
उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन की कहीं कमी नहीं होने के सीएम योगी के दावे की लखीमपुर खीरी से बीजेपी विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने पोल खोल दी है। उन्होंने योगी को पत्र लिखकर जनपद में ऑक्सीजन की आपूर्ति की गुहार लगाई है। साथ ही उन्होंने विधायक निधि से प्रस्ताव देने के बावजूद ऑक्सीजन कंसंट्रेटर नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया है।
आंध्र प्रदेश में गुंटूर जिले के नरसरावोपेटा शहर में शहरी स्वास्थ्य केंद्र में उस समय अराजकता फैल गई, जब बड़ी संख्या में लोग कोरोना वैक्सीन की खुराक लेने के लिए उमड़ पड़े। बाद में, नरसरावपेट के उपजिलाधिकारी श्रीवास नुपुर अजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों को तैनात किया और टीकाकरण के लिए लोगों की लाइनें बनाईं।
अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भारत में कोरोना से मरने वालों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने कहा कि भारत में कोरोना का कहर और इससे हो रही मौतें दिल दुखाने वाली हैं। जैसे ही हालात खराब हुए हमारी सरकार ने फौरन कदम उठाए हैं।
केंद्र सरकार के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के सुर दो दिन में ही बदल गए हैं। दो दिन पहले देश में कोरोना की तीसरी लहर की चेतावनी देने वाले विजय राघवन ने शुक्रवार को कहा कि अगर सही उपाय कर लें तो कोरोना की तीसरी लहर से बच सकते हैं।
विजय राघवन ने शुक्रवार को कहा कि यदि हम मजबूत उपाय करते हैं, तो हो सकता है कि कोरोना की तीसरी लहर सभी जगहों पर न आए या कहीं न आए। राघवन ने कहा कि यह बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि लोकल लेवल पर, राज्यों में, जिलों में और शहरों में गाइडलाइंस कितने प्रभावी ढंग से लागू होती हैं। हालांकि, विजयन ने अपनी ओर से कोई उपाय नहीं बताए। उन्होंने सिर्फ गाइडलाइंस की बात कही।
राघवन ने बुधवार को कहा था कि कोरोना की तीसरी लहर भी जरूर आएगी। वायरस का संक्रमण अपने सबसे ऊंचे लेवल पर है। अभी यह तय नहीं है कि तीसरी लहर कब आएगी और कितनी खतरनाक होगी, लेकिन हमें नई लहर के लिए तैयार रहना होगा।
दिल्ली में कोरोना के हालात पर एक उच्च-स्तरीय बैठक में सीएम केजरीवाल ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बेड की कमी नहीं होनी चाहिए और अब यहां ऑक्सीजन की स्थिति नियंत्रण में आ रही है, इसलिए ऑक्सीजन की कमी के कारण कोई भी जान नहीं जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने टीकाकरण अभियान 3 महीने में पूरा करने का निर्देश दिया।
कर्नाटक के सीएम बी एस येदियुरप्पा ने राज्य में कोरोना कहर में कर्फ्यू को असफल बताते हुए 10 मई की सुबह 6 बजे से 24 मई की सुबह 6 बजे तक पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया है। इस दौरान होटल, पब, बार सब बंद रहेंगे। खाने-पीने और सब्जी-मांस की दुकानें 6 से 10 बजे तक खुलेंगी।
दिल्ली सरकार ने सभी मीडिया हाउस (इलेक्ट्रॉनिक/डिजिटल/प्रिंट मीडिया) के लिए सामूहिक कोरोना टीकाकरण अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया है। सरकार उनके कार्यालयों में टीकाकरण अभियान आयोजित करेगी और उसका खर्च भी वहन करेगी।
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अधिकारियों को सोमवार से सरकार के अस्पतालों में 18-45 वर्ष वाले प्राथमिकता समूहों का टीकाकरण शुरू करने के लिए तैयार रहने को कहा है। राज्य सरकार ने सीरम को 30 लाख वैक्सीन की खुराक का ऑर्डर दिया था, लेकिन भारत सरकार ने केवल 3.30 लाख टीके इस महीने के लिए राज्य को आवंटित किए हैं।
आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम और टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा कथित तौपर एन440के कोविड स्ट्रेन के बारे में जनता में दहशत पैदा करने के आरोप में केस दर्ज कराया गया है। शिकायत पर कुरनूल 1 टाउन पुलिस स्टेशन में नायडू के खिलाफ आईपीसी और आपदा प्रबंधन अधिनियम की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने वर्तमान कोरोना टीकाकरण नीति को समाप्त करने और वैक्सीन की समान कीमत तय करने और सभी को इसमें शामिल करने की दिशा में कदम उठाने की मांग के साथ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
कोरोना के लगातार बढ़ते कहर को देखते हुए गोवा सरकार ने राज्य में 9 मई से 23 मई तक सख्त कर्फ्यू का आदेश दिया है। सीएम प्रमोद सांवत ने कहा कि इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति होगी। खाने-पीने के सामान की दुकानें सुबह 7 से 1 बजे तक खुलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव आरती आहूजा ने कहा कि जिन राज्यों में कोविड मामले बढ़ रहे हैं, वे राज्य हैं कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, उड़ीसा और उत्तराखंड।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, “हमारे पास 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए वैक्सीन की डोज खत्म हो गई है। करीब साढ़े पांच लाख लोग ऐसे है जिन्हें कोवैक्सीन की दूसरी डोज तुरंत देनी जरूरी है। हमने 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए 60 लाख वैक्सीन की डोज खरीदी है।”
दिल्ली में पानी की कमी के कारण गीता कॉलोनी इलाके के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक व्यक्ति ने बताया, "हमारे इलाके में पिछले 2-3 दिन से पानी की काफी दिक्कत है। लोग सुबह नौकरी के लिए निकल जाते हैं, शाम को जब वे वापस आते हैं तो पानी नहीं होता है। पानी की मारामारी है।"
पंजाब के अमृतसर में ड्राई फ्रूट की एक फैक्ट्री में आग लग गई है। मौके पर दमकल की गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने पूरे देश में कोहराम मचा रखा है। इस बीच एक और चिंता बढ़ाने खबर सामने आई है। कोरोना की वजह से लोग म्यूकोरमाइकोसिस की चपेट में आ जा रहे हैं। गुजरात और दिल्ली में कई मामले सामने आए हैं, जहां कोरोना से रिकवरी के बाद लोग म्यूकोरमाइकोसिस जैसी खतरनाक बीमारी का शिकार हो रहे हैं।
सर गंगाराम अस्पताल के वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉक्टर मनीष मुंजाल ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि हम कोरोना की वजह से होने वाले खतरनाक फंगल इंफेक्शन के कई मामले देख रहे हैं। पिछले दो दिनों में म्यूकोरमाइकोसिस 6 मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी इससे कई लोगों की मौत हुई थी, कई लोगों की आंखों की रौशनी चली गई थी और कुछ लोगों के नाक और जबड़े की हड्डियां निकालनी पड़ी थीं।
दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज निदेशक डॉ. एन.एन. माथुर ने कहा, “हमारे पास सुचेता कृपलानी और कलावती सरन अस्पताल है। रूस, अबू धाबी, अमेरिका, फ्रांस, आयरलैंड, रोमानिया, यूनाइटेड किंगडम से हमारे पास मेडिकल उपकरण आए हैं। हमारे पास ऑक्सीजन सिलेंडर भी आए हैं। इससे हमें राहत मिली है।”
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 18-44 साल की उम्र के 11,80,798 लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई।
पंजाब के अमृतसर रेलवे स्टेशन पर जिला प्रशासन की तरफ से यात्रियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं। सिविल सर्जन ऑफिस अमृतसर के डॉ.विनोद कुमार ने बताया, "हमने सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक के लिए यहां पर डेस्क लगाया है क्योंकि इस समय स्पेशल ट्रेन आती हैं।"
गृह मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव गोविंद मोहन के नेतृत्व में गृह मंत्रालय की चार सदस्यीय टीम ने कोलकाता में राजभवन में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात की।
एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा, “देश में जब 500 कोरोना के मामले थे तो प्रधानमंत्री ने देश में लॉकडाउन लगाया था। अब मामले जिस तरह से बढ़ रहे हैं, केंद्र ने कोई नीति नहीं बनाई है। प्रधानमंत्री कोरोना परिस्थिति से अपने हाथ को झटकने का काम कर रहे हैं। कोरोना को संभालने में प्रधानमंत्री विफल हो रहे हैं।”
आज की तारीख में मरीजों को ऑक्सीजन देने की क्षमता देश में नहीं है। विदेशों से जो मदद आई है वो भी गोदामों में पड़ी हुई हैं। केंद्र सरकार को बड़े पैमाने पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के ऑर्डर देने चाहिए।
आरजेडी नेता मनोज झा ने कहा, “वैक्सीन को लेकर हालात चिंताजनक हैं। वैक्सीनेशन के जरिए हमने कई महामारियों को दूर किया हैं, इसके लिए दुनिया में हमारा नाम लिया जाता है। 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन देने का निर्णय हमने लिया हैं। क्या हमारे पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन है।”
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के बाद एमके स्टालिन ने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि को उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली के जंगपुरा में लोग अपनी कोरोना वैक्सीन की डोज लेने के लिए लाइन में खड़े दिखे। इस दौरान 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को भी वैक्सीन की डोज दी गई।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा, “ऑक्सीजन प्लांट का संचालन और नियंत्रण सुरक्षा और सुचारू कामकाज की दृष्टि से मिलिट्री या पैरा मिलिट्री फोर्स के हवाले कर देना चाहिए क्योंकि प्लांटों में रोज दिक्कतें आ रही हैं। एक प्लांट भी रूक जाता है तो क्षेत्र के सारे लोगों की सांसे रूक जाती हैं।”
उत्तर प्रदेश के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा, “उत्तर प्रदेश में 30 अप्रैल को 3,10,000 सक्रिय मामले थे और आज 2,54,118 सक्रिय मामले हैं। ये साबित करता है कि सरकार के लगातार प्रयासों की वजह से उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी का प्रभाव कम हो रहा है।”
उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक बैटरी बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई, दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।
पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाद हुई हिंसा की स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य में मौजूद गृह मंत्रालय की 4 सदस्यीय टीम कोलकाता में राजभवन पहुंची।
राजधानी दिल्ली के बदरपुर इलाके में एक स्कूल में बने वैक्सीनेशन सेंटर में बड़ी संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने पहुंचे। देश में 18-44 साल की उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन चल रहा है।
राजस्थान के जालौर जिले के सांचौर के लाछड़ी गांव में कल बोरवेल में गिरे एक 4 साल के बच्चे को बचा लिया गया। सांचौर के एसडीएम ने बताया, "बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है, उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।"
देश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,14,188 नए केस सामने आए हैं और 3915 लोगों की मौत हो गई है।
तमिलनाडु में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने एमके स्टालिन को शपथ दिलाई।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने कहा, “भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 29,86,01,699 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 18,26,490 सैंपल कल टेस्ट किए गए।”
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच मुरादाबाद में कोरोना कर्फ्यू लागू है। उत्तर प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू 10 मई सुबह 7 बजे तक लागू रहेगा।
गुजरात में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच लॉकडाउन लगने की आशंका को देखते हुए हीरा कारीगर अपने गांव चले गए हैं, जिससे सूरत में हीरा कारोबारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। एक हीरा कारोबारी ने बताया, "50-60% कारीगर गांव चले गए हैं। लॉकडाउन लगने के डर से कारीगर आने से डर रहे हैं।"
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 184 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 7,147 है जिसमें 1,779 सक्रिय मामले, 5,351 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 17 मौतें शामिल हैं।
दिल्ली में कोरोना के कहर के बीच केजरीवाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से दिल्ली आने वाले लोगों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन में रहना पड़ेगा। इसके लिए केजरीवाल सरकार ने सरकारी और पेड क्वारंटाइन फैसिलिटी चिन्हित की हैं।
हालांकि, जिन लोगों ने वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए हैं उन्हें दोनों डोज के सर्टिफिकेट दिखाने पर या उनके द्वारा पिछले 72 घंटे का RTPCR नेगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर 7 दिन का ही होम क्वारंटाइन रहना पड़ेगा। अगर किसी व्यक्ति के पास होम क्वारंटाइन की सुविधा नहीं है तो वह सरकार द्वारा चिन्हित सरकारी या पेड फैसिलिटी में 7 दिन तक क्वारंटाइन रह सकते हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 07 May 2021, 7:54 AM IST