
देश में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई है। इस बार पेट्रोल और डीजल के दाम में 40 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है, वहीं सीएनजी के दाम में 80 पैसे प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी हुई है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने संसद में पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में बताया है कि पिछले तीन साल में ड्यूटी के दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के कुल 2,042 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। इनमें 47 राजपत्रित अधिकारी शामिल हैं, जबकि शेष 1,195 सामान्य ड्यूटी कैडर के अराजपत्रित कर्मी हैं।
हैदराबाद पुलिस ने 2 और 3 अप्रैल की मध्यरात्रि को बंजारा हिल्स इलाके में रैडिसन होटल के पुडिंग एंड मिंक पब पर छापा मारा और कोकीन होने के संदेह में सफेद पाउडर वाले 5 पैकेट बरामद किए। मामले 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि पुलिस ने पब से 144 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें कई बड़ी हस्तियां शामिल थीं।
महाराष्ट्र के नासिक के पास जयनगर एक्सप्रेस के 11 डिब्बे आज पटरी से उतर गए हैं। मध्य रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि हादसे में दो लोगों को हल्की चोट लगी है। किसी और के घायल होने की खबर नहीं है, किसी की मौत भी नहीं हुई है। कोच को नासिक की ओर ले जाया जा रहा है। इस बीच रेलवे ने रूट की कई ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है।
पाकिस्तान के पीएम इमरान खान ने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली को भंग करने के बाद अपने संबोधन के दौरान विदेशी साजिश के दावे को दोहराते हुए कहा कि मेरी कार्रवाई ने विपक्ष को चौंका दिया है। अगर मैंने इस आश्चर्य के बारे में कल खुलासा कर दिया होता, तो वे आज इतने परेशान नहीं होते।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दातागंज तहसील क्षेत्र के ब्लॉक समरेर में सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। स्कूल में देर रात मिले खाने को खाकर 28 छात्राएं बीमार पड़ गई हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मध्य रेलवे सीपीआरओ ने बताया है कि 11061 एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे लाहवित और देवलाली (नासिक के पास) के बीच डाउन लाइन पर आज करीब 15.10 बजे पटरी से उतर गए हैं। दुर्घटना राहत ट्रेन और मेडिकल वैन मौके पर पहुंच गई। विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।
उत्तराखंड के हरिद्वार में खाना खाने के बाद 72 लोग बीमार पड़ गए। डीएम ने कहा, "नवरात्र के मौके पर लोगों ने बाहर की दुकानों से भोजन किया था जिसके बाद उनकी तबियत बिगड़ी है।सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।मामले में आगे की जांच कर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई होगी।"
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने प्रधानमंत्री इमरान खान की सलाह पर नेशनल असेंबली भंग कर दी है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संसद और विधानसभाएं भंग करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति को इस संबंध में सिफारिश भेज दी है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी नेता मुस्तफा नवाज खोखर ने कहा है कि वे सुप्रीम कोर्ट में अपील करेंगे, उनके वकील आज ही चीफ जस्टिस से सुनवाई का आग्रह करेंगे।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संसद और विधानसभाएं भंग करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति को इस संबंध में सिफारिश भेज दी है। इमरान खान ने कहा, "मैं पूरी कौम को मुबारकबाद देता हूं कि स्पीकर ने विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को खारिज किया, यह प्रस्ताव एक विदेशी साजिश थी। मुझे कल से लोग संदेश भेज रहे थे कि क्या हो रहा है, सारी कौम के सामने गद्दारी हो रही थी, मैं सबको संदेश देना चाहता हूं, घबराना नहीं, अल्लाह इन सबको देख रहा है, जो स्पीकर ने आज जो अपने अधिकार और संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर जो फैसला किया है। इसके बाद मैंने अभी से राष्ट्रपति को सलाह भेज दी है कि सभी विधानसभाएं भंग हो, चुनाव में जाएं और जनता फैसला करे कि वह किसको चाहती है, न कि कोई विदेशी ताकत पाकिस्तान के कुछ लोग को फैसे से खरीद कर यहां की किस्मत का फैसला करे।
उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने करोड़ों रुपए विदेशों से लिए हैं उन्हें सलाह है कि इस पैसे को गरीबों के लिए इस्तेमाल करें। मैं कौम को सलाह देता हूं कि चुनवा के लिए तैयार रहें। मैं राष्ट्रपति को संसद भंग करने की सलाह दे रहा हूं, इसके बाद केयर टेकर सरकार का राज होगा।”
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में स्पीकर की रूलिंग के बाद विपक्ष की ओर से जबरदस्त नारेबाजी हो रही है।
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर ने अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया और संसद का सत्र स्थगित कर दिया। बिना वोटिंग के ही डिप्टी स्पीकर ने इमरान के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
मरियम औरंगजेब ने अपने ट्विटर अकाउंट पर सदस्यों की संख्या साझा करते हुए कहा कि हमारे पास 174 सदस्य हैं।
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली की कार्यवाही शुरू हो गई है। अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होनी है, जिसका सामना इमरान खान की सरकार को करना है।
पाकिस्तान में आज अविश्वास प्रस्ताव पर थोड़ी देर में वोटिंग होगी। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में सीक्रेट वोटिंग नहीं होगी, बल्कि ओपन वोटिंग है। इसका मतलब यह है कि कौन का सांसद किसे वोट दे रहा है इसकी जानकारी मिल सकेगी। इस वजह से गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रह जाती है।
पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख रशीद ने दावा किया है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार किया जा सकता है। शेख रशीद ने कहा कि मुझे लगता है कि वे इमरान खान को गिरफ्तार कर लेंगे, वे इमरान खान को बर्दाश्त नहीं करेंगे, 155 सदस्य इस्तीफा दे सकते हैं, यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। इस स्थिति का एकमात्र समाधान चुनाव है। शेख रशीद ने कहा है कि पाकिस्तान की एजेंसियों को दखल देना चाहिए और नए चुनावों का रास्ता साफ करना चाहिए।
पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों ने अब स्पीकर असद कैसर को हटाने के लिए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। विपक्षी दलों के 100 से अधिक सदस्यों ने नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए।
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में भारत के समय के मुताबिक, 12 बजे से अविश्वास प्रस्ताव पर सदन की कार्यवाही शुरू होगी। इस बीच विपक्षी सांसद सदन पहुंच चुके हैं।
पाकिस्तान के पीएम इमरान खान आज नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने जा रहे हैं। इस बीच जिला प्रशासन द्वारा इस्लामाबाद में धारा 144 लागू कर दी गई है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, “राज ठाकरे को निकाय चुनाव के नतीजों के बाद ही उद्धव ठाकरे का ढ़ाई साल का मुख्यमंत्री पद वाले वादे की याद आ रही है। इनकी अकल इतनी देर बाद खुली है। भाजपा और शिवसेना में क्या हुआ है वो हम दोनों देख लेंगे। हमें तीसरे की ज़रूरत नही है।”
अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले इमरान सरकार ने बड़ा एक्शन लाय है। सरकार ने पंजाब प्रांत के राज्यपाल चौधरी मुहम्मद सरवर को उनके पद से हटा दिया है। पंजाब के नए राज्यपाल की घोषणा बाद में की जाएगी। वहां के संविधान के अनुसार, डिप्टी स्पीकर कार्यवाहक राज्यपाल होंगे।
उत्तर प्रदेश के रामपुर के सैफनी थाना क्षेत्र में कल पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया। रामपुर के एएसपी ने बताया, "राम गंगा पुल पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर 2 व्यक्ति आते दिखे, उन्हें रोकने का इशारा किया गया लेकिन उन्होंने मोटरसाइकिल नहीं रोकी और भागने लगे। घिरने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया जबकि दूसरा बदमाश भाग गया। घायल हुआ बदमाश थाने का टॉप 10 अपराधी है और 2 मुकदमे में वांछित भी था। घायल बदमाश का इलाज चल रहा है।"
बिहार: पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ने से पटना में सब्जियों के दामों में भी काफी उछाल आया है। सब्जी विक्रेता ने बताया, “हम सब्जी 5000 रुपये की लाते हैं और बिक्री 2000 रुपये की होती है, जिससे नुकसान बहुत हो रहा है। लोग पहले 1 कि. लो. सब्जी लेते थे अब 100-250 ग्राम ले रहे हैं।”
जनता पर महंगाई की मार जारी, देश में आज फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम मुंबई में पेट्रोल और डीजल की कीमत प्रति लीटर 118.41 रुपए (84 पैसे की वृद्धि) और 102.64 रुपए (85 पैसे की वृद्धि) है।
चेन्नई में पेट्रोल और डीजल की कीमत प्रति लीटर 108.96 रुपए (75 पैसे की वृद्धि) और 99.04 रुपए और कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 113.03 रुपए (84 पैसे की वृद्धि) और डीजल की कीमत 97.82 रुपए (80 पैसे की वृद्धि) है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 03 Apr 2022, 8:12 AM IST