
बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा ने कहा कि विराट कोहली को टी20 कप्तानी छोड़ने के लिए किसी ने नहीं कहा। जैसे ही सफेद गेंद की कप्तानी पर चयन समिति की बैठक समाप्त हुई, मैंने उन्हें सूचित किया। हमारे बीच अच्छी बातचीत हुई और वह मान गए। हम उन्हें बैठक में शामिल नहीं करना चाहते थे।
मुंबई में एकत्र किए गए 282 नमूनों के जीनोम अनुक्रमण के 7वें बैच में ओमिक्रॉन के 55 फीसद, डेल्टा प्रकार के 13 फीसदी, डेल्टा डेरिवेटिव के 32% मरीज मिले। ओमिक्रोन से संक्रमित 156 लोगों में से केवल 9 को ही अस्पताल में इलाज की जरूरत थी
बढ़ते कोरोना मामलों के बीच, तमिलनाडु सरकार ने 31 जनवरी तक प्रभावी नए प्रतिबंधों की घोषणा की है, जिसमें कहा गया है कि मॉल, आभूषण और कपड़ा दुकानें, मॉल, थिएटर, ब्यूटी पार्लर, शोरूम, मनोरंजन पार्क और मेट्रो ट्रेनें 50% क्षमता के साथ संचालित की जाएंगी।
बीसीसीआई ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। केएल राहुल को कप्तान और जसप्रीत बुमराह उपकप्तान होंगे। वहीं, रोहित शर्मा चोट की वजह से टीम से बाहर हो गए हैं। शिखर धवन की टीम में वापसी हुई है। टीम में अन्य सदस्य इस प्रकार हैं- ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्य कुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, ऋषभ पंत, ईशान किशन, युजवेंद्र चहल, आर अश्विन, डब्ल्यू सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्ण, शार्दुल ठाकुर और मो. सिराज।
पश्चिम बंगाल में कोरोना के मामलों में जोरदार उछाल देखने को मिला है। कल के मुकाबले आज नए केस दोगुना से ज्यादा आए हैं। राज्य में बीते 24 घंटे में 3451 नए केस आए हैं, वहीं 7 और लोगों की इस वायरस की वजह से मौत हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों में तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के एक या दो इलाकों में बेहद भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। अगले कुछ दिनों में डेल्टा जिलों और विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, कुड्डालोर, कांचीपुरम, चेन्नई और तिरुवल्लूर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी, कराईक्कल क्षेत्र और तमिलनाडु के अधिकांश तटीय जिलों में अगले पांच दिनों के लिए गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। राज्य के आंतरिक जिलों में भी अगले कुछ दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि सरकार अगले बारिश के मौसम से पहले चेन्नई में पानी के जमाव से जुड़ी मुद्दों को हल करने के प्रति आश्वस्त है। चेन्नई के जल-जमाव वाले इलाकों का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "जो लोग पिछले 10 वर्षों से सत्ता में थे, उन्होंने सब कुछ नष्ट कर दिया है और मैं अभी उस पर बोलना नहीं चाहता। हम खुद को सही करने में लगे हुए हैं। पानी के जमाव से जुड़े मसलों पर हमें विश्वास है कि इसे अगले बारिश के मौसम से पहले हल किया जा सकता है, इस संबंध में काम हो रहा है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुवार को अकेले शहर के विभिन्न हिस्सों में 20 सेमी से अधिक बारिश हुई और अधिकारी पानी के ठहराव के मुद्दे को देखने के लिए कड़ी मेहनत की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार मौसम की अधिक सटीक रीडिंग प्राप्त करने के लिए आधुनिक मौसम पूवार्नुमान उपकरण स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार से बात करेगी।
देश में ओमिक्रॉन के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। केरल में बीते 24 घंटे में 44 नए केस सामने आए हैं। राज्य में अब कुल संक्रमितों की संख्या 100 से पार हो गया है। यहां 107 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं।
कन्नौज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "पीयूष जैन पर छापे की सच्चाई के बाद BJP खुद बदनाम हुई। अपनी बदनामी बचाने के लिए सपा MLC के यहां छापे पड़े। BJP इत्र और कन्नौज को बदनाम कर रही है। हम इत्र व्यापारियों को उनका सम्मान वापस देंगे और उनके इत्र का डंका दुनिया में बजे उसमें भी मदद करेंगे।”
बिहार में बढ़ते कोरोना संक्रमण मामलों के बीच शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अभी हमारे यहां उतनी खराब स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी आकलन करेंगे, उसके बाद फिर कोई निर्णय लिया जाएगा।
इस बीच, उन्होंने चलाए जा रहे 'समाज सुधार अभियान' यात्रा पर विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने पर कहा कि कौन क्या बोलता है, उस पर हम नोटिस नहीं लेते। मुख्यमंत्री शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि अभी कोरोना से हमारे यहां उतनी खराब स्थिति नहीं है।
बिहार में शराबबंदी हुए पांच साल से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन अभी भी इस कानून को लेकर न केवल चर्चा हो रही है बल्कि सियासत भी हो रही है। हाल ही में भारत के मुख्य न्यायाधीश एन वी रमणा के दिए गए बयान के बाद शराबबंदी कानून को लेकर फिर से चर्चा गर्म हो गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिलहाल शराबबंदी पर जन जागरूकता पैदा करने के लिए अपने 'समाज सुधार अभियान' यात्रा पर राज्य का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान सासाराम में आयोजित एक सभा में मुख्यमंत्री स्पष्ट शब्द में कह चुके हैं, "हमलोग वैसे किसी आदमी को बिहार आने की इजाजत नहीं देंगे, जो शराब पीने की इच्छा रखता है। अगर शराब पीना है तो बिहार मत आइए।"
इधर, पिछले रविवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश एन वी रमणा ने अपने संबोधन में बिहार शराबबंदी कानून का हवाला देते हुए कानून का मसौदा तैयार करने में दूरदर्शिता की कमी का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे कारणों से अदालतों में मामले बढ़े हैं।
इधर, बिहार पुलिस और अदालत के आंकडों पर गौर करें यह साफ है कि बिहार मद्य निषेध और उत्पाद अधिनियम, 2016 के लागू होने के बाद से अदालतों में मामले बढ़े हैं तथा जेलों में भी कैदियों की संख्या बढ़ी है।
चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों के नाम बदलने पर राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “अभी कुछ दिनों पहले हम 1971 में भारत की गौरवपूर्ण जीत को याद कर रहे थे। देश की सुरक्षा और विजय के लिए सूझबूझ व मजबूत फैसलों की जरूरत होती है। खोखले जुमलों से जीत नहीं मिलती!”
सीआरपीसी की धारा 144 के तहत मुंबई में प्रतिबंधों को 15 जनवरी तक बढ़ाया गया। मुंबई पुलिस ने लोगों को समुद्र तटों, खुले मैदानों, सैरगाहों, उद्यानों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक जाने पर रोक लगाई है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष कन्नौज में अखिलेश यादव ने कहा, “नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले बीजेपी के लोग, सौहार्द की सुगंध को कैसे पसंद करेंगे। यह समाजवादी इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन को ढूंढने गए थे और उन्होंने अपनी ही साथी पीयूष जैन को ढूंढ निकाला।”
हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने बताया कि GST परिषद की 46वीं बैठक में टेक्सटाइल पर जीएसटी बढ़ने के फैसले को स्थगित किया गया है।
राजस्थान में ओमिक्रॉन का कहर बढ़ता जा रहा है। ओमिक्रॉन ने उदयपुर में एक व्यक्ति की जान ले ली। 75 साल के बुजुर्ग की ओमिक्रॉन से मौत हो गई है। बुजुर्ग का उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में इलाज चल रहा था। उनकी एक दिन पहले ही कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। 15 दिसंबर को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “कोरोना की तीसरी वेव की आशंका को ध्यान में रखते हुए घबराने की आवश्यकता नहीं है, मैं सभी से अपील करूंगा कि कोरोना के नाम पर भय और दहशत पैदा करने की बजाय इसके प्रति सजगता और सावधानी के प्रति हम ज़्यादा ध्यान दें तो अच्छा होगा।”
तमिलनाडु के चेन्नई में भारी बारिश से कई जगह जलभराव हो गया। तस्वीरें अशोक नगर इलाके की हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, "8-9 घंटे हुई बारिश से जलभराव हो गया है, हम इसकी वजह से कहीं आ-जा नहीं पा रहे हैं। अपार्टमेंट और लिफ्ट तक में पानी भर गया है।"
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “केंद्र सरकार का वादा था कि 2021 के अंत तक सबको दोनों डोज वैक्सीन लगाएंगे। आज साल का अंत है- देश अब भी वैक्सीन से दूर, एक और जुमला चकनाचूर!”
बिहार की पटना ट्रैफिक पुलिस के वर्दी पर बॉडी वार्न कैमरा लगाया गया है। पटना ट्रैफिक पुलिस के एएसआई मो. आसिफ ने बताया, "कैमरा लगने से हमें फायदा हो रहा है, जो लोग पुलिस के साथ बदसलूकी करते थे उनपर लगाम लग गई है साथ ही नियम तोड़ने वालों पर निगरानी करने में हमें आसानी हो रही है।"
दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। मरीजों ने राहत की सांस ली है। फोर्डा के अध्यक्ष डॉ. मनीष ने कहा कि मरीज पहले से ही परेशान हैं, कई सर्जरी टाल दी गई हैं। इस स्थिति को देखते हुए वे आज दोपहर 12 बजे हड़ताल समाप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "कल रात हमारी बैठक हुई, इस बैठक में DCP और ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस थे। FIR वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी राज्यों के RDA के साथ बैठक में फैसला लिया गया।"
फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनीष ने NEET-PG काउंसलिंग की सुनवाई पर कहा, “अगर 6 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में तारीख नहीं मिलती है तो उस दिन शाम 6 बजे हमने बैठक रखी है उसमें हम आगे की प्रक्रिया तय करेंगे। हमें दोबारा हड़ताल करनी पड़ी तो हम करेंगे।”
उत्तर प्रदेश में टैक्स रेड चल रही हैं, समाजवादी पार्टी का दावा है कि उसकी पार्टी के एमएलसी पुष्पराज जैन पम्पी के यहां छापेमारी की जा रही है। अधिक जानकारी का इंतजार है।
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने बिहार में भी दस्तक दे दी है। पटना में 26 साल का युवक ओमिक्रॉन से संक्रमित पाया गया है। युवक हाल ही में दिल्ली से लौटा था। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में युवक विदेश से लौटे अपने रिश्तेदार से मिलने गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज सफदरजंग और पालम में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस और 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, “वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज दिल्ली में GST परिषद की 46वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगी। बैठक में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, डॉ.भागवत किशनराव कराड और राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री भी शामिल होंगे।”
जम्मू-कश्मीर में नए साल के जश्न के मद्देनजर उधमपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। ऊधमपुर के अतिरिक्त एसपी अनवर उल हक ने कल कहा, "हम वाहनों की जांच कर रहे हैं और लोगों को शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाने या तेज गति से वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।"
भारी बारिश के कारण चेन्नई के कुछ इलाकों में जलभराव हुआ। वीडियो टी. नगर और उत्तर उस्मान रोड से है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में आज सुबह घना कोहरा छाया दिखा। मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा। तस्वीरें रामलीला मैदान की हैं।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक जीवित महिला को कोरोना से मृत घोषित किया गया। नोडल कोविड सेम्पलिंग अधिकारी ने बताया, "कोरोना से मरने वाले लोगों की 108 लिस्ट बनी थी जिसमें शकुंतला देवी का नाम था और यूपी सरकार द्वारा मृतकों को 50,000 रुपये दिए जाने थे।"
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर की लड़कियां कैलीग्राफी वर्कशॉप में काफी दिलचस्पी दिखा रही हैं। एक स्थानीय ने बताया, "इस वर्कशॉप में लड़कियां अपना टैलेंट दिखा सकती हैं और इससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है। अगर हम घर पर बैठेंगे तो हम ये सब भूल जाएंगे।"
कर्नाटक शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस 1,184 सीटों में से 498 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, बीजेपी ने 437, जेडीएसने 45 और अन्य ने 204 सीटें जीती हैं। 58 शहरी स्थानीय निकायों में 1,184 वार्ड शामिल थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 31 Dec 2021, 8:09 AM IST