कर्नाटक में कोरोना वायरस का कहर विकराल रूप लेता जा रहा है। राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना से 482 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस दौरान 47,563 कोरोना के नए मरीज मिले हैं। राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 5,48,841 पहुंच गई है।
अफगानिस्तान के टोलो न्यूज ने आंतरिक मंत्री के हवाले से जानकारी दी है कि पश्चिम काबुल के दश्त-ए-बर्ची इलाके में एक स्कूल के पास हुए भीषण धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। वहीं, मंत्रालय ने कहा है कि धमाके में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने आरोप लगाया है कि आज राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी को राजभवन में बुलाया था। दुर्भाग्य से, दोनों बिना किसी कागज या रिपोर्ट के आए। उन्हें बिना देरी किए कागजात भेजने का निर्देश दिया है।
पूरे देश में जारी कोरोना वायरस के कहर के बीच अब पंजाब में ऑक्सीजन की कमी का संकट गहरा गया है। राज्य के कई अस्पतालों में सिर्फ 6 से 8 घंटे की ऑक्सीजन बची हुई है। पंजाब सरकार लगातार कई दिनों से केंद्र से ऑक्सीजन के लिए गुहार लगा रही है।
सड़क परिवहन और हाईवे मंत्रालय ने एक आदेश में कहा है कि मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाने वाले टैंकर और कंटेनर को देश भर के नेशनल हाईवे पर निर्बाध रास्ता देने के उद्देश्य से इन गाड़ियों को टोल प्लाजा पर शुल्क देने से छूट दी जाती है। साथ ही मंत्रालय ने कहा कि ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली गाड़ियों के साथ एंबुलेंस की तरह आपातकालीन गाड़ियों की तरह व्यवहार किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि यह भविष्यवाणी की गई थी कि यूपी में 5 मई से प्रति दिन 1 लाख पॉजिटिव मामले मिलेंगे, लेकिन 8 मई को हमने 26,000 मामले दर्ज किए। इसका मतलब है कि हमारी कोरोना रणनीति और प्रबंधन सफल है। 30 अप्रैल से हम मामलों में गिरावट देख रहे हैं और हमने गांवों में विशेष स्क्रीनिंग और परीक्षण भी शुरू किया है।
जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने आज पूरे देश के लिए ऑक्सीजन की आवश्यकता का आकलन करने और वितरण की सिफारिश करने के लिए एक राष्ट्रीय कार्यबल (एनटीएफ) का गठन किया है। इसमें देश के जाने-माने डॉक्टरों को शामिल किया गया है।
दिल्ली वेस्ट की डीसीपी ने बताया, “पश्चिम दिल्ली जिले की एक ATS टीम ने पति-पत्नी से 125.840 किलो ग्राम हेरोइन बरामद की है। वे गाड़ी से ये ड्रग्स लेकर किसी को बेचने के लिए एक जगह आए हुए थे, इस दौरान पुलिस उस जगह पहुंची और दोनों पति-पत्नी को ड्रग्स के साथ मौके से गिरफ़्तार कर लिया।”
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा, “आज प्रधानमंत्री का फोना आया था। हमारे बीच कोविड संक्रमण के संदर्भ में विस्तार से चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड के मामले हिमाचल में ज्यादा बढ़ने लग गए हैं, इसलिए अब ज्यादा प्रतिबंध लगाएं। हम राज्य में बेडों की संख्या बढ़ा रहे हैं।”
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 17,364 नए #COVID19 मामले, 20,160 रिकवरी और 332 मौतें दर्ज़ की गई।
कुल मामले 13,10,231
कुल रिकवरी 12,03,253
मृत्यु 19,071
सक्रिय मामले 87,907
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 26,847 नए मामले सामने आए हैं। डिस्चार्ज लोगों की संख्या 34,731 है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज दिल्ली में कोविड अस्पताल को 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की ज़रूरत है। 5 तारीख को दिल्ली को 730 मीट्रिक टन ऑक्सीजन मिला। 6 तारीख को 577 मीट्रिक टन मिला और कल 487 मीट्रिक टन ऑक्सीजन मिला। 487 मीट्रिक टन के साथ अस्पतालों को चलाना मुश्किल है।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि आज 18-45 साल के बीच के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू किया गया। हमने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को 50 लाख वैक्सीन और भारत बायोटेक को 25 लाख वैक्सीन की डोज़ देने के लिए बोला है। दो डोज़ के लिए हमे करीब ढाई करोड़ वैक्सीन लगेगी।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच प्रशासन ने हज हाउस को कोविड केयर सेंटर में बदल दिया है। एडीसी श्रीनगर ने बताया, "इस कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन बैकअप की भी सुविधा है और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी दिए गए हैं। मेडिकल लोगों की भी तैनाती की गई है।"
अब बिना पॉजिटिवि रिपोर्ट के भी मरीज केंद्र में भर्ती हो सकते कोरोना है। केंद्र ने इस संबंध में एक गाइडलाइंस जारी की है। केंद्र द्वारा जारी इस अडवाइजरी के बाद कोविड सेंटर में भर्ती होने के लिए कोरोना की पॉजिटिव रिपोर्ट दिखाने की अब जरूरत नहीं पड़ेगी।
देश में कोरोना वायरस के कहर के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने कोरोना के इलाज के लिए एक दवा के इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। यह दवा डीआरडीओ के इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन एंड अलायड साइंसेस और हैदराबाद सेंटर फॉर सेल्युलर एंड मॉलिक्युलर बायोलॉजी के साथ मिलकर तैयार की है। इस दवा को 2-deoxy-D-glucose (2-DG) नाम दिया गया है। दवा के क्लीनिकल ट्रायल्स सफल साबित हुए हैं। दावा का जिन मरीजों पर इसका ट्रायल किया गया, उनमें तेजी से रिकवरी देखी गई है। साथ ही मरीजों की ऑक्सीजन पर निर्भरता भी कम हो गई।
पश्चिम बंगाल के गृह मंत्रालय की चार सदस्यीय टीम ने बीरभूम में चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
मुंबई की मेयर ने कहा, “देश में जिस तरह से वैक्सीन आ रही है वो बहुत कम है। महाराष्ट्र सरकार को जो वैक्सीन दी जाती है उसमें मुंबई के लिए ज्यादा वैक्सीन दी जाती है, लेकिन वो वैक्सीन भी कम पड़ रही है। हमें वैक्सीन उपलब्ध होती है तो हम 24 घंटे 3 शिफ्ट में काम करके वैक्सीनेशन पूरा कर सकते हैं।”
बिहार में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जेडीयू के एमएलसी तनवीर अख्तर का कोरोना से निधन हो गया है। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद 23 अप्रैल से उनका इलाज चल रहा था।
राजस्थान के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि जब महामारी आती है तब मोलभाव नहीं किए जाते। आप सासों का मोलभाव कर रहे हैं। कांग्रेस और बीजेपी में बीमारी को बांटोगे। आप ने वैक्सीन लाने में देर की, फिर लगाने में देर की, फिर आप ने वैक्सीन बाहर भेज दी।”
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हमने लगभग 100 स्कूलों में टीकाकरण की व्यवस्था की है, आने वाले समय में ये बढ़ाकर 250-300 स्कूलों में कर देंगे। आज दिल्ली में रोज क़रीब एक लाख वैक्सीन लग रही हैं, 50,000 वैक्सीन 45 साल से कम उम्र के लोगों और 50,000 वैक्सीन 45 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों को लग रही हैं।”
सीएम ने कहा, “ज वैक्सीन की बहुत कमी है, अगर हमें पर्याप्त वैक्सीन मिल जाए तो हम तीन महीने में पूरी दिल्ली को वैक्सीनेट करना चाहते हैं। दिल्ली में 18 साल से अधिक उम्र के 1.5 करोड़ लोग हैं तो 3 करोड़ वैक्सीन चाहिए। दिल्ली सरकार को अब तक कुल 40 लाख वैक्सीन मिली है।”
उन्होंने कहा, “मेरी सभी विशेषज्ञों और केंद्र सरकार से अपील है कि 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए जल्द किसी वैक्सीन का इंतजाम किया जाए। आज दिल्ली में हमारे पास 5-6 दिन की वैक्सीन बची है।”
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना इलाके में चुनावी रंजिश में बड़ा बवाल हुआ है। निर्वाचित प्रधान के पति ने साथियों के साथ असलहों से प्रतिद्वंद्वी प्रधान प्रत्याशी के घर हमला कर दिया। गाली-गलौज के बाद प्रधान पक्ष की ओर कई राउंड फायरिंग की गई। घटना में प्रतिद्वंद्वी प्रधान प्रत्याशी के 12 साल के भतीजे के सीने में गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।
गुजरात के अहमदाबाद नगर निगम और आशीर्वाद फाउंडेशन की तरफ से चलाए जा रहे 'ड्राइव थ्रू कोविड वैक्सीनेशन सेंटर' पर लोगों को उनके वाहन में ही कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। आर्शीवाद फाउंडेशन के ट्रस्टी केतुल पटेल ने बताया, "आप अपने किसी भी वाहन में आएं, उसमें वैक्सीन लें और आराम करें।"
थाईलैंड सरकार द्वारा भेजे गए 200 ऑक्सीजन सिलेंडर और 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और थाईलैंड में भारतीय समुदाय द्वारा दान किए गए 100 अन्य ऑक्सीजन सिलेंडर और 60 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दिल्ली पहुंच गए हैं।
अभिनेत्री कंगना रनौत कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। संक्रमित होने के बाद उन्होंने खुद को क्वरंटाइन कर लिया है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच लखनऊ में कोरोना कर्फ्यू लागू है। उत्तर प्रदेश में 10 मई तक कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, खान मार्केट में खान चाचा रेस्टोरेंट में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स जब्त करने के मामले को क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश के भोपाल में जनता कर्फ्यू के दौरान सड़कें सुनसान और दुकानें बंद दिखीं। मध्य प्रदेश में 15 मई तक जनता कर्फ्यू लागू रहेगा।
देश में कोरोना से कोहराम मचा हुआ है। बीते 24 घंटे में देश में एक दिन में रिकॉर्ड करीब 4200 कोरोना मरीजों की जान गई है। जो अभी तक एक दिन में होने वाली सबसे ज्यादा मौतें हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।
वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,01,078 नए केस सामने आए हैं और 4,187 कोरोना मरीजों की मौत हो गई है। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 37 लाख के पार पहुंच गई है।
केरल में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच केरल में लॉकडाउन लागू है, केरल में 16 मई तक लॉकडाउन लागू रहेगा।
तमिलनाडु सरकार ने पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। राज्य में दो हफ्ते तक लॉकडाउन लगेगा। 10 मई से प्रदेश में लॉकडाउन लगाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच मुरादाबाद में कोरोना कर्फ्यू लागू है। उत्तर प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू 10 मई तक लागू रहेगा।
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 235 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 7,382 है जिसमें 1,906 सक्रिय मामले, 5,459 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 17 मौतें शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क में दो शेरनी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। सफारी के निदेशक ने बताया कि जांच में दो शेरनी गौरी जिसकी उम्र लगभग 3 वर्ष 8 महीने और जेनिफर जिसकी उम्र 9 वर्ष है पॉजिटिव आई हैं। दोनों को आइसोलेट कर दिया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 May 2021, 8:03 AM IST