हालात

विशाखापत्तनम प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला हुआ स्टील लीक होने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई घायल

स्टील प्लांट के एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में सोमवार शाम पिघले स्टील को उठाने की प्रक्रिया के दौरान हादसा हुआ। धमाके के बाद बड़ी मात्रा में पिघला स्टील बाहर फैल गया, जिससे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

विशाखापत्तनम प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला हुआ स्टील लीक होने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई घायल
विशाखापत्तनम प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला हुआ स्टील लीक होने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई घायल फोटोः IANS

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार को हुए भीषण हादसे में आठ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब करीब 1,500 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला हुआ स्टील ले जा रही लैडल (विशेष पात्र) में विस्फोट हो गया, जिससे पिघला हुआ स्टील लीक हो गया, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए।

Published: undefined

अधिकारियों के अनुसार, स्टील प्लांट के एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में सोमवार शाम करीब 4:15 बजे पिघले स्टील को उठाने की प्रक्रिया के दौरान यह दुर्घटना हुई। विस्फोट के बाद बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील बाहर फैल गया, जिससे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे के बाद स्टील प्लांट के कर्मचारियों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

Published: undefined

मृतकों में प्लांट के छह नियमित कर्मचारी और दो ठेका श्रमिक शामिल हैं। मृतकों में से पांच की पहचान अप्पा राव, प्रभाकर राव, कृष्णा, रमणा और त्रिनाथ के रूप में हुई है। एम. अभिषेक किशोर ने बताया कि छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन को किम्स अस्पताल और तीन अन्य को सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कुछ श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक है।

Published: undefined

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताया और अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ प्रभावित लोगों की सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, "विशाखा स्टील प्लांट में हुई दुर्घटना ने मुझे गहरा झटका दिया है। इस हादसे में कई श्रमिकों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैंने संबंधित अधिकारियों से बात की है और सभी सरकारी विभागों के समन्वय से राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।" हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा के भी निर्देश दिए हैं।

Published: undefined

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, "विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।" प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

Published: undefined