हालात

बिहार में दर्दनाक हादसा, भागलपुर में पोखर में डूबने से 6 बच्चों की मौत, एक दूसरे को बचाने के चलते गई जान

सभी बच्चे एक साथ पोखर में नहा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरे बच्चे भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते सभी बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूब गए।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

बिहार के भागलपुर के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसा तरैटा बहियार स्थित एक पोखर में हुआ, जहां बच्चे करमा-धरमा पर्व के अवसर पर स्नान करने पहुंचे थे। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृत बच्चों की पहचान ज्योति कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, आयुष कुमार, राहुल कुमार, पूजा कुमारी और विकास कुमार के रूप में हुई है। ज्योति कुमारी को छोड़कर बाकी सभी बच्चे विष्णु टोला के वार्ड नंबर 27 के रहने वाले थे। मृतकों में राहुल कुमार और पूजा कुमारी आपस में भाई-बहन थे। वहीं, ज्योति सबौर की रहने वाली थी और अपने रिश्तेदार के यहां आई हुई थी।

सभी बच्चे एक साथ पोखर में नहा रहे थे

बताया जा रहा है कि सभी बच्चे एक साथ पोखर में नहा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरे बच्चे भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते सभी बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूब गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चों के परिजन मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को पोखर से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

चिकित्सकों के मुताबिक, सभी बच्चों की उम्र करीब 12 से 13 वर्ष के बीच थी। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस-प्रशासन की ओर से हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए