
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 822 नए मामले सामने आए, 2 मौतें हुईं और 1,055 ठीक हुए। सकारात्मकता दर 11.41% रही।
मदुरै में 2018 की हत्या के सिलसिले में कोर्ट ने 27 लोगों को दोषी ठहराया, बता देंस शिवगंगा जिले के तिरुप्पचेट्टी के पास कचनंथम गांव के 3 लोगों की हत्या कर दी गई थी।
न्यूज एजेंसी ANI ने अपने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि दिल्ली में रहने वाला एक 35 वर्षीय नाइजीरियाई व्यक्ति, जिसका हाल ही में कोई यात्रा इतिहास नहीं है, वो Monkeypox के लिए पॉजिटिव पाया गया है। बता देंस यह भारत में छठा मंकीपॉक्स का मामला है।
कांग्रेस ने आज लोकसभा में मंहगाई पर चर्चा के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जवाब के विरोझ में सदन से वाकआउट किया। मनीष तिवारी ने कहा कि वित्त मंत्री का जवाब निराशाजनक था। सरकार का रवैया है कि देश में महंगाई नहीं है, लोग पीड़ित नहीं हैं। अगर देश के 140 करोड़ लोगों की आवाज उठाने वाले विपक्ष की चिंताओं पर आपकी यह प्रतिक्रिया है, तो क्यों सुनें।
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने पिछले दिनों मुंबई के अंधेरी में एक कार्यक्रम में दिए अपने विवादित बयान के लिए माफी मांग ली है, जिसपर विवाद खड़ा हो गया था। कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि "अगर गुजरातियों और राजस्थानियों को महाराष्ट्र, विशेष रूप से मुंबई और ठाणे से हटा दिया जाता है, तो यहां कोई पैसा नहीं बचेगा"।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी पूरी हो चुकी है और अगले कुछ दिनों में 12 अगस्त तक अग्रिम भुगतान की स्वीकृति और आवंटन सहित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। ऐसा लगता है कि हम अक्टूबर तक देश में 5जी लॉन्च कर पाएंगे।
तेलंगाना में टीडीपी के संस्थापक और पूर्व सीएम एनटी रामाराव की बेटी उमा माहेश्वरी आज हैदराबाद में अपने आवास पर लटकी पाई गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेजकर सीआरपीसी की धारा 174 (आत्महत्या पर पूछताछ और रिपोर्ट करने के लिए पुलिस) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां दमोह नाका शिवनगर स्थित एक निजी अस्पताल न्यू लाइफ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में भीषण आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस हादसे में 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
मध्य प्रदेश: जबलपुर के एक अस्पताल में आग लगी। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
संयुक्त अरब अमीरात से 22 जुलाई को त्रिशूर आए युवक की मौत की पुष्टि हो गई है। युवक की मौत मंकीपॉक्स से हुई है। केरल के स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। युवक के नमूनों को एनआईवी पुणे में भेजे गए थे, जिसके सोमवार को परिणाम पॉजीटिव मिले।
22 साल के हफीज का रविवार को निधन हो गया और उसके बाद से उसमें मंकीपॉक्स होने का शक होने लगा। जल्द ही स्वास्थ्य अधिकारी हरकत में आ गए और कोझीकोड हवाई अड्डे पर आने वाले यात्रियों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया।
पता चला कि हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए उनके चार दोस्त और उनके परिवार के सदस्य भी थे।
ऑगस्टे-तानोआ-कौमे भारत के लिए विश्व बैंक के कंट्री डायरेक्टर बनाए गए हैं। उन्होंने सोमवार को कार्यभाल संभाला। वह जुनैद कमाल अहमद की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है। कोटे डी आइवर के एक नागरिक अगस्टे ने हाल ही में तुर्की के लिए विश्व बैंक के देश निदेशक के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने बैंक के देश कार्यक्रम के विस्तार का नेतृत्व किया और अंकारा के जलवायु एजेंडे के लिए अपना समर्थन गहरा किया।
इससे पहले, उन्होंने जनवरी 2017 से अप्रैल 2019 तक विश्व बैंक समूह के स्वतंत्र मूल्यांकन समूह (आईईजी) में मानव विकास और आर्थिक प्रबंधन विभाग के निदेशक के रूप में कार्य किया।
उन्होंने पहले लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई देशों में और फिर मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका क्षेत्रों में विश्व बैंक के मैक्रोइकॉनॉमिक्स और वित्तीय प्रबंधन अभ्यास में अभ्यास प्रबंधक के रूप में भी पदों पर कार्य किया।
केंद्र ने देश में मंकीपॉक्स के मामलों की निगरानी के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक सूत्र के अनुसार, टास्क फोर्स सरकार को नैदानिक सुविधाओं के विस्तार और संक्रमण के लिए टीकाकरण का पता लगाने के लिए मार्गदर्शन भी करेगी।
सूत्रों की मानें तो, टीम का नेतृत्व डॉ वी.के. पॉल, सदस्य (स्वास्थ्य), नीति आयोग, और सचिव, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय शामिल हैं।
भारत में अब तक चार मंकीपॉक्स के मामले सामने आए हैं, तीन केरल में और एक दिल्ली में।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ जो बोलेगा उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई होगी। ED का पिछले 8 साल का ट्रैक रिकॉर्ड निकालकर देखेंगे तो सिर्फ विपक्ष के नेताओं को टारगेट किया गया है। ED राजनीतिक उद्देश्य के लिए काम कर रही है। बीजेपी शासित राज्य, नेता या उनसे जुड़े संगठन हों, वहां वे (ED) कार्रवाई नहीं करती।
दिल्ली: कांग्रेस के लोकसभा सांसद मनिकम टैगोर, राम्या हरिदास और एस जोथिमणि का निलंबन रद्द होने के बाद वे सदन में पहुंचे
राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि महंगाई पर चर्चा कल होगी और इस पर हम सब ने सहमती भी बनाई थी। आज लोकसभा में ये सूचीबद्ध है और कल दोपहर 2 बजे राज्यसभा में इस पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस महसाचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके कहा कि गुजरात में एक ही पोर्ट से 3 बार लगभग 22000 करोड़ का ड्रग्स बरामद हुआ।
मीडिया में चुप्पी
सरकार में सुस्ती
सरकार की सारी एजेंसियां सन्नाटे में
भाजपा सरकार की नाक के नीचे से माफिया पूरे देश में ड्रग्स बांट रहे हैं। कानून व्यवस्था असहाय है या माफिया से मिलीभगत है?
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हम ED के दुरुपयोग को लेकर चिंता है। सरकारी संस्थाओं का काम राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए बल्कि उनका एक विशेष काम है। हम ऐसे देश में हैं जहां लोकतंत्र का अपना महत्व है, जिसे बचाकर रखना चाहिए। विपक्षी नेताओं की आवाजों को दबानी नहीं चाहिए।
कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीत कर लाने वाले खिलाड़ियों को लोक सभा ने बधाई दी है। सोमवार को लोक सभा की कार्यवाही शुरू होते ही लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का नाम लेते हुए उन्हें पूरे सदन और अपनी तरफ से बधाई देते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लेने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी शुभकामनाएं दी।
गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर बरामद ड्रग्स के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि डबल इंजन की सरकार में वे कौन लोग बैठे हैं, जो लगातार ड्रग्स और शराब माफिया को संरक्षण दे रहे हैं? गुजरात के युवाओं को नशे की ओर क्यों धकेला जा रहा है?
मेरे सवाल:
1. एक ही पोर्ट पर 3 बार ड्रग्स बरामद होने के बावजूद, उसी पोर्ट पर लगातार ड्रग्स कैसे उतर रही है?
2. क्या गुजरात में कानून व्यवस्था ख़त्म है? माफिया को कानून का कोई डर नहीं? या ये माफिया की सरकार है?
शिवसेना नेता संजय राउत की गिरफ्तारी पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वो संसद को विपक्ष मुक्त चाहते हैं इसलिए वो ऐसा कर रहे हैं लेकिन संजय राउत कानूनी तौर पर लड़ेंगे और उन्हें जो कुछ कहना है वो कहेंगे। ये सरकार विपक्ष को दबाना चाहती है, अगर कोई प्रॉपर्टी का मामला है तो उसके लिए कानून है और उसके तहत एक्शन लीजिए न कि उसके घर जाकर 6 घंटे पूछताछ करना ये सब उत्पीड़न है और विपक्ष को खत्म करनी की बातें चल रही हैं।
भारत में पिछले 24 घंटों में #COVID19 के 16,464 नए मामले सामने आए हैं।
कुल मामले: 4,40,36,275
सक्रिय मामले: 1,43,989
कुल रिकवरी: 4,33,65,890
कुल मृत्यु: 5,26,396
कुल वैक्सीनेशन: 2,04,34,03,676
मानसून सत्र | लोकसभा में आज नियम 193 के तहत मूल्य वृद्धि पर चर्चा होगी।
शिवसेना नेता विनायक राउत और कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने लोकसभा में मूल्य वृद्धि पर चर्चा करने का नोटिस दिया।
वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में आज से 36 रुपए की कटौती की गई है। इस नवीनतम कमी के साथ 19 किलो के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2012.50 रुपए के बजाय 1,976 रुपए होगी।
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में बड़ा हादसा हो गया है। रविवार देर रात करंट लगने से 10 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह घटना जलपेश जा रहे यात्रियों को ले जा रही पिकअप वैन के करंट लगने के बाद हुई। घटना के तुरंत बाद यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Aug 2022, 7:51 AM IST