
TMC प्रत्याशी संचिता प्रधान डे ने वापस लिया नामांकन, नंदीग्राम की सियासी हलचल हुई तेज
नामांकन की आखिरी तारीख बीतने से फंसी ममता बनर्जी की पार्टी, अब नहीं उतार सकती नया उम्मीदवार
'देश के व्यापक हित में हम नंदीग्राम और असम में कांग्रेस को दे रहे हैं समर्थन' – ममता बनर्जी
'बीजेपी एक झूठी और जुमला पार्टी, लोकतंत्र, संविधान और शिक्षा व्यवस्था को कर रही नष्ट'
ममता बनर्जी का बड़ा सवाल – 'बंगाल में 4,000 ईवीएम मशीनें क्यों जलाई गईं, क्यों नहीं हो रही जांच?'
पश्चिम बंगाल में चुनावी हलचल तेज है। नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले ममता बनर्जी गुट वाली तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। इस घटनाक्रम के बाद ममता बनर्जी ने बीजेपी पर हमला बोला और ममता बनर्जी ने कहा कि हम नंदीग्राम और असम में कांग्रेस को अपना समर्थन दे रहे हैं। हम यह राष्ट्र के व्यापक हित में कर रहे हैं।
मीडिया से बात करते हुए ममता बनर्जी ने अपने फैसले के बारे में कहा, "बड़े हित के लिए हम INDIA गठबंधन के साथ हैं। हम बड़े हित के लिए कांग्रेस पार्टी को समर्थन देंगे और INDIA गठबंधन को मजबूत बनाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह बंटवारे का नहीं, बल्कि एकजुट होने का समय है, खासकर बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार की तानाशाही और फासीवाद के खिलाफ।
ममता बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक झूठी और जुमला पार्टी है। बीजेपी का काम देश के लोकतंत्र, संविधान और शिक्षा प्रणाली को खत्म करना है। ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी अपने मंसूबों को कामयाब करने के लिए एआई का इस्तेमाल कर रही है। इन्होंने चुनाव से पहले ही यह प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह बहुत दुखद बात है। बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा और बंगाल में भी इन्होंने इसी तरह लूटपाट की थी।
ममता बनर्जी कोलकाता में मीडिया से बात कर रही थीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक फर्जी पार्टी है। इसका काम देश को मजबूत करना नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और शिक्षा व्यवस्था को नष्ट करना है। पत्रकारों को भी नहीं बख्शा जा रहा है। अगर कोई इनके खिलाफ बोलता है, तो इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है। इन्हें फेसबुक पर ब्लॉक कर दिया जाता है। इनका एक्स अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाता है।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने पहले उद्धव ठाकरे के पार्टी का सिंबल छीना और ऐसा ही दूसरी जगहों पर भी किया गया। उन्होंने पूछा कि बंगाल में 4,000 ईवीएम मशीनें क्यों जलाई गईं और इसकी कोई जांच क्यों नहीं हो रही है, क्या आप मुझे चुनाव के बाद बता सकते हैं।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले ममता बनर्जी गुट वाली तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। नामांकन वापस लेने की वजह पर संचिता प्रधान डे की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर बीत चुकी है, इसलिए टीएमसी अब इस सीट पर नया उम्मीदवार नहीं उतार सकती।
इस घटनाक्रम के बाद ममता बनर्जी ने बीजेपी पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए और एआई तथा ईवीएम का मुद्दा उठाया है।
नंदीग्राम में मुकाबला फिर भी बहुकोणीय बना हुआ है। टीएमसी के दूसरे धड़े (ऋतब्रत बनर्जी गुट) ने मोहम्मद एतेशामुल हक को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने शांति गोपाल गिरी, कांग्रेस ने मिलन प्रधान और बीजेपी ने हसिरानी रथ को मैदान में उतारा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए