
भारत के केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण को 75वीं विश्व स्वास्थ्य सभा में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की कमेटी-बी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वैश्विक स्वास्थ्य निकाय की समिति-बी मुख्य रूप से विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रशासनिक और वित्तीय मामलों पर चर्चा करती है।
विश्व स्वास्थ्य सभा हर साल स्वास्थ्य चुनौतियों और प्रतिक्रियाओं की समीक्षा करती है। एसेंबली कमेटी-ए और कमेटी-बी के माध्यम से कार्य करती है।
बारिश और बर्फबारी ने दूसरे दिन भी चारधाम यात्रा में व्यवधान डाला। पैदल ट्रैक पर चोटिल होने के खतरे को देखते हुए केदारनाथ और यमुनोत्री धाम की यात्रा मंगलवार को आधे दिन ही चल पाई। इन धामों में दर्शन के लिए जाने वाले करीब 12 हजार श्रद्धालुओं को पड़ावों पर ही रोका गया है। इन्हें बुधवार सुबह आगे की यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा। केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं भी पूरे दिन ठप
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित वैली व्यू एस्टेट सोसाइटी में 26 वर्षीय फैशन डिजाइनर युवती ने एक इमारत की 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मृतका की पहचान हरियाणा के करनाल की रहने वाली चारु खरबंदा के रूप में हुई है।
चारु के पिता अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि वह पिछले साल सितंबर में नौकरी की तलाश में गुरुग्राम आई थी और अप्रैल से वैली व्यू एस्टेट में किराए के मकान में रह रही थी।
दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को कहा कि कुतुब मीनार परिसर में देवता बिना किसी पूजा के 800 साल तक 'जीवित' रहे, और इन्हें 'इस तरह से जीवित रहने दें'। साकेत कोर्ट के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की मौखिक टिप्पणी एक मुकदमे की अस्वीकृति को चुनौती देने वाली एक अपील की सुनवाई के दौरान आई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि महरौली में कुतुब मीनार परिसर के भीतर स्थित कुव्वत-उल-इस्लाम मस्जिद एक मंदिर परिसर के स्थान पर बनाई गई थी।
आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले में आज प्रदर्शनकारियों ने विधायक पोन्नाडा सतीश के घर में आग लगा दी। प्रदर्शनकारी जिले का नाम डॉ बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिले के रूप में रखने का विरोध कर रहे थे। इसी के विरोध में आज प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल काटा।
आंध्र प्रदेश में कोनसीमा जिले का नाम बदलने को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। कई लोगों ने पुलिस को निशाना बनाते हुए पथराव किया और वाहनों में आग लगा दी, जिसमें 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
श्रीनगर के सौरा में आतंकवादियों के हमले में घायल पुलिसकर्मी सैफुल्ला कादरी ने दम तोड़ दिया है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मैं लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि इस घिनौने हमले के लिए ज़िम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। मैं शहीद पुलिसकर्मी एसजीसीटी सैफुल्ला कादरी को सलाम करता हूं।
कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने अपने परिसरों पर सीबीआई के छापे पर कहा कि यह मुझे डराता नहीं है कि केंद्र सरकार एक बार फिर अपनी एजेंसियों का इस्तेमाल करके मुझ पर दुर्भावनापूर्ण और पूरी तरह से मनगढ़ंत आरोप लगा रही है। मैं इस वीजा मुद्दे से जुड़ा नहीं हूं। मैं इन आरोपों का खंडन करता हूं।
बिहार के गया के पथरा गांव में जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई है और कई लोग बीमार हो गए हैं। एएनएम मेडिकल कॉलेज के विभाग अधीक्षक पीके अग्रवाल ने कहा कि स्थिति काफी गंभीर है। यहां 2 की मौत हो गई जबकि 1 को मृत लाया गया था। 8 लोगों का इलाज चल रहा है।
कांग्रेस नेता और राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, “मुझे लगता है कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस सभी 3 सीटें जीतेगी। राजस्थान में निर्दलीय हमारे साथ हैं, पार्टी के अन्य लोग भी। हमारा कोई विवाद नहीं है।”
भारत के विदेश सचिव विनय क्वात्र ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो में तीसरा क्वाड लीडर्स समिट समाप्त किया है। प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति, ऑस्ट्रेलिया और जापान के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय मुलाकात भी की।”
उन्होंने कहा, “क्वाड नेताओं ने कड़े शब्दों में हर तरह के आतंकी गतिविधियों की निंदा की और मुंबई और पठानकोट आतंकी हमलों के दोषियों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाने का आह्वान किया।”
मदरसों को लेकर असम सीएम के बयान पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “इनको सिर्फ मुसलमानों से और इस्लाम से नफरत है, ये खुलकर उनकी जुबान पर आ गया। मोदी सरकार में क्या मदरसा मॉडर्नाइजेशन स्कीम नहीं है?”
शिवपाल यादव से मुलाकात पर सपा नेता आजम खान ने कहा, “मेरी उनसे मुलाकात पहले भी हुई है और आगे भी होगी। मैंने अब तक एक रेखा खींच रखी थी, किसी दूसरी कश्ती की तरफ देखा नहीं था। सलाम दुआ सबसे रहनी चाहिए और चाय-नाश्ता से किसी को ऐतराज नहीं होना चाहिए। सब चाय नाश्ता कर सकते तो मैं नहीं कर सकता?”
दूसरी पार्टी में शामिल होने के सवाल पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने कहा, “पहले कोई माकूल कश्ती सामने आए। अभी मेरा जहाज ही काफी है।”
महरौली में कुतुब मीनार परिसर में 27 हिंदू और जैन मंदिरों के जीर्णोद्धार के संबंध में एक अपील पर साकेत कोर्ट में सुनवाई होने के बाद अधिवक्ता सुभाष गुप्ता ने कहा, “कोर्ट से मेरा निवेदन था कि अगर कोई सुरक्षा स्थान बिना किसी व्यवधान के 800 वर्षों से जारी हैं तो उसे जारी रहना चाहिए।”
वाराणसी के जिला जज ने ज्ञानवापी मस्जिद पर एडवोकेट कमिश्नर की ओर से पेश की गई सर्वे रिपोर्ट पर हिंदू और मुस्लिम दोनों पक्षों से आपत्ति मांगी है। अब मामले की अगली सुनवाई 26 मई को होगी।
ज्ञानवापी मस्जिद मामले पर हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा, “मुकदमे की अस्वीकृति के संबंध में 7 11 CPC के तहत मुस्लिम पक्ष की याचिका पर सुनवाई 26 मई को होगी। कोर्ट ने दोनों पक्षों को आयोग की रिपोर्ट पर आपत्ति दर्ज कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है।”
भ्रष्टाचार के आरोप में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला गिरफ्तार हो गए हैं। इससे पहले पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया था। आरोप है कि वह ठेके के लिए अधिकारियों से 1 फीसदी कमीशन की मांग कर रहे थे। सिंगला के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं। यह जानकारी पंजाब सीएमओ ने दी है।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “महंगाई पहले ही 30 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है, फिर भी राहत तो दूर, रुकने की भी उम्मीद नहीं। टमाटर भी महंगाई की 'लाल आंख' दिखा रहा है। दो हफ्ते में ही 20-30 रुपये से बढ़कर 50 से 100 रुपये प्रति किलोग्राम हुआ। मोदी सरकार में आमदनी गुम, महंगाई ‘बूम’ पर है।”
ज्ञानवापी मस्जिद मामले पर हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा, “कमीशन की रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से लिखा है कि वहां पर शिवलिंग मिला है। जब वहां शिवलिंग मिला है तो उस जगह का धार्मिक स्वरूप हिंदू मंदिर का है जिसे जबरन तलवार की नोक पर एक मस्जिद का रूप दिया गया है।”
उन्होंने कहा, “इसलिए सेक्शन 3 का उल्लंघन इन्होंने किया है। कोर्ट आज निर्धारित करेगा कि किस क्रम में सुनवाई होगी और कोर्ट जो क्रम निर्धारित करेगा हम उसके मुताबिक अपनी बहस रखेंगे।”
बीजेपी नेता तजिंदर बग्गा की गिरफ्तारी मामले में अपहरण की एफआईआर रद्द करने की पंजाब पुलिस की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है।
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद बर्खास्त कर दिया। आरोप है कि वह ठेके के लिए अधिकारियों से 1 फीसदी कमीशन की मांग कर रहे थे। सिंगला के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं। यह जानकारी पंजाब सीएमओ ने दी है।
कुतुब मीनार पर हिंदू संगठनों के दावे के बीच अदालत में एएसआई ने बड़ा हलफनाम दायर किया है। कुतुब मीनार में पूजा की मांग को लेकर दायर हिंदू पक्ष की याचिका का एएसआई ने विरोध किया है। एएसआई ने साकेत कोर्ट में दाखिल अपने जवाब में कहा है कि कुतुब मीनार एक स्मारक, यहां किसी भी धर्म को पूजा-पाठ की इजाजत नहीं दी जा सकत है। इसकी की पहचान बदली नहीं जा सकती है।
अंडर वर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के ठिकाने को लेकर एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) को बड़ी जानकारी हाथ लगी है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रहे ED के अधिकारी को पूछताछ के दौरान हसीना पारकर के बेटे और दाऊद के भांजे अली शाह पारकर ने बताया कि डॉन पाकिस्तान के कराची में छुपा बैठा है।
कर्नाटक: हुबली के बाहरी इलाके में एक यात्री बस और लॉरी की आपस में टक्कर से सात लोगों की मृत्यु हो गई और 26 लोग घायल हो गए। घटना की FIR दर्ज़ की गई।
उत्तर प्रदेश के बुलंद शहर में NH 235 पर खड़े ट्रक से कार टकरा गई। जिससे 2 बच्चों सहित 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 6 घायल हो गए। कार सवार बुलंदशहर से केदारनाथ जा रहे थे। NH 235 पर गुलावठी कोतवाली क्षेत्र के गांव फूटा अट्टा के पास हुआ यह दर्दनाक हादसा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 24 May 2022, 8:03 AM IST