
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है। लेकिन इस बीच खबर है कि कोल्हापुर में करवीर विधानसभा सीट पर चुनावी ड्यूटी के दौरान एक शिक्षक की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान हर्ट अटैक आने से शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई है।
विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान दिन में हरियाणा के कैथल में एक बूथ पर कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक शख्स घायल हो गया। कैथल एसपी ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
औरंगाबाद में एनसीपी और एमआईएम कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट के मामले में एमआईएम नेता इम्तेयाज जलील ने एनसीपी पर हिंसा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हमने पुलिस से सीसीटीवी की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में वोटिंग समाप्त होने के बाद कटकट गेट इलाके में एनसीपी और एआईएमआईएम के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं।
छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जनजाति आरक्षित बस्तर क्षेत्र के चित्रकोट विधानसभा सीट पर सोमवार को शांतिपूर्ण चुनाव के बीच 74.39 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सुब्रत साहू ने मीडिया से कहा, “यह तात्कालिक आंकड़ा (74.39 फीसदी) है, अंतिम आंकड़ा ज्यादा हो सकता है।”
पुडुचेरी के कमराजनगर विधानसभा उपचुनाव में वोटिंग खत्म होने के बाद ईवीएम सील करते चुनाव आयोग के अधिकारी।
मुंबई के ठाणे में बीएसपी नेता सुनील खम्बे ने मतदान के दौरान ईवीएम मशीन पर स्याही फेंकी है। यह घटना उस समय की है, जब महाराष्ट्र विधानसभा के लिए मतदान हो रहे थे। सुनील खम्बे ने इस दौरान ‘ईवीएम मुर्दाबाद’ और ‘ईवीएम नहीं चलेगा’ के नारे लगाए। इस घटना के बाद पुलिस ने उन्हें थाने लेकर गई।
मुंबई में एआईसीसी के महासचिव अविनाश पांडे ने कहा, “हम सुबह 6 बजे से वॉर रूम में बैठे हुए थे। हमें मतदान केंद्रों से जानकारी मिली है। मतदान के दौरान ज्यादातर ईवीएम ठीक से काम नहीं कर रहे थे। कुछ स्थानों पर ईवीएम बदले भी गए।”
अविनाश पांडे ने आगे कहा, “हमें रामटेक विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 337 से शिकायत मिली कि अगर आप ईवीएम पर एक विशेष बटन दबाते हैं, तो वीवीपीएटी पर एक अलग सिंबल नजर आता है। हमने इस संबंध में चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई है।”
महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभ चुनाव को लेकर दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय में मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय सचिवों के साथ जेपी नड्डा बैठक करेंगे।
पुणे में 102 साल के हाजी इब्राहिम वोट डालने पहुंचे। वह लोहेगांव में अपने परिवार के साथ मतदान किए। उन्होंने कहा कि मैं 4 दिन से अस्पताल में भर्ती था, लेकिन आज वोट डालने के लिए आया। मैं लोगों से अपील करता हूं वे भी आगे आएं और वोट डालें।
हरियाणा में सोमवार को चल रहे विधानसभा चुनाव के तहत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में गड़बड़ियों और कुछ स्थानों पर मामूली झड़पों के बीच दोपहर दो बजे तक 37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान शाम छह बजे तक होंगे।
मशहूर अभिनेता शाहरुख खान ने अपनी पत्नी गौरी खान के साथ मुंबई में मतदान किया।
बिहार में लोकसभा की एक और पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव को लेकर मतदान जारी है। समस्तीपुर लोकसभा और विधानसभा की पांच सीटों- किशनगंज, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा, नाथनगर और बेलहर पर उपचुनाव के लिए दोपहर 12 बजे तक करीब 22 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। सबसे अधिक किशनगंज विधानसभा सीट पर दोपहर 12 बजे तक 28 प्रतिशत मतदान हो चुका है। पटना मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर लोकसभा सीट पर दोपहर 12 बजे तक 24 प्रतिशत मतदान हुआ है जबकि किशनगंज, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा, नाथनगर और बेलहर पर 12 बजे तक क्रमश: 28 प्रतिशत, 23 प्रतिशत, 15 प्रतिशत, 22 प्रतिशत और 23.6 प्रतिशत मतदान हुआ है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर हो रहे उप चुनाव के लिए मतदान जारी है। धीमी शुरुआत के बाद मतदान ने अब रफ्तार पकड़ ली है और लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। सुबह 11 बजे तक 19.14 प्रतिशत मतदान हो चुका है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने बताया, "सुबह ग्यारह बजे तक गंगोह में 30.40 प्रतिशत, रामपुर में 15.48 प्रतिशत, इगलास में 16.20 प्रतिशत, 17.5 लखनऊ कैन्टोनमेंट में 9.40 प्रतिशत, गोविन्दनगर में 14 प्रतिशत, मानिकपुर में 18.70 प्रतिशत, प्रतापगढ़ में 19 प्रतिशत, जैदपुर में 23 प्रतिशत, जलालपुर में 21.40 प्रतिशत, बलहा में 21 प्रतिशत तथा घोसी में 22 प्रतिशत मतदान हुआ।"
ओडिशा के बरगढ़ जिला की बीजेपुर विधानसभा सीट पर सुबह 11 बजे तक 25.7 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) सुशील कुमार लोहानी ने यह जानकारी दी। लोहानी ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) अध्यक्ष शरद पवार ने राज्य विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और उन्होंने लोगों से बिना किसी दबाव में आए इस लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। पवार, उनकी नातिन रेवती सुले और दामाद सदानंद सुले ने दक्षिण मुंबई के एक मतदान केन्द्र में मतदान किया। बाद में पवार ने मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को बिना किसी दबाव में आए मतदान करना चाहिए।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपने परिवार संग वोट डालने पहुंचे। सचिन की पत्नी अंजलि और बेटे अर्जुन ने भी वोट डाले।
बिहार में लोकसभा की एक और पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव को लेकर मतदान जारी है। समस्तीपुर लोकसभा और विधानसभा की पांच सीटों- किशनगंज, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा, नाथनगर और बेलहर पर उपचुनाव के लिए सुबह नौ बजे तक सात से आठ प्रतिशत मतदान हुआ। पटना मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर लोकसभा सीट पर सुबह नौ बजे करीब आठ प्रतिशत मतदान हुआ है जबकि किशनगंज, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा, नाथनगर और बेलहर पर सुबह नौ बजे तक क्रमश: आठ प्रतिशत, 11 प्रतिशत, पांच प्रतिशत, सात प्रतिशत और 9.76 प्रतिशत मतदान हुआ है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर हो रहे उप चुनाव के लिए सोमवार को मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक यहां पर 8.43 प्रतिशत मतदान हो गया है। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि सहारनपुर के गंगोह में 11 प्रतिशत, रामपुर में 6 प्रतिशत, इगलास में 9 प्रतिशत, लखनऊ कैंट में 3.70 प्रतिशत, गोविंदनगर में 5़.50 प्रतिशत, मानिकपुर में 7.50 प्रतिशत, प्रतापगढ़ में 11 प्रतिशत, जैदपुर में 9 प्रतिशत, जलालपुर में 10 प्रतिशत, बलहा में 11 प्रतिशत और घोसी में 9 प्रतिशत मतदान हुआ है।
शिवसेना प्रमुख उद्धवा ठाकरे ने अपने परिवार के साथ बांद्रा (पूर्व) के एक बूथ पर वोट डाला।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपने पूरे परिवार के साथ बांद्रा ईस्ट में मतदान किया। उद्धव ठाकरे के साथ उनकी पत्नी रश्मि, बेटे आदित्य और तेजस ठाकरे मौजूद रहे। बता दें कि आदित्य ठाकरे भी इस बार चुनाव लड़ रहे हैं और वो वर्ली सीट से मैदान में हैं। ठाकरे परिवार की तरफ से पहली बार कोई चुनाव लड़ रहा है।
असम की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे से जारी है। ये चार सीटें- जनिया, सोनारी, रतबाड़ी और रंगापाड़ा हैं। इन सभी चार विधानसभा सीटों पर लगभग सात लाख मतदाता कुल 20 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे।
पूर्व टेनिस खिलाड़ी महेश भूपत्ति अपनी पत्नी लारा दत्ता के साथ वोट डालने पहुंचे।
एक्टर आमिर खान अपनी पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे। वोट डालने के बाद आमिर खान ने लोगों से मतदान करने की अपील की।
हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से लिए वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 9 बजे तक हरियाणा में 8.73 फीसदी मतदना हुआ है। वहीं महाराष्ट्र में 5.46 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
कांग्रेस शासित पंजाब में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान जारी है। चारों सीटों पर सात बजे मतदान शुरू होने के पहले ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को पहुंचते देखा गया।
राजस्थान के मंडावा और खींवसर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान सोमवार सुबह सात बजे शुरू हो गए। मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेंगे। मंडावा सीट पर जहां कांग्रेस की रीता चौधरी का सामना भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सुशीला सीगडा से है, वहीं खींवसर सीट पर कांग्रेस के हरेंद्र मिर्धा का मुकाबला सांसद हनुमान बेनीवाल के भाई आरएलपी के नारायण बेनीवाल है। आरएलपी यहां बीजेपी की सहयोगी पार्टी है।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासित हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर सोमवार सुबह सात बजे से मतदान जारी हैं। धर्मशाला के पूर्व विधायक किशन कपूर और पच्छाद के पूर्व विधायक सुरेश कश्यप ने लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए अपनी-अपनी सीटों से इस्तीफा दे दिया था।
तमिलनाडु के विक्रवन्दी और नंगुनेरी विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान जारी है। इस चुनाव में 35 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। मतदान शाम 6 बजे संपन्न होगा और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने भी अपने मत का इस्तेमाल किया। गडकरी ने अपने पूरे परिवार के साथ नागपुर में वोटिंग की।
एनसीपी नेता अजीत पवार ने भी मतदान कर दिया है। पवार बारामती विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने बीजेपी से गोपीचंद पाडलकर हैं।
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शुभा खोटे ने अपने मत का इस्तेमाल किया। शुभा खोटे ने अंधेरी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने सुबह-सुबह मतदान किया। मोहन भागवत ने नागपुर में मतदान किया, वोट करने के बाद उन्होंने लोगों से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील की।
महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। इसके साथ ही आज 17 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 51 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर भी वोट डाले जा रहे हैं। महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों, 17 राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश में लोकसभा की दो और 51 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है।
महाराष्ट्र और हरियाणा में सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही आज 17 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 51 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर भी वोट डाले जाने वाले हैं। महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों, 17 राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश में लोकसभा की दो और 51 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को वोटिंग होगी। मतदान तैयारी पूरी हो गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 21 Oct 2019, 6:43 AM IST