
मेघालय के गारो हिल्स में गुरुवार को दो अलग-अलग जगहों पर भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों और ढाई साल के बच्चे समेत कम से कम चार लोग जिंदा दब गए। राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि पहली घटना वेस्ट गारो हिल्स के गाम्बेग्रे ब्लॉक में हुई, जहां लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। परिवार के दो अन्य सदस्य बच गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेले गए पहले टी-20 मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 7 विकेट से हरा दिया है। 212 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम ने 19.1 ओवर में मैच को आसानी से जीत लिया। अफ्रीका लिए मिलर और दुसें ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। इसके साथ ही मेहमान टीम 5 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में गुरुवार को आसमानी बिजली गिरने से पांच लोग घायल हो गए।
यहां स्थानीय रिपोर्ट्स में कहा गया है कि शाम को डल झील के किनारे बॉटेनिकल गार्डन में एक पेड़ पर बिजली गिर गई। एक सूत्र ने कहा, "इस घटना में कुछ गैर-स्थानीय लोगों सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी चिकित्सा सुविधा में स्थानांतरित कर दिया गया है।"
कांग्रेस वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए हैं, इसकी जानकारी उन्होंने खुद दी है साथ ही उनके संपर्क में आए लोगों को उन्होंने जांच कराने को भी कहा है। मनीष तिवारी ने बताया कि, मेरी कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वे सभी जो मेरे संपर्क में थे, कृपया अपने स्वास्थ्य की निगरानी करें।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गुरुवार को फिर 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इन तबादलों में विशेष सचिव, आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
सरकार की ओर से आज जारी अधिकारियों की तबादला सूची के अनुसार बरेली, सिद्धार्थनगर, मुजफ्फर नगर, सोनभद्र के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बदले है। वहीं प्रयागराज, झांसी और मेरठ के नगर आयुक्त बदले गए हैं।
भारत के प्रधान न्यायाधीश एन. वी. रमना ने गुरुवार को लाल चंदन (रेड सैंडर्स) से जुड़े तस्करी के मामलों से निपटने के लिए गठित दो विशेष अदालतों का उद्घाटन किया।
शहर में तिरुपति शहरी विकास प्राधिकरण (टीयूडीए या टुडा) परिसर में विशेष अदालतें शुरू हुई हैं। सीजेआई ने प्रथम श्रेणी न्यायालय के न्यायिक मजिस्ट्रेट और एक जिला न्यायालय का उद्घाटन किया। लाल चंदन तस्करी के मामलों से निपटने के लिए राज्य में स्थापित ये पहली विशेष अदालतें हैं। अदालतें मामलों के त्वरित निपटान में मदद करेंगी।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने राजस्थान के उदयपुर में कहा कि राज्यसभा चुनाव में सत्य, लोकतंत्र, कानून और नैतिकता की जीत होगी। बीजेपी लोकतंत्र का 'चीर हरण' करना चाहती है, ठीक वैसे ही जैसे देवी सीता का हुआ था। लेकिन वे राज्यसभा चुनाव में हार जाएंगे और उनके मुखौटे उतर जाएंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने विवादास्पद धार्मिक टिप्पणियों पर एक बार फिर सफाई देते हुए कहा कि हमने यह स्पष्ट कर दिया है कि ट्वीट और टिप्पणियां सरकार के विचारों को नहीं दर्शाती हैं। यह हमारे वार्ताकारों को भी अवगत कराया गया है और यह भी तथ्य है कि संबंधित पक्षों द्वारा टिप्पणी और ट्वीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
महाराष्ट्र के ठाणे की भिवंडी सिटी पुलिस ने निष्कासित बीजेपी नेता नवीन कुमार जिंदल को 15 जून को उनके सामने पेश होने के लिए समन जारी किया है। उसके खिलाफ भिवंडी सिटी थाने में आईपसी 295 ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य, धार्मिक भावनाओं को आहत करने का इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि आज के लिए निर्धारित टी20 क्रिकेट मैच के कारण अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास भारी ट्रैफिक के कारण कृपया बीएसजेड मार्ग, जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड और राजघाट रिंग रोड से बचें।
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के घनसाली-घुट्टू मार्ग पर वाहन के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई है। जिला आपदा अधिकारी ने बताया, "वाहन में 8 लोग सवार थे। 3 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना का कारण जांच में ही स्पष्ट होगा।"
डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली मेट्रो के ब्लू लाइन पर यमुना बैंक और इंद्रप्रस्थ स्टेशन के बीच ट्रेन सेवाएं आज सुबह 06:43 बजे से 9:45 बजे तक प्रभावित रही। द्वारका की ओर जाने वाली अप(UP) लाइन पर टूटे कैटेनरी वायर की मरम्मत के काम के लिए सेवाएं बाधित रही।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रथम महिला सविता कोविंद के साथ गुरुवार को दो दिवसीय यात्रा पर जम्मू पहुंचे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव ए.के. मेहता, पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह, सेना और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति की अगवानी की।
बिहार के जमुई जिले में गुरुवार को सीआरपीएफ, एसटीएफ और पुलिस के संयुक्त अभियान में एक उग्रवादी के एरिया कमांडर को ढेर कर दिया गया।
हैदराबाद पुलिस ने गुरुवार को जुबली हिल्स सामूहिक दुष्कर्म मामले के एकमात्र प्रमुख आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति चुनाव 2022 में कुल 4,809 मतदाता मतदान करेंगे। कोई भी राजनीतिक दल अपने सदस्यों को व्हिप जारी नहीं कर सकता है। उन्होंने बतया कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान होगा और 21 जुलाई को मतगणना होगी।
केरल के तिरुवनंतपुरम में सचिवालय के पास सोने की तस्करी के मामले में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।”
दिल्ली पुलिस की पीआरओ सुमन नलवा ने कहा, “हमने नूपुर शर्मा, नवीन कुमार जिंदल और असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ सोशल मीडिया पर उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणियों के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिससे अन्य धर्मों के लोगों को ठेस पहुंची है। कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।”
आईएमडी की निदेशक डॉ. एम मोहंती ने कहा, “गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में 5 दिनों में गरज और बिजली गिरने के साथ बारिश देखने को मिलेगी। ज्यादातर दक्षिण गुजरात के जिलों में ही देखा जा सकता है। अहमदाबाद में कुछ बारिश हो सकती है। 2 दिन तापमान में कोई बदलाव नहीं, लेकिन उसके बाद गिरेगा तापमान।”
महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने 20 तारीख को होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए कल 5 नेताओं के नाम घोषित किए। इसमें 1 उम्मीदवार ने आज अपना नामांकन भरा और अन्य 4 उम्मीदवार कल अपना नामांकन भरेंगे।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “मोदी सरकार द्वारा घोषित किए गए समर्थन मूल्य के धोखे का पर्दाफाश। एक बार फिर मोदी सरकार ने खरीफ फसलों के 2022-23 के समर्थन मूल्य घोषित करने में देश के किसानों से घोर विश्वासघात किया है। किसान की आमदनी बढ़ाना तो दूर, किसान का दर्द सौ गुना बढ़ा दिया है।”
चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास पर उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कांग्रेस नेता और मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों को पकड़ने की मांग को लेकर यहां कांग्रेस नेता सीएम भगवंत मान से मिलने पहुंचे थे। कांग्रेस ने कहा कि पंजाब के सीएम ने समय देकर मिलने से इनकार कर पंजाब का अपमान किया है।
भड़काऊ बयान को लेकर दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ इकाई द्वारा दर्ज प्राथमिकी में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को नामजद किया गया है। प्राथमिकी में स्वामी यति नरसिम्हनन्द का भी नाम है। दिल्ली पुलिस की एफआईआर में अब तक 11 लोगों के नाम हैं।
कानपुर हिंसा पर DM विशाख जी अय्यर ने कहा, “शहर में शांति व्यवस्था और अमन बनाए रखने के लिए लगातार स्थानीय स्तर पर पुलिस प्रशासन और मजिस्ट्रेट के द्वारा निगरानी रखी जा रही है। लोगों के साथ संवाद भी स्थापित किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की कोई भी समस्या ना हो।”
उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पोस्ट के लिए कमिश्नरी स्तर पर जो टीम गठित की गई है उसके माध्यम से निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की हिंसा होने पर समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
प्रवर्तन निदेशालय को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की हिरासत 13 जून तक और मिली।
कर्नाटक के कांग्रेस के नेताओं ने पाठ्य पुस्तकों में संशोधन के मुद्दे को लेकर बेंगलुरु में विधान सौधा में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस पार्टी ने एमएसपी के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा है। एक बयान में कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “मोदी सरकार ने खरीफ फसलों के 2022-23 के समर्थन मूल्य घोषित करने में देश के किसानों से घोर विश्वासघात किया है। किसान की आमदनी बढ़ाना तो दूर, किसान का दर्द सौ गुना बढ़ा दिया है। एक तरफ सरकार पर्याप्त मात्रा में फसल समर्थन मूल्य पर नहीं खरीद रही है, वहीं दूसरी ओर लागत बढ़ाकर किसानों की आमदनी को आधा कर दिया है।”
उन्होंने कहा, “हाल ही में RBI ने बताया कि देश में महँगाई की दर 6.7 फीसदी होकर अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। दूसरी ओर सरकार ने खरीफ़ फ़सलों के जो समर्थन मूल्य जारी किए हैं, वो उस महँगाई दर की वृद्धि से भी कम वृद्धि समर्थन मूल्य में की है।”
अल-कायदा से भारत को मिली धमकियों पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, “देश में सब ठीक था लेकिन बीजेपी के प्रवक्ता दो धर्मों में झगड़े लगाना चाहती है। अगर इस देश में कुछ होता है तो उसकी जिम्मेदार बीजेपी है। हम लोग अपना काम करेंगे, लेकिन जिनकी वजह से यह सब हो रहा है वह कब संज्ञान लेंगें?”
दिल्ली के जामिया नगर इलाके में बाटला हाउस के पास शाह मस्जिद में आग लग गई। दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अब तक 20 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है, आग पर काबू पा लिया गया है।
मुंबई के मानखुर्द इलाके में चार कबाड़ गोदामों में आग लग गई है। मुंबई दमकल विभाग का कहना है कि दमकल की तीन गाड़ियां और दो पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे हैं।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने बठिंडा से 2 व्यक्तियों, केशव और चेतन को हिरासत में लिया है। माना जाता है कि केशव ने सिद्धू मूसेवाला पर हमला करने वालों को हथियारों की आपूर्ति की थी। हमले से पहले केशव एक अन्य आरोपी संदीप उर्फ केकड़ा के साथ था, जिसने रेकी की थी। यह खबर न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले दी है।
तमिलनाडु के मदुरै में कल वार्षिक संथाना मरिअम्मन मंदिर उत्सव के दौरान आग लग गई। आग ने अस्थायी शेड, दुकानों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग पटाखों के फटने से लगी। बाद में आग पर काबू पाया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं। यह जानकारी अग्निशमन विभाग ने दी है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “अपना पूरा जीवन जल-जंगल-ज़मीन को बचाने के लिए समर्पित करने वाले, आदिवासी अस्मिता और संस्कृति के जननायक, महान स्वतंत्रता सेनानी वीर बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। अपना पूरा जीवन जल-जंगल-ज़मीन को बचाने के लिए समर्पित करने वाले, आदिवासी अस्मिता और संस्कृति के जननायक, महान स्वतंत्रता सेनानी वीर बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, देश में कल कोरोना वायरस के लिए 3,40,615 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 85,38,63,238 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
असम के पुलिस ने कहा कि कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद चुनाव के दौरान कल पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में दुआर अमला परिषद निर्वाचन क्षेत्र के तहत दो मतदान केंद्रों पर हिंसा भड़क उठी। भीड़ ने दो मतदान केंद्रों की मतपेटियां तोड़ दीं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के मुताबिक, द्वारका सेक्टर 21 और नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली के बीच सर्विस में देरी है। अन्य सभी लाइनों पर सामान्य सेवा जारी है।
जम्मू-कश्मीर बीएसएफ के मुताबिक, अर्निया सेक्टर में आज सुबह करीब 4.15 बजे एक चमकती रोशनी दिखी जिस पर ड्रोन होने की आशंका होने पर बीएसएफ के जवानों ने उस पर गोलियां चलाईं ताकि वह वापस लौट जाए।
उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा दशहरा के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं। हरिद्वार में हर की पौड़ी घाट पर गंगा नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 09 Jun 2022, 8:01 AM IST