
भारत-बांग्लादेश के बीच कोरोना महामारी के कारण दो वर्षों से बंद रेल सेवा आखिरकार 29 मई से शुरू हो जाएगी। इसके अलावा भारत और बांग्लादेश के बीच एक नई ट्रेन मिताली एक्सप्रेस की भी शुरूआत की जाएगी।
रेलवे मंत्रालय ने दोनों देशों के बीच आगामी 29 मई से रेल सेवा शुरू करने की जानकारी दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल तौर पर मिताली एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर बांग्लादेश के लिए रवाना करेंगे।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) के अध्यक्ष विजय सांपला ने लुधियाना जिले में आजादी के बाद से रह रहे अनुसूचित जाति के निवासियों के खिलाफ निष्कासन (बेदखल) के आदेश जारी करने के पंजाब सरकार के फैसले पर संज्ञान लेते हुए बुधवार को एक नोटिस जारी किया। उन्होंने राज्य से 15 दिनों में जवाब देने को कहा है।
इसके अलावा, एनसीएससी ने सरकार से निष्कासन अभियान को रोकने और यथास्थिति बनाए रखने के लिए भी कहा है।
ज्ञानवापी में मिले शिवलिंग पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि एक समय ऐसा था कि रात के अंधेरे में मूर्तियां रख दी गई थीं। बीजेपी कुछ भी कर सकती है और कुछ भी करा सकती है।
असम के नौगांव जिले में राहा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कामपुर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां हजारों लोग प्रभावित हैं। कपिली, बरपानी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने पूजा स्थलों पर 1991 के अधिनियम और बाबरी मस्जिद के संबंध में फैसले को देखने और मामले को प्रभावी ढंग से पेश करने के लिए एक कानूनी समिति का गठन किया है।
दिल्ली में 12वीं कक्षा के एक लड़के पर उसके स्कूल के बाहर लड़कों के एक समूह ने हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि स्कूल गेट के पास इंतजार कर रहे कुछ अज्ञात लड़कों ने उस पर बेल्ट और चाकू से हमला कर दिया। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आगे की जांच की जा रही है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी के सिद्धार्थनगर में कहा कि बीजेपी ज्ञानवापी मस्जिद, ताजमहल और अन्य जैसे मुद्दों का इस्तेमाल असली चीजों से जनता को भटकाने के लिए कर रही है ताकि बेरोजगारी, महंगाई पर कोई बहस न हो। ऐसा लगता है कि बीजेपी 'वन नेशन वन बिजनेसमैन' के लिए काम कर रही है।
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि बैजल ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया है।
असम के लोग बाढ़ से बेहाल है। अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, पांच लोग लापता हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सेना बचाव कार्य में जुटी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो अभी और बारिश के आसार हैं।
वेस्ट बेंगलुरु के डीसीपी संजीव पाटिल ने कहा, “उल्लाल उप्पनगर, उपकार लेआउट बस स्टैंड के पास कल रात भारी बारिश के बाद बिहार और यूपी के 2 मजदूर पाइपलाइन कार्य स्थल पर मृत पाए गए। 3 व्यक्ति उस स्थल में प्रवेश कर गए थे, जिनमें से एक बच गया था, 2 शव साइट से निकाले गए।”
गुजरात में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता दानिश कुरैशी को अहमदाबाद साइबर क्राइम टीम ने हिंदू देवी-देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि उनके ट्वीट से हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
जोगीवाला पुलिस चौकी में महिला की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। महिला का कोरोनेशन अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला को पुलिस चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए चौकी ले गई थी। आरोप है कि चौकी में उसे थर्ड डिग्री टार्चर दिया गया। बिजली का करंट लगाने के साथ गाली-गलौज की गई।
पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गुजरात के मोरबी में हुए हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
गुजरात के मोरबी के हलवाड़ जीआईडीसी में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। राज्य मंत्री बृजेश मेरजा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों के साथ सरकार खड़ी है।
मध्य प्रदेश में स्थानीय चुनावों में OBC आरक्षण को सुप्रीम कोर्ट ने अनुमति दी है। मध्य प्रदेश चुनाव आयोग को एक सप्ताह में स्थानीय निकाय चुनाव की सूचना देने का निर्देश है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सीएम ने कहा, "प्रदेश की जनता को सही प्रकार से सुविधाएं मिले इसके लिए सरकार द्वारा 10 बजे कर्मचारियों को दफ्तरों में पहुंचने का सर्कुलर जारी है लेकिन कुछ दिनों से शिकायत मिल रही थी।"
उन्होंने कहा, “कुछ कर्मचारी अपने तय समय पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। सभी जगह बायोमैट्रिक अनिवार्य किया गया है और यही कारण है कि मैं आज सुबह 10 बजे खुद कार्यालय गया और कुछ कर्मचारी दफ्तर नहीं पहुंचे थे जो दफ्तर नहीं पहुंचे थे उन पर कार्रवाई की जाएगी।”
मुंबई सत्र न्यायालय ने सांसद और विधायक नवनीत राणा-रवि राणा को आज उनके सामने पेश होने का निर्देश दिया था लेकिन वे ऐसा करने में विफल रहे। उनके वकील रिजवान मर्चेंट ने कोर्ट से छूट मांगी। सुनवाई की अगली तारीख 15 जून है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “आपकी पाई-पाई जोड़कर बनाई गई मेहनत की कमाई पर महंगाई की मार है। बीजेपी सरकार की एक भी आर्थिक नीति ऐसी नहीं है, जिससे मिडिल क्लास, गरीब तबके की आमदनी ज्यादा हो सके और खर्च कम। मिडिल क्लास और गरीब तबके के लोगों को यह डर सता रहा है कि कहीं उनको डेली का खर्च चलाने के लिए कर्ज न लेना पड़े।”
महाराष्ट्र के ठाणे की अदालत ने मराठी अभिनेत्री केतकी चितले को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। केतकी चितले को NCP प्रमुख शरद पवार के खिलाफ फेसबुक पर एक अपमानजनक पोस्ट साझा करने के आरोप में 15 मई को गिरफ्तार किया गया था।
हिंदू संगठनों ने अब दिल्ली के जामा मस्जिद पर दावा ठोका है। हिंदू महासभा और यूनाइटेड हिंदू फ्रंट समेत कुछ हिंदू संगठनों ने पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद को मंदिर पर बने होने का दावा किया है। ज्ञानवापी की तरह जामा मस्जिद का भी सर्वे कराने की मांग की है। यह संगठन कोर्ट में जाने तैयारी भी कर रहे हैं।
बीएसपी प्रमुख मायावती ने कहा, “यह किसी से छिपा नहीं है कि BJP द्वारा धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे कभी भी हालात बिगड़ सकते हैं। आजादी के इतने वर्षों के बाद ज्ञानवापी, मथुरा, ताजमहल व अन्य स्थलों के मामले में षडयंत्र के तहत लोगों की धार्मिक भावनाओं को भड़काया जा रहा है।”
उन्होंने कहा, “इससे अपना देश मज़बूत नहीं होगा, बीजेपी को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। इसके साथ ही विशेष कर एक धर्म समुदाय से जुड़े स्थानों के नाम बदलने की प्रक्रिया से अपने देश में शांति, सद्भाव नहीं बल्कि द्वेष की भावना उत्पन्न होगी।”
पंजाब के लुधियाना के सुभानी इमारत में बॉम्बे स्कूटर स्पेयर पार्ट्स की दुकान में आज सुबह लगी आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। फायर ऑफिसर ने बताया, "आज सुबह 7 बजे हमें आग लगने की सूचना मिली। 90-95% आग पर काबू पा लिया गया है, बहुत जल्द पूरी आग पर काबू पा लिया जाएगा। अभी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, मौके पर 5-6 दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई है।”
महाराष्ट्र के भिवंडी में इंडियन कॉरपोरेशन कॉम्प्लेक्स के बाहर धुएं का गुबार देखा गया। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। अधिक विवरण की प्रतीक्षा है। यह जानकारी ठाणे नगर निगम ने दी है।
देश में बढ़ती महंगाई पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने मोदी सरकार पर निशान साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “बेचने, लूटने और मुनाफा कमाने में भाजपा सरकार रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाती जा रही है!
एक साल में महंगाई-
पेट्रोल- 66.1%
डीजल- 60.6%
धातुएँ- 24.8%
सब्जियां- 23.2%
आलू- 19.8%
गेहूँ - 10.7%
#FuelLoot से की लगातार रिकॉर्ड कमाई, मग़र जनता पर रोज़ महंगाई की आग से कहर ढाई?”
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1,829 नए मामले सामने आए हैं, 2,549 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 33 लोगों की मौत हुई है।
जमैका में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा, “जमैका का भारत में बहुत ही खास स्थान है। 175 साल से भी पहले साल 1845 में लगभग 200 भारतीयों को लेकर एक जहाज जमैका में पहुंचा था। तभी से भारत के हर क्षेत्र से भारतीय इस खूबसूरत देश में आ रहे हैं।”
उत्तर प्रदेश में मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। रात 11 बजे मथुरा के गोवर्धन से दिल्ली जा रही एक बस, ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। हादसे में 34 लोग घायल हुए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। मथुरा के एसपी ग्रामीण ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। रूस लगातार यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है। इन हमलों में यूक्रेन के लगभग सभी शहर तबाह हो गए हैं। इस बीच WHO ने दावा किया है कि जंग के बीच रूस ने यूक्रेन के अस्पतालों पर अब तक 226 हमले किए हैं। इन हमलों में 75 लोगों की मौत हुई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 18 May 2022, 7:48 AM IST