
कैराना सहित लोकसभा की 3 सीटों के लिए 123 बूथों पर पुनर्मतदान समाप्त हो गया है। कल यानी 31 मई को देश के लोकसभा की 4 और विधानसभा की 10 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे आएंगे। कैराना लोकसभा क्षेत्र के कुल 73 मतदान स्थलों पर आज सुबह 7 बजे से शुरू मतदान शुरू हुआ था। उपचुनाव में शामली के 5 और सहारनपुर जिले के 68 बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान में कहीं धीमी तो कहीं तेज गति से वोट पड़े। खबरों के मुताबिक, पुनर्मतदान में 5 बजे तक नकुड़ विधानसभा में 61.30 % और गंगोह में 58.61% मतदान हुआ। मतदान को लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कैराना में 73 बूथों पर मतदान जारी हैं और 3 बजे तक 52 फीसदी मतदान पड़े हैं। वहीं सहारनपुर के थाना भवन विधानसभा पर पुनर्मतदान में 3 बजे तक 33.03 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
उत्तर प्रदेश के कैराना लोकसभा उपचुनाव में 73 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक 46.45 फीसदी मतदान हो चुका है। मतदान केंद्रों में महिलाओं की संख्या ज्यादा दिख रही है।
28 मई को देश की 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के दौरान बड़ी संख्या में ईवीएम और वीवीपैट मशीन में खराबी की शिकायतें सामने आई थीं। चुनाव आयोग के द्वारा ये तर्क दिया गया था कि बेतहाशा गर्मी के चलते वीवीपैट मशीनों में समस्या पैदा हुई थी। कैराना में आज हो रहे पुनर्मतदान के दौरान एक हैरतअंगेज चीज हुई। चुनाव अधिकारियों ने मशीनों को गर्मी से बचाने के लिए अजीब तरह का इंतजाम किया। सरसावा में बूथ संख्या 157 पर वीवीपैट और ईवीएम की हिफाजत के लिए बूथ के अंदर खिड़की पर गीला कपड़ा टांगा गया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि पोलिंग बूथ की खिड़कियों से अंदर आने वाली धूप से मशीनों को बचाया जा सके।
सहारनपुर के नकुड़ और गंगोह विधानसभा में सुबह 10 बजे तक 22 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। जबकि शामली में 15 फीसदी हुआ। मतदान को लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
पालघर लोकसभा उपचुनाव को लेकर शिवसेना ने चुनाव आयोग के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, “हमारे कार्यकर्ताओं ने पालघर उपचुनाव में बीजेपी के लोगों को रंगे हाथ नोट बांटते पकड़ा था लेकिन चुनाव आयोग ने कोई ऐक्शन नहीं लिया। अगर चुनाव आयोग ऐसा ही पूरे देश में कर रहा है तो इसका मतलब यह है कि वह एक राजनीतिक पार्टी के तवायफ की तरह काम कर रहा है।”
उत्तर प्रदेश के कैराना लोकसभा उपचुनाव में 73 पोलिंग बूथों पर उपचुनाव के लिए पुनर्मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक 13 फीसदी मतदान हुआ है। शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
कैराना के ग्राम बालू में ईवीएम पांच मिनट चलने के बाद खराब हो गई। इससे मतदाताओं की लंबी कतार लग गई।
कैराना में पुनर्मतदान के लिए चुनाव आयोग की तरफ से 500 अतिरिक्त वीवीपैट मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही इनमें किसी भी तरह की संभावित गड़बड़ी को तुरंत दुरुस्त करने के लिए आयोग द्वारा 20 अतिरिक्त इंजीनियर भी तैनात किए गए हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच कैराना के 73, महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया के 49 और नगालैंड के एक बूथ पर पुनर्मतदान जारी है। इस बीच चुनाव आयोग ने गोंदिया के कलेक्टर का तबादला करने का आदेश दिया है।
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और नगालैंड की 3 लोकसभा सीटों के लिए 123 पोलिंग बूथ पर बुधवार सुबह से मतदान शुरू हो गया। लोग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। बता दें उत्तर प्रदेश में कैराना सीट पर 73, महाराष्ट्र में भंडारा-गोंदिया सीट पर 49 और नगालैंड सीट के एक बूथ पर दोबारा वोटिंग कराई जा रही है। सोमवार को इन पोलिंग बूथ पर ईवीएम में खराबी आने से चुनाव प्रकिया बाधित हुई थी। तीन राज्यों की 4 लोकसभा और नौ राज्यों की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में सोमवार को वोटिंग हुई। इनके नतीजे 31 मई को आएंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 30 May 2018, 8:43 AM IST