कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का कहर तेजी से पैर पसार रहा है। गुजरात में इस वेरिएंट के नौ और मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में ओमिक्रॉन के कुल मामले 23 हो गए हैं, जिनमें से 19 ऐकटिव हैं।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव को फोन कर अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और बेटी के कोरोना पॉजिटिव होने पर स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए अखिलेश यादव को शुभकामनाएं दीं...
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर के आसपास जमीनों की खरीद-फरोख्त के मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में सामने आया है कि राम मंदिर के आसपास बीजेपी के विधायकों, कई बड़े नेताओं, यूपी के अफसरों और उनके परिजनों ने व्यापक स्तर पर जमीनें खरीदी हैं, ताकि उन्हें लाभ मिल सके। उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच का जिम्मा विशेष राजस्व सचिव को सौंपा है। जांच की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सरकार को सौंपी जानी है।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को घोषणा करते हुए कहा कि कोई कितना भी करीबी क्यों नहीं हो जिस आमंत्रण पत्र (कार्ड) पर अब 'दहेज मुक्त विवाह' नहीं लिखा होगा, उस शादी में नहीं जाएंगें। उन्होंने लोगों से भी ऐसा ही करने की अपील की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अपने समाज सुधार अभियान की मोतिहारी से शुरूआत की। इस दौरन उन्होंने शराबबंदी, दहेज प्रथा और बाल विवाह को लेकर लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने दहेज प्रथा की चर्चा करते हुए कहा कि दहेज प्रथा खराब है। कई जगह पर लोग शादी के बाद लड़की को तंग करते हैं कि और पैसे मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि कानूनी रुप से दहेज लेना अपराध है। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि प्रचार कीजिए की दहेज प्रथा बहुत खराब काम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस वैवाहिक समारोह के आमंत्रण पत्र (कार्ड) पर दहेज मुक्त लिखा होगा उसी शादी में हम जाएंगे।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
झारखंड में पूर्वी भारत की पहली ट्राइबल यूनिवर्सिटी की स्थापना की राह प्रशस्त हो गया है। झारखंड विधानसभा ने बुधवार को इससे जुड़े विधेयक को पारित कर दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि देश के विभिन्न राज्यों ने अपनी भाषा-संस्कृति को संरक्षण दिया है, लेकिन झारखंड में अब तक इसके बारे में ईमानदारी से नहीं सोचा गया था। इसलिए हमारी सरकार ने अपने राज्य की भाषा-संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के लिए ट्राइबल यूनिवर्सिटी खोलने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित यूनिवर्सिटी का नाम पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय होगा। पंडित मुर्मू को जनजातीय संताली भाषा का सबसे बड़ा संवर्धक माना जाता है। उन्होंने 'ओलचिकी' का आविष्कार किया। संथाली भाषा की ज्यादातर कृतियों और साहित्य की रचना इसी लिपि में की गयी है। उन्हें मयूरभंज आदिवासी महासभा ने उन्हें गुरु गोमके (महान शिक्षक) की उपाधि प्रदान की थी। यह विश्वविद्यालय उनकी स्मृतियों को समर्पित होगा। कुछ माह पहले हुए झारखंड की जनजातीय सलाहकार परिषद की बैठक में भी जनजातीय विश्वविद्यालय खोलने पर सहमति बनी थी। इसे धरातल पर उतारने के लिए सरकार ने बुधवार को विधेयक पारित कराया।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के संबंध में एक और मामला दर्ज किया है, जिससे इस मामले में दर्ज मामलों की कुल संख्या 50 हो गई है। सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी में कुछ अज्ञात के साथ कुल 11 लोगों के नाम हैं।
अधिकारी ने बताया कि मामला जन्मेजय दलाई की हत्या से जुड़ा है। शुरुआत में पूर्वी मिदनापुर जिले के मरिशदा थाने में मामला दर्ज किया गया था।
कांठी से घर लौट रहे दलाई को आरोपियों ने अगवा कर लिया। उसे लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से बेरहमी से पीटा गया। घायल युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले की जांच अब सीबीआई करेगी।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक में कथित रूप से गलत दवाई देने के चलते हुई 3 बच्चों की मौत मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। दिल्ली कांग्रेस ने उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखकर एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन करने की मांग की है। ताकि मासूम बच्चों की मौत की सच्चाई के तथ्य उजागर हो और पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। दिल्ली कांग्रेस ने पत्र लिख आग्रह किया है कि, जांच में यह भी पता लगाया जाए कि कैसे मोहल्ला क्लीनिकों में घटिया स्तर की और स्वास्थ्य विभाग द्वारा निषिद्ध की हुई दवाई को अपनी मर्जी से दिया जा रहा है, जिसका खामियाजा दिल्लीवाले भुगत रहे हैं।
इस मसले दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि, मोहल्ला क्लीनिक में हुई लापरवाही के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है, क्योंकि दिल्ली सरकार की निष्क्रियता और अक्षमता के कारण 3 बच्चों की मौत हुई है, वहीं सीएम को माफी मांगने के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करना चाहिए।
इसके अलावा उपराज्यपाल को लिखे पत्र में दिल्ली कांग्रेस ने मांग की है कि, मृतक बच्चों के परिवार को एक-एक करोड़ तथा बीमार बच्चों के परिवार को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिल्ली सरकार दे।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी कानपुर) के 49 छात्र-छात्राओं को एक करोड़ रुपये से अधिक पैकेज वाली जॉब ऑफर हुई है। आईआईटी कानपुर में चल रहे कैंपस प्लेसमेंट सीजन में पहले आठ दिनों में एक करोड़ रुपये से अधिक के कुल 49 जॉब ऑफर मिले हैं।
संस्थान का प्लेसमेंट पिछले कई वर्षों की अपेक्षा काफी अच्छा रहा है। बड़ी-बड़ी कंपनियां छात्रों को आकर्षक पैकेज ऑफर कर रही हैं।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "पहले आठ दिनों में, संस्थान को 47 अंतर्राष्ट्रीय प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। यह पिछले वर्ष की तुलना में 150 प्रतिशत की एक बड़ी छलांग है, जब 19 अंतरराष्ट्रीय प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। अब तक के उच्चतम पैकेज अंतर्राष्ट्रीय के लिए 274,250 अमेरिकी डॉलर और घरेलू के लिए 1.2 करोड़ रुपये हैं।"
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लड़ने की घोषणा की है। मांझी ने कहा कि गठबंधन में बात करेंगे बात बनी तो ठीक नहीं तो अकेले लड़ने की बात होगी तब भी लड़ेंगे। मांझी ने इस क्रम में फिर कहा कि वह ब्राह्मण नहीं, 'ब्राह्मणवाद' का विरोध करते हैं।
उन्होंने यहां तक कहा कि अल्पज्ञानी, मांस-मदिरा का सेवन करने वाले और गरीबों को मूर्ख बनाने वाले पाखंडी पुजारियों का विरोध करता हूं और करता रहूंगा।
मांझी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि जनवरी के प्रथम सप्ताह में उत्तर प्रदेश जाउंगा, कुछ लोगों ने वहां आमंत्रित किया है। इसके बाद निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में गठबंधन है और उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन है। गठबंधन में बात करेंगे, बात बनी तो ठीक नहीं तो अकेले भी चुनाव लड़ेंगे।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
राहुल गांधी ने अयोध्या जमीन खरीद मामले पर ट्वीट कर बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने इस मामले से जुड़े खबर को ट्वीट करते हुए कहा कि हिंदू सत्य के रास्ते पर चलता है। हिंदुत्ववादी धर्म की आड़ में लूटता है। बता दें कि अयोध्या में जमीन खरीद के मामलों पर कई बार सवाल उठ चुके हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अयोध्या के भूमि सौदों से जुड़ा लेन-देन का एक सेट हितों के टकराव और औचित्य से जुड़े गंभीर सवाल उठाता है। कम से कम चार खरीदार, दलित निवासियों से भूमि के ट्रांसफर में कथित अनियमितताओं के लिए विक्रेता की जांच कर रहे अधिकारियों के करीबी संबंधी हैं।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की 100 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को अंतिम रूप दे दिया है। विभिन्न जिलों में पार्टी नेताओं द्वारा आयोजित जनसभाओं में चयनित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा रही है।
उम्मीदवारों को उस विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी भी बनाया गया है, जहां से वे आगामी चुनाव लड़ेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बसपा की योजना जनवरी के मध्य तक शेष 300 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को अंतिम रूप देने की है।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में फिर से उछाल आया है। राजधानी में बुधवार को 125 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि किसी की मौत नहीं हुई है। लेकिन कल के मुकाबले आज नए केस में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते कहर के बीच केजरीवाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली में क्रिसमस और नए साल के जश्न पर रोक लगा दी गई है। जारी आदेश के मुताबिक, सभी डीएम और जिला डीसीपी यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली के एनसीटी में क्रिसमस या नए साल का जश्न मनाने के लिए कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम/सभा/मण्डली/जगह न हो।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि वे कोविड पॉजिटिव हैं। उन्होंने लिखा, "मैंने कोविड टेस्ट कराया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। मैं पूरी तरह से वैक्सिनेटेड हूं और कोई भी लक्षण अभी दिखाई नहीं दे रहे हैं।"
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उनकी (भाजपा) मंशा बिना किसी चर्चा के तत्काल विधेयक पारित करने की थी। चूंकि वे बहुमत में नहीं थे, वे बिलों पर मतदान नहीं करना चाहते थे इसलिए उन्होंने कुछ विपक्षी सदस्यों को कम करने का फैसला किया। सत्र शुरू होते ही 12 सांसदों को किया गया निलंबित।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा कि इस शीतकालीन सत्र की शुरुआत 12 सांसदों के निलंबन के साथ हुई थी। मानसून सत्र में हुई घटना को लेकर शीतकालीन सत्र में उन्हें निलंबित करने का फैसला बिल्कुल गलत था। हम बेरोजगारी, महंगाई और अन्य मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा, “संसद का सत्र 29 नवंबर 2021 को शुरू हुआ और आज संपन्न हो गया है। 24 दिनों में 18 बैठकें हुईं। इस दौरान लोकसभा की उत्पादकता 82% और राज्यसभा की 47% रही है। राज्यसभा में 9 बिल और लोकसभा में 11 बिल पास हुए।”
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्षी नेताओं ने निलंबित सांसदों के साथ भारत के संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और सांसदों के निलंबन के विरोध में संसद में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने राष्ट्रगान गाया।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वी.के. पॉल ने कहा, “अभी जो स्थिति है उसमें कोई बदलाव नहीं है, कोरोना हमेशा शुरुआती चरणों में हल्के लक्षणों के साथ आता है। हम बढ़ते हुए मामलों में किसी भी बदलाव को बहुत सावधानी से देख रहे हैं।”
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र ने पणजी में कहा, “राजनीतिक दलों को अपने उम्मीदवार के आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में वेबसाइट पर प्रकाशित करना होगा जिससे जनता को उम्मीदवारों के बारे में सही जानकारी हो। राजनीतिक दलों को कारण बताना होगा कि उन्होंने आपराधिक रिकॉर्ड वाले उम्मीदवार को क्यों चुना।”
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
महाराष्ट्र की स्कूल शिक्षा मंत्री प्रो. वर्षा एकनाथ गायकवाड़ ने कहा कि अगर ओमिक्रॉन के मामलों में वृद्धि जारी रहती है, तो हम स्कूलों को फिर से बंद करने का निर्णय ले सकते हैं। हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “सरकार ने पहले ही दिन 12 संसदों को निलंबित किया जो नियमों के खिलाफ है। हमने सरकार से चर्चा के माध्यम से इस मामले का समाधान निकालने के लिए भी बोला था। केंद्र सरकार अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं करवाना चाहती इसलिए उन्होंने ऐसा किया।”
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर सरकार से पूछा कि देश में अधिकांश आबादी का अभी भी टीकाकरण नहीं हुआ, केंद्र सरकार बूस्टर शॉट्स कब शुरू करेगी?
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
मंत्रालय के एक अधिकारी का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के 'सरकार द्वारा उनके बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने' के आरोपों का संज्ञान लिया है।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
कुल 213 ओमिक्रॉन मामलों में से, दिल्ली और महाराष्ट्र में क्रमशः 57 और 54 मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक 90 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकोड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 6,317 नए मामले सामने आए हैं। 6,906 रिकवरी हुईं और 318 लोगों की कोरोना से मौत हो गई।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले किए गए आरटी-पीसीआर परीक्षण में 8 पुलिस कर्मियों सहित 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। लगभग 3,500 नमूनों का परीक्षण किया गया। यह जानकारी राज्य स्वास्थ्य विभाग ने दी है।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार मुरादाबाद में आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
दिल्ली में वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (SAFAR) के मुताबिक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) आज 385 (बहुत खराब श्रेणी में) है।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भगवान सीताराम जानकी को गर्म कपड़े पहनाए गए हैं और हीटर भी लगाया गया है। मंदिर के पुजारी ने बताया, "पिछले 4-5 दिनों से काफी ठंड पड़ रही है। भगवान को भी ठंड से बचाने के लिए हीटर और गर्म कपड़े पहनाए गए हैं।"
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के एसपी ब्रिजनंदन राय ने कहा, “एक बस से अवैध शराब बरामद की गई है। जो हरियाणा की है और बिहार ले जाई जा रही थी। शराब को बस के अंदर एक बॉक्स में रखा गया था। इसकी कीमत लगभग 5 लाख 40 हज़ार रुपए है। मामले में 1 व्यक्ति गिरफ़्तार हुआ है। गैंगस्टर एक्ट में आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, “ओमिक्रॉन को लेकर हमे चिंतित होना चाहिए लेकिन घबराएं नहीं। अगर आपको दोनों टीके लग गए हैं और आपने बूस्टर डोज ले लिया है तो आप सुरक्षित हैं। यदि आपका टीकाकरण नहीं हुआ है तो आपको गंभीर रूप से बीमार, अस्पताल में भर्ती और यहां तक कि मरने का भी अधिक खतरा है।”
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
देश में ओमिक्रॉन का कहर बढ़ता जा रहा है। देश में अब तक ओमिक्रॉन के 14 राज्यों में 220 केस सामने आ चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों को लिखे पत्र में कहा है कि टेस्टिंग और निगरानी बढ़ाने के अलावा रात में कर्फ्यू लगाने, बड़ी सभाओं पर रोक लगाने, शादियों और अंतिम संस्कारों में लोगों की संख्या को सीमित करने जैसे कदम उठाए जाएं।
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 22 Dec 2021, 8:11 AM IST