
बीजेपी नीत ‘महायुति’ की पूर्व सहयोगी राष्ट्रीय समाज पक्ष (आरएसपी) ने शनिवार को विपक्षी दलों के दावों पर सहमति जताते हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर संदेह जताया।
आरएसपी प्रमुख महादेव जानकर ने आरोप लगाया कि 20 नवंबर के चुनाव के दौरान उनकी पार्टी के वोट ‘महायुति’ उम्मीदवारों को स्थानांतरित कर दिए गए, जिसमें सत्तारूढ़ गठबंधन ने भारी जीत दर्ज की।
बता दें कि विपक्षी दलों ने ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया है और मतपत्र के इस्तेमाल की मांग की है।
आरएसपी प्रमुख महादेव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ईवीएम हैक की जा सकती हैं। मैं भी इंजीनियर हूं। अगर लोकतंत्र को जिंदा रखना है, तो हमें मतपत्र का इस्तेमाल करना होगा।’’
महादेव ने दावा किया कि अक्कलकोट विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार सुनील बंडगर को उनके गांव से एक भी वोट नहीं मिला, इस पर उन्होंने सवाल किया कि उम्मीदवार को अपना वोट कैसे नहीं मिला।
बंडगर को सिर्फ 1,312 वोट मिले।
विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के तहत बीजेपी ने गंगाखेड सीट आरएसपी के लिए छोड़ी थी, लेकिन पार्टी ने गठबंधन से इनकार कर दिया। आरएसपी ने 93 उम्मीदवार उतारे और एक सीट जीती।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए