
गोवा के डीजीपी जसपाल सिंह ने शुक्रवार को कहा कि नार्को-आतंकवाद राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। उत्तरी गोवा के पोरवोरिम में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस को चिह्न्ति करने के लिए एक कार्यक्रम में बोलते हुए, सिंह ने कहा, "लोगों को सतर्क रहना चाहिए और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को उनके संबंधित क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधियों के बारे में सूचित करना चाहिए। नशीले पदार्थों ने कई लोगों का जीवन बर्बाद कर दिया है। नार्को-आतंकवाद राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकता है।"
महाराष्ट्र के CM उद्धव ठाकरे ने बागियों पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-NCP आज हमारा समर्थन कर रही हैं, लेकिन हमारे ही लोगों ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा। हमने ऐसे लोगों को टिकट दिया जो जीत नहीं सकते थे और हमने उन्हें विजयी बनाया। उन्हीं लोगों ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा।
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नार्को-टेरर फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया और शुक्रवार को चार आतंकवादी साथियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि बडगाम पुलिस ने सेना के 53 आरआर और सीआरपीएफ के साथ चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान यूनिस मंजूर और महबूब अहमद के रूप में हुई, दोनों वथूरा चादूरा के निवासी, अरिगम खानसाहिब निवासी इरशाद अहमद गनी और परनेवा खानसाहिब निवासी मुजफ्फर अहमद के रूप में की गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आतंकवादी सहयोगी संगठन के सक्रिय आतंकवादियों और आतंकवादी गुर्गों को नशीले पदार्थों की आय वितरित करके प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को रसद सहायता प्रदान करने में शामिल थे।"
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे में अमरनाथ यात्रा के बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों का दौरा किया और सभी हितधारक विभागों की तैयारियों और प्रतिक्रिया तंत्र की समीक्षा की।
उन्होंने ठहरने, स्वास्थ्य देखभाल, संचार नेटवर्क, स्वच्छता, जल आपूर्ति, मौसम पूवार्नुमान, आपातकालीन प्रतिक्रिया, अग्नि सुरक्षा और अन्य सभी बुनियादी बातों पर चर्चा करने के लिए यात्रा मार्गों और आधार शिविरों में समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता की।
मिजोरम पुलिस ने शुक्रवार को एक सार्वजनिक समारोह में अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2,362 करोड़ रुपये मूल्य की तस्करी और जब्त किए गए विभिन्न नशीले पदार्थो को जला दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस से पहले, आइजोल के सिलाईमुअल मेल्थम के ट्रिनिटी अस्पताल में भस्मक का उपयोग करके बड़े पैमाने पर जब्त ड्रग्स का निपटान किया गया था।
भाजपा की दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के नेताओं को याद दिलाया कि एक आदिवासी के रूप में उनकी सांस्कृतिक स्थिति के लिए राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को इंगित ना करें और भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद की पवित्रता बनाए रखें। भारती की यह टिप्पणी भाजपा की एमपी इकाई द्वारा राष्ट्रपति चुनाव के लिए झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का जश्न मनाने के लिए भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के एक दिन बाद आई है।
राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में तेजी देखने को मिल रही है। पिछले कई दिनों से एक हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। शुक्रवार को राजधानी में 1447 नए कोरोना के मरीज मिले हैं। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना के कारण एक मरीज की मौत हुई है।
महाराष्ट्र पुलिस ने कहा कि महाराष्ट्र के सभी पुलिस थानों, खासकर मुंबई के पुलिस थानों को हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवसैनिक बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर सकते हैं। शांति सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया है।
केरल के वायनाड में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई है। भारतीय युवा कांग्रेस ने एक ट्वीट में आरोप लगाया कि राहुल गांधी के वायनाड कार्यालय की दीवार पर चढ़कर वहां तोड़फोड़ करने वाले "गुंडों ने एसएफआई के झंडे पकड़े" हुए थे।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि आज दोपहर करीब 3 बजे एसएफआई कार्यकर्ताओं और नेताओं के एक समूह ने वायनाड के सांसद राहुल गांधी के कार्यालय पर जबरन कब्जा कर लिया। उन्होंने कार्यालय के लोगों, राहुल गांधी के कर्मचारियों पर बेरहमी से हमला किया। हम कारण नहीं जानते।
मुंबई में शिवसेना नेता सचिन अहीर ने कहा कि आज हमने जिला नेताओं के साथ पार्टी की बैठक की। सीएम उद्धव ठाकरे के भाषण के बाद पार्टी नेताओं में जोश आ गया है। विधायक भले यहां न हों लेकिन पार्टी बरकरार है। पार्टी का पूरा आधार है और इसी भावना के साथ हम लड़ेंगे।
महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच अजीत पवार ने बताया कि कल हमने राजनीति संकट पर एनसीपी के स्टैंड पर बात की। आज मैंने शरद पवार से मुलाकात की। अब हम शाम 6:30 बजे उद्धव ठाकरे से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा स्टैंड साफ है। हम सीएम उद्धव ठाकरे के साथ हैं। अजीत पवार ने कहा कि भले ही विद्रोही कह रहे हों कि उनके पास संख्या है, लेकिन हम शिवसेना के साथ हैं। बहुमत अभी भी एमवीए के पास है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में कोरोना के मामले 800 के पार जाने के बाद कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है।
राज्य ने 858 नए कोविड मामलों की सूचना दी है, जो 682 डिस्चार्ज के मुकाबले 1,000-अंक के करीब हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के पास उपलब्ध लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, एक दिन की पॉजिटिविटी रेट 2.36 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 3.63 प्रतिशत है।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “जिस दिन से उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के सीएम के रूप में पदभार संभाला है, बीजेपी अपने सभी संसाधनों, बाहुबल का उपयोग कर रही है, उन्हें सत्ता से बेदखल करने के एक ही उद्देश्य के साथ एमवीए सरकार धीरे-धीरे आम लोगों का विश्वास अर्जित कर रही है, लेकिन ऐसा नहीं हो सकता है। बीजेपी ने पचा लिया।”
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि महाराष्ट्र में जो चल रहा है उसे देखकर लग रहा है कि यह पूर्व नियोजित था। भाजपा दबाव की राजनीति करती है। बिहार में भी हमारे ऊपर मुकदमा लगाया गया यह सबने देखा। बिहार में भी भाजपा को जनता ने नकार दिया था लेकिन उसके बाद इस तरह के काम करके सत्ता में आई।
उन्होंने कहा, “जहां भी गैर बीजेपी सरकार हैं वहां उस सरकार को चैन से रहने नहीं दिया जाता। जो भी सरकारें चुनकर आईं और जो स्थिर सरकार हैं उनकी स्थिरता को खत्म कर खुद की (भाजपा की) सरकार बनाने की कोशिश होती है। बीजेपी हर कीमत देने को तैयार है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं।”
महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष ने विधायक अजय चौधरी को राज्य विधानसभा में शिवसेना विधायक दल के नेता के रूप में नियुक्त करने के शिवसेना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस संबंध में डिप्टी स्पीकर कार्यालय की ओर से शिवसेना कार्यालय को पत्र भेजा गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने जमीयत-उलमा-ए-हिंद द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई 29 जून के लिए टाल दी है, जिसमें उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देश देने की मांग की गई है कि राज्य में संपत्तियों का कोई और विध्वंस उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना नहीं किया जाए।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “एक तरफ देश के परमवीर हैं और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री का घमंड और तानाशाही। क्या ‘नए भारत’ में सिर्फ़ ‘मित्रों’ की सुनवाई होगी, देश के वीरों की नहीं?”
NDA की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों और बीजेपी और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हम हार मानने वाले नहीं हैं। हम जीतेंगे, हम सदन के फ्लोर पर जीतेंगे। अगर लड़ाई सड़क पर हुई तो वहां भी जीतेंगे। हमारा जिसे सामना करना है वह मुंबई में आ सकते हैं।
बागियों से बातची पर संजय राउत ने कहा कि अब उनका टाइम निकल गया है। राउत ने कहा कि इन्होंने (विधायकों ने) गलत कदम उठाया है। हमने इनको वापस आने का मौका भी दिया लेकिन अब समय निकल चुका है। संजय राउत ने कहा कि सीएम उद्धव ठाकरे और शरद पवार जी लगातार संपर्क में हैं। एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना के सभी नेता एक-दूसरे के संपर्क में हैं।
महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट के बीच एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मिलने के लिए शिवसेना नेता संजय राउत मुंबई के वाई.बी. चव्हाण सेंटर पहुंचे हैं।
शिवसेना अपने बागी विधायकों पर लगातार शिकंजा कस रही है। शिवसेना नेता संजय राउत ने डिप्टी स्पीकर को पत्र लिखर पार्टी के 12 विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है।
सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के संबंध में SIT द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई क्लीन चिट को चुनौती देते हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद एहसान जाफरी की पत्नी जकिया जाफरी द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया।
महाराष्ट्र में चल रहे राजनीतिक संकट के बीच मुंबई में शिवसेना ने आज दोपहर 12 बजे शिवसेना भवन में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में पार्टी के जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट कर कहा, "बीजेपी के एक केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि अगर महाविकास अघाड़ी सरकार को बचाने के प्रयास किया गया तो शरद पवार को घर नहीं जाने दिया जाएगा। महाविकास अघाड़ी सरकार रहे या न रहे लेकिन, शरद पवार के लिए ऐसी भाषा का उपयोग स्वीकार्य नहीं है।"
2002 गुजरात दंगा मामले में सुप्रीम कोर्ट से आज एक अहम फैसला आना है। विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा नरेंद्र मोदी, तत्कालीन गुजरात के सीएम और अब पीएम और कई अन्य लोगों को दी गई क्लीन चिट को चुनौती देने वाली कांग्रेस के पूर्व सांसद एहसान जाफरी की विधवा जकिया जाफरी की याचिका पर आज फैसला आएगा।
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हालैंड हाल छात्रावास में कुछ छात्रों द्वारा बम बनाए जाने की घटना सामने आई। एसएसपी अजय कुमार ने कहा, “हमें बम फेंकने की सूचना मिली थी जिसमें कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बमबाज गैंग पकड़ा है। हमने सरगना समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया।”
असम बाढ़ से बेहाल है। नागांव में रोहा क्षेत्र के फुलगुरी के सरकारी विभाग के कार्यालयों, स्कूलों और अस्पतालों के परिसर में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं, सिलचर और कछार जिले में बाढ़ की स्थिति अभी भी बनी हुई है। प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 24 Jun 2022, 8:08 AM IST