हालात

KMP एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, ट्रक से टकराई पिकअप, 6 की मौत, खाटू श्याम के दर्शन कर मथुरा जा रहे थे सभी

पिकअप सवार श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सोमवार को उन्होंने राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए थे। इसके बाद वे मथुरा-वृंदावन जा रहे थे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

हरियाणा के पलवल जिले में मंगलवार सुबह KMP एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करीब 5:30 बजे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि पिकअप सवार श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सोमवार को उन्होंने राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए थे। इसके बाद वे मथुरा-वृंदावन जा रहे थे।

घायलों के मुताबिक, तड़के यात्रा के दौरान चालक की आंख लग गई, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर जिला नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए