
कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस सरकार के गिरने के दो दिन बाद गुरुवार को विधानसभा स्पीकर ने दलबदल कानून के तहत कांग्रेस के 2 बागी विधायकों रमेश एल जरकीहोली और महेश कुमाथल्ली को अयोग्य घोषित कर दिया। इनके अलावा निर्दलीय विधायक आर शंकर को भी अयोग्य ठहराया गया है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कर्नाटक में लंबे सियासी ड्रामे के पटाक्षेप के साथ कांग्रेस-जेडीएस सरकार के गिरने के दो दिन बाद विधानसभा स्पीकर ने निर्दलीय विधायक आर शंकर को अयोग्य घोषित कर दिया है। आर शंकर राज्य की कुमारस्वामी सरकार से इस्तीफा देने वाले पहले मंत्री थे।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा से तीन तलाक बिल पास होने के बाद राज्यसभा में सूचना का अधिकार संशोधन बिल पर वोटिंग शुरू हुई, जिसके बाद यह बिल पास हो गया। कांग्रेस ने संशोधन का विरोध करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया। कांग्रेस बिल को सेलेक्ट कमेटी के पास भेजने की मांग कर रही है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में तीन तलाक बिल पास होने के बाद राज्यसभा में सूचना का अधिकार संशोधन बिल पर वोटिंग शुरू हो गई है। बिल का विरोध करते हुए कांग्रेस सदस्यों ने राज्यसभा से वाकआउट कर दिया। इससे पहले बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस, टीएमसी समेत कई दलों ने बिल को सेलेक्ट कमेटी के पास भेजने की मांग की।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा से तीन तलाक बिल पास हो गया है। वोटिंग में बिल के पक्ष में 303 और विरोध में 82 वोट पड़े। चर्चा के दौरान कांग्रेस और टीएमसी समेत कई दलों ने इसके प्रावधानों पर सवाल उठाए। वोटिंग के दौरान कांग्रेस और टीएमसी के साथ जेडीयू ने विरोध में सदन से वाकआउट किया।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में तील तलाक बिल पर लंबी बहस के बाद बिल पास हो गया है। बिल के पक्ष में 303 और विपक्ष में 82 वोट पड़े। तीन तलाक बिल को पेश करने का प्रस्ताव पारित हो गया। वहीं ओवैसी की ओर से लाए गए संशोधन को सदन ने ध्वनिमत से खारिज कर दिया है।
गौरतलब है कि यह बिल पिछली लोकसभा से पास हो चुका था लेकिन राज्यसभा से इस बिल को वापस कर दिया गया था। इस बार लोकसभा में सरकार कुछ बदलावों के साथ फिर से इस बिल को लेकर आई है। अब सरकार को इस बिल को फिर से राज्यसभा से पारित कराने की चुनौती हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में तीन तलाक बिल को विचार की लिए पेश करने के प्रस्ताव पर विपक्षी सांसदों ने वोटिंग की मांग कर ली है और अब सदन में वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में तीन तलाक पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अब वे लोग मांग कर रहे हैं कि भीड़ के खिलाफ कानून लाएं। उन्होंने पूछा कि क्या हत्या के लिए धारा नहीं है? क्या मॉब लिंचिंग के मामलों में अदालत सजा नहीं दे रही है? अगर भीड़ द्वारा घटनाएं हो रही हैं तो कार्रवाई भी की जा रही है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
तीन तलाक बिल पर चर्चा के दौरान टीएमसी सांसद सुदीप बंधोपाध्याय ने कहा कि हमारी शंकाओं को दूर नहीं किया गया है और न ही सरकार की ओर से जवाब दिया गया, विरोध स्वरूप हम सदन से वॉक आउट करते हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
तीन तलाक बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने कहा कि राम और रहीम को अगर आप एक मानेंगे तो देश में कानून पारित करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि आज आपको बिल पारित कराने के लिए पैगम्बर साहब का नाम लेना पड़ रहा है। हमारी सलाह के बाद आपने 3 संशोधन किए हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में तीन तलाक बिल पर चर्चा करते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक को क्रिमिनलाइज करने को नहीं कहा, हमारा विरोध इसी छोटे मुद्दे पर है। वहीं कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि केवल एक समुदाय के महिलाओं को छोड़ने वालों पर क्यों कानून लाया जा रहा है, अन्य समुदायों के लिए ऐसा कानून नहीं है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पैगम्बर साहब ने भी तीन तलाक को गलत माना था, ओवैसी साहब ऐसी पीड़ित महिलाओं के हक में बात करते तो मुझे अच्छा लगता, क्योंकि मैं उन्हें इस्लाम का जानकार मानता हूं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दो जजों ने तीन तलाक को गलत बताया और एक ने कहा कि कुरान में गलत है तो कानून में सही कैसे माना जा सकता है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
उत्तर प्रदेश के कानपुर में छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराने गई एक लड़की को पुलिसकर्मी द्वारा परेशान किए जाने का एक वीडियो तेजी से वायरल होने और प्रियंका गांधी के सवाल उठाने के बाद कार्रवाई की गई है। आरोपी पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
बता दें कि प्रियंका ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ इस तरह का व्यवहार हो रहा है. एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे, दूसरी तरफ कानून के रखवालों का ये बर्ताव है।” उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है कि उनकी बात सुनी जाए।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में तीन तलाक बिल पर चर्चा करते हुए बीजेपी सांसद लोकेट चटर्जी ने कहा कि यह बिल महिलाओं के सम्मान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि हिन्दुओं के लिए भी दहेज के खिलाफ कानून बना हुआ है और जब मुस्लिमों को जेल की बात आई तो सभी को परेशानी होने लगे।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
राज्यसभा में आरटीआई संशोधन बिल पर चर्चा जारी है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने आरटीआई कानून को इस संशोधन बिल के जरिए कमजोर करने का काम किया है और राज्यों को अधिकार छीने हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
राज्यसभा में आरटीआई संशोधन बिल पर चर्चा जारी है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों ने इस बिल का विरोध किया है। विपक्ष इस बिल को सेलेक्ट कमेटी के पास भेजने की मांग पर अड़ा हुआ है लेकिन सरकार लोकसभा से पारित हो चुके इस बिल को उच्च सदन में भी पास कराना चाहती है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
जीएसटी काउंसिल की बैठक जो आज होने वाली थी, उसे स्थगित कर दिया गया है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
भीमा-कोरेगांव मामले में एक्टिविस्ट गौतम नवलखा द्वारा दायर अर्जी पर सुनवाई हुई। याचिका में नवलखाने उठाया है कि उनके खिलाफ केस दर्ज क्यों किया गया है। अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभ में तीन तलाक बिल पर चर्चा के दौरान टीडीपी सांसद जयदेव गल्ला ने कहा कि कोर्ट तीन तलाक को गलत बता चुका है। उन्होंने कहा कि सभी के लिए बराबर कानून होने चाहिए। गल्ला ने कहा कि हिन्दू को ऐसा करने पर जेल नहीं भेजे जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सिर्फ मुस्लिम पुरुषों के लिए यह कानून क्यों।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह और उनके पति आनंद ग्रोवर को बॉम्बे हाई कोर्ट ने राहत दी है। हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि इंदिरा जयसिंह और आनंद ग्रोवर के खिलाफ मई में दर्ज मामले के आधार पर कोई कठोर कदम नहीं उठाया जा सकता है।
गौरतलब है कि सीबीआई ने विदेशी योगदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) उल्लंघन मामले में इंदिरा जयसिंह और आनंद ग्रोवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
ट्रिपल तलाक बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस बिल में पति के लिए तीन साल जेल का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि अगर पति जेल में चला जाएगा तो पत्नी को मुआवजा कौन देगा। ओवैसी ने कहा कि यह बिल संविधान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने समलैंगिकता को गैर अपराधिक बना दिया है, ऐसे में आप तीन तलाक को अपराध बनाकर नया हिन्दुस्तान बनाने जा रहे हैं। ओवैसी ने कहा कि तीन तलाक अगर गलती से कहा जाए तो शादी नहीं टूटती और सुप्रीम कोर्ट भी यह कह चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार इस कानून के जरिए मुस्लिम औरतों पर जुल्म कर रही है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में ट्रिपल तलाक बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि बिल के नाम पर सरकार कांग्रेस को बदनाम कर रही है और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हमारी पार्टी ने उसका स्वागत सबसे पहले किया था। उन्होंने कहा कि ट्रिपल तलाक बिल पर कांग्रेस की स्थिति साफ है। गोगोई ने बिल के प्रावधानों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि बिल में जो आपराधिक धारा जोड़ी गई है वह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार कह रही है कि वह इस कानून को सुप्रीम कोर्ट के कहने पर ला रही है। गोगोई ने पूछा कि सरकार यह बताए कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहां कहा कि इसमें आपराधिक धारा जोड़ी जाए।
गौरव गोगोई ने कहा कि इस बिल के जरिए विशेष समुदाय से भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर हिंदू और पारसी समेत दूसरे धरमों के लोगों के लिए पत्नी को छोड़ने के लिए जेल भेजने का प्रावधान नहीं है तो इस बिल में क्यों जेल का प्रवधान किया गया है। गोगोई ने कहा कि इस बिल में कई खामियां हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की यह मांग है कि इस बिल को स्टैंडिंग कमेटी को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि इस बिल में किए गए कई प्रावधानों को हटाने की जरूरत है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान के शब्द या भावना में कुछ गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि आजम खान ने आसन के बारे में कोई भी गलत बात नहीं कही। उन्होंने सत्तापक्ष के लोगों की आलोचना करते हुए कहा कि यह किसी को सदन में बोलने नहीं दे रहे हैं। स्पीकर ओम बिड़ला ने अखिलेश यादवे से कहा कि आप अपने शब्दों के लिए माफी मांगे, आपके शब्द असंसदीय हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में तीन तलाक बिल पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान ने चेयर पर बैठीं रमा देवी के बारे में कुछ टिप्पणी की। उनके इस बयान पर रविशंकर प्रसाद ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सदस्य को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए। आजम ने कहा कि वह मेरी बहन जैसी हैं, माफी किस बात की मांगनी चाहिए। बीजेपी के सांसद आजम के बयान पर हंगामा कर रहे हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
बीएसपी के सांसद दानिश अली ने कहा, “ट्रिपल तलाक को तीन बार कहने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है।। ऐसे में सवाल यह है कि जब ट्रिपल तलाक करने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है तो फिर इस बिल को लाने की क्या जरूरत है। अगर जेल में पति चला जाएगा तो पत्नी को मुआवजा कौन देगा।”
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में ट्रिपल तलाक बिल पर बीजेपी की सहयोगी पार्टी जेडीयू के सांसद राजीव रंजन सिंह ने कहा कि हम इस बिल का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बिल से विशेष समुदाय के बीच में अविश्वास पैदा होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इस तरह के मामले में जनजागृति पैदा क्यों नहीं करती। राजीव रंजन ने कहा कि मुस्लिम समुदाय में ट्रिपल तलाक बिल एक परंपरा है। उन्होंने कहा कि समाज सिर्फ कानून से नहीं चलता, बल्कि परंपरा से भी चलता है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में एआईटीसी के सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने ट्रिपल तलाक पर चर्चा के दौरान बिल में जेल के प्रावधान पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर पति जेल में चला जाएगा तो उसकी पत्नी और बच्चे का ख्याल कौन रखेगा। उन्होंने कहा कि सरकार यह बताएगी आखिर तीन साल जेल जाने वाला व्यक्ति मुआवजा कैसे देगा। उन्होंने कहा कि इस बिल में कई खामियां हैं। ऐसे में हमारी यह मांग है कि ज्वाइंट कमेटी के पास इस बिल को भेजा जाना चाहिए।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
डीएमके सांसद कनिमोझी ने ट्रिपल तलाक बिल पर चर्चा के दौरान कहा, “इस बिल के जरिए मोदी सरकार यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि वह अल्पसंख्यों की हमदर्द है, लेकिन यह उसी बीजेपी की सरकार है, जिसने अपने घोषणापत्र में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण की बात की थी। ऐसे में सवाल यह है कि 33 फीसदी आरक्षण का क्या हुआ? इस बिल के जरिए सरकार भेदभाव कर रही है।”
कनिमोझी ने कहा कि यह बिल भेदभाव से ग्रसित है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में सरकार के पास बहुमत है, लेकिन यह राज्यसभा से पास नहीं हो पाएगा। कनिमोझी ने बिल में जेल भेजने के प्रावधान पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर पति जेल चला जाएगा तो वह पत्नी और बच्चों को मुआवजा कैसे देगा। कनिमोझी ने कहा कि यह सरकार सिर्फ मुस्लिम महिलाओं को लेकर क्यों बात कर रही है। दूसरे धर्मों की महिलाओं को लेकर सरकार कानून क्यों नहीं लाती। उन्होंने कहा कि सबरीमाला मुद्दे पर बीजेपी चुप क्यों बैठी है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के चलते कई जगह से लोगों की मृत्यु और काफी नुकसान होने की दुखद जानकारी मिली है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। उत्तर प्रदेश सरकार से अपील है कि बारिश के मद्देनजर प्रदेश में आमजनों के लिए राहत और बचाव के कार्य चुस्ती से करवाये जाएं।”
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
तीन तलाक बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान अखिलेश यादव और मीनाक्षी लेखी के बीच तीखी बहस देखने को मिली है। जब मीनाक्षी लेखी ने उत्तर प्रदेश में ट्रिपल तलाक के बढ़ते मामलों के लिए अखिलेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आपकी सरकार में शरिया अदालतें चलती रहीं और उनसे ऐसे मामलों को बढ़ावा मिला। अगर अखिलेश ने शरिया कोर्ट बंद कर दिए होते तो महिलाओं के साथ अन्याय नहीं होता। इस पर अखिलेश यादव ने अपनी बात कहने की इजाजत मांगी लेकिन चेयर की ओर से उन्हें बोलने नहीं दिया गया।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
मोदी सरकार में एक और नौकरशाह की नाराजगी सामने आई है। खबरों के मुतबाकि, सुभाष गर्ग ने जल्द रिटायरमेंट लेने के लिए अर्जी दायर की है। सरकार ने वित्त सचिव सुभाष गर्ग का तबादला ऊर्जा मंत्रालय में कर दिया था। बताया जा रहा है कि उर्जा मंत्रालय में भेजे जाने से सुभाष गर्ग नाराज हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
आरएसपी के सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने लोकसभा में तीन तलाक बिल का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा मोदी सरकार कह रही है कि ट्रिपल तलाक बिल बेहद जरूरी है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि सरकार इस पर कानून लेकर आए। प्रेमचंद्रन ने कहा कि सप्रीम कोर्ट ने मॉब लिंचिंग के मामले में भी मोदी सरकार से कानून बनाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कई अल्पसंख्यकों की भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई। प्रेमचंद्रन ने कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट की बातों को सरकार गंभीर तरीके से ले रही है तो उसे मॉब लिंचिंग को लेकर भी कानून बनाना चाहिए।
एनके प्रेमचंद्रन ने ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि यह बिल भेदभाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह कानून सिर्फ मुस्लिमों लिए क्यों लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे धर्मों के लिए इस तरह का कानून क्यों नहीं लाया जा रहा है। प्रेमचंद्रन ने कहा ट्रिपल तलाक बिल में सजा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि अगर पति को जेल भेज दिया जाएगा तो आखिर पीड़ित को वह हर्जाना कैसे भरेगा।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला दिया है। कोर्ट के फैसले के मुतबाकि, केंद्र सरकार देश के हर जिले में विशेष पॉक्सो कोर्ट बनाएगी, जहां भी 100 से ज्यादा मामले लंबित हैं। इन अदालतों के लिए फंड केंद्र सरकार देगी। केंद्र सरकार को 60 दिन के भीतर यह कोर्ट बनानी होंगी।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में तीन तलाक बिल पर चर्चा शुरू हो गई है। कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने तीन तलाक बिल को सदन में चर्चा के लिए रखा। उन्होंने कहा कि तीन तलाक की पीड़ित मुस्लिम बहनों ने सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई थी। उन्होंने कहा कि इस पर कोर्ट ने फैसला देते हुए तीन तलाक को असंवैधानिक करार दिया था। इसके बाद कोर्ट ने इसे शरिया के खिलाफ भी बताया था। कोर्ट ने अपने फैसले में इस पर कानून बनाने की मांग की और अन्य मुस्लिम देशों को भी देखा जहां शरिया को बदला गया है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब सेना में अपनी सेवाएं देंगे। वे 31 जुलाई को 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन (पैरा) जॉइन करेंगे। धोनी 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन (पैरा) के साथ 31 जुलाई से 15 अगस्त तक रहेंगे। धोनी के जिम्मे पैट्रोलिंग, गार्ड और पोस्ट की ड्यूटी रहेगी। वह जवानों के साथ ही रहेंगे। यह यूनिट कश्मीर में है और विक्टर फोर्स का हिस्सा है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में अब से कुछ देर में तीन तलाक बिल पर चर्चा शुरू होगी। इससे पहले बीजेपी ने अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है। कांग्रेस और टीएमसी समेत कई विपक्षी पार्टियां इस बिल के विरोध में हैं। बीजपी की सहयोगी पार्टी जेडीयू भी इस बिल के खिलाफ है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
उत्तर प्रदेश के एक थाने में छोड़खानी का रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की से पुलिस के बुरे बर्ताव पर कांग्रेस महासचिव ने प्रियंका गांधी ने कड़ी आलोचना की है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ थाने में इस तरह का व्यवहार हो रहा है। एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे, दूसरी तरफ कानून के रखवालों का ये बर्ताव। महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है उनकी बात सुनना।”
जिस वीडियो को प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है, उसमें थाने में बैठा एक पुलिस कर्मी लड़की के पहनावे पर सवाल खड़े कर रहा है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
मुंबई के एनसीपी अध्यक्ष सचिन अहीर उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा मुस्लिम मेरे जिले मुर्शिदाबाद में रहते हैं और वहां एएमयू का एक केंद्र बनाया गया था, सरकार ने वहां जमीन और फंड का आवंटन भी किया था। लेकिन इस सरकार में उस केंद्र को एक रुपया भी नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के लिए बनाए गए उस केंद्र के साथ अन्याय हो रहा है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
नौसेना प्रमुख एडमिरल केबी सिंह ने अमेरिका से 24 एमएच-60 मल्टी-रोल हेलीकॉप्टरों के 17 हजार करोड़ के समझौते पर कहा, “मल्टी-रोल हेलीकॉप्टरों के प्रोजेक्ट में लेटर ऑफ रिक्वेस्ट और लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस की प्रक्रिया जारी है। इस साल के अंत तक दस्तखत हो जाने चाहिए।”
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कर्नाटक में गठबंधन की सरकार गिरने के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने बेंगलुरु में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलिंगा रेड्डी से मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों नेताओं को बीच राज्य में मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा हुई है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कर्नाटक विधानसभा में विश्वास मत के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक के दो निर्दलीय विधायकों को अपनी याचिका वापस लेने की अनुमति दी।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कांग्रेस सांसद के सुरेश ने कहा, “रात को उन्होंने (सरकार) ट्रिपल तालाक बिल को आज के एजेंडे में रखा। नेशनल मेडिकल कमीशन बिल एंड डीएनए टेक्नोलॉजी रेगुलेशन बिल को स्थगित कर दिया। वे इसे गुप्त क्यों रख रहे हैं और रात में इसे एजेंडा में डाल रहे हैं।”
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सर सुंदरलाल अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर चार दिनों से हड़ताल पर हैं। डॉक्टर 7वां वेतन आयोग लागू करने की मांग कर रहे हैं। डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से मरीज बेहद परेशान हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में कोई उनकी सुध लेने वाला नहीं है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कर्नाटक बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में अमित शाह से मिला है। राज्य में सरकार गठन को लेकर बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने अमित शाह से चर्चा की है।
वहीं बीजेपी विधायक रेणुकाचार्य ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने येदियुरप्पा को सीएम बनाने का फैसला किया है। विधायक ने यह भी कहा कि येदियुरप्पा विधायकों को मंत्री पद देने पर फैसला लेंगे।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
डीएमके सांसद कनिमोझी ने केंद्रीय सरकार और सार्वजनिक संस्थानों में रोजगार से एससी, एसटी, ओबीसी वर्गों के युवाओं को वंचित करने के लिए ‘आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग’ कोटे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कांग्रेस सांसद के सुरेश ने यूपी के सोनभद्र में आदिवासियों और दलितों के खिलाफ अपराध बढ़ने पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल के खिलाफ 23 जुलाई को मुंडका इलाके में 14-वर्षीय घरेलू सहायिका के साथ रेप करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। आरोपी कांस्टेबल फरार है, तलाश जारी है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के डीसीपी संजय भाटिया ने बताया, “पटना-दिल्ली स्पाइसजेट की उड़ान में आज एक 6 महीने के बच्ची की मौत हो गई। बच्ची दिल की बीमारी से पीड़ित थी। परिवार वाले बच्ची का इलाज कराने के लिए दिल्ली जा रहे थे।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन की वजह से अलग-अलग जगहों पर सड़कें बंद हो गई हैं। श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज यातायात ठप है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरि और नाशिक में अगले 4 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कर्नाटक बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में सरकार गठन को लेकर इजाजत मांगेगा।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
बीजेपी के सांसदों, सरोज पांडे और अजय प्रताप सिंह ने राज्यसभा में देश में बढ़ती आबादी से हो रही समस्या को लेकर शून्यकाल नोटिस दिए हैं।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
कांग्रेस पार्टी ने आज राज्यसभा में अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
देश भर के स्कूलों में मानक 1 में प्रवेश आयु की विसंगतियों को लेकर एनसीपी सांसद वंदना चव्हाण ने राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
पश्चिम बंगाल में के बैरकपुर से बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह के घर पर बुधवार रात को बम फेंके गए हैं। भाटपारा नगर निगम के प्रमुख और अर्जुन सिंह के भतीजे सौरभ सिंह ने आरोप लगाया है कि यह जानलेवा हमला था।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
पुणे पुलिस ने बुधवार को अर्बन नक्सल मामले में अपनी रिपोर्ट दाखिल की है। इस रिपोर्ट में गौतम नवलखा के कश्मीर में हिज्बुल मुजाहिद्दीन से संबंध का दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी गौतम नवलखा का आतंकियों से संबंध था।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के रहुई थाना इलाके में युवती से बंधक बनाकर गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसके साथ 4 दिनों तक गैंगरेप किया। साथ ही अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी भी दी है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 25 Jul 2019, 7:25 AM IST