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति जापान सरकार और टोक्यो मेट्रोपॉलिटन सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के लिए सहमत हो गई है।
जापान में 10.14 लाख कोविड मामले होने और अब तक 15,408 मौतों के साथ, पैरालंपिक खेलों के दौरान प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक कड़े उपाय किए जाएंगे।
यह अंतर्राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति (आईपीसी) के बीच एक चार-पक्षीय दूरस्थ बैठक के दौरान निर्णय लिया गया था। इस बैठक में आईपीसी के अलावा टोक्यो 2020 आयोजन समिति, टोक्यो मेट्रोपॉलिटन सरकार और जापान सरकार ने हिस्सा लिया।
आईपीसी ने अपने बयान में कहा, जापान के कई प्रांतों में वर्तमान संक्रमण की स्थिति अच्छी नहीं है। इसलिए इन प्रान्तों में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक कड़े उपाय किए जाएंगे। इन आयोजनों के लिए कोई दर्शक स्टेडियम में नहीं जा सकेगा।
करीब 1,800 लड़कियों सहित लगभग 5,000 से अधिक अफगान छात्र-छात्राएं भारत में अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि तालिबान के कब्जे के बाद उनकी मातृभूमि पर स्पष्ट रूप से संकट मंडरा रहा है।
भारत भर के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले अनुमानित 11,000 से अधिक अफगान छात्रों में से, लगभग 5,000 का सबसे बड़ा हिस्सा अकेले महाराष्ट्र में है।
अफगान स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ पुणे (एएसएपी) के अध्यक्ष वली आर रहमानी ने आईएएनएस को बताया, "करीब 3,000 पुणे में हैं, कुछ 700 मुंबई में हैं और बाकी राज्य के विभिन्न शहरों में फैले हुए हैं।"
इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (आईसीसीआर) के आंकड़ों के अनुसार, 2,500 से कम छात्र यहां सरकारी छात्रवृत्ति पर हैं, और उन्हें चिंता का कोई कारण नहीं है।
असम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुवाहाटी में सभी उत्तर पूर्वी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और अधिकारियों के साथ कोरोना की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
अपर मुख्य अधिकारी ज़िला पंचायत अलीगढ़ मनोज शर्मा ने कहा, “कल बोर्ड की बैठक में हवाई अड्डे का नाम कल्याण सिंह के नाम पर रखने और अलीगढ़ का नाम 'हरिगढ़' करने का प्रस्ताव दिया है। प्रस्ताव ब्लॉक प्रमुखों ने दिया। इनकी मांग पंचायती विभाग को भेजेंगे, आगे की कार्यवाही नियमानुसार वहीं से होगी।”
उत्तराखंड के देहरादून में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “अजय कोठियाल को आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाया जाए। ये वो शख्स हैं जिन्होंने फौज में रहकर देश सेवा की। जान की बाज़ी लगाकर पाकिस्तान और आतंकवादियों का सामना किया। उत्तराखंड के लोगों को ऐसे देशभक्त की जरूरत है।”
गुजरात के जामनगर पहुंचने के बाद अफगानिस्तान में भारतीय दूत रुद्रेंद्र टंडन ने कहा, “वापस लाए जाने वाले भारतीय नागरिक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करा रहे हैं। हमने सलाह दी है कि ये जरूरी है कि भारतीय नागरिक भारतीय दूतावास में अपना रजिस्ट्रेशन कराएं ताकि ऐसे वक्त में हम उन्हें वापस ला पाएं।”
केरल के तिरुवंबाडी में राहुल गांधी ने कहा, “देशभर में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है। मैं उनके प्रदर्शन को पूरी तरह समझता हूं। ये कृषि कानून मूल रूप से भारतीय कृषि क्षेत्र की रीढ़ को नष्ट कर देंगे। हमारा कृषि क्षेत्र किसानों की बजाय 2-3 बड़े उद्योगपतियों के हाथ में चला जाएगा।”
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “किसान की उपज खरीदने की एक प्रणाली है और उस प्रणाली में कुछ ख़ामियां हैं जिसमें सुधार करना चाहिए लेकिन सरकार इसे नष्ट कर रही है। सरकार मंडियों को नष्ट कर रही है। जिसका सीधा असर न केवल किसानों पर परन्तु देश के मध्यम वर्ग और देश की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिरता पर पड़ेगा।”
अफगानिस्तान पर कब्जा कर चुके तालिबान ने भारत को लेकर एक बार फिर बयान दिया है। तालिबान ने कहा कि भारत को अफगान में अपने प्रोजेक्ट्स को पूरा करना चाहिए। एक अनुमान के मुताबिक, भारत ने अफगानिस्तान में तीन अरब डॉलर की विकास परियोजनाओं पर निवेश किया है।
पाकिस्तान के चैनल 'हम न्यूज' से बातचीत करते हुए तालिबान प्रवक्ता सुहैल शाहीन ने कहा कि किसी भी देश को अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल दूसरों के खिलाफ नहीं करने दिया जाएगा। शाहीन ने कहा कि भारत अफगानिस्तान में अपनी अधूरी पुनर्निर्माण और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा कर सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने पेगासस के कथित इस्तेमाल की अदालत की निगरानी में जांच की मांग करने वाली जनहित याचिकाओं पर केंद्र को नोटिस जारी किया है। न्यायालय ने केंद्र से 10 दिन के अंदर जवाब देने को कहा है।
वहीं, केंद्र की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा है कि हमारे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। ये राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, “तालिबान दूसरे देशों के लिए भी परेशानी पैदा करेगा। हमने पिछले 7 सालों में आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। सीमा पार आतंकवाद की स्थिति को नियंत्रण करने में भारत अपने आप में मजबूत और आत्मनिर्भर है।”
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “प्रधानमंत्री टोक्यो ओलंपिक में जा रहे पैरालंपिक खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और उनका मार्गदर्शन करने के लिए हमारे बीच उपस्थित हुए हैं। प्रधानमंत्री के निर्देश पर खेल मंत्रालय ने सुनिश्चित किया कि हमारे खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जा सके।”
भारतीय राजदूत समेत अन्य नागरिकों को लेकर काबुल से निकला वायुसेना का विमान गुजरात के जामनगर पहुंच गया है। इस विमान से करीब 120 लोगों को सुरक्षित अफगानिस्तान से भारत लाया गया है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में विधानसभा के बाहर समाजवादी पार्टी के विधायकों ने महंगाई और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सपा विधायक ने कहा, ''हम लोग यहां बेरोज़गारी, नौजवानों के साथ अत्याचार, किसानों का उत्पीड़न और आजम खान पर फर्जी मुकदमों के विरोध में बैठे हैं।''
भारतीय वायुसेना का C-17 विमान आज सुबह काबुल से रवाना हुआ है। भारत का यह एयरक्राफ्ट अमेरिकी सैनिकों द्वारा एयरपोर्ट पर मुहैया कराई गई सुरक्षा के बीच से निकला है। काबुल एयरपोर्ट को सुबह ही अमेरिकी एजेंसियों ने दोबारा खुलवाया है। विमान में करीब 120 लोगों को वापस लाया जा रहा है। भारतीय राजदूत आर. टंडन समेत अन्य स्टाफ को भी काबुल से वापस लाने का फैसला किया गया है। इनके अलावा वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी जल्द से जल्द भारत वापस लाया जा रहा है।
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल सैकड़ों भारतीय फंसे हुए हैं। यह भारतीय स्वदेश लौटना चाहते हैं। काबुल की एक फैक्ट्री में फंसे करीब 18 भारतीय कर्मचारियों ने कहा कि उनकी कंपनी ने पासपोर्ट रख लिया है और उन्हें वापस जाने नहीं दे रही है। फंसे हुए कर्मचारियों का कहना है कि अभी किसी तरह सिर्फ हम अपनी कंपनी में सेफ हैं, लेकिन हम सरकार से कहना चाहते हैं कि वो हमें निकालें।
इनमें यूपी के चन्दौली के रहने वाले कर्मचारी ने कहा कि भारत सरकार से अपील है कि हमें यहा से किसी तरह से निकाले, ताकि हम अपने घर पहुंच सकें। कर्मचारी का कहना है कि उनके परिजन घर पर रो रहे हैं, हमारे लिए परेशान हैं क्योंकि हालात यहां पर ठीक नहीं हैं।
ड्राई फ्रूट रिटेलर्स एसोसिएशन जम्मू के अध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने कहा, “अफगानिस्तान से बादाम, अंजीर, पिस्ता आता है। एक हफ्ते के अंदर ही दाम 200-250 रुपये प्रति किलो बढ़े हैं। 15-20 दिन से कोई माल नहीं आ रहा। रक्षाबंधन आ रहा है और बरसात का मौसम भी है इसलिए सूखे फलों की मांग और बढ़ गई है।”
न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान ने काबुल से 120 से अधिक भारतीय अधिकारियों के साथ उड़ान भरी है। कर्मचारियों को कल देर शाम हवाई अड्डे के सुरक्षित इलाकों में सुरक्षित पहुंचा दिया गया था।
अफगानिस्तान की मौजूदा स्थिति की वजह से सूखे फलों का आयात प्रभावित हुआ है। जम्मू में सूखे फलों के दाम बढ़ गए हैं। एक व्यक्ति ने बताया, ''कुछ दिन पहले खरीदारी की थी, आज उससे दोगुने दाम पर मिल रहे हैं। बाजार में इस तरह उछाल आना आम ग्राहकों के बजट से बाहर जाएगा।''
टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा अपने पानीपत के समालखा पहुंचे। यहां से वे अपने गांव जाएंगे। उन्होंने कहा, "मैं अपनी मेहनत जारी रखूंगा, परन्तु मुझे लगता है कि ये मेडल उन बच्चों को काफी प्रेरित करेगा जो गेम कर रहे हैं।"
बीएसएफ राजस्थान के आईजी पंकज घूमर ने कहा, “जम्मू और पंजाब एरिया में ड्रोन का खतरा सामने आ चुका है। राजस्थान एरिया में भी इसे खारिज नहीं किया जा सकता। जो गांव बॉर्डर के नजदीक हैं, उनमें ज्यादा ख़तरा है। ऐसे इलाकों को हमने अलर्ट किया है।”
मध्य प्रदेश के सिंगरौली में एक 60 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। एएसपी अनिल सोनकर ने बताया, "एक आदिवासी महिला के साथ 5 लोगों द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया। सभी आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया गया है। 5 आरोपियों में से 2 नाबालिग हैं।"
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 639 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 49,350 है जिसमें 9,510 सक्रिय मामले, 39,656 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 184 मौतें शामिल हैं।
अफगानिस्तान में जो भारतीय फंसे हुए हैं और भारत वापस लौटना चाहते हैं वे सुरक्षित इलाके में हैं। उन्हें एक या दो दिन में सुरक्षित भारत वापस लाया जाएगा। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 17 Aug 2021, 8:00 AM IST