
केरला के पलक्कड़ के कोंगड से विधायक केवी विजयदास का आज निधन हो गया। सीएम पिनाराई विजयन ने कहा कि उनका असामयिक निधन किसान और कम्युनिस्ट आंदोलन का एक बहुत बड़ा नुकसान है। एक किसान परिवार से सार्वजनिक क्षेत्र में आते हुए उन्होंने किसानों के कल्याण के लिए निस्वार्थ भाव से काम किया। विजयदास एक ऐसे नेता थे जिन्होंने पलक्कड़ जिले में सीपीआई (एम) के विकास में एक महान योगदान दिया।
कोरोना वैक्सीनेशन के बाद उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में सामने आए मौत के दो मामलों पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सफाई दी है। मंत्रालय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में वैक्सीन लेने के बाद हुई 52 वर्षीय शख्स की मौत हृदय और फेफड़े की बीमारी के चलते हुई। वहीं, कर्नाटक के बेल्लारी में 43 वर्षीय शख्स की मौत भी हृदय और श्वारस संबंधी समस्या के चलते हुई है।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को पत्र लिखकर कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम का विस्तार करने की मांग करते हुए जजों, न्यायिक कर्मियों और कानूनी बिरादरी से जुड़े लोगों को भी इसमें शामिल करने की अपील की है।
विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान संगठनों के साथ मोदी सरकार की 19 जनवरी को होने वाली बैठक टल गई है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने बताया कि अब यह बैठक 20 जनवरी को दोपहर बाद 2 बजे होगी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को फोन पर धमकी मिलने की शिकायत पर आईपीसी की धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने कहा कि वाशिंगटन डीसी के एक क्षेत्र में छोटी सी आग की घटना हुई थी, जिसे बुझा दिया गया है। सतर्कता के तहत अमेरिकी संसद भवन कैपिटल कॉम्प्लेक्स को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। जनता को कोई खतरा नहीं है।
अमेरिकी संसद कैपिटल को लॉकडाउन कर दिया गया है। बाहरी सुरक्षा खतरे के बाद संसद भवन में किसी के भी प्रवेश और निकास को बंद कर दिया गया है।
वेब सीरीज तांडव की टीम ने सफाई जारी करते हुए माफी मांगी है। वेब सीरीज के डायरेक्टर अली अब्बास जफर ने ट्वीट कर लिखा कि अगर किसी की भावनआों को चोट पहुंची है तो खेद है।
रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी की कथित व्हाट्सऐप चैट्स सामने आने के बाद अब उनकी मुसीबत बढ़ने वाली है। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने सोमवार को कहा कि अर्नब को दो साल पहले बालाकोट में किए गए हमले की पहले से ही जानकारी थी। इतनी सेंसिटिव बातें अर्नब को कैसे पता चलीं यह बड़ा सवाल है। देशमुख ने कहा कि इस मामले में कल यानी मंगलवार को कैबिनेट मीटिंग है, उसके बाद निर्णय लिया जाएगा।
कोरोनावायरस टीकाकरण को लेकर लोगों में कई तरह की आशंकाएं बनी हुई हैं। इस बीच एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने सोमवार को भरोसा दिया कि वैक्सीन से किसी व्यक्ति की मृत्यु नहीं होगी। राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू हुआ था और पहले दो दिनों के दौरान टीकाकरण के बाद प्रतिकूल प्रतिक्रिया (एईएफआई) के 447 मामले सामने आए हैं, जिसमें से अधिकांश तो मामूली साइड इफेक्ट थे, जबकि तीन रोगियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
ऑस्ट्रेलियाई स्वास्थ्य मंत्री ग्रेग हंट ने कहा कि देश कोविड-19 के खिलाफ फाइजर-बायोएनटेक एमआरएनए वैक्सीन के टीकाकरण के बाद 29 बुजुर्ग नॉर्वेजियन रोगियों की मौतों पर तत्काल सूचना मांग रहा है। हंट ने रविवार को कहा कि ऑस्ट्रेलियन चिकित्सीय प्रशासन कंपनी के साथ ही नॉर्वे के चिकित्सा नियामक से भी अतिरिक्त जानकारी मांगेगा। ऑस्ट्रेलिया ने फाइजर वैक्सीन की एक करोड़ खुराक के लिए एक समझौता किया है।
सिडनी मॉर्निग हेराल्ड (एसएमएच) की एक रिपोर्ट के अनुसार, नॉर्वेजियन मेडिसिंस एजेंसी (नोमा) ने कहा है कि वे इस संभावना से इंकार नहीं कर सकते हैं कि बुखार और मिचली सहित टीकाकरण के दुष्प्रभावों ने मौतों में योगदान दिया है, मगर यह भी देखने वाली बात है कि देश में ऐसे बुजुर्ग लोगों का टीकाकरण किया गया है, जिन्हें गंभीर बीमारियां थीं।
'तांडव' वेब सीरीज विवाद प्रकरण में आगे की कार्रवाई के लिए यूपी पुलिस के तेजतर्रार 4 अफसरों की एक टीम मुंबई के लिए रवाना हो गई है। बताया जा रहा है कि टीम 'तांडव' के डायरेक्टर अली अब्बास जफर से इस मामले में पूछताछ करेगी।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक 46 वर्षीय सरकारी अस्पताल के कर्मचारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि उसकी मौत कोविड वैक्सीन लगवाने से नहीं बल्कि 'कार्डियोपल्मोनरी डिजीज' के कारण कॉर्डियोजेनिकशॉक/सेप्टिसेमि शॉक की वजह से हुई थी। गौरतलब है कि कोविड वैक्सीन लगवाने के 24 घंटे बाद रविवार शाम को स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई थी। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा है कि उसकी मौत का टीकाकरण से कोई लेनादेना नहीं है।
सीने में अकड़न और सांस फूलने की शिकायत के बाद वार्ड बॉय महिपाल सिंह की मौत हो गई। उनके परिवार के अनुसार, वह टीका लेने से पहले अस्वस्थ थे। मृतक के बेटे ने संवाददाताओं को बताया कि टीकाकरण से पहले वह अस्वस्थ हो गए थे, लेकिन टीका लगवाने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई।
वेब सीरीज तांडव में आपत्तिजनक दृश्यों तथा डायलॉग को लेकर मचे बवाल के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी धार्मिक व जातीय भावना को आहत करने वाले कुछ दृश्यों को हटाने की अपील की है। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने सोमवार को ट्वीट कर लिखा कि, ताण्डव वेब सीरीज में धार्मिक व जातीय आदि भावना को आहत करने वाले कुछ ²श्यों को लेकर विरोध दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके सम्बंध में जो भी आपत्तिजनक है उन्हें हटा दिया जाना उचित होगा ताकि देश में कहीं भी शान्ति, सौहार्द व आपसी भाईचारे का वातावरण खराब न हो।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि वो नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी। सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने ये ऐलान किया।
इटावा जिले के जसवंतनगर क्षेत्र में तमेरा की मडैया गांव के पास दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार के साथ आ रही राजधानी एक्सप्रेस से टकराने के बाद आठ गायों की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य घायल हो गए हैं। यह घटना रविवार को जसवंतनगर और बलराई रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। गांववालों का कहना है कि जिस वक्त राजधानी एक्सप्रेस मवेशियों से टकराई, उस वक्त ये पटरी के पास चर रहे थे। आठ गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह को गंभीर चोटें आई हैं।
गेटमैन और ग्रामीणों ने जसवंतनगर की ज्योत्सना बंधु सहित जिले के अधिकारियों को सूचना दी, जो मौके पर तुरंत पहुंचे। पुलिस ने कहा कि एसडीएम ने गायों को बचाए जाने के काम पर गौर फरमाया और इसी के मद्देनजर छह घायल मवेशियों को इलाज के लिए पास की गौशाला में स्थानांतरित कर दिया।
एसडीएम ने कहा, "हमने घायल गायों को इलाज के लिए नजदीकी गौशाला में भेज दिया है। ऐसा लग रहा है कि यह हादसा घने कोहरे की वजह से हुई होगी। इस संबंध में आगे की जांच जारी है।"
उत्तर प्रदेश की 12 सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए बीजेपी के सभी 10 उम्मीदवारों ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा प्रत्याशियों में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, अरविंद कुमार शर्मा, लक्ष्मण आचार्य, गोविंद नारायण शुक्ला, कुंवर मानवेंद्र सिंह, सलिल विश्नोई, अश्वनी त्यागी, धर्मवीर प्रजापति और सुरेंद्र चौधरी शामिल हैं।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे। इससे पहले भाजपा के प्रदेश कार्यालय से बड़ी संख्या में विधायकों तथा कार्यकर्ता के साथ भाजपा के विधान परिषद प्रत्याशी विधान भवन में पहुंचे थे।
किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली के खिलाफ दाखिल केंद्र सरकार की याचिका पर सुनवाई सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि राजधानी दिल्ली में कौन आए और कौन न आए, कितनी संख्या में कौन आए ये सारा मामला कानून व्यवस्था का है और ये देखना पुलिस का काम है।
छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के सहयोग के लिए 'एक रुपया, एक पैली धान' अभियान में इकट्ठा किए गए 53 टन चावल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन 55वें दिन भी जारी है। कृषि सुधार पर तकरार के बीच आंदोलन की राह पकड़े किसानों की अगुवाई करने वाले यूनियन और सरकार में नौ दौर की वार्ता हो चुकी है, फिर भी मन नहीं मिला है। ऐसे में अन्नदाता 18 जनवरी (सोमवार) को महिला किसान दिवस के रूप में मना रहे हैं।
राजधानी में आज से 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए स्कूल खुलने के बाद शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया कौटिल्य राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय पहुंचे और छात्रों से बात की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अपने सूट-बूट वाले दोस्तों का 875000 करोड़ क़र्ज़ माफ़ करने वाली मोदी सरकार अन्नदाताओं की पूंजी साफ़ करने में लगी है।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 13,788 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,05,71,773 हुई। 145 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,52,419 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 2,08,012 है और कुल डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या 1,02,11,342 है।
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब शहीद एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतर गए। आनन-फानन पूरा रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को काबू किया। हालांकि फिलहाल यात्रियों को किसी तरह की चोट आने की सूचना नहीं है। बोगियों को पटरी पर लाने का काम शुरू कर दिया गया है।
राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज सुबह 8.30 बजे पालम में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस और सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इजरायल में कोरोना वैक्सीन लगाने के बाद साइड इफेक्ट के रूप में कम से कम 13 लोगों का चेहरा पैरालाइसिस हो गया। हालांकि यह पैराइलाइसिस बहुत घातक नहीं है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ऐसे लोगों की गिनती अधिक हो सकती है। येरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इन व्यक्तियों को दूसरी खुराक दिया जाए या नहीं, इसके लिए अधिकारियों ने सवाल उठाए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने हालांकि दूसरी खुराक की सिफारिश की है।
राजधानी दिल्ली में आज भी घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस वक्त न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस है।
मिज़ोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस का 1 नया मामला सामने आया। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या अब 4,323 है जिसमें 79 सक्रिय मामले, 4,235 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 9 मौतें शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में स्वास्थ्यकर्मी की संदिग्ध मौत हो जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया है। जिला अस्पताल में वार्ड बॉय के पद पर तैनात 48 वर्षीय महिपाल की मौत हो गई है। 16 जनवरी को कोविड टीकाकरण अभियान के तहत मृतक को कोविड वैक्सीन का टीका लगाया गया था
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 18 Jan 2021, 8:03 AM IST