हालात

आजम खान का मोदी सरकार पर तंज, कहा- मदरसों में गोडसे-प्रज्ञा जैसे लोग नहीं होते पैदा, सुविधाओं की मांग की

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने कहा कि मदरसों की प्रकृति नाथूराम गोडसे या प्रज्ञा सिंह ठाकुर जैसी शख्सियत नहीं पैदा करने वाली नहीं है। अगर सरकार मदरसों की मदद करना चाहती है तो उनकी बिल्डिंग बनवाए और सुविधाएं बढ़ाई जाएं।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया  

अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाला आजम खान ने बीजेपी सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मदरसों में महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे और साध्वी प्रज्ञा जैसे लोग पैदा नहीं होते। आजम खां ने यह बयान मोदी सरकार की ओर से मदरसों को शिक्षा के मुख्यधारा से जोड़ने की योजना पर दिया था।

उन्होंने आगे कहा कि यदि मोदी सरकार हकीकत में मदरसों की मदद करना चाहती है तो मदरसों में सुविधाओं को बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मदरसों की संख्या बढ़नी चाहिए और मदरसों में फर्नीचर देने के साथ ही बच्चों को मिड डे मील की सुविधा भी मिलनी चाहिए।

बता दें कि मंगलवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा था कि प्रोत्साहित करने के लिए मदरसा शिक्षकों को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से प्रशिक्षण दिलाया जायेगा ताकि वे मदरसों में मुख्यधारा की शिक्षा- हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर दे सकें। यह काम अगले महीने से शुरू कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि मालेगांव बम धमाके के मामले में आरोप झेल रहीं प्रज्ञा सिंह ठाकुर फिलहाल जमानत पर हैं। जमानत मिलने के बाद आम चुनाव में मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी की उम्मीदवार बनी थी और जीत भी हासिल की थी।

प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को ‘देशभक्त’ करार दिया था। इस पर काफी विवाद हुआ था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए