
कोरोना वायरस ने लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन पर हमला किया है। दो दिन पहले यानी 6 और 7 जनवरी को संसद भवन के कर्मचारियों-सुरक्षा कर्मियों आदि का कोरोना टेस्ट हुआ था। न्यूज चैनल की खबर के मुताबिक इनमें से 400 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
हिमाचल प्रदेश में ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी शिक्षण संस्थाओं को 26 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि सभी नर्सिंग और मेडिकल कॉलेज खुले रहेंगे।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अपर सचिव एवं मिशन निदेशक विकास शील ने कहा कि हेल्थकेयर/फ्रंटलाइन वर्कर्स और वरिष्ठ नागरिकों (60+) के 'एहतियाती खुराक' के लिए Co-WIN पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा अब शुरू हो गई है।
गोवा के मुख्य चुनाव अधिकारी कुणाल ने कहा कि मतदान कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और हमारी टीमों ने राजनीतिक दलों के होर्डिंग हटाना शुरू कर दिया है। गोवा में 18 मतदान केंद्र जोड़े गए हैं। सोशल मीडिया पर सामग्री को सत्यापित करने के लिए एक अभियान भी शुरू किया गया है।
महाराष्ट्र में कोरोना की भयानक रफ्तार को देखते हुए सरकार ने 10 जनवरी से रात 11 से सुबह 5 बजे तक नाईट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। साथ ही 5 या अधिक के समूह में लोगों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा नए प्रतिबंधों में स्विमिंग पूल, जिम, स्पा, ब्यूटी सैलून, चिड़ियाघर, संग्रहालय और मनोरंजन पार्क बंद रहेंगे। कुछ अपवादों को छोड़कर स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 15 फरवरी तक बंद रहेंगे। होटल, रेस्तरां, सिनेमा हॉल, सभागार रात 10 बजे तक 50% बैठने की क्षमता के साथ संचालित होंगे। भोजन की फूड होम डिलीवरी की अनुमति होगी। बाल काटने वाले सैलून और मॉल 50% क्षमता से संचालित होंगे।
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि मैं चुनाव आयोग द्वारा भारत में कोविड की स्थिति को ध्यान में रखते हुए चुनाव घोषित करने के फैसले का स्वागत करता हूं। गोवा में बीजेपी फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। चुनाव आयोग द्वारा सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा।
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने आज फिर कहा कि यहां पीएम को कोई खतरा नहीं था। वह पूरी तरह सुरक्षित थे। कोई उनके पास नहीं गया। उन्होंने कहा कि मेरी प्रियंका गांधी जी से बातचीत हुई थी और यहां जो कुछ भी हुआ, उसके बारे में मैंने उन्हें जानकारी दी है।
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मैं चुनाव आयोग के निर्देशों का स्वागत करता हूं। अभी तक हम सिर्फ एक काम करने वाली सरकार थे, अब हम चुनाव के बारे में सोचना शुरू करेंगे। मैं हाथ जोड़कर पंजाब के लोगों और कांग्रेस को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे 111 दिनों के लिए मुख्यमंत्री बनने के योग्य समझा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोरोना वायरस को देखते हुए हमने 15 जनवरी तक राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी थी। अब हम चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप काम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। राज्य में केवल भाजपा ही विकास कार्य कर सकती है।
भारत बायोटेक का कहना है कि कोवैक्सिन बूस्टर जैब्स के उसके परीक्षण ने बिना किसी गंभीर प्रतिकूल घटना के दीर्घकालिक सुरक्षा का प्रदर्शन किया है। कोवैक्सिन निर्माता ने कहा कि 90% प्राप्तकर्ताओं के पास जंगली प्रकार के वैरिएंट के खिलाफ एक तटस्थ एंटीबॉडी प्रतिक्रिया थी।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को फिर से लोगों का आशीर्वाद मिलेगा। बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
दिल्ली सरकार ने सप्ताहांत कर्फ्यू में ढील देने की घोषणा करते हुए कहा कि गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को कल गुरुद्वारों में जाने की अनुमति दी जाएगी।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ईडी और आयकर विभाग सभी 5 चुनावी राज्यों में विपक्षी नेताओं के यहां छापेमारी करता रहेगा और बीजेपी जनता को गुमराह करती रहेगी। जैसा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा था, बीजेपी का मतलब 'बड़का झूठा पार्टी' है।
शिरोमणी अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब के लोग एक मजबूत, स्थिर और विकासोन्मुखी अकाली-बसपा सरकार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए प्रतिबद्ध हो। वर्तमान शासकों ने शासन को सर्कस का मजाक बना दिया था। लोग राहत की सांस लेंगे कि अब यह खत्म होने वाला है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव तारीखों के ऐलान पर कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित होने पर बीजेपी फिर से भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल होगी। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू होते ही लखनऊ नगर निगम ने राजनीतिक दलों द्वारा लगाए गए होर्डिंग्स को हटाना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि हम उत्तराखंड के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा का स्वागत करते हैं। कांग्रेस हमेशा आचार संहिता और चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करती है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव तारीखों की घोषणा पर कहा कि उत्तर प्रदेश में लोग भाजपा सरकार को विदाई देने के लिए तैयार हैं। ये तिथियां राज्य में एक बड़े बदलाव का प्रतीक होंगी। समाजवादी पार्टी नियमों का पालन करेगी, लेकिन चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सत्तारूढ़ दल इन दिशानिर्देशों का पालन करे।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पीएम मोदी पहले ही कई राजनीतिक रैलियां कर चुके हैं। वह पिछले एक महीने से दौरा कर रहे हैं और यूपी के सीएम योगी से 10-15 से ज्यादा बार मिल चुके हैं। सत्ता पक्ष के लिए कोई बड़ी बात नहीं है। केवल आर्थिक रूप से कमजोर दलों को ही समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। सत्ता पक्ष सहज है।
मणिपुर में 27 फरवरी को पहले चरण का मतदान और 3 मार्च को दूसरे चरण का मतदान होगा।
पंजाब, गोवा और उत्तराखंड में एक फेज में चुनाव होंगे। 14 फरवरी को पंजाब गोवा और उत्तराखंड में मतदान होगा।
CEC सुशील चंद्र ने कहा कि राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने चुनाव प्रचार को जितना संभव हो सके, डिजिटल मोड में चलाएं। इसके बारे में डीटेल गाइडलाइंस जारी की जाएंगी। 15 जनवरी 2022 तक किसी भी रोड शो, पदयात्रा, साइकिल रैली, बाइक रैली और जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। चुनाव आयोग स्थिति की समीक्षा करेगा और बाद में नए निर्देश जारी किए जाएंगे
CEC सुशील चंद्र ने कहा है कि इस बार 1250 मतदाताओं पर एक बूथ बनाया गया है। पिछले चुनाव की तुलना में 16 फीसदी बूथ बढ़ गए हैं। 1620 बूथ को महिला पोलिंगकर्मी मैनेज करेंगी। 900 आब्जर्बर चुनाव पर नजर रखेंगे। चुनाव आयोग ने सरकारी कर्मचारियों के अलावा 80 साल से ज्यादा उम्र के नागरिकों, दिव्यांगों और कोविड प्रभावित लोगों के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था की है।
CEC सुशील चंद्र ने कहा है कि इस बार 5 राज्यों की 690 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव होंगे. उन्होंने कहा कि कोविड सेफ इलेक्शन कराना चुनाव आयोग का उद्देश्य है। CEC ने कहा कि कोरोना काल में चुनाव कराना चुनौती पूर्ण है। इन चुनावों में 18 करोड़ से ज्यादा वोटर हिस्सा लेंगे। 24.9 लाख वोटर पहली बार वोट डालेंगे।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनाव का थोड़ी देर में बिगुल बज जाएगा। चुनाव आयोग 3.30 बजे इन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान करेगा। तारीखों की घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
झारखंडे के गुमला जिले में कल शाम नक्सलियों के एक समूह ने (करीब 27) वाहनों में आग लगा दी। कई वाहन पूरी तरह जल गए हैं। गुमला पुलिस का कहना है कि व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो हम छात्रों, नौजवानों और आगे की पढ़ाई करने वालों को लैपटॉप उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।”
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ निगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी द्वारा बहुमत हासिल करने के बावजूद बीजेपी ने बड़ा उलटफेर करते हुए मेयर पद पर कब्जा जमा लिया है। बीजेपी की सरबजीत कौर चंडीगढ़ की मेयर बन गई हैं। निकाय चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने वाली ‘आप’ ने मेयर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। चुनाव के बाद मेयर की कुर्सी के पीछे ही आम आदमी पार्टी के सभी पार्षद धरने पर बैठ गए हैं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “कोविड की परिस्थिति पर हमारी नज़र बनी हुई है। मुझे नहीं लगता है कि अभी आर्थिक गतिविधियों पर पाबंदियां लगाने की ज़रुरत है और ना ही कंटेनमेंट जोन बनाने की ज़रुरत है। प्रदेश और देश में कोविड के हालात को देखकर हम आगे कोई फैसला लेंगे।”
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, “दिल्ली के अस्पतालों में अभी लगभग 90 फीसदी बेड खाली हैं। मेरे हिसाब से दिल्ली में आज 20,000 मामलों के आने की संभावना है। पॉज़िटिविटि रेट कल से 1-2 फीसदी ज्यादा होने की संभावना है।”
दिल्ली सरकार के आदेश के बाद दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू जारी है। एक ऑटो चालक ने बताया, “सुबह 6 बजे से सवारी का इंतज़ार कर रहा हूं लेकिन सवारी नहीं मिल रही। आज सवारी आएगी उसकी कुछ उम्मीद नहीं इसलिए मैं घर जा रहा हूं।”
देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,41,986 केस सामने आए हैं और 285 लोगों की मौत हो गई है। इसी दौरान 40,895 रिकवरी हुई।
कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली में आज रात से वीकेंड कर्फ्यू शुरू हो गया है। ये कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 से सोमवार सुबह 5 तक लागू रहेगा। इस दौरान लोगों को बिना वजह बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी। हालांकि जरूरी काम से जुड़े कुछ लोगों को बाहर आने-जाने की रियायत दी गई है।
इन्हें दी गई है छूट:
जरूरी और आपातकालीन सेवाओं में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्फ्यू के दौरान अपनी वैलिड आईडी दिखाने पर वीकेंड और नाइट कर्फ्यू में छूट दी जाएगी।
केंद्र सरकार, उसके अधीनस्थ कार्यालयों और सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी भी अपना आईडी कार्ड दिखाने पर यात्रा कर सकेंगे।
सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और दिल्ली की सभी अदालतों के स्टाफ सदस्य के साथ-साथ वकील अपनी वैलिड आईडी या अदालत प्रशासन की तरफ से जारी परमिशन लेटर को दिखाकर निकल सकेंगे।
दिल्ली में दूसरे देशों के राजनयिकों के कार्यालयों में सेवाएं देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी छूट रहेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 Jan 2022, 8:09 AM IST