द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बन गई हैं। तीसरे राउंड के बाद द्रौपदी मुर्मू ने 50 फीसदी के आंकड़े को पार कर लिया है हालांकि अभी एक और राउंड की वोटों की गिनती होनी बाकी है। उनके राष्ट्रपति बनने पर पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने बधाई दी है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि तीसरे दौर की मतगणना समाप्त होने के बाद कुल वैध मत 3219 हैं, जिनका कुल मूल्य 8,38,839 है, जिसमें से द्रौपदी मुर्मू को 5,77,777 मूल्य के 2161 मत मिले हैं। यशवंत सिन्हा को 2,61,062 मूल्य के 1058 वोट मिले।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने राज्यसभा में कहा कि मंत्रालय ने 94 यूट्यूब चैनल, 19 सोशल मीडिया अकाउंट और 747 यूआरएल के खिलाफ कार्रवाई की है और उन्हें ब्लॉक कर दिया है। यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69ए के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने फर्जी खबरें फैलाकर और इंटरनेट पर दुष्प्रचार कर देश की संप्रभुता के खिलाफ काम करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि संदोनों के परिणामों को शामिल करने के बाद, अब तक कुल 1,886 वैध मतों की संख्या 6,73,175 है, जिसमें से द्रौपदी मुर्मू को 1,349 मत मिले हैं, जिनका मूल्य 4,83,299 है। यशवंत सिन्हा को अब तक 537 वोट मिले हैं, जिनकी कीमत 1,89,876 है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
फिल्मकार अविनाश दास को जमानत मिल गई है। बता दें, झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीर साझा करने के संबंध में फिल्मकार के खिलाफ अहमदाबाद में एक एफआईआर दर्ज हुई थी। जिसके बाद उन्हें 19 जुलाई को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर ईडी सूत्रों के हवाले चल रही वह खबर झूठी निकली है, जिसमें यह बात कही जा रही थी कि सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए ईडी से छूट मांगी और जल्द ही ईडी दफ्तर से निकल गईं।
कांग्रेस पार्टी ने इस खबर का खंडन किया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा, "आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कानून के मुताबिक, ईडी के सामने पेश हुईं। करीब दो से ढाई घंटे तक वहां रहीं। उसके बाद ईडी ने कहा कि हमें आपसे और कोई सवाल पूछना नहीं है, आप जा सकती हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नहीं, जो कुछ भी आपके पास सवाल हैं आज मुझसे पूछिए मैं यहां रात 8 से 9 बजे तक बैठने के लिए तैयार हूं। मैं कल भी आ सकती हूं। वहीं, ईडी ने कहा कि आज हमें आपकी जरूरत नहीं है। कल भी जरूरत नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से निवेदन गया है कि अगर कुछ सवाल बाकी है तो सोमवार को आप पूछताछ कर सकते हैं। हम आने के लिए तैयार हैं।”
जयराम रमेश ने आगे कहा, “मैं उस खबर का खंडन करता हूं कि ईडी सूत्रों के हवाले से जो कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष की गुजारिश की वजह से आज की पूछताछ खत्म हुई, क्योंकि वह कोविड मरीज थीं। यह बिलकुल बेबुनियाद है, गलत है, झूठ है। आज की पूछताछ खत्म हुई, क्योंकि ईडी के पास कोई सवाल नहीं था।”
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
IMD हिमाचल प्रदेश प्रमुख सुरेंद्र सिंह ने कहा, “मानसून सक्रिय है, अनुमान है कि आने वाले 4-5 दिन मानसून की बारिश होती रहेगी। कांगड़ा ज़िले में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। 1 जून से अब तक मानसून सामान्य रहा है। बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी और शिमला में अधिक बारिश हुई है।”
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
नेशनल हेराल्ड मामले में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को रोका और रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
दिल्ली में ईडी द्वारा कांग्रस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में चंडीगढ़ में प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
पंजाब के पटियाला में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। पटियाला के पास एक घर की छत गिरने से एक परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई है। हादसे में एक 15 वर्षीय लड़का घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
हरियाणा के नूंह में अवैध खनन के मामले की जांच करने पहुंचे डीएसपी सुरेंदर सिंह की हत्या के मामले में आरोपी शब्बीर उर्फ मित्तर को आज नूंह कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली के किंग्सवे कैंप पुलिस लाइंस में ले जाया गया है, जहां उन्हें पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में आज पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद ले जाया गया।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के महत्व के साथ 540 वोट हासिल किए हैं और यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के महत्व के साथ 208 वोट हासिल किए हैं। कुल 15 वोट अवैध थे। ये संसद (वोट) के आंकड़े हैं। अगली घोषणा की प्रतीक्षा है।”
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा, “एक ही परिवार के दो सदस्यों को बार-बार तलब करना गलत है, वह भी एक ही मामले में। जहां तक लोगों की गिरफ्तारी का सवाल है, ऐसा नहीं है कि उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति को बाधित किया है। इसके अलावा, हमें आंदोलन करने का अधिकार है।”
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “जीएसटी पर चर्चा करो- सदन स्थगित, महंगाई पर चर्चा करो - सदन स्थगित, अग्निपथ पर चर्चा करो - सदन स्थगित, एजेंसियों के दुरूपयोग पर चर्चा करो - सदन स्थगित। आज सरेआम, देश की जनता की आवाज़ दबाई जा रही है। इस अहंकार और तानाशाही पर 'सत्य' भारी पड़ेगा।”
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
नेशनल हेराल्ड मामले में अपना बयान दर्ज कराने के के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली के ईडी दफ्तर से बाहर आ गई हैं।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, “सभी सवालों का जवाब देने के लिए हम तैयार हैं। लोकतंत्र में एजेंसी का दुरुपयोग हो रहा है। उसके जवाब में हम अहिंसक तरीके से विरोध कर रहे हैं ये हमारा अधिकार है। हमारे अधिकार को छीना जा रहा है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का काम हो रहा है।”
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी से ED की पूछताछ पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 65 साल से ऊपर के जितने भी वरिष्ठ नागरिक होते हैं उनके घर पर जाकर पूछताछ की जाती है, लेकिन यहां पर तो सब चीजें वे तोड़ रहे हैं। वे दिखाना चाहते हैं कि वे कितने पावरफुल हैं।
उन्होंने कहा, “हम हर मुद्दा उठाएंगे। अब तो हम मंहगाई का मुद्दा उठाए तो उसके लिए भी वे चर्चा के लिए तैयार नहीं हैं। ED-CBI का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है उसके लिए भी वे तैयार नहीं हैं।”
कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, सरकारी एजेंसी का दुरुपयोग स्वीकार्य नहीं है। सरकार दुरुपयोग कर रही है तो हम उसका शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं। यह हमारा अधिकार है, लेकिन सरकार को यह भी बर्दाशत नहीं है कि विपक्ष आवाज उठाए। यह सोनिया जी और पार्टी की आवाज को दबा नहीं सकते।”
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
नेशनल हेराल्ड मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली के ईडी दफ्तर में हैं। वहीं, दूसरी तरफ सड़क पर उतरकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे पार्टी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पार्टी के बड़े नेताओं के साथ कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ईडी द्वारा सोनिया गांधी को बुलाए जाने का विरोध किया जा रहा है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी मुख्यालय से ईडी दफ्तर पहुंच गई हैं। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी ईडी के सामने अपना बयान दर्ज कराएंगी। सोनिया गांधी के साथ राहुल-प्रियंका गांधी मौजूद हैं।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी मुख्यालय से ईडी दफ्तर के लिए निकल गई हैं। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी आज ईडी के सामने अपना बयान दर्ज कराएंगी। सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी मौजूद हैं।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता इससे रुष्ट है। BJP मोदी जी को कितना बचाते हैं जब वे मोदी जी के लिए ये कर सकते हैं तो हम सोनिया गांधी के लिए नहीं कर सकते हैं। मोदी जी अभी 8-10 साल से देश में दिखे हैं, सोनिया गांधी का परिवार कबसे इस देश की सेवा करते आ रहा है।
वहीं, शशि थरूर ने कहा कि ये अन्याय चल रहा है और अन्याय की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
नेशनल हेराल्ड मामले में आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ईडी के सामने पेशी होनी है। इससे पहले दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं ने प्रेस से बात की। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, “राजनीतिक पार्टियों में गठबंधन होना एक स्वभाविक बात है। लेकिन जो अमित शाह और नरेंद्र मोदी की राजनीति का गठबंधन है वह एजेंसियों के साथ है और बड़ा स्पष्ठ दिखता है। जब भी इनकी घेराबंदी हो जाती है तो यह एजेंसियों का दुरुपयोग करते हैं। एजेंसियों के सामने कर देते हैं। वे राज्यों के चुनाव हों, वह बंगाल हो या फिर उत्तर प्रदेश हो, असम हो, कश्मीर हो, महाराष्ट्र हो या फिर राजस्थान हो। सब जगह आपको एजेंसियों की भूमिका और उस भूमिका की टाइमिंग बड़ी स्पष्ठ तौर पर दिखती है। साजिश क्या है? हमें चुप करवाने की साजिश है। हमें रोकने का षड्यंत्र है और नियत है विपक्ष मुक्त भारत का। यह हम सबको स्पष्ठ तौर पर समझ लेना चाहिए।"
पवन खेड़ा ने आगे कहा, “देश का यह जानना अधिकार है कि हमें यह लोग चुप क्यों कराना चाहते हैं। आखिर वो कौन से मुद्दे हैं जब हम उठाते हैं तो एक साहब हैं, जिन्हें 18-19 घंटों तक नींद ही नहीं आती है। उन मुद्दों की वजह से नींद नहीं आती है। वह मुद्दे उठाने वाले कौन हैं? वह मुद्दे उठाने वाली कांग्रेस पार्टी है। वह मुद्दे उठाने वाले राहुल गांधी हैं। वह मुद्दे उठाने वाली कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं। उन्हीं मुद्दों से इनकी नींद हराम है। इसी वजह से एजेंसियों को सुबह से शाम तक व्यस्त रखा जाता है। यह ‘वन नेशन, वन ईलेक्शन मालूम है क्यों चाहते हैं?’ ताकि एक ही बार में साभी एजेंसियों का एहसान ले लें। सबको रिटायरमेंट के बाद समायोजित करना पड़ता है। यह परेशान हो जाते हैं। इन्हें नींद नहीं आती है। यह स्थिति है हमारे प्रधानमंत्री की। हम तो सिर्फ प्रधानमंत्री को उनके अपने पुराने भाषण सुना देते हैं। डॉलर, पेट्रोल, बेरोजगारी, चीन पर और पाकिस्तान पर। तमाम भाषण जो यह 2014 से पहले दिया करते थे अब हम उन्हें सुना देते हैं। इनका सिर शर्म से झुक जाता है।”
वहीं, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि जैसे ईडी ने राहुल गांधी से पूछताछ की थी पूरे देश ने देखा था, आज सोनिया गांधी को बुलाया है। पूरा देश जानता है कि वो ऐसी नेता हैं जिन्होंने पूरे देश का दिल जीता है, जिस रूप से उन्होंने यूपीए का गठन किया 'फील गुड और इंडिया शाइनिंग" के नारों को हराया, जो आर्टिफिशल थे। इस सरकार को इतनी भी शर्म नहीं आती की आप किस महिला को किस रूप में व्यवहार कर रहे हैं, ईडी चाहती तो उनके घर जाकर बयान ले सकती थी। पर जिस रूप में एजेंसी का रवैया है वो निम्म स्तर का है, उन्हें चिंतन नहीं है कि देश क्या सोच रहा होगा। गहलोत ने कहा कि जिस तरह से सोनिया गांधी को बुलाया वो बेहतर हो सकता था, इस सरकार के लिए कानून समान्य नहीं है।
गहलतो ने कहा कि विपक्ष के लिए अलग कानून है और बीजेपी के लिए अलग है। गहलोत ने पूछा कि इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग कहां हुई है? गहलोत ने कहा कि ईडी को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश को बताना चाहिए कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी को क्यों बुलाया जा रहा है? बीजेपी आज जो कर रही है वो लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है, देश में लोकतंत्र खतरे में है यह मामला उसका उदाहरण है।
देश के लोग सहमे हैं, घुटन महसूस कर रहे हैं, बीजेपी को यह अंदेशा नहीं है कि देश के लोगों का मूड बदल सकता है। हमारी विचारधारा देश को बचाने का है। हमारी पार्टी आज देशभर में प्रदर्शन कर रही है, ताकि मैसेज दिया जा सके कि देश में क्या-क्या हो रहा है। हम शांति से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन हमारी जगह बीजेपी होती तो यह तोड़फोड़ कर देती। हम भजन गाकर प्रदर्शन करते हैं, लेकिन बीजेपी तोड़फोड़ करती है। इससे पता चलता है कि कांग्रेस की सोच क्या है और बीजेपी की सोच क्या है।
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस दफ्तर के बाहर छावनी बनाया गया है, इतिहास में पहली बार यह हुआ है कि कांग्रेस दफ्तर में आने की इजाजत ही नहीं मिल रही है। यह परंपराएं ठीक नहीं हैं। गहलोत ने कहा कि देश में जो महंगाई है, बेरोजगारी है, आर्थिक स्थिति डामाडोल है, रुपया कमजोर हो रहा है यह चिंता का विषय होना चाहिए। राजनीति के अंदर दुश्मनी नहीं होना चाहिए, लेकिन यह हमें दुश्मन मानते हैं।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पहुंच गई हैं। नेशनल हेराल्ड मामले में आज ईडी के सामने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी पेश होंगी।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी की आज ईडी के समक्ष पेशी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में प्रदर्शन किया। नेशनल हेराल्ड मामले में आज ईडी के सामने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी पेश होंगी।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
देश में कोरोना वायरस की संख्या में एक बार फिर उछाल देखने को मिला है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 21,566 नए मामले सामने आए हैं और 45 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में कोरोना के सक्रिया मामले बढ़कर 1,48,881 हो गए हैं। वहीं, दैनिक सकारात्मकता दर 4.25 फीसदी हो गई है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आज ईडी के सामने बयान दर्ज कराने के लिए पेश होना है। कांग्रेस पार्टी ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि आज सुबह से ही दिल्ली पुलिस-स्पष्ट रूप से केंद्रीय गृह मंत्री के आदेश पर मीडिया को कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में प्रवेश करने से रोक रही है। इस मनमानी की सिर्फ उम्मीद की जानी थी और यह मोदी सरकार की मानसिकता को दर्शाता है।
जयराम रमेश ने कहा कि हम समझते हैं कि सरकार कांग्रेस को महंगाई, बेरोज़गारी जैसे ज़रूरी मुद्दों पर जनता की आवाज उठाने से रोकने के लिए ईडी का इस्तेमाल कर रही है, पर हम बिना डरे और झुके देश की जनता द्वारा सरकार से कड़े सवाल पूछने के कर्तव्य को निभाते रहेंगे।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
मुंबई में लगातार हुई भारी बारिश के बाद से मौसमी बीमारियों के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है। शहर में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। गौरतलब है कि इन्फ्लूएंजा एच1एन1 से संक्रमित कम से कम चार मरीज शहर में लाइफ सपोर्ट पर हैं।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी मस्ज़िद विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में आज दोपहर 2 बजे सुनवाई होगी। यह मामला जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़, सूर्य कांत और पी एस नरसिम्हा की विशेष बेंच के पास सुनवाई के लिए लगा है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
दिल्ली पुलिस ने AICC मुख्यालय के आसपास के क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाए है। नेशनल हेराल्ड मामले में आज ED के सामने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी बयान दर्ज कराने के लिए पेश होंगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी के सांसद AICC कार्यालय में एकत्रित हुए हैं। पार्टी ने देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है।
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 21 Jul 2022, 7:40 AM IST