
श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे बुधवार को पद छोड़ने वाले हैं। इस बीच अदालत ने फैसला सुनाया है कि गोटबाया और उनके दो भाइयों पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और पूर्व वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे को देश छोड़ने से रोका जाए।
दो-तिहाई सिंहल बौद्ध बहुमत के साथ, गोटबाया को 2019 में पांच साल के कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति के रूप में चुना गया था। शनिवार को अपने आधिकारिक आवास और कार्यालय में आंदोलन और सार्वजनिक हंगामे के बीच राष्ट्रपति ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की थी कि वह बुधवार को अपना पद छोड़ देंगे।
पाकिस्तान में मंगलवार को बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 255 नए मामले दर्ज किए गए और इस महामारी से एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। वहीं महामारी से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,543,505 हो गई है।
सांख्यिकी मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान में कुल 30,424 लोगों को इस महामारी की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी है। सोमवार को पाकिस्तान में 4676 टेस्ट किए गए, वहीं पॉजिटिविटी रेट 5.46 प्रतिशत बनी रही। यहां फिलहाल 141 सक्रिय मामले हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कर्नाटक हाईकोर्ट से एक जमानत मामले में सुनवाई तीन दिन के लिए टालने को कहा, जहां इसने राज्य के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) के खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी।
उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ने एसीबी के कामकाज के खिलाफ अपनी टिप्पणियों के संबंध में स्थानांतरण (ट्रांसफर) की धमकी मिलने का दावा किया था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल की निर्मम हत्या के मामले में राजस्थान के नौ स्थानों पर तलाशी ली। उदयपुर के मालदास स्ट्रीट स्थित उसकी दुकान पर धारदार हथियारों से लैस दो हमलावरों ने दर्जी की हत्या कर दी।
मामला शुरू में 29 जून को राजस्थान के उदयपुर के धनमंडी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। एनआईए ने फिर से मामला दर्ज किया था और जांच अपने हाथ में ले ली थी।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा द्वारा कुख्यात अशोक प्रधान गिरोह के एक खूंखार अपराधी की गिरफ्तारी से संभवत: एक बड़ा गैंगवार टल गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। रोहित उर्फ लांबा के रूप में पहचाना गया आरोपी पहले हत्या के कई मामलों में शामिल है, विशेष रूप से 2017 में गैंगस्टर कला असोदिया की सनसनीखेज हत्या, जब उसे हरियाणा के झज्जर की एक अदालत में पेश किया जा रहा था।
काला असोदिया मामा होने के साथ-साथ खूंखार गैंगस्टर नीरज बवानिया का गुरु भी था, जो अशोक प्रधान गिरोह का कट्टर प्रतिद्वंद्वी गिरोह था।
पहले वनडे में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को बुरी तरह से पीटा। भारत ने मेजबान टीम को 10 विकेट से मात दी। 111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान के मैच आसानी से जीत लिया।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगाने के लिए भाजपा अपने संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाने जा रहा है। बताया जा रहा है कि पार्टी की सर्वोच्च निर्णय करने वाली इकाई- भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक 16 जुलाई को हो सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बैठक में मौजूद रह सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष की मौजूदगी में शनिवार को होने वाली इस बैठक में भाजपा उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगा सकती है। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान ही भाजपा नेता एनडीए में शामिल घटक दलों के नेताओं के साथ ही फोन पर विचार विमर्श करेंगे और इसके बाद एनडीए उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
श्रीनगर शहर के लाल बाजार इलाके में पुलिस नाका पार्टी पर आतंकियों ने हमला किया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक आतंकियों की गोलीबारी के बाद एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और दो अन्य घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को संविधान के अनुच्छेद 12 के तहत पीएम केयर्स फंड को एक 'सरकारी' फंड घोषित करने की मांग वाली याचिका पर प्रधानमंत्री कार्यालय से जवाब मांगा है।
मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्र से जनहित याचिका पर 'विस्तृत और संपूर्ण' जवाब दाखिल करने को कहा।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वे "बिग बॉस टी20 पंजाब लीग" नाम से एक नकली टी20 टूर्नामेंट का आयोजन कर रहे थे। सॉफ्टवेयर के माध्यम से, वे यूट्यूब पर मैचों की लाइव-स्ट्रीमिंग कर रहे थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में कहा कि कोविड के बाद कई देश मंदी का सामना कर रहे हैं। हमारा देश भी मंदी और महंगाई का सामना कर रहा है, लेकिन दुनिया की तुलना में हम पीएम मोदी द्वारा बनाई गई नीतियों के कारण सुरक्षित हैं।
राष्ट्रपति चुनाव पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेप अगर अपने अंतरआत्मा की आवाज की सुने तो उन्हें अपने अंदर की आवाज को सुनकर अपने पुराने साथी (यशवंत सिन्हा) का समर्थन करना चाहिए।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो बच्चे हैं वो ज्यादातर एनीमिक हैं। इस देश में 50 फीसदी आबादी 25 साल से कम उम्र की है, 40 साल की उम्र की आबादी 60 फीसदी है, आप उनको नौकरी क्यों नहीं दे रहे हैं?
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में 60 लाख से ज्यादा नौकरियां हैं, आप सिर्फ 10 लाख लोगों को नौकरी दे रहे हैं, आप अर्थव्यवस्था पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वाराणसी कोर्ट ने आज ज्ञानवापी मस्जिद मामले पर फिर से सुनवाई शुरू की। मामले में हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ता विष्णु जैन ने कहा कि हिंदू पक्ष ने आज अपनी दलीलें शुरू कीं और हमें अपनी दलीलें पूरी करने में दो दिन और लगेंगे। मुस्लिम पक्ष ने आज अपनी दलीलें पूरी कर ली हैं।
पहलवान द ग्रेट खली ने एक टोल कर्मचारी के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करने वाले वायरल वीडियो पर कहा कि "कल, पंजाब के फिल्लौर के टोल टैक्स कर्मचारी ने मेरी कार रोकी और सेल्फी के लिए दुर्व्यवहार किया। जब मैंने सेल्फी लेने से इनकार किया, तो उन्होंने बेरहमी से नस्लवादी टिप्पणियां कीं, अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया।"
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के जनसंख्या वाले बयान पर पूछा कि क्या मुसलमान भारत के मूल निवासी नहीं हैं? यदि हम वास्तविकता देखें, तो मूल निवासी केवल आदिवासी और द्रविड़ लोग हैं। यूपी में बिना किसी कानून के 2026-2030 तक वांछित प्रजनन दर हासिल कर ली जाएगी।
94 साल की उम्र में भगवानी देवी डागर ने भारत के लिए वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दौड़ में स्वर्ण पदक और शॉट पुट में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। दूसरे देश में पदक जीतकर लाई हूं। अपने देश का नाम और रोशन करुंगी।"
कांग्रेस नेता राजीव शुकला ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि आज हमारे बीच हिमाचल प्रदेश के बहुत वरिष्ठ नेता पंडित खिमी राम जी मौजूद हैं। यह बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष थे, वहां मंत्री और विधानसभा के उपाध्यक्ष थे और हिमाचल के कद्दावर नेता हैं, जिन्होंने आज कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि खिमी राम जी के शामिल होने के बाद आप समझ सकते हैं हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में क्या होने वाला है। वहां कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से जीतने वाली है और कांग्रेस पार्टी की सरकार वहां बनने वाली है।
राजीव शुकला ने कहा, “हिमाचल प्रदेश में जिस तरह से कुशासन है, जिस तरह से जनता त्रस्त है, चाहे वह महंगाई से हो या वहां पनपते भ्रष्टाचार से या मंत्रियों के अहंकार से हो। हिमाचल के लोग बहुत त्रस्त हैं। इसलिए हमने वहां फैसला किया है कि हम वहां 'ओल्ड पेंशन स्कीम' देंगे।”
उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो कॉन्ट्रैक्ट पर जो कर्मचारी हैं, उन्हें भी हमने आगे रेगुलर करने का फैसला किया है। आगामी 27 तारीख को युवाओं के लिए 'बेरोजगार यात्रा' धर्मशाला से शुरू हो रही है जो पूरे हिमाचल में जाएगी। कुशासन के खिलाफ हम पूरी एकजुटता के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। निश्चित रूप से हमें वहां 2 तिहाई बहुमत हासिल होगा और हम वहां सरकार बनाएंगे।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी I2U2 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसमें इज़राइल के प्रधानमंत्री यायर लापिड, UAE राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन शामिल होंगे। I2U2 का पहला लीडर्स समिट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 14 जुलाई 2022 को होगा।
असम के डिब्रुगढ़ में ज़िला प्रशासन द्वारा बैदुल्लाह खान के आवास को ध्वस्त किया गया। असम पुलिस ने बैदुल्लाह खान को एक्टिविस्ट विनीत बगरिया को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ़्तार किया था।
गुजरात के नवसारी में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। जिला कलेक्टर अमित प्रकाश यादव ने कहा, "अभी नवसारी जिले में पूर्णा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 1700 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। अभी पूर्णा का जल स्तर कुछ दिनों तक ऐसा ही रहने वाला है।"
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हमने अपनी बैठक में द्रौपदी मुर्मू (NDA की राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार) पर चर्चा की। द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का मतलब बीजेपी का समर्थन करना नहीं है। शिवसेना की भूमिका एक-दो दिन में साफ हो जाएगी।
उन्होंने कहा, “विपक्ष जिंदा रहना चाहिए। हमारे पास विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के प्रति भी सद्भावना है। पहले हमने प्रतिभा पाटिल का समर्थन किया था। NDA उम्मीदवार का नहीं। हमने प्रणब मुखर्जी का भी समर्थन किया था। शिवसेना दबाव में फैसले नहीं लेती।”
सुप्रीम कोर्ट ने ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर की अंतरिम जमानत अगले आदेश तक बढ़ा दी है। कोर्ट ने 7 सितंबर को सुनवाई के लिए जुबैर की याचिका को सूचीबद्ध किया है। सुप्रीम कोर्ट ने ऑल्ट न्यूज़ के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर की याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को चार हफ्ते का समय दिया।
पश्चिम रेलवे के मुताबिक, गुजरात के वडोदरा मंडल के दभोई और एकता नगर स्टेशनों के बीच पटरियों के खराब होने के चलते पश्चिम रेलवे की कुछ ट्रेनों को रद्द और कुछ को आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया है।
केरल के कन्नूर जिले के पय्यानुर में RSS कार्यालय पर बम फेंका गया। पय्यान्नूर पुलिस के अनुसार घटना आज सुबह हुई है। घटना में इमारत की खिड़की के शीशे टूटे।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 13,615 नए मामले सामने आए और 13,265 ठीक हुए हैं। इस दौरान कोरोना संक्रमण से 20 लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सभी जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। देहरादून, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश की संभावना है।
मौसमव विभाग ने 14 जुलाई तक मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के लिए- शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश, छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की संभावना है।
महाराष्ट्र के पुणे शहर के नाना पेठ इलाके में कल देर रात दो मंजिला इमारत की दीवार गिरने से 2 लोग घायल हो गए और 2 लोगों को बचाया गया।
गुजरात के अमराईवाड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण सड़कों पर भारी जलभराव हो गया है। सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
गुजरात में भारी बारिश की वजह से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। दक्षिण और मध्य गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश की वजह से कुछ नदियों का जलस्तर बढ़ गया और विभिन्न निचले इलाकों में पानी भर गया है।
दक्षिण और मध्य गुजरात जिलों के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। 9,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा गया है। वहीं, 468 लोगों को बचाया गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 12 Jul 2022, 8:08 AM IST