
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को पिछले साल जनवरी में पंजाब के जालंधर में हिंदू पुजारी की हत्या के मामले में खालिस्तान टास्क फोर्स के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर के सिर पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की। एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा, "जालंधर में एक हिंदू पुजारी को मारने के लिए निज्जर के तहत संचालित खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) द्वारा रची गई साजिश में निज्जर एनआईए द्वारा वांछित है। निज्जर वर्तमान में कनाडा में रह रहा है और खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) का प्रमुख है। निज्जर भारत में सिखों के अलगाववादी और हिंसक एजेंडे को भी बढ़ावा दे रहा है। उपरोक्त फरार आरोपी से संबंधित कोई भी जानकारी जो उसकी गिरफ्तारी या गिरफ्तारी के लिए प्रेरित करती है, हमारे साथ साझा की जा सकती है।"
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उदयपुर के दर्जी कन्हैया लाल तेली की भीषण हत्या के मामले में आठवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने यह जानकारी दी।
19 वर्षीय मोहम्मद जावेद के रूप में पहचाने जाने वाले आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि उसने 28 जून को कन्हैया लाल की हत्या की साजिश में मुख्य भूमिका निभाई थी और मुख्य हत्यारे आरोपी रियाज को उसकी दुकान पर पीड़ित की मौजूदगी की सूचना दी थी।
बिहार विधान परिषद के लिए हाल में ही नवनिर्वाचित सदस्यों ने शुक्रवार को शपथ ली। कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में सात नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलायी।
शपथ लेने वालों में अनिल कुमार, अफाक अहमद खां, अशोक कुमार पांडेय, मुन्नी देवी, रवीन्द्र प्रसाद सिंह, मो. सोहैब एवं हरि सहनी थे। राजद के कारी सोहैब ने उर्दू में तो भाजपा के हरि सहनी ने मैथिली में शपथ लिया जबकि अन्य ने हिंदी में शपथ ली।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन इमारत से गिरने से दो गैर-स्थानीय मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने कहा कि बिहार के राम लाल और मोहन लाल के रूप में पहचाने गए दो गैर-स्थानीय मजदूर श्रीनगर शहर के बाहरी इलाके बेमिना में बन रही इमारत से गिर गए।
सूत्रों ने कहा, "दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।"
बिहार में इस साल अब तक वज्रपात से 161 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य में हो रही वज्रपात की घटनाओं पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई, जिसमें मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी भवनों में यथाशीघ्र तड़ित चालक लगाने का निर्देश दिया। बैठक में वज्रपात के संभावित खतरों के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने एवं वज्रपात से होने वाली मौत की घटनाओं में कमी लाने पर गहन विमर्श किया गया।
बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि बिहार में पिछले 5 वर्षों की तुलना में इस वर्ष वज्रपात से होनेवाली मौत की घटनाओं में कमी देखी गई है।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने राजनीतिक खरीद-फरोख्त और मुख्यमंत्री के लिए पंजाब चुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवार के जनादेश को प्रभावित करने के उद्देश्य से वोटों की 'चोरी' जारी रहने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि अन्य दलों द्वारा राजनेताओं और पार्टी के सदस्यों की खुली खरीद-फरोख्त एक लोकतांत्रिक व्यवस्था के मानदंडों का घोर उल्लंघन है। खान ने चेताते हुए कहा कि अगर इस तरह की प्रथाएं नहीं रुकीं, तो पाकिस्तान अगला श्रीलंका बन जाएगा।
बीजेडी के सस्मित पात्रा ने बताया कि निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शपथ ग्रहण समारोह 25 जुलाई को संसद भवन के सेंट्रल हॉल में होगा। सदस्यों को उस समारोह में भाग लेने की सुविधा के लिए, राज्य सभा की बैठक उस दिन सुबह 11 बजे के बजाय दोपहर 2 बजे होगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में कहा कि भारतीय रेलवे को अग्निपथ योजना के खिलाफ हुए आंदोलन में 259.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “विज्ञापनों का खर्च: ₹911 Cr, नया हवाई जहाज: ₹8,400 Cr, पूंजीपति मित्रों के टैक्स में छूट: ₹1,45,000 Cr/साल, लेकिन सरकार के पास बुजुर्गों को रेल टिकट में छूट देने के लिए ₹1500 करोड़ नहीं हैं। मित्रों के लिए तारे तक तोड़ कर लाएंगे, मगर जनता को कौड़ी-कौड़ी के लिए तरसाएंगे।"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “भारत में हमेशा से बुजुर्गों के सम्मान और सेवा की परंपरा रही है। रेल मंत्री जी, देश के बुजुर्गों से रेल टिकट में मिलने वाली रियायत छीनना बिल्कुल गलत है। इसी सुविधा के जरिए हमारे बूढ़े-बुजुर्ग तीर्थयात्राएं और अन्य यात्राएं करते थे। वरिष्ठ जनों के सम्मान में ये निर्णय वापस लीजिए।"
केरल में मंकी पॉक्स का एक और मामला सामने आया है। राज्य में अब तक 3 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने यह जानकारी दी है।
केरल की स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 6 जुलाई को यूएई से मल्लापुरम लौटे 35 वर्षीय व्यक्ति में तीसरे मंकीपॉक्स की पुष्टि हुई। उन्हें 13 तारीख को मंजेरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बुखार के साथ भर्ती कराया गया था और 15 तारीख से उनमें लक्षण दिखने लगे।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि कच्चे तेल की कीमत कम हो रही है, लेकिन सरकार लगातार डीजल-पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ा रही है। पेट्रोल-डीजल वो वस्तु है जो हर इंसान के ऊपर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभाव डालती है। अगर पेट्रोल-डीजल महंगा होता है तो सारी वस्तुएं महंगी हो जाती है।
राघव चड्ढा ने बताया, “मैनें सवाल पूछा कि सरकार ने डीजल-पेट्रोल पर 6 सालों में कितनी कमाई की है? सरकार ने लिखित में मुझे जवाब में बताया कि भारत सरकार ने 6 सालों में 16 लाख करोड़ से भी ज्यादा पैसा एक्साइज ड्यूटी से कमाया है।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करने वाले हैं। मनीष सिसोदिया के खिलाफ साजिश हो रही है। केजरीवाल ने कहा कि देश में अब एक नई व्यवस्था है, वे तय करते हैं कि किसे जेल भेजा जाए और फिर एक बना-बनाया मामला पेश किया जाता है।
सीएम ने कहा कि हम किसी से डरने वाले नहीं है। वह सावरकर की औलाद हैं, हम भगत सिंह की औलाद हैं। हम जेल से नहीं डरते, न फांसी से डरते हैं। सीएम केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने हमारे लोगों के खिलाफ कई मामले बनाए हैं। आम आदमी पार्टी पंजाब में जीत के बाद से बढ़ रही है। वे हमें राष्ट्रीय स्तर तक बढ़ते हुए नहीं देख सकते हैं, इसलिए वे इस तरह के उपायों का सहारा ले रहे हैं। लेकिन हमें कोई नहीं रोक सकता।
दिल्ली के लॉरेंस रोड इलाके में स्थित एक जूता फैक्ट्री में आग लग गई है। मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
दिनेश गुणवर्धने को श्रीलंका के प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया। उन्होंने आज कोलंबो के फ्लावर रोड स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 21,880 नए मामले सामने आए हैं, 21,219 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 60 लोगों की मौत हुई है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ पुलिस ने 53 मामलों में वांछित ड्रग डीलर तस्लीम की संपत्ति को कुर्क किया। एएसपी विवेक यादव ने बताया, "यह गैंगस्टर भी है। इसकी संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। इससे पहले इसकी 4 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। इसके गैंगे में 6 सदस्य हैं जिसमें से 2 फरार हैं।"
मिज़ोरम में कोरोना के 207 नए मामले आए हैं और कोरोना से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है
कुल मामले: 2,31,411
सक्रिय मामले: 916
कुल डिस्चार्ज: 2,29,788
कुल मृत्यु: 707 https://t.co/WZlZxn49st
भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने अमेरिका के यूजीन में चल रहे वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस चैम्पियनशिप के फाइनल में पहली बार क्वालिफाई किया है।
नीरज चोपड़ा अपनी पहली ही कोशिश में 88.39 मीटर दूर भाला फेंककर मेन्स इवेंट के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। इस चैम्पियनशिप में 24 साल के नीरज चोपड़ा के साथ दुनियाभर के 34 जेवलिन थ्रोअर भी शामिल रहे थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 22 Jul 2022, 7:35 AM IST