
कश्मीर में जारी भारी बर्फबारी में बर्फ की मोटी परत के अंदर दबे शख्स के लिए सेना के जवान एक तरह से फरिश्ता बनकर आए और उसे मौत के जबड़ों के खींचकर वापस ले आए। घटना घाटी के लच्छीपुरा की है जहां बर्फबारी में दबे तारिक इकबाल नाम के स्थानीय नागरिक को सेना के जवानों ने समय रहते बर्फबारी के बीच तेजी से खुदाई कर बचा लिया। इस घटना का वीडियो सेना की ओर से जारी किया गया है।
अमेरिका और चीन के बीच तनाव भरे रिश्तों के लंबे दौर में आज उस समय ऐतिहासिक क्षण आया जब दोनों देशों के बीच चर्चित व्यापार समझौते के पहले चरण पर हस्ताक्षर हुआ। व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के वाइस प्रीमियर लियु हे ने इस ट्रेड डील के दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।
रूस के प्रधानमंत्री मेदवेदेव के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नए पीएम के लिए टैक्स सर्विस प्रमुख मिशुस्टिन के नाम का प्रस्ताव रखा है। इससे पहले संसद में पुतिन के भाषण के बाद पीएम मेदवेदेव ने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
कांग्रेस ने अपनी सभी राज्य इकाइयों को 23 जनवरी को सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आजाद हिंद फौज से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश जारी किया है। साथ ही पार्टी ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर संविधान की प्रस्तावना पढ़ने का कार्यक्रम और 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर एकता सम्मेलन आयोजित करने का निर्देश दिया है।
गुजरात के अरावली की रहने वाली 17 वर्षीय नीलांशी पटेल ने 190 सेमी बालों के साथ 'सबसे लंबे बालों वाली किशोरी' श्रेणी में अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। साल 2018 में भी रिकॉर्ड बनाने वाली निलांशी के बालों की लंबाई 170.5 सेमी थी। निलांशी ने कहा कि वह जहां भी जाती हैं, लोग उनके साथ सेल्फी क्लिक करना चाहते हैं, जिससे वह एक सेलिब्रिटी की तरह महसूस करती हैं।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री बालासाहेब थोराट ने एक ट्वीट कर जानकारी दी है कि आज की कैबिनेट बैठक में हर किसी ने राज्य में 'तानाजी' फिल्म को टैक्स फ्री करने पर अपनी सहमति दे दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल्द ही इसकी घोषणा करेंगे।
कर्नाटक के अदयार-कन्नूर में आज दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों की मुस्लिम केंद्रीय समितियों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ एक विरोध रैली आयोजित की।
रूस की सरकार ने इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के संसद में भाषण के बाद उन्होंने इस्तीफे का ऐलान किया। राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। नई सरकार बनने तक मंत्रियों को अपने पद पर बने रहने के लिए कहा गया है।
दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 15 दिसंबर की पुलिस कार्रवाई के खिलाफ अब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन अब दिल्ली हाईकोर्ट का रुख करेगा। जामिया विश्वविद्यालय के पीआरओ अहमद अजीम ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव काउंसिल ने बैठक कर ये फैसला लिया है।
निर्भया गैंगरेप केस में चार दोषियों में से एक मुकेश सिंह फांसी से बचने के लिए पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचा है। बुधवार को उसके वकील ने कोर्ट में याचिका दायर की। इस दौरान कोर्ट ने वकील से पूछा कि क्या अन्य दोषियों ने दया याचिका दायर की है। वकील ने कहा कि उन्हें अन्य 3 दोषियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
लखनऊ में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के आरोप में गिरफ्तार रिहाई मंच के मुखिया मोहम्मद शोएब को जमानत मिल गई है।
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को दिल्ली की एक निचली अदालत से जमानत मिली गई है। आजाद को 21 दिसंबर को दिल्ली पुलिस ने दरियागंज में हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया था। 20 दिसंबर को दिल्ली में जामा मस्जिद परिसर में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ भीड़ जुटी थी और शाम होते होते दरियागंज में हिंसा भड़क उठी थी। जामा मस्जिद वाली भीड़ के बीच पुलिस को चकमा देते हुए चंद्रशेखर भी पहुंचे थे।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “अप्रैल 2019 में भारतीय नौसेना के लिए सामरिक साझेदारी मॉडल के तहत 6 पारंपरिक सब-मरीन बनाने के लिए EOI के आवेदन मंगाए गए। इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹45,000 करोड़ है और भारतीय नौसेना ने इसके लिए एक एम्पावर्ड कमेटी का गठन किया।”
उन्होंने आगे कहा, “इसके लिए पांच आवेदन आए। 1.L&T 2.सरकारी उपक्रम माझेगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड । 3.रिलायंस नेवल & इंजीनियरिंग लिमिटेड ।4.हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड -अडानी डिफेंस। 5.हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड।”
उन्होंने आगे कहा, “अडानी डिफेन्स को जहाज या पनडुब्बी बनाने का 'जीरो' अनुभव है। यह कंपनी बिजली संयंत्र स्थापित करने एवं चलाने के अनुभव के आधार पर पनडुब्बी बनाना चाहती है”
दिल्ली में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने आज राहुल गांधी से मुलाकात की।
उन्नाव गैंगरेप मामले में आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर ने तीस हजारी कोर्ट के फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में दी चुनौती। कुलदीप सिंह सेंगर ने उम्रकैद के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चैलेंज किया।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “45,000 करोड़ की 75-I पनडुब्बी परियोजना में मोदी सरकार पर पक्षपाती निर्णय, पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुँचाने की कोशिश, रक्षा खरीद प्रक्रिया 2016 का उल्लंघन और नौसेना की एम्पावर्ड कमेटी के निर्णय को तथाकथित तौर से नजरअंदाज करने का आरोप लगा है। शक के इन दायरों में घिरकर इस पनडुब्बी परियोजना पर ही सवालिया निशान खड़ा हो गया”
उन्होंने आगे कहा कि मेरे तीन सवाल हैं।
1.क्या मोदी सरकार ₹45,000 करोड़ की पनडुब्बी खरीद परियोजना में अदानी डिफेंस एडवेंचर को प्राथमिकता देकर फायदा पहुंचा रही है?
2. क्या मोदी सरकार रक्षा खरीद प्रक्रिया 2016 एवं उसमें लिखी गई पात्रता एवं योग्यता की शर्तों का उल्लंघन कर अपने पूंजीपति मित्रों के हित साधने का काम कर रही है?
3. क्या मोदी सरकार अदानी डिफेंस जेवी की पात्रता न होने के मामले में भारतीय नौसेना एवं उसकी एम्पावर्ड कमेटी के निर्णय को खारिज कर रही है?
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि आज आर्मी दिवस है। अपनी एक-एक सांस से भारत मां का झण्डा ऊंचा रखने वाले उन सभी रणबांकुरों को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का सलाम। आज का विषय भी हमारे सशस्त्र बलों से जुड़ा हुआ है। मोदी सरकार देश के सशस्त्र बलों के निर्णय की अनदेखी कर रही है। किसी भी सरकार के निर्णयों के आंकलन का सीधा तरीका है- पारदर्शिता या गोपनीयता, देशहित या दोस्तहित, राष्ट्रवाद या पूंजीवाद। सच ये है कि मोदी सरकार इन आंकलनों में गोपनीयता, दोस्त हित और पूंजीवाद के साथ है।
जम्मू-कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुनीर खान ने आतंकी सांठगांठ के लिए गिरफ्तार किए गए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) देविंदर सिंह को बुधवार को सेवा से बर्खास्त करने की सिफारिश की है। खबरों के मुताबिक, श्रीनगर और जम्मू दोनों हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी सभी उपचारात्मक उपाय किए गए हैं।
सूत्रों ने कहा, “सभी सुरक्षा कर्मचारी, जिनकी ड्यूटी अभी तक हवाई अड्डे पर थी, उन्हें स्थानांतरित कर दिया गया है और उनकी जगह नए कर्मचारियों को लगा दिया गया है।”
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सभी राज्यों ने राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के लिए दोबारा नोटिफिकेशन जारी किए हैं। लेकिन केरल और पश्चिम बंगाल ने की ठंडे बस्ते में डालने की मांग की है।
निर्भया की मां ने दोषी मुकेश की डेथ वॉरंट को चुनौती देने वाली याचिका की सुनवाई के बाद कहा कि दोषियों के वकील मामले को निपटाने में देरी कर रहे हैं या फिर हमारा सिस्टम ही अंधा है और अपराधियों को समर्थन कर रहा है। मैं 7 साल से संघर्ष कर रही हूं। मुझे पूछने के बजाय आपको सरकार से पूछना चाहिए कि क्या दोषियों को 22 जनवरी को फांसी दी जाएगी या नहीं?
2012 दिल्ली निर्भया गैंगरेप केस में हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के उस आदेश को टालने से इनकार कर दिया जिसमें डेथ वारंट जारी किया गया था। दिल्ली हाई कोर्ट ने निचली अदालत जाने के लिए कहा है। कोर्ट ने कहा कि मामले को लटकाने के मकसद से देरी की गई। कोर्ट ने कहा कि ऐसा लगता है कि याचिका का मकसद केस को लंबा खींचना है।
दिल्ली के शाहीन बाग में लंगर में तैयार किया जा रहा है। बता दें कि पिछले एक महीने से सीएए और एनआरसी के विरोध में धरने पर लोग बैठे हैं।
बदरपुर से राम सिंह नेताजी को टिकट दिए जाने से नाराज आप विधायक एनडी शर्मा ने अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर 21 करोड़ में टिकट बेचने के आरोप लगाया है। अब इस मामले पर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने सफाई दी है और कहा कि जब किसी को टिकट नहीं मिलता है, तो स्वाभाविक है कि वे आहत होता है और टिकट नहीं मिलने पर ऐसे बयान आम हैं।
निर्भया केस में डेथ वारंट के खिलाफ दोषी मुकेश की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट में लंच के बाद सुनवाई होगी। इससे पहले दिल्ली सरकार की ओर से राहुल मेहरा ने दलीलें रखी। दिल्ली सरकार का कहना है कि 22 जनवरी को फांसी की सजा नहीं होगी क्योंकि दया याचिका दायर की गई है।
दिल्ली सरकार के वकील राहुल मेहरा ने कोर्ट में अपनी दलीलें रखते हुए कहा कि 21 जनवरी को हम ट्रायल कोर्ट के जज के पास जाएंगे। अगर तब तक दया याचिका खारिज होती है तो भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक 14 दिन की मोहलत वाला नया डेथ वारंट जारी करना होगा यानी किसी भी सूरत में 22 जनवरी को डेथ वारंट पर अमल संभव नहीं है।
मदुरई के अवनीपुरम में जल्लीकट्टू प्रतियोगिताओं के दौरान 31 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 6 लोगों को इलाज के लिए मदुरै के राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना ने हिजबुल मुजाहिद्दीन के जिला कमांडर हारुन हाफज को डोडा में एक मुठभेड़ में मार गिराया। जम्मू-कश्मीर में बता दें कि आतंकवादियों
जम्मू कश्मीर के कुलगाम से आतंकियों के साथ गिरफ्तार किए गए जम्म-कश्मीर के पुलिस के डीएसपी देविंदर सिंह के हिजबुल मुजाहिदीन के साथ कनेक्शन की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) करेगी।
आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने बुधवार को मकर संक्रांति के दिन बिहार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। लालू ने ट्वीट किया है कि देश में प्यार लगातार घट रहा है, जबकि नफरत बढ़ रही है। लालू ने ट्वीट किया, “रोजगार घटा महंगाई बढ़ी, प्यार घटा नफरत बढ़ी, संस्थान घटे समस्याएं बढ़ीं, सुरक्षा घटी हत्याएं बढ़ीं, आजादी घटी तानाशाही बढ़ी, सच घटा झूठी वाहवाही बढ़ी, अच्छाई घटी बुराई बढ़ी, रिपोर्टिग घटी दलाली बढ़ी, विकास घटा विनाश बढ़ा, ईमान घटा बेईमानी बढ़ी, काम घटा बेरोजगारी बढ़ी।”
जेएनयू मामले में ऐडमिन ब्लॉक में डोलन सामंता से पूछताछ जारी है। फरेंसिक साइंस लैबरेटरी (एफएसएल) की एक टीम जेएनयू कैंपस (ऐडमिन ब्लॉक) में सर्वर रूम से डेटा प्राप्त करने के लिए पहुंची।
दिल्ली के बदरपुर से राम सिंह नेताजी को टिकट दिए जाने से नाराज आप विधायक एनडी शर्मा ने अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर कई गंभीर आरोप लगा है। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया ने मुझे यह कहते हुए अपने आवास पर बुलाया था कि राम सिंह (जिन्हें बदरपुर से टिकट दिया गया है) 20-21 करोड़ रुपये देकर अपने निर्वाचन क्षेत्र का टिकट लिया है। उन्होंने मुझसे 10 करोड़ रुपये की मांग की। मैं मना करने के बाद वहां से चला गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने बदरपुर विधानसभा का टिकट 21 करोड़ रुपये में राम सिंह नेता जी को बेचा है।
टीएम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को क्रिकेटर ऑफ द ईयर (वनडे) अवॉर्ड से नवाजा गया। रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप के दौरान 5 और 2019 में 7 शतक जड़े थे।
वहीं कप्तान विराट कोहली को 2019 आईसीसी स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवॉर्ड से नवाजा गया। कोहली को यह अवॉर्ड वर्ल्ड कप मैच के दौरान लोगों को स्टीव स्मिथ को टीज से करने से मना करने के लिए दिया गया।
CAA-NRC के खिलाफ शाहीन बाग में प्रदर्शन अभी भी जारी है और अब बाहर से भी यहां पर लोग प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। पंजाब से भारतीय किसान यूनियन के कई प्रदर्शनकारियों बुधवार को यहां पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
सुप्रीम कोर्ट से क्यूरेटिव याचिका खारिज होने के बाद मुकेश कुमार ने दिल्ली हाई कोर्ट में डेथ-वारंट के खिलाफ याचिका दायर की है। इस पर आज सुनवाई होगी। इस याचिका पर निर्भया की मां आशा देवी ने वह जो चाहे कर सकता है। लेकिन सब कुछ एकदम स्पष्ट है। सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट सब कुछ जानती हैं। मुझे उम्मीद है कि उनका अनुरोध खारिज कर दिया जाएगा।
दिल्ली के सीलमपुर हिंसा मामले में 12 लोगों को जमानत मिल गई है। गिरफ्तार लोगों को 15,000 रुपए जमा करना पड़ा है।
दिल्ली में सेना दिवस पर कार्यक्रम हो रहा है। इसमें आर्मी चीफ मनोज मुकुंद नरवणे जवानों को सम्मानित कर रहे हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा कोमल शर्मा ने राष्ट्रीय महिला आयोग का रुख किया है। उसने आरोप लगाया कि उसके नाम को बदनाम किया जा रहा है। NCW ने मीडिया हाउस और दिल्ली पुलिस को मामले को देखने को कहा।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में मकर संक्रांति के अवसर पर गढ़ मुक्तेश्वर घाट पर लोगों ने डूबकी लगाई है।
दिल्ली पुलिस ने बताया, 'जेएनयू हिंसा के संबंध में पूछताछ के लिए आज चुनचुन कुमार और डोलन सामंता (जिन्हें संदिग्धों के रूप में नामित किया गया था) को बुलाया गया है। फरेंसिक टीम भी आज जेएनयू आ रही है। वहीं, अक्षत अवस्थी, रोहित शाह और कोमल शर्मा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।'
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने जम्मू क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लगभग 5 महीने बाद 2जी मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल कर दी है। हालांकि यह सेवा सिर्फ पोस्टपेड मोबाइल पर ही उपलब्ध रहेगी।
सीडीएस जनरल बिपिन रावत, सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया और नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने आज सेना दिवस 2020 पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने अपने जन्मदिन पर प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि केंद्र सरकार सत्ता कादुरुपयोग कर रही है जिससे देश का माहौल अराजक होता जा रहा है। मोदी सरकारकी नीतियों से देश की जनता परेशान है। बीजेपी सरकार में लोग परेशान है। देश कीअर्थव्यवस्था मंदी की ओर है।
राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले भारतीय सेना के सभी बहादुर जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को थल सेना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
जम्मू रीजन में 7 दिन के लिए 2जी मोबाइल इंटरनेट सेवा की बहाल कर दी गई है। बता दें कि जम्मू कश्मीर प्रशासन ने मंगलवार की शाम जम्मू क्षेत्र के कई हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवा और होटलों, यात्रा प्रतिष्ठानों तथा अस्पतालों समेत जरूरी सेवाएं प्रदान करने वाले सभी संस्थानों में ब्रॉडबैंड इंटरनेट सुविधा बहाल करने की अनुमति दे दी थी।
तमिलनाडु के मदुरई के अवनीपुरम में जल्लीकट्टू प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। 700 बैल और 730 बुल कैचर इसमें भाग ले रहे हैं।
गुजरात के कल पूरे राज्य में उत्तरायण का त्योहार मनाया गया। लोगों ने उत्सव के दौरान पतंग उड़ाए। यह तस्वीरें केवडिया में सरदार सरोवर डैम पर स्थित 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' से हैंऔर पीएम मोदी के इंस्टाग्राम अकाउंट से ली गई हैं।
तमिलनाडु के मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच द्वारा नियुक्त किए गए सेवानिवृत्त प्रधान जिला न्यायाधीश सी मणीकम ने मदुरै में कार्यक्रम स्थल का दौरा किया, जहां जलीकट्टू कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में की गई व्यवस्थाओं की जांच की।
तमिलनाडु के मदुरै के अवनियापुरम में जलीकट्टू की प्रतियोगिता शुरू हुई। बता दें कि इस साल अवनियापुरम में 730 बैल, अलंगानल्लूर में 700 बैल और पालामेडु में 650 बैल जलीकट्टू प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।
यूपी के वाराणसी में मकर संक्रांति के मौके पर श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में डुबकी लगाई और पूजा अर्चना की।
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर है। मंगलवार रात इराक के ताजा एयर बेस पर रॉकेट हमला हुआ है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस वक्त इराक पर ये हमला हुआ उस बेस पर अमेरिकी सैनिक मौजूद थे। न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, इराकी पुलिस ने इस हमले की पुष्टि की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 15 Jan 2020, 7:27 AM IST