
लोकसभा चुनाव के नतीजों की समीक्षा और उन पर चर्चा के लिए कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शनिवार को दिल्ली में बुलाई गई है।
लोकसभा चुनाव के नतीजों के ताज़ा रुझान के मुताबिक बीजेपी 202 सीटों पर विजयी घोषित हुई है और 101 सीटों पर आगे है। वहीं कांग्रेस 39 सीटों पर विजयी घोषित हुई है और 13 सीटों पर आगे है।
केरल की लोकसभा सीटों पर वाम मोर्चे को मिली हार को अप्रत्याशित बताते हुए सीएम पिनाराई विजयन ने कहा कि हार के कारणों की समीक्षा करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि केंद्र से लोगों की नाराजगी की वजह से बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिली और इसका फायदा कांग्रेस को मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि जो उम्मीदवार विजयी हुए हैं, उन सभी को मैं ह्रदयपूर्वक बधाई देता हूं। वो किसी भी दल से आए हों, लेकिन देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए कंधे से कंधा मिलाकर ये सभी विजयी उम्मीदवार देश की सेवा करेंगे, इस विश्वास के साथ मैं उन्हें शुभकामना देता हूं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लोकसभा चुनाव के नतीजों का सम्मान करते हुए कहा कि वह अपनी बात को जनता तक सही तरीके से नहीं पहुंचा पाए।
उन्होंने आगे कहा, “यह सही है कि हमारी उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं आए हैं, लेकिन हम जनादेश को स्वीकार करते हैं, इसका सम्मान करते हैं। हम इसकी समीक्षा करेंगे। लोकतंत्र में हार-जीत चलती रहती है।”
बीजेपी मुख्यालय में पीएम मोदी ने कहा कि 4 राज्यों में भी चुनाव थे उन विधानसभाओं में जो प्रतिनिधि चुन के आए हैं, उनको भी बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।
उत्तर पूर्व दिल्ली से बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी तीन लाख वोटों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी शीला दीक्षित यहां से दूसरे नंबर पर चल रही हैं। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के नेता दिलीप पांडे तीसरे नंबर पर हैं।
दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “यह एक ऐतिहासिक जीत है। 50 वर्षों के बाद किसी पार्टी ने लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत हासिल किया है।”
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “इतनी हिंसा और धांधली के बाद भी बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में 18 सीटें जीतीं। यह बताता है कि आने वाले दिनों में बीजेपी पश्चिम बंगाल में अपनी ताकत कायम करेगी।”
बीएसपी अध्यक्ष मायावाती ने कहा कि आज का परिणाम लोगों की अपेक्षाओं और भावनाओं के खिलाफ है। वैसे भी, जब देश के सभी संस्थान सरकार के सामने अपने घुटने टेकना शुरू कर देते हैं, तो जनता को एक स्टैंड लेना होगा।
कांग्रेस के मनीष तिवारी आनंदपुर साहिब से जीत दर्ज कर ली है। शिरोमणि अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल फिरोजपुर से जीत गए हैं। कांग्रेस के रवनीत सिंह बिट्टू लुधियाना से जीते और कांग्रेस की प्रिनीत कौर पटियाला से जीतीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा, “मैं जनता के फैसले को स्वीकार करता हूं। पीएम मोदी और एनडीए को बधाई देता हूं। मुझे अपने सांसद के रूप में चुनने के लिए वायनाड के लोगों को धन्यवाद साथ ही अमेठी की जनता को भी धन्यवाद। इस अभियान में आपकी कड़ी मेहनत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को धन्यवाद देता हूं।
ऑस्ट्रेलियाई पीएम, इजरायल के पीएम, फ्रांस के राष्ट्रपति, मालदीव के राष्ट्रपति, श्रीलंका के पीएम, मॉरीशस के पीएम ने पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई देने के लिए फोन किया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह चुनाव हार गए हैं। नतीजों के बाद उन्होंने कहा कि हम जनता के फैसले का सम्मान करते हैं। यहां से बीजेपी की प्रज्ञा ठाकुर ने जीत दर्ज की हैं।
पीएम मोदी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर नाम के आगे चौकीदार शब्द को हटा दिया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि हम जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं और पीएम मोदी और बीजेपी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हैं।
चुनाव के नतीजों पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेस से बात की। राहुल गांधी ने पीएम मोदी को जीत की बधाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की।
बीजेपी की जीत पर आरएसएस ने बयान जारी कर कहा, “एक बार फिर से देश को स्थिर सरकार मिली है, यह करोडों भारतीयों का भाग्य है। यह राष्ट्रीय शक्तियों की विजय है। लोकतंत्र की इस विजय की यात्रा में जिनका योगदान रहा उन सभी का अभिनंदन। लोकतंत्र का आदर्श विश्व के सामने एक बार फिर सामने आया है। हम विश्वास व्यक्त करते हैं कि नूतन सरकार जन सामानों की अभिव्यक्ति, भावनाओं के साथ ही इच्छा, आकांक्षाओं को भी पूर्ण करने में सफल सिद्ध होगी।”
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बीजेपी उम्मीदवार राजनाथ सिंह चुनाव जीत चुके हैं। वहीं उन्नाव से साक्षी महाराज ने भी जीत दर्ज की है।
पीएम ने कहा, “धन्यवाद भारत! हमारे गठबंधन में आपने जो विश्वास जताया है, उसे मैं विनम्रता से स्वीकार करता हूं, और इससे लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करने की ताकत मिलेगी। मैं बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को उनके संकल्प, कड़ी मेहनत और दृढ़ता के लिए नमन करता हूं। हमारे विकास के एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए वे घर-घर गए।”
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को जीत की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मैं बीजेपी और सहयोगियों की चुनावी जीत पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देता हूं। हम दक्षिण एशिया में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए उनके साथ काम करने के लिए तत्पर हैं।”
उत्तर प्रदेश में बीजेपी गठबंधन में शामिल अपना दल के दोनों उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल 2,14,211 वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं रॉबर्ट्सगंज पर पार्टी के उम्मीदवार पकौड़ी लाल कोल 53,358 वोटों से आगे चल रहे हैं।
गुजरात के गांधीनगर से बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने 5 लाख 54 हजार वोटों से जीत दर्ज की है।
उत्तर मुंबई से कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला मांतोड़कर ने कहा कि मैं गोपाल शेट्टी को बधाई देती हूं। हमें ईवीएम में कई कमियों के बारे में पता चला है। हमने इसकी एक रिपोर्ट तैयार की है, जिसे आज शाम तक चुनाव आयोग को सौंपा जाएगा।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने पीएम मोदी को जीत के लिए बधाई दी है।
बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन ने भी लोकसभा चुनाव में भारी जीत की ओर बढ़ रहे पीएम मोदी को शुभकामनाएं दी हैं।
खबरों के मुताबिक, पीएम मोदी 28 मई को वाराणसी जाएंगे। वाराणसी में पीएम मोदी बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे और इसके साथ गंगा पूजा भी करेंगे।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पीएम मोदी को जीत के लिए बधाई दी है।
दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह मुख्यालय पहुंच गए हैं। जहां कई वरिष्ठ नेता पहले से पहुंचे हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में 9वें राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद हेमा मालिनी 1 लाख 08 हजार 771 से आगे वोटों से आगे चल रही हैं। गोंडा से बीजेपी उम्मीदवार कीर्तिवर्धन सिंह 90248 वोटों से आगे चल रहे हैं। कैसरगंज से बीजेपी प्रत्याशी ब्रजभूषण शरण सिंह 120118 मतों से आगे हैं। फिरोजाबाद से बीजेपी उम्मीदवार चंद्रसेन जादौन अक्षय यादव से 2914 वोटों से आगे यहां से शिवपाल यादव तीसरे नंबर पर हैं। वहीं कानपुर लोकसभा सीट पर छठे राउंड की मतगणना के बाद बीजेपी के सत्यदेव पचौरी 38,822 वोटों से कांग्रेस के श्रीप्रकाश से आगे चल रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायानाड लोकसभा सीट से भारी मतों से जीत हासिल कर ली है।
उत्तर प्रदेश में सभी पार्टियों से आगे चल रही है। यूपी में एनडीए 54, महागठबंधन को 24 और कांग्रेस 2 सीट पर आगे चल रही है।
महाराष्ट्र में बीजेपी को अब तक 37 लोकसभा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 10 सीटों पर ही आगे चल रही है। अन्य को एक सीट पर बढ़त है।
ओडिशा विधानसभा चुनाव के रुझान आने लगे हैं। शुरुआती रुझान में सत्तारुढ़ बीजेडी 6 और बीजेपी 2 सीटों पर आगे चल रही है।
चुनाव परिणाम 2019: चुनाव के ताजा रुझान और नतीजों के लिए नवजीवन के इस लिंक को फॉलो करें।
भावनगर लोकसभा सीट पर बिजली चाने की वजह से मतगणना रुक गी है। यहां से बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर है।
बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी गिरिराज सिंह आगे चल रहे हैं। वहीं यहां से सीपीआई उम्मीदवार कन्हैया कुमार पीछे चल रहे हैं।
चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक, लोकसभा की 542 सीटों में से बीजेपी 133 और कांग्रेस 41 सीटों पर आगे चल रही है।
उत्तर प्रदेश में एनडीए 20 सीटों पर, महागठबंधन 7 और कांग्रेस 4 सीटों पर आगे चल रही है।
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर से बीजेपी प्रत्याशी महेश शर्मा आगे चल रहे हैं। गाजियाबाद से बीजेपी उम्मीदवार वीके सिंह भी आगे चल रहे हैं। बिहार के बेगूसराय से इसी पार्टी के प्रत्याशी गिरिराज सिंह आगे चल रहे हैं।
वाराणसी लोकसभा सीट से पीएम नरेंद्र मोदी आगे चल रहे हैं।
गाजियाबाद से बीजेपी उम्मीदवार जनरल वीके सिंह आगे चल रहे हैं। यहां से गठबंधन प्रत्याशी सुरेश बंसल दूसरे नंबर पर है।
पंजाब के गुरदासपुर से शुरुआती रुझान में बीजेपी उम्मीदवार सनी देओल आगे चल रहे हैं।
मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी की प्रज्ञा ठाकुर आगे चल रही हैं। यहां सें कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह प्रज्ञा को चुनौती दे रहे हैं।
गुजरात के गांधी नगर सीट से अमित शाह शुरुआती रुझान में आगे चल रहे हैं। साबरकांठा से दीपसिंह, खेड़ा से देवूसिंह और जामनगर से पूनम माडम आगे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी सीट के साथ केरल के वायनाड सीट से भी आगे चल रहे हैं।
मतगणना जारी है शुरुआती रुझान में एनडीए 17 लोकसभा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं यूपीए 5 लोकसभा सीटों पर आगे चल रही है।
लोकसभा की 542 सीटों के लिए देश भर में मतगणना शुरू हो गई है। फिलहाल पोस्टल बैलट वोटों गिने जा रहे हैं। शुरुआती रुझान में एनडीए आगे चल रही है।
उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट पर मतगणना जारी है। यहां बीजेपी के राजनाथ सिंह आगे चल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से बीजेपी के कुंवर सर्वेश सिंह आगे चल रहे हैं।
पहला रुझान आग गया है। पहले रुझान में एनडीए 9 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं यूपीए 2 सीटों पर आगे चल रही है।
उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आगे चल रहे हैं।
लोकसभा की 542 सीटों के लिए देश भर में मतगणना शुरू हो गई है। फिलहाल पोस्टल बैलट वोटों गिने जा रहे हैं। थोड़ी देर में रुझान आएंगे।
केरल के वायनाड में मतगणना की तैयारी पूरी हो गई है। अमेठी के अलावा राहुल गांधी वायनाड से भी चुनाव मैदान में हैं।
वो दिन आ गया है जिसका पूरे देश को इंतजार था। देश भर में 7 चरणों में हुए मतदान के बाद आज मतगणना होगी। मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। सुबह 8 बजे से पूरे देश में मतगणना शुरू होगी। पहले डाकमत पत्रों की गिनती होगी, उसके बाद ईवीएम से मतगणना होगी। लोकसभा चुनाव में पहली बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के नतीजों का मिलान पेपर ट्रेल मशीनों से निकलने वाली पर्चियों से किया जाएगा। यह मिलान प्रति विधानसभा क्षेत्र में 5 मतदान केंद्रों में होगा।
कुल 543 लोकसभा सीटों में 542 सीटों पर मतदान हुए थे। वेल्लोर लोकसभा सीट पर बड़ी मात्रा में नगदी जब्त किए जाने के बाद चुनाव आयोग ने चुनाव रद्द कर दिया था। इस सीट पर चुनाव के लिए नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। 8,000 से ज्यादा प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 7 चरणों में हुए मतदान में करीब 90 करोड़ मतदाताओं में से 67.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया।
पहले चरण में 11 अप्रैल को 91 सीटों पर, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 96 सीटों पर, तीसरे चरण में 23 अप्रैल को 115 सीटों पर, चौथे चरण में 29 अप्रैल को 71 सीटों पर, 5वे चरण में 6 मई को 51 सीटों पर और छठे चरण में 12 मई को 59 सीटों और 7वें चरण में 19 मई को 59 सीटों पर मतदान हुआ और आज मतगणना होगी। दोपहर 12 बजे तक बहुत हद तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि देश में किसकी सरकार बनने जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 23 May 2019, 6:36 AM IST