
इराकी सेना ने शिया धर्मगुरु मुक्तदा सदर के राजनीति छोड़ने की घोषणा के बाद उनके समर्थकों द्वारा हंगामा करने और सरकारी भवनों में घुसने पर देशव्यापी कर्फ्यू की घोषणा कर दी है। वहीं बगदाद के ग्रीन ज़ोन में संघर्ष में दो प्रदर्शनकारी मारे गए हैं।
यूपी के मथुरा स्टेशन पर सो रहे माता-पिता के बगल से पिछले सप्ताह चोरी किया गया 7 माह का बच्चा, 100 किमी दूर फिरोजाबाद में एक बीजेपी पार्षद के घर से बरामद हुआ है। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उसने बच्चों को चुराने और उन्हें बेचने के रैकेट का पर्दाफाश किया है।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के उपराज्यपाल पर खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग का अध्यक्ष रहते हुए 1400 करोड़ रूपयों के घोटाले का आरोप लगाया है। साथ ही इस कथित घोटाले की जांच की मांग भी की है। अपनी इस मांग को लेकर को आम आदमी पार्टी के विधायक रात भर दिल्ली विधानसभा में डेरा डालेंगे। आप के सभी विधायक सोमवार शाम 7 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर बैठना शुरू हो गए। विधायकों का कहना है कि वह पूरी रात विधानसभा में बिताएंगे। 'आप' के विधायक व प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक केंद्र सरकार निष्पक्ष जांच शुरू करने की हमारी मांग को स्वीकार नहीं कर लेती। भारद्वाज ने कहा कि खादी आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना द्वारा किए गए 1,400 करोड़ के बड़े घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी यह विरोध कर रही है। आप विधायकों ने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर लगाए आरोपों की सीबीआई जांच की मांग के साथ सर्वसम्मति से दिल्ली विधानसभा में रात भर डेरा डालने का फैसला किया है।
कांग्रेस ने सोमवार को यहां देशभर में चरम पर पहुंची महंगाई तथा बेरोजगारी को लेकर केंद्र की मोदी सरकार की नीति को दोषी बताते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पूरे देश में गरीबों तथा मध्यम वर्ग के लोगों को महंगाई तथा बेरोजगारी के चक्की में पीस कर रख दिया है।
उन्होंने कहा कि 4 सितंबर को नई दिल्ली में महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ विशाल हल्ला बोल रैली आयोजित होगी।
पटना स्थित सदाकत आश्रम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि देश में महंगाई अपने चरम पर है, दूसरी तरफ देश के दो धन्ना सेठों के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जीडीपी का मतलब गैस-डीजल- पेट्रोल समझ लिया है, इसलिए सकल घरेलू उत्पाद को बढ़ाने के जगह गैस-पेट्रोल तथा डीजल के दाम को बढ़ाते रहती है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे के बीच सोमवार को यहां हुई एक घंटे की बैठक के बाद ताजा राजनीतिक अटकलों को बल मिला। फडणवीस के 15 जुलाई को दादर में राज ठाकरे के घर शिवतीर्थ जाने के लगभग छह सप्ताह बाद उपमुख्यमंत्री के आवास पर बैठक हुई, जिसे शिष्टाचार मुलाकात के रूप में वर्णित किया गया।
मनसे प्रमुख कूल्हे की सर्जरी के लगभग तीन महीने बाद राजनीतिक रूप से फिर से सक्रिय हुए हैं। उन्होंने 23 अगस्त को पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित किया, और फिर पार्टी के सदस्यता अभियान और अन्य कार्यक्रमों को शुरू करने के लिए पुणे गए।
भारतीय रेलवे के यात्री परिवहन में सीटों और बर्थ की बहुत अधिक मांग है। इस मांग को देखते हुए कई दलाल आरक्षित सीटों को थोक में बुक करवा कर अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल करते हैं और फिर उन्हें ऊंचे दामों पर जरूरतमंदों को बेचते हैं। आरपीएफ ने इसके खिलाफ एक अभियान ऑपरेशन उत्थान चलाया था। इसके तहत आरपीएफ की टीम ने 8.5.2022 को राजकोट के मन्नान वाघेला (ट्रैवल एजेंट) को पकड़ा था। उससे पूछताछ के आधार पर अन्य जगहों से और आरोपियों को पकड़ा गया है। जो थोक में रेलवे टिकटों को करवा कर उनको अवैध सॉफ्टवेयर के जरिए सर्कुलेट करते थे।
राजकोट के वाघेला से मिली जानकारी के मुताबिक एक अन्य व्यक्ति कन्हैया गिरी को 17 जुलाई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान गिरी ने अपने खुलासे में अन्य सहयोगियों और वापी के एडमिन/डेवलपर अभिषेक शर्मा का नाम लिया था। जिसको 20 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना के एक प्रमुख रडार स्टेशन का दौरा किया, जहां उन्होंने वायु कमान और नियंत्रण प्रणाली (आईएसीसीएस) के कामकाज को देखा। यह प्रणाली नेटवर्क केंद्रितता की दिशा में भारतीय वायुसेना के मार्च की रीढ़ है और संचालन में एक प्रमुख प्रवर्तक है। सिस्टम की क्षमताएं अपने उपयोगकर्ताओं को एक बढ़ी हुई जागरूकता प्रदान करती हैं। मजबूत प्रणाली में इसके कामकाज के संचालन को सक्षम बनाता है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नीरज डांगी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियां देश में महंगाई और बेरोजगारी के लिए जिम्मेदार हैं। भुवनेश्वर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, डांगी ने कहा, "एक समय था, जब पीएम मोदी ने भारत के लोगों के सामने एक सपना देखा था- महंगाई और बेरोजगारी से मुक्त भविष्य। इसके बजाय, मोदी ने रिकॉर्ड मूल्य वृद्धि और 45 वर्षों में सबसे अधिक बेरोजगारी का दु:स्वप्न दिया है।"
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कहा है कि, "कल CBI हमारा बैंक लॉकर देखने आ रही है। 19 अगस्त को मेरे घर पर 14 घंटे की रेड में कुछ नहीं मिला था। लॉकर में भी कुछ नहीं मिलेगा। CBI का स्वागत है। जाँच में मेरा और मेरे परिवार का पूरा सहयोग रहेगा।"
गुजरात के बनासकांठा पुलिस ने सोमवार को एक परिवार के तीन सदस्यों का जबरन धर्म परिवर्तन और रंगदारी मांगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की हॉकी स्टिक जो दशकों से मेरठ में संरक्षित थी, उसे झांसी ले जाया गया है। उसकी देखरेख का काम कोच सतीश शर्मा और खेल अधिकारियों सहित खिलाड़ियों की एक टीम कर रही है। हॉकी के जादूगर के बेटे अशोक ध्यानचंद को 117वीं जयंती के मौके पर झांसी में यह हॉकी स्टिक सौंपी जाएगी।
कोच सतीश शर्मा ने कहा, "यह हॉकी स्टिक 66 साल से अधिक पुरानी है। 'दद्दा', जिसे हॉकी के दिग्गज के रूप में जाना जाता था, 1956 में इस हॉकी स्टिक के साथ अभ्यास करते थे। यह हॉकी स्टिक अरुण शर्मा के पास थी जो हॉकी मेकर स्वर्गीय सोहन लाल शर्मा के पोते हैं। सोहन लाल के साथ मेजर ध्यानचंद काफी समय बिताते थे। अरुण ने लीजेंड की स्मृति को जीवित रखने के लिए इसे अपने पास सुरक्षित रखा।"
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने निचली अदालत को कृष्ण जन्मभूमि के सर्वे से संबंधित याचिका पर चार महीने के भीतर सुनवाई पूरी करने का निर्देश दिया है। निचली अदालत में दायर याचिका में कोर्ट कमिश्नर नियुक्त कर कृष्णा जन्मभूमि और शाही ईदगाह परिसर का सर्वे और वीडियोग्राफी कराने की मांग की गई है।
यह मामला लंबे समय से निचली अदालत में लंबित है।
सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता मनीष यादव ने दावा किया कि हाईकोर्ट ने वीडियोग्राफी सर्वे के आदेश दिए हैं।
मुकेश अंबानी ने कंपनी की सालाना आम बैठक में ऐलान किया कि दिवाली के समय जियो 5G को लॉन्च किया जाएगा। इस सर्विस को सबसे पहले मेट्रो सिटी में लॉन्च किया जाएगा। साल 2023 के दिसंबर तक कंपनी हर शहर में जियो 5G लॉन्च कर देगी। कंपनी अपनी वायर और वायरलेस सर्विस यूज करके पूरे देश में 5G डिप्लॉय करेगी।
कर्नाटक में सोमवार को भी भारी बारिश जारी रहने के कारण हाईवे पर पानी भर गया। वहीं स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य में अगले चार दिनों तक लगातार बारिश की चेतावनी दी है। बेलगावी, गडग, कोप्पल, हावेरी, धारवाड़, बल्लारी, दावणगेरे, चित्रदुर्ग, तुमकुरु, चिक्काबल्लापुर, कोलार और रामनगर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बेंगलुरु में सप्ताह के पहले दिन सुबह बारिश हुई। बूंदाबांदी और हल्की बारिश से यातायात प्रभावित हुआ। तटीय जिलों दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़ और उडुपी में गरज और बिजली गिरने के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।
आईएएनएस
जम्मू हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और युवा राजपूत सभा की ओर से सोमवार को बंद के आह्वान से जम्मू शहर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शहर के कई इलाकों में दुकानें बंद रही हैं। वकील अदालतों से दूर रहे और जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सदस्य व्यावसायिक गतिविधियों से दूर रहे।
हालांकि ट्रांसपोर्टरों ने घोषणा की थी कि वे हड़ताल में शामिल नहीं होंगे, लेकिन कई जगहों पर प्रदर्शनकारी सार्वजनिक परिवहन वाहनों को रोककर हड़ताल में शामिल होने के लिए मजबूर हुए। अधिकारियों ने शहर के सभी प्रमुख पुलों पर सीआरपीसी की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लगा दिया है।
आईएएनएस
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर भारी बारिश के आसार बनने लगे हैं, यही कारण है कि संबंधित जिलों को सतर्क कर दिया गया है। राज्य में मानसून की सक्रियता बनी हुई है, कहीं रुककर तो कहीं जोरदार बारिश का बीते दिनों दौर जारी रहा। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक छतरपुर, पन्ना, उमरिया, अनूपपुर व दमोह में आगामी 24 घंटों में भारी बारिश के आसार बने हैं। इसी तरह नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, रीवा आदि संभागों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
केरल के इडुक्की जिले में भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ जिसमें एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना रविवार रात की है। सोमन के परिवार, उनकी मां, पत्नी, उनकी बेटी और उनके बेटे के शव मलबे से निकाले गए हैं।
सोमन अपने परिवार के साथ एक मकान में रहता था। रविवार को भारी बारिश के कारण जमीन का एक हिस्सा ढह गया, जो उनके घर पर गिरा। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों के नेतृत्व में बचाव बलों ने शवों को ढूंढ निकाला।
ट्विन टावर गिराए जाने के बाद यहां के एमरोल्ड कोर्ट में रहने वाले लगभग 70 प्रतिशत लोग जो यहां से चले गए थे, अब अपने घर लौट आए हैं। अथॉरिटी के टैंकरों की मदद से सोसाइटी की सफाई की जा रही है। सोसाइटी से धूल-मिट्टी को पूरी तरह से हटाया जा रहा है। वहीं अगर बात करें सुपरटेक बिल्डिंग की तो उसमें एस्टर टू टावर में कई जगह दरारे दिखाई दे रही हैं और धूल मिट्टी का जमाव वहां पर दिखाई दे रहा है। बिल्डिंग गिरने के बाद कुछ मलबा एटीएस के कुछ फ्लैट्स में भी पहुंचा है। जो लोग अपने घर पहुंचे हैं, वे पहले यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि घर में कहीं तरह का कोई नुकसान तो नहीं हुआ है और उसके साथ साफ-सफाई भी शुरू हो गई है। अभी भी बहुत से ऐसे लोग हैं, जिन्हें एमरोल्ड कोर्ट में वापस आना बाकी है।
दिल्ली विधानसभा में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने (BJP) हमारे विधायक खरीदने की पूरी कोशिश की। विश्वास प्रस्ताव से हम साबित करेंगे कि एक भी विधायक नहीं बिका।
दिल्ली के शाहदरा जिले की गीता कॉलोनी में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान वरिष्ठ दंपति तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है।
सेंसेक्स आज करीब 1500 अंक नीचे और निफ्टी 370 पॉइंट की गिरावट के साथ खुला है। आईटी इंडेक्स 1000 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ खुला है। रुपया अपने ऑलटाइम लो 80.12 पर पहुंच गया है जो घबराहट को और भी बढ़ा रहा है।
भारत में पिछले 24 घंटों में कोविड के 7,591 नए मामले सामने आए और 9,206 मरीज ठीक हुए।
पाकिस्तान को एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में भारत के हाथों पांच विकेट की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपनी टीम की गेंदबाजों की तारीफ और साथ ही बताया कि उनकी टीम से कहां चूक हुई। मैच के बाद बाबर आजम ने कहा, 'निश्चित ही, हमने जिस प्रकार मैच की शुरुआत की। हमने कम से कम 15 रन कम बनाए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 29 Aug 2022, 7:43 AM IST