
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि सरकार एमएसपी और एपीएएमसी दोनों को जारी रख सकती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार एमएसपी को बहुत गंभीरता से लेती है। हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में सीतारमण ने कहा कि इस बारे में फैसला किसानों से वार्ता में ही होगा।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित तौर पर 1800.72 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी के आरोप में जय पॉलीकेम इंडिया लिमिटेड और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दिल्ली में कंपनी के तीन स्थानों और अन्य आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।
पंजाब सरकार ने पंजाबी साहित्य में योगदान के लिए लेखक गुरदयाल सिंह के नाम पर समर्पित राज्य स्तरीय पुरस्कार की स्थापना की है। गुरदयाल सिंह एक प्रसिद्ध लेखक थे, जो पंजाबी भाषा में लिखते थे। वह 1998 में पद्मश्री से सम्मानित हुए थे। साल 2016 में उनका निधन हो गया।
ऑस्ट्रेलिया के कैनेबरा में खेले गए पहले पहले टी20 मैच में भारत ने कंगरुओं को 11 रनों से हरा दिया है। भारत ने पहले खेलते हुए 161 रन बनाए थे, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 150 रन ही बना सकी। इसी के साथ 3 मैचों की सिरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली है।
प्रवर्तन निदेशालय ने इकबाल मिर्ची केस में जुनैद इकबाल मेमन, आसिफ इकबाल मेमन और हाजरा मेमन को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने के लिए विशेष पीएमएलए कोर्ट के समक्ष एक आवेदन दायर किया है।
केंद्रीय सैनिक बोर्ड द्वारा आयोजित सीएसआर कॉन्क्लेव में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “जो देश अपनी संप्रभुता की रक्षा कर पाने में समर्थ नहीं होते उनकी हालत हमारे पड़ोसी देश जैसी है। जो न खुद अपनी सड़क बना सकते हैं न उस पर चल सकते हैं न खुद व्यापार कर सकते हैं न ही किसी को व्यापार करने से रोक सकते हैं।”
हरियाणा पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “हरियाणा के राज्यपाल से आग्रह है कि वह विशेष विधानसभा सत्र बुलाएं और किसानों की समस्या पर चर्चा करें। सत्र में हम अविश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे, क्योंकि जो मौजूदा सरकार है वह लोगों का और विधानसभा का विश्वास खो चुकी है।”
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 5 और 6 दिसंबर को अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पटना पहुंच गए हैं।
कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को खालिस्तानी कहकर अपमानित किए जाने पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि किसानों का अपमान किया जा रहा है। उन्हें 'खालिस्तानी' और 'कांग्रेसी' कहा जा रहा है। किसान सिर्फ किसान हैं। वे धर्म, जाति और क्षेत्र से ऊपर उठकर अपनी जायज मांगों के लिए इस ठंड में यहां आए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज की गई सर्वदलीय बैठक में शामिल रहे समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि सरकार ने 2025 तक जीडीपी को 2.5% तक बढ़ाने की बात कही है, लेकिन अभी यह 1.5% है। मैंने 2025 के बजाय 2022 में इसे 2.5% करने का सुझाव दिया है। इसके अलावा जल्दबाज़ी में वैक्सीन का इस्तेमाल नहीं करने का भी सुझाव दिया है। सुरक्षित होने का आश्वासन मिलने के बाद ही इसका उपयोग किया जाना चाहिए। हमें तब तक मास्क और सैनिटाइजर पर निर्भर रहना चाहिए।
पीएम की सर्वदलीय बैठक पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “130 करोड़ आबादी के वैक्सीनेशन पर कोई रोडमैप नहीं दिया गया। देश में करोड़ों लोगों को दो वक्त की रोटी मिलना मुश्किल है वो वैक्सीन के लिए पैसा कहां से लाएंगे। उनको वैक्सीन सब्सिडी में दी जाएगी या मुफ्त में, इसके दिशा-निर्देश नहीं दिए।”
महाराष्ट्र में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने राज्य विधान परिषद के चुनाव में नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है।
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी है। बीजेपी का बहुमत हासिल करने का सपनाटूटता दिख रहा है। रुझानों में TRS को 65 सीटें पर, BJP 42, AIMIM 33 और कांग्रेस 3 सीटों पर आगे है।
मध्य प्रदेश में कोरोना वॉरअर्स पर लाठीचार्ज को राहुल गांधी ने शर्मनाक बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, शर्मनाक! कोरोना वॉरीअर्स पर इस तरह की बेरहमी सिर्फ इसलिए क्योंकि वे अपने हक की नौकरी के लिए धरना कर रहे थे! अन्यायी बीजेपी सरकार की प्रशासनिक ताकत का घिनौना प्रदर्शन”
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों में अब बीजेपी बहुमत से काफी पिछड़ गई है। 150 सीटों में से बीजेपी अब 41 सीटों पर, टीआरएस 67 सीटों पर और एआईएमआईएम 33 सीटों परआगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस दो सीटों पर आगे है।
महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के उम्मीदवार अरुण लाड ने एनडीए के उम्मीदवार संग्राम देशमुख को 48,800 से ज्यादा वोटों मतों से हरा कर राज्य विधान परिषद चुनाव में पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर जीत हासिल कर ली है। औरंगाबाद मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राकांपा के उम्मीदवार सतीश भानुदासराव चव्हाण ने जीत दर्ज की है। महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) के चुनावों के लिए पांच सीटों- तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों और दो शिक्षकों के निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोटों की गिनती वीरवार देर रात समाप्त हो गई थी लेकिन परिणाम शुक्रवार की सुबह आने शुरु हुए।
कोरोना पर सर्वदलीय बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा कि कुछ हफ्तों में कोरोना की वैक्सीन आ जाएगी। कंपनियों की हरी झंडी मिलने के बाद टीकाकरण का काम शुरू हो जाएगा। पीएम मोनी ने कहा, “करीब 8 ऐसी संभावित वैक्सीन हैं जो ट्रायल के अलग-अलग चरण में हैं और जिनका उत्पादन भारत में ही होना है। भारत की अपनी 3 वैक्सीन का ट्रायल अलग-अलग चरणों में है। विशेषज्ञ ये मान रहे हैं कि वैक्सीन के लिए बहुत ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।”
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों में अब बीजेपी बहुमत से काफी पिछड़ गई है। 150 सीटों में से बीजेपी अब 55 सीटों पर, टीआरएस 64 सीटों पर और एआईएमआईएम 21 सीटों परआगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस दो सीटों पर आगे है।
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थापक सप्ताह समारोह में सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने कहा, “पिछले कई सौ साल हमारे देश पर विदेशियों का कब्जा रहा, इसलिए हमारी असली संस्कृति की विचारधारा में बदलाव आया है। लेकिन समय आ गया है कि हम अपनी पहचान को दोबारा लौटाएं, अपनी संस्कृति पर जोर दें।”
सीडीएस ने आगे कहा, “हमारा देश, भारत नए भारत के रूप में उभरकर सामने आने वाला है। आर्थिक गतिविधियां, शिक्षा प्रणाली, सामाजिक उन्नति को देखते हुए, शहरीकरण और जीवन में तकनीक के इस्तेमाल से हमारे देश का भविष्य उज्जवल भविष्य के रूप में उभर कर आने वाला है।”
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडे़कर ने कहा, “दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिल्ली सरकार को एक नोटिस जारी कर कहा है कि प्रदूषण को बढ़ाने वाली गतिविधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें।”
जम्मू-कश्मीर में 70 साल बाद पाकिस्तान से आए रिफ्यूजियों को जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण में मतदान करने की इजाजत मिली और मतदान करने के बाद रिफ्यूजियों ने नाचकर अपनी खुशी जाहिर की।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 5 फीसीद से कम हो गया है। आज दिल्ली में 12,000 से ज्यादा बेड और 2,013 ICU बेड खाली हैं।
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव बीजेपी को शुरुआती रुझानों में बहुमत मिलती दिखाई दे रही है। ताजा अपडेट के मुताबिक, 150 सीटों वाली ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव में बीजेपी 88 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, 33 सीटों पर टीआरएस और 17 सीटों पर एआईएमआईएम आगे चल रही है।
आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि मौद्रिक नीति समिति ने एकमत से पॉलिसी रेपो रेट को बिना किसी फेरबदल के 4 फीसदी रखने के लिए वोट किया है। आरबीआई गर्वनर ने कहा, “रेट और बैंक रेट बिना किसी बदलाव के साथ 4.25 फीसदी है और रिवर्स रेपो रेट बिना किसी बदलाव के साथ 3.35 फीसदी है।”
आरबीआई गर्वनर ने कहा कि हम वित्तीय क्षेत्र की स्थिरता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसे करने के लिए जो भी जरूरी होगा हम करेंगे।
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव के लिए मतगणना जारी है। सुबह 10 बजे तक मिले अपडेट के मुताबिक, बीजेपी 74 सीटों पर, टीआरएस 31 सीटों पर और AIMIM 13 सीटों पर आगे है और एक सीट जीत चुकी है। वहीं, कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है।
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 6,594 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 95,71,559 हो गई है। 540 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,39,188 हो गई है। कुल सक्रिय मामलों की संख्या अब 4,16,082 है। 42,916 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 90,16,289 हो गई है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, कल (3 दिसंबर) तक कोरोना वायरस के लिए कुल 14,47,27,749 सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें से 11,70,102 सैंपल कल टेस्ट किए गए।
मिजोरम में कोरोना वायरस के 7 नए मामले सामने आए हैं। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या अब 3,888 है, जिसमें 235 सक्रिय मामले, 3,647 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 6 मौतें शामिल हैं।
जम्मू के चक जफर में जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है। 8 चरणों में होने वाले ज़िला विकास परिषद चुनाव की मतगणना 22 दिसंबर को होगी।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण के लिए वोटिंग हो रही है। जिला विकास परिषद के चुनाव 19 दिसंबर तक कुल आठ चरणों में संपन्न होंगे।
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शरू हो गई है। 1 दिसबंर को 150 सीटों पर वोट डाले गए थे। बीजेपी ने इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। ऐसे में यह देखना होगा कि GHMC पर ओवैसी का कब्जा बरकरार रहेगा या फिर बीजेपी सेंध लगाएगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 04 Dec 2020, 8:05 AM IST